तराई में लुड़का पारा, कड़ाके की ठंड

0
549

रुद्रपुर- पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण तराई में भी पारा लुडक गया है। गुरुवार सुबह से ही कोहरे की चादर ने आसमान को ढके रखा और बर्फीली हवाएं चलती रहीं। दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे, जिस कारण सूर्य के दर्शन भी नहीं हुए। जिसके चलते लोग शरीर को गर्म करने के लिए अलाव तापते या फिर कमरों में हिटर के सहारे काम चला रहे थे।

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर तराई में साफ दिखाई दे रहा है। गुरुवार की सुबह से घना कोहरा छाया रहा और शीत लहर का प्रकोप पैदा हो गया। सुबह से ही हाड़ मांस कंपकपाने वाली ठंड ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। साथ ही घना कोहरा भी रहा। ठंड बढऩे के साथ ही जगह जगह लोग अलाव सेंकते नजर आए। गुरुवार को नगर निगम ने भी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए। लोग सुबह से ही घरों से पैक होकर निकले। सिर पर टोपी व हाथों में दस्ताने नजर आए। यूं तो ठंड के कारण बाजार में सन्नाटा सा छाया रहा। सिर्फ गरम कपड़ों की बिक्री बढ़ी है। मौसम विभाग की मानें तो पारा लुढ़क कर 21 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। अभी पारा और लुढ़कने की संभावना जताई जा रही है।