निकाय चुनावों से पहले मसूरी में बीजेपी नेता ने गिराया ये लैटर बम

0
781

उत्तराखंड की सर्द हवाओं के बीच मसूरी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। निकाय चुनाव कुछ ही समय बाद है औऱ शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं।

बीजेपी युवा मोर्चे के पूर्व अध्यक्ष अमित भट्ट की एक चिट्ठी ने यहां राजनीति गरमा दी है। चुनाव आयोग, देहरादून डीएम, और गणेश जोशी को लिखी इस चिट्ठी में भट्ट ने आरोप लगाया है कि उनके वॉर्ड में मतदाता सूची में से जानबूझकर 100 मतदाताओं के नाम छोड़ दिये गये हैं।

चिट्ठी में आरोप लगाया गया है कि बीएलओ अधिकारियों ने मतदाताओं की जानकारी जमा करने के बाद सूची पार्षद को सौंप दी थी जिसके बाद सूची में हेरा फेरी की गई है। पत्रकारों से बात करते हुए भट्ट ने कहा कि “चुनावों के नाम पर ये सिर्फ मजाक बनकर रह जायेगा अगर इस मामले की सही तरह से जांच नहीं की गई।”

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन मल्ल इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रहे हैं। मल्ल कहते हैं कि “मसूरी में 12 वॉर्ड हैं ऐसा कैसे हो सकता है कि केवल एक ही वॉर्ड में गड़बड़ियां हैं। अधिकारियों ने पूरी मेहनत से ये लिस्ट तैयार की है। चुनावों से पहले ये केवल एक राजनीतिक स्टंट है।”

नगर पालिके के लिये चुनाव इस साल अप्रैल मे होने हैं। इसके चलते शहर में माहौल चुनावी रंग में रंगता जा रहा है।