विवाह समारोह में गोलियों की तड़तड़ाहट

0
777

सितारगंज। विवाह समारोह में शहनाईयों की गूंज के बजाय तडतडाई गोलियां, जिससे विवाह का महौल भगदड में बदल गया, फायरिंग में एक युवक घायल हो गया जबकि फायर करने वाले को वहीं मौजूद दुसरे पक्ष ने जमकर पीटा जिससे उसको भी गम्भीर चोटें आयी है,  दोनों घायल युवकों को निजी अस्पताल में उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया। एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सितारगंज के ग्राम थारू गौरीखेड़ा में बुधवार की शाम विवाह समारोह चल रहा था। इस दौरान विवाह स्थल से कुछ दूरी पर एक युवक की बाइक गांव के किसी युवक से टकरा गई। जिसके बाद दोनों में कहासुनी होने लगी। बीच में पहुंचे गुरपाल सिंह पुत्र गुरमुख सिंह निवासी नकहा से भी विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि इसी बीच गुरपाल सिंह पक्ष की तरफ से फायरिंग हो गई। गोली गौरीखेड़ा निवासी ज्ञान सिंह के पेट में जा लगी। गोली लगने के बाद ज्ञान सिंह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद ग्रामीणों व बरातियों ने गुरपाल सिंह को घेरकर बुरी तरह पीटा। हमले में गुरपाल के चेहरे पर गम्भीर चोटें लगी हैं। उधर, गोली लगने के बाद परिजन घायल को लेकर नगर के निजी अस्पताल पहुंचे। जहां के डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। वहीं, घायल गुरपाल को पुलिस इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। यहां मौजूद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति भी नाजुक देख सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया।

फायरिंग की सूचना पर कोतवाल योगेश उपाध्याय फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। कोतवाल ने बताया कि गोली से ज्ञान सिंह राणा घायल हुआ है। गुरपाल पर फायरिंग का आरोप है। फायरिंग में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।