अफसरों को खुश करने के लिए गिफ्ट दिया तो होगी कार्रवाई

0
441

 दीपावली पर खाकी के अफसरों को खुश करने के लिए जवानों ने गिफ्ट दिया और गिफ्ट लिया तो मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। उन पर विभागीय कार्रवाई का शिकंजा कसा जा सकता है। इसके अलावा खुद भी सभी जवानों को गिफ्ट लेने से दूर रहने का आदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता की ओर से ये आदेश प्रदेश के सभी जनपदों में भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जीरो टॉलरेंस का पुलिस महकमे में सख्ती से अनुपालन हो रहा है। पुलिस महकमे के मुखिया प्रदेश के डीपीजी अनिल रतूड़ी पुलिस महकमे को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए नए-नए अभिनव प्रयोग कर रहे हैं। खाकी वर्दी पर भ्रष्टाचार के आरोपों से निजात दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। इसी के चलते एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था एवं प्रवक्ता पुलिस मुख्यालय अशोक कुमार ने एक आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि दीपावली पर्व पर पुलिस महकमे को गिफ्टों के लेनदेन से दूरी रखनी होगी। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार के भेंट, उपहार, गिफ्ट आदि नहीं लिए दिए जाएंगे।

कोतवाल और थानेदार अपने पुलिस अफसरों और अधिकारियों को खुश करने के लिए उपहार दिया करते थे, जो कि भ्रष्टाचार की श्रेणी में ही आता है लेकिन पुलिस मुख्यालय के इस आदेश के बाद पुलिस अधिकारियों, कोतवाल, थानेदार व सभी कॉन्सटेबल को गिफ्टों से दूरी बनानी होगी।