मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने के दिए निर्देश

0
431
मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश की सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य की सीमाओं पर पूरी गम्भीरता से चेकिंग की जाए। नेगेटिव रिपोर्ट के बिना किसी को भी आने की अनुमति न दी जाए।
जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने  प्रदेश में कोविड की स्थिति की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए।  मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड दिशा निर्देशों का पालन पूरी सख्ती से कराया जाए। हर जिले में कोविड केयर सेंटरों को मजबूत किया जाए। राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले दूसरे राज्यो के लोगों को आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट के बिना अनुमति न दी जाए।  उत्तराखण्ड वापस आने वाले प्रवासी लोगों के लिए पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिये पिछली बार के पोर्टल को पुनः एक्टिव किया जाए। घर लौटने पर प्रवासियों के लिये होम एकांतवास अनिवार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने की आवश्यकता है। ग्राउंड में काम करने वाले फ्रंटलाईन वर्कर्स का मनोबल बढाया जाए। कोशिश की जाए कि हमारे स्वास्थ्य कर्मी और अन्य फ्रंटलाईन वर्कर्स संक्रमित न हों। इसके लिए सभी तरह की सावधानी बरती जाए। टीकाकरण में और तेजी लानी है।