हरिद्वार जिले की पहली राज्यसभा सांसद होंगी कल्पना

0
301
राज्यसभा

उत्तराखंड में खाली हो रही एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने हरिद्वार जिले के रुड़की की रहने वाली डॉ. कल्पना सैनी को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। डॉ. सैनी वर्तमान में उत्तराखंड राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष हैं।

डॉ. कल्पना सैनी का चुनाव जीतना तय है। भाजपा के पास उन्हें राज्यसभा भेजने का पूरा वोट है। उनके राज्यसभा सांसद चुने जाने पर वह हरिद्वार जिले की पहली राज्यसभा सांसद होंगी। अभी तक किसी पार्टी ने हरिद्वार से अपने किसी नेता को संसद के उच्च सदन में नहीं भेजा है।

डॉ. सैनी का पूरा परिवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा रहा है। इनके पिता डॉ पृथ्वी सिंह विकसित दो बार रुड़की विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे उत्तर प्रदेश में मंत्री भी रहे हैं। इनके पति डॉ. नाथी राम सैनी भी संघ के प्रशिक्षित स्वयंसेवक हैं। वे वर्तमान में सहारनपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी हैं।

डॉ. सैनी का दोनों पुत्र विदेश में रहते है। अफ्रीकी देश जिबिया में रह रहा छोटा बेटा वहां भी संघ से जुड़ा हुआ है। डॉ. सैनी 1995-2000 तक रुड़की नगर पालिका की नामित सभासद रही हैं। वह भाजपा के अनुशासन समिति की प्रदेश सचिव थी। इसके अलावा इन्होंने रुड़की, हरिद्वार जिला सहित प्रदेश स्तर पर पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर कार्य किया है।

डॉ. कल्पना सैनी पिछले विधानसभा चुनाव में रुड़की से टिकट की प्रबल दावेदार भी थीं लेकिन पार्टी ने उन्हें तब विधानसभा का टिकट नहीं दिया था। पार्टी उन्हें अब राज्यसभा भेज रही है। उत्तराखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए एक सीट खाली हो रही है। इसके लिए चुनाव होना है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पार्टी ने छह नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजी थी। उस पैनल में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, अनुशासन समिति के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केदार जोशी के अलावा डॉ कुंवर पाल सिंह दौलत के नाम बताए जा रहे थे।