सोनिया गांधी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार नहीं करेंगी

0
659

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में प्रचार नहीं करेंगी। इसका कारण उनकी खराब सेहत बताई जा रही है। वैसे, इसकी एक वजह राहुल गांधी को पूरी तरह से मुख्यधारा में लाने की कोशिश भी बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी ने खराब सेहत की वजह से पांच चुनावी राज्यों गोवा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में चुनाव प्रचार से दूर रहने का फैसला किया है। हालांकि कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सोनिया गांधी का नाम भी रखा था।
हालांकि, पार्टी सूत्रों के मुताबिक यूपी में सपा से गठबंधन के बाद कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी को मुख्‍य भूमिका में लाने के मकसद से ऐसा किया जा रहा है। दूसरी ओर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि वह कांग्रेस-सपा गठबंधन की उत्तर-प्रदेश चुनाव प्रचार की रणनीति सार्वजनिक नहीं करेंगे कि सोनिया गांधी प्रचार करेंगी अथवा नहीं।
हालांकि राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने यह दावा किया था कि उन्हें मुलायम सिंह और सोनिया गांधी का आशीर्वाद प्राप्‍त है। वहीं उसके तत्‍काल बाद मुलायम सिंह ने स्‍पष्‍ट कर दिया था कि वह इस गठबंधन के खिलाफ हैं। लिहाजा वह इसके लिए प्रचार नहीं करेंगे। अब यह भी माना जा रहा है कि मुलायम यहां से अपने समर्थक निर्दलीय प्रत्‍याशियों को समर्थन भी दे सकते हैं। इसके बाद सोनिया ने भी प्रचार न करने का फैसला लिया है।
उल्‍लेखनीय है कि यूपी में सपा और कांग्रेस के गठबंधन के चलते सपा 298 सीटों पर और कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
गौरतबल है कि सोनिया गांधी पिछले कुछ महीनों से पार्टी के बड़े कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो रही हैं। पिछले महीने दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की जन वेदना रैली में भी सोनिया शामिल नहीं हुई थीं। फिलहाल कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी में परदे के पीछे काम कर रहीं प्रियंका गांधी कांग्रेस के कामकाज को देख रही हैं।

इस खबर को न्यूज़ पोस्ट टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।