उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश मिलकर करेंगे आपदा प्रबंधन पर सहयाेग

0
2

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई है। दोनों राज्यों ने समान भौगोलिक परिस्थितियों और आपदाओं की प्रकृति को देखते हुए अनुभवों, नवाचारों और कार्य प्रणालियों के आदान-प्रदान पर जोर दिया।

हिमाचल प्रदेश के अपर मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत सोमवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्हाेंने उत्तराखंड आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास के सचिव विनोद कुमार सुमन के खाथ राज्य में आपदा न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और जनजागरूकता से जुड़े कार्यों की विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में तय किया गया कि दोनों राज्य भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं के प्रति संवेदनशील हैं। ऐसे में आपसी अनुभवों का लाभ उठाकर आपदाओं के प्रभाव को कम करने की दिशा में संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।

हिमाचल के अपर मुख्य सचिव ने उत्तराखंड में स्थापित भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र की सराहना करते हुए हिमाचल में भी इसी प्रकार की व्यवस्था विकसित करने की इच्छा जताई। साथ ही भूदेव एप और रुद्रप्रयाग में विकसित डीडीआरएन प्रणाली की भी प्रशंसा की गई, जिन्हें अन्य क्षेत्रों में लागू करने पर विचार हुआ। बैठक में हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के खतरे को देखते हुए निगरानी, समय पर चेतावनी और जोखिम न्यूनीकरण के उपायों को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा भूकंपरोधी भवन निर्माण तकनीकों के आदान-प्रदान पर भी सहमति बनी। दोनों राज्यों ने निर्णय लिया कि सहयोग को औपचारिक रूप देने के लिए समझौता ज्ञापन किए जाएंगे, जिससे तकनीक, प्रशिक्षण और संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।