गुप्ता बंधुओं की शाही शादी : शनिवार को विवाह बंधन में बंधेंगे शशांक और शिवांगी

0
559
उत्तराखण्ड की खूबसूरत वादियों में बसे औली में गुप्ता बंधुओं के बेटों की शाही शादी समारोह में शुक्रवार को उद्योगपति अतुल गुप्ता के बेटे शशांक की रिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ। जबकि गुरुवार को गुप्ता बंधुओं में से एक अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत के साथ कृतिका विवाह बंधन में बंध चुकी हैं।
शशांक की शादी शनिवार को यानी कल दुबई के कारोबारी विशाल जालान की बेटी शिवांगी से होनी है। रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में गायक अभिजीत सावंत व अन्य कलाकारों ने गीत, संगीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं, उद्योगपति अजय गुप्ता ने बेटे सूर्यकांत व बहू कृतिका, परिवार, परिजनों के साथ शुक्रवार को भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए।
भारतीय मूल के उद्योगपति गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी समारोह के लिए औली को सजाया संवारा गया है। शुक्रवार को सुबह अतुल गुप्ता के बेटे शशांक व दुबई के कारोबारी विशाल जालान की बेटी शिवांगी की रिंग सेरेमनी हुई। इस दौरान मेहमानों को औली के दस नंबर टावर के पास दोपहर भोज का आयोजन किया गया। रिंग सेरेमनी में कलाकार अभिजीत सावंत की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस दौरान रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में प्रदेश की पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत सहित कई अन्य हस्तियाँ शामिल हुईं।
न्यायालय के आदेश के बाद औली में गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में साफ-सफाई और पर्यावरण संतुलन का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शादी मंडप को भी ईको फ्रेंडली बनाया गया है। समारोह स्थल पर हर पांच मिनट में पर्यावरण मित्रों द्वारा सफाई की जा रही थी। जैविक और अजैविक कूड़े के निस्तारण के लिए जगह-जगह कूड़ेदान रखे गए थे।
शाही शादी में शिरकत करने आये मेहमानों को गुप्ता बंधुओ की ओर से भगवान बद्रीविशाल के दर्शन भी करवाये जा रहे हैं । शाही शादी में शिरकत करने औली पहुंचे मेहमानों को जोशीमठ स्थित रविग्राम हेलीपैड से भगवान बद्रीविशाल के दर्शनों के लिए हेलिकॉप्टर से भेजा जा रहा है। भगवान बद्रीविशाल के मंदिर को भी गुप्ता बंधुओ के द्वारा फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।
शनिवार को औली में आयोजित होने वाली अतुल गुप्ता के बेटे की शादी में अभिनेत्री उर्वशी रौतेला सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल हो सकती हैं । आज गायक अभिजीत सावंत इस शाही में अपने फन का जलवा दिखाने और शादी में शरीक होने पहुंचे थे।