2020 का पहला चंद्रग्रहण 10 को, किस राशि पर कैसा पड़ेगा ग्रहण का प्रभाव

0
562
हरिद्वार,  नववर्ष 2020 का पहला चन्द्र ग्रहण 10 जनवरी की रात्रि को लगेगा। वर्ष 2020 में कुल 6 ग्रहण लगेंगे। 10 जनवरी को लगने वाला चन्द्र ग्रहण रात 10 बजकर 37 मिनट से लेकर 11 जनवरी को देर रात 2 बजकर 42 मिनट तक रहेगा। चंद्र ग्रहण की कुल अवधि 4 घंटे से भी ज्यादा रहेगी। ग्रहण का सूतक ग्रहण काल से आठ घंटे पूर्व यानि 2 बजकर 37 मिनट से आरम्भ हो जाएगा।
ज्योतिषाचार्य पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री के मुताबिक यह चन्द्र ग्रहण भारत के अलावा यूरोप, एशिया, अफ्रीका और आस्ट्रेलिया महाद्वीपों में भी देखा जा सकेगा। 10 जनवरी के अतिरिक्त चन्द्र ग्रहण 5 जून, 5 जुलाई और 30 नवम्बर को भी पड़ेंगे। शेष दो सूर्य ग्रहण होंगे।
वर्ष 2020 के चन्द्र ग्रहण का राशियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। इसके संबंध में श्री शास्त्री ने बताया कि चंद्र ग्रहण मेष राशि के जातकों के लिए मिला जुला असर लेकर आएगा। इस ग्रहण की वजह से मेष राशि के जातकों के पराक्रम में वृद्धि होगी लेकिन परिवार में किसी सदस्य को कष्ट हो सकता है। वृषभ राशि वाले जातकों के लिए यह ग्रहण हानिकारक होगा। मिथुन राशि वाले जातकों के लिए चंद्र ग्रहण सबसे ज्यादा प्रभावकारी मिथुन राशि वाले जातकों के लिए होगा। इस राशि के जातकों को इस ग्रहण की वजह से मानसिक या परिवार में कलह का सामना करना पड़ सकता है। कर्क राशि वालों के लिए चंद्र ग्रहण बेहद प्रभावशाली रहने वाला है। ग्रहण की वजह से खर्च में बढ़ोतरी और अकारण यात्रा के योग बनेंगे। जबकि सिंह राशि के जातकों को यह ग्रहण बेहद ही लाभकारी साबित होगा। इस ग्रहण के प्रभाव से इन जातकों को धन लाभ के योग हैं। कन्या राशि के जातकों पर ग्रहण का मिला जुला असर रहेगा। सेहत के लिहाज से यह ग्रहण दुष्प्रभाव देने वाला होगा। जबकि तुला राशि के लिए यह चन्द्र ग्रहण काम बिगाड़ने वाला साबित हो सकता है। इसके साथ ही व्यर्थ के वाद-विवाद की भी संभावना है। दुर्घटना और धन हानि के योग वृष्चिक राशि वालों के लिए यह ग्रहण लेकर आएगा।
धनु राशि वालों पर इस ग्रहण का प्रभाव कलहकारी हो सकता है। परिवार और आपस में रिश्तों में कलह उत्पन्न हो सकती है। जबकि मकर राशि वालों के लिए यह अच्छा होगा, किन्तु इस दौरान मकर राशि वालों को अपना ध्यान रखने की जरूरत है। कुंभ राशि के लोगों के लिए चंद्र ग्रहण शुभ फलदायक है। मीन राशि वाले जातकों के लिए यह ग्रहण मिलेजुले परिणाम वाला साबित होगा। इन जातकों को व्यापार में तो सफलता के संकेत है। किन्तु स्वास्थ्य के लिहाज ये यह ठीक नहीं रहेगा।