फ्लाई ओवर व टनल को समय से करें पूराः सीएम

0
468

राज्य में चल रहे किसी भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों और निर्माण कर रही एजेंसियों को सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं ताकि लोगों को इनका लाभ मिले।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से बनाए जा रहे देहरादून में निर्माणाधीन अजबपुर, आईएसबीटी के फ्लाई ओवर और डाटकाली टनल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय अवधि के अन्दर पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को अजबपुर के फ्लाई ओवर का कार्य जुलाई 2018 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था द्वारा अजबपुर फ्लाई ओवर के ऊपर विद्युत लाईन के होने के कारण कार्य में परेशानी होने के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इस सम्बंध में सचिव ऊर्जा को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

आईएसबीटी के फ्लाई ओवर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य में तेजी लायी जाए। उन्होंने कहा कि जो भी फ्लाई ओवर बनाए जा रहे हैं, उनके दोनो तरफ सौन्दर्यीकरण कार्य भी किया जाए। इस अवसर पर उन्होंने मोहकमपुर के फ्लाई ओवर की कार्यप्रगति की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से पूर्व दोनों फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि इनका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को चैराहों पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने डाटकाली टनल का भी निरीक्षण किया, उन्होंने कहा कि टनल का निर्माण कार्य एक वर्ष के अंदर पूर्ण कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि टनल के प्रवेश द्वारों की दीवारों पर इस तरह सौंदर्यीकरण किया जाए कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विशेषताओं की झलक एक साथ पर्यटकों को दिखाई दे। देवभूमि एवं वीरभूमि उत्तराखण्ड की संस्कृति की झलक दिखाने के लिए आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाए।