उत्तराखण्ड में बदला मौसम, बारिश के साथ हुई बर्फबारी

    0
    1649

    देहरादून, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित प्रदेश भर में रविवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। केदारनाथ सहित उच्च क्षेत्रें में हवा व बारिश के साथ बर्फबारी भी हुई वहीं मैदानी क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश देखने को मिली।

    राजधानी देहरादून में रविवार दोपहर दो बजे के बाद धूल भरी आंधी के साथ साथ बारिश हुई देर शाम तक जारी थी। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम ठंडा हो गया। केदारनाथ सहित जिले के अनेक स्थानों पर दोपहर बाद मौसम बदल गया। केदारनाथ में हल्की बर्फबारी और बारिश हुई। जबकि मुख्यालय सहित कई जगहों पर बारिश हुई।

    इधर बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली जबकि चारों ओर फैली धुंध भी कम हो गई।केदारनाथ धाम में दोपहर एक बजे बाद मौसम खराब हो गया। हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हुई। हालांकि बर्फबारी ज्यादा देर नहीं हुई जिस कारण तीर्थयात्रियों को ज्यादा परेशानियां नहीं उठनी पड़ी।

    वहीं रुद्रप्रयाग सहित जिले के अनेक स्थानों पर 2 बजे बाद से बारिश हुई। बारिश से लोगों ने गर्मी से निजात पाया। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बारिश को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित पड़ावों पर रहने का भी अनुरोध किया। हालांकि रविवार को अधिकांश यात्री केदारनाथ में दर्शनों के बाद वापस लौट आए।

    उत्तरकाशी में रविवार को गंगोत्री, यमुनोत्री के ऊपरी क्षेत्र में हल्की बर्फबारी भी हुई। वहीं जनपद मुख्यालय में देर-शाम तक भी आसमान में काले बादल छाऐ रहे। विगत तीन-चार दिनों से मौसम साफ होने तथा तेज धूप खिली होने के कारण गर्मी काफी ज्यादा बढ़ गई थी। जबकि रविवार को भले ही सुबह से मौसम बिल्कुल साफ था, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम के बदलने के साथ हल्की-फुल्की बारिश शुरू हो गई। जिस कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

    मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि, ‘गढ़वाल क्षेत्र के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार शाम से ओलावृष्टि और झक्कड़ चलने की संभावना है। जबकि कुमाऊं क्षेत्र में देर रात से अगले 24 घंटों तक चेतावनी जारी है।”