अल्मोड़ा में जबरदस्त बारिश और ओलावृष्टि, फसलों को भारी नुकसान

0
569

जिले के भनोली क्षेत्र के धौलादेवी ब्लाक के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को जबरदस्त ओलावृष्टि हुई है। ओलों के चलते सड़क पर दौड़ रहे वाहन फिसल गये। इस ओलावृष्टि से फसलों और बागवानी को भारी नुकसान हुआ है।

शनिवार को दोपहर बाद अचानक मौसम का रुख बदला और क्षेत्र के गरुड़ाबांज, अंडोली, मटकन्या, गैराड़ तल्ला, गैराड़ मल्ला, लधौली, काफलीखान, धसपड़, सुवाखान सहित धौलछीना, पुनवानौला सहित कई गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई। बड़े साइज के ओलों के चलते सड़कोंं से लेकर खेतों में सफेद चादर सी बिछ गई। बड़े ओलों की वजह से सुआखान के पास कई चौपहिया वाहन ​फसल कर सड़क पर पलट गये। हालांकि किसी के चोटिल होने की सूचना फिलहाल नहीं है। ओलावृष्टि से फसलों और बागवानी को काफी नुकसान हुआ है।
पहाड़ों पर झमाझम बारिश, तापमान गिरा
शनिवार की दोपहर को झमाझम बारिश होने से पहाड़ों में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को ही मौसम खराब होने संभावना जताई थी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार को प्रदेश में कई जगह बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्र में 2500 मीटर की ऊंचाई तक बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान में गिरावट आयी है। इस साल फरवरी में अब तक प्रदेश में पांच से छह बार बारिश हो चुकी है। वहीं कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है।