उत्तराखंडः रातभर हुई बारिश, चारो धाम में बर्फबारी, हाईवे बाधित

0
549
देहरादून, उत्तराखंड में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन मौसम खराब है। देहरादून में आधीरात से सुबह तक मूसलाधार बारिश हुई। आसमान में बिजली कड़कती रही। दिन में धूप खिली है। तड़के चारों धामों में बर्फबारी हुई है। चमोली जिले में भी मौसम खराब है । तीन धारा में सुबह छह बजे से पहाड़ी से मलबा आने की वजह से बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया। उसे पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे खोल दिया गया।
नई टिहरी में बुधवार रात से तेज बारिश हो रही है। मौसम ठंडा हो गया है। यही हाल हल्द्वानी का रहा पर सुबह धूप निकलने से कुछ राहत मिली है। अल्मोड़ा में बादल छाए हैं। बूंदाबांदी होने से मौसम ठंडा हो गया है। सुबह कुछ समय धूप रही। श्रीनगर में रात से सुबह तक तेज बारिश हुई है। बादल छाए हुए हैं। केदारघाटी शीतलहर की चपेट में है। नैनीताल में पूरी रात बारिश के बाद सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। गोपेश्वर में बुधवार रात से सुबह तक बारिश हुई है। इसके बाद मौसम खुल गया। चंपावत में धूप खिली हुई है।
बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, रुद्रनाथ, लाल माटी, नीति और माणा घाटियों के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। नई टिहरी में रात से लगातार बारिश हो रही है। टिहरी जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। ऋषिकेश-गंगोत्री, चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
उत्तरकाशी जिले में बुधवार देररात से बारिश हो रही है। यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में बुधवार रात से तेज बारिश हो रही है।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ ही आसपास बर्फबारी हुई है। इस वजह से यमुनोत्री हाईवे हनुमानचट्टी से बाधित है। ऋषिकेश में भी रात से बारिश जारी है। बागेश्वर, रानीखेत, नैनीताल, बागेश्वर, मुक्तेश्वर में सुबह बारिश हुई। काशीपुर और भीमताल में बादल छाए हुए हैं। पिथौरागढ़, लोहाघाट और रुद्रपुर में हल्की धूप खिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा है कि राज्य में दिन में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। कुछ हिस्सों में तेज गरज और चमक के साथ बारिश होगी। तीन हजार मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है।