Page 687

नकरौंदा में दहशत का सबब बन रहे ‘गजराज’

0

देहरादून के नकरौंदा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर के आगे विशालकाय हाथी आ गया।जानकारी के मुताबिक, गांव में सुबह पांच बजे दो हाथी घुस आए, इसके चलते घंटों स्थानीय लोगों की सांसे अटकी रही।

देहरादून के गुर्जर घाटी पर्यटक स्थल के पास आवासीय कॉलोनी में अचानक दो हाथी घुस आए। सुबह पांच बजे एक हाथी जब स्थानीय निवासी प्रकाश तिवारी के घर के बाहर खड़ा दिखाई दिया तो सभी घबरा गए। उन्होंने बताया कि सुबह कुत्ते अचानक बहुत तेज-तेज भौंकने लगे, उनका परिवार उठा तो बाहर विशालकाय हाथी को देख सब डर गए, बाहर एक बस भी खड़ी थी। लोगों को डर सताने लगा कि वह बस को तहस-नहस न कर दे, वहीं घर को भी नुकसान पहुंचाने का डर सताने लगा। इसके बाद वहां आसपास के लोग एकत्रित हो गए, लोगों ने शोर मचाकर हाथी को वहां से भगाया। 

इसी बीच दूसरा हाथी जो वहां से कुछ दूरी पर खड़ा तो वह भी जंगल की ओर भाग गया। कर्मचारी नेता हरदेव रावत ने बताया कि, ‘नकरौंदा क्षेत्र में हाथियों का खतरा बढ़ता जा रहा है, बीती रात आठ बजे गांव में हाथी आ धमका था, जिसे ग्रामीणों ने ही खदेड़ा था।’ उन्होंने कहा कि, ‘बरसात में हाथियों के गांव में धमकने की घटनाएं बढ़ गई हैं, ‘इससे लोगों में दहशत है। हाथियों के डर से रात आठ बजे के बाद कोई घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर रहा है।’ 

पर्व जिसका पहला न्यौता भगवान को

0

पौराणिक परम्पराओं और धार्मिक मान्यताओं को आज भी खुद में संजोये हैं हरेला का पर्व,  इस पर्व को मनाने वाले ना सिर्फ अपने लिए बल्कि पुरे विश्व को हरियाली का संदेश देते हैं और शांति की कामना करते हैं इस पर्व की शुरुवात ही अनोखे ढंग से होती है पहला न्यौता भगवान के नाम पर रख कर पुजा अर्चना की जाती है उसके बाद क्षेत्र के लोग धूमधाम से इस पर्व को मनाते है कहां मनाते ये पर्व और कैसे आज हम आपको बताते हैं।

हरेला पर्व पर भीमताल में भव्य मेला कई दशकों से आज भी प्रचीन परंपरा को संजोए है। परंपरा के अनुसार हरेला मेला का शुभारंभ का पहला निमंत्रण पत्र आज भी भगवान हनुमान और शिव को दिया जाता है। मेला समिति द्वारा शुक्रवार को रामलीला मैदान के मंदिर में आमंत्रण भगवान को चढ़ाया गया। मान्यता है कि ऐसा करने से पूरे वर्ष भगवान की छत्र-छाया क्षेत्र में रहती है। इस बार मेले का आयोजन 16 से 21 जुलाई तक रहेगा। पूरे कुमाऊं में भीमताल और चंपावत ही एक ऐसा स्थान है जहां हरेला मेला होता है।

invitation

नौकुचियाताल निवासी पंडित रवींद्र कर्नाटक ने बताया कि भीमताल के मेले के इतिहास के बारे में कोई लिखित दस्तावेज नहीं है। पूर्वजों के के अनुसार हल्द्वानी नगरी मालदारों की नगरी के नाम से विख्यात थी यह वह शहर था जो कि अमीर लोगों कर नगरी कई जाती थी। यह वह समुदाय था जो कि हर त्यौहार को संपन्नता से मनाता था। इसी से लगे भीमताल में कास्तकार इनके संपर्क में आए पर संपन्न नहीं होने के कारण सर्व संमत्ति से यह निर्णय लिया कि एक ऐसा त्यौहार मनाएं जिसमें क्षेत्र के सभी लोग सम्मलित हों और यह मेला दूरदराज तक फैले। भीमताल में पूर्व में आणु ( वर्तमान में विकास भवन ) नामक स्थान धान की खेती के लिए प्रसिद्ध था। इस समय जब धान की रोपाई की जाती थी तो इसमें कई लोग सम्मिलित होते थे और इसी ने धीरे-धीरे मेले का स्वरूप ले लिया। पूर्व में हरेला मेला डाट के उपर स्थित हरेला खेत में मनाया जाता था और इस स्थान से आणु के हरे भरे खेत साफ दिखाई देते थे। वहीं चंपावत के दिगाली चौड़ समेत अन्य स्थानों में भी हरेला मेले का आयोजन किया जाता है।

यह पर्व वर्ष में तीन बार मनाया जाता है। प्रथम चैत्रमास की दशमी को, द्वितीय श्रावण संक्रांति तथा तीसरा आश्रि्वन के दशहरे को मनाया जाता है। यह पर्व कृषि व धन-धान्य का प्रतीक है। हरेला पर्व से दस दिन पूर्व दो टोकरियों में मिट्टी भरकर उसमें पांच या सात प्रकार के अनाज बोए जाते हैं। दसवें दिन हरेले की पूजा करने के बाद इन अनाजों से निकले पीले तृणों को सिर पर धारण किया जाता है। तथा इस पर्व में डीकरे,  शिव-पावर्ती की मूर्तियां बनाकर उनकी पूजा भी की जाती है।  डीकरे में शिव के संपूर्ण परिवार कार्तिक, शिव, नंदी, गणेश ,पार्वती, शिव के वाहन मूसक और बैल की मूर्तियां भी सम्मिलित की जाती हैं। कई सालों से भगवान को पहला आमंत्रण भेजने की परंपरा को मैं भी देख रहा हूं। कब से यह परंपरा प्रारंभ हुई इसकी जानकारी नहीं है। पर अपने आप में यह परंपरा आलौकिक है

बंद पड़ी सड़कों को तत्काल करें चालू: डीएम

0

जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेसन ने लोनिवि को जिले में बन्द पड़े सड़क मार्गों को तत्काल चालू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने तथा मानसूनकाल में समस्त निर्माण खण्डों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये, ताकि किसी भी प्रकार के छोटे-मोटे निर्माण कार्याें को पूर्ण किया जा सके।

जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेसन की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में वर्तमान में मानसूनकाल में अतिवृष्टि, भूस्खलन, जलभराव व इत्यादि घटनाओं को देखते हुए लो.नि.वि, पीएमजीएसवाई, एन.एच. तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

मुरूगेसन ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बारिश से कई क्षेत्रों में हुए जल भराव, छोटे-मोटे लीकेज को तात्कालिक रूप से दुरुस्थ करने एवं बरसात को देखते हुए अलर्ट रहते हुए कार्य करने को कहा। उन्होंने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र के उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए बारिश से क्षतिग्रस्त हुए सम्पर्क मार्ग तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्थ करने हेतु सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लो.नि.वि, एन.एच. तथा पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को शहर में अवैध रूप से फूटपाथ, नालियों के ऊपर निर्माण तथा किए गए अतिक्रमण को नगर निगम/नगर पालिका से समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे अवैध निर्माण को चिन्हिकरण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि अवैध निर्माण कार्यों को ध्वस्त करते हुए सड़क मार्ग को अतिक्रमणमुक्त किया जा सके। 

प्रदेश में 50 हजार पद रिक्त, हाथ पर हाथ धरे बैठी है सरकार: रघुनाथ

0

उत्तराखंड जनसंघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में सरकारी व अर्द्ध सरकारी संस्थानों में विभिन्न श्रेणी के लगभग 50 हजार से अधिक पद रिक्त हैं, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि आंकड़ों के आधार पर राजस्व विभाग में 3061, सिंचाई विभाग में 1534, खाद्य आपूर्ति में 384, शिक्षा में 14500, सचिवालय प्रशासन विभाग में 450, समाज कल्याण में 350, लोक निर्माण विभाग में 687, गृह (पुलिस) 1240, औद्योगिक विकास विभाग में 219, परिवहन 80, सहकारिता 250, पावर ट्रांसमिशन 647 एंव इसके साथ-साथ पशुपालन, कृषि, वित्त, विधानसभा, पर्यटन, वन, ऊर्जा, इत्यादि विभागों में हजारों पद रिक्त पड़े हैं।

रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि एक तरफ सरकार 100 दिन पूरे होने पर जश्न मना रही है, जबकि उपलब्धि के नाम पर शून्य है, वहीं बेरोजगार और किसान सरकार का मातम मना रहे हैं। प्रदेश सरकार ने जिन युवाओं से नौकरी का वादा किया था उसके कारण भाजपा आज सत्ता में आयी, लेकिन बेरोजगार सड़कों पर हैं और हाथ पर हाथ धरे बैठा है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्थायी पदों के सापेक्ष स्थायी नियुक्ति एवं अस्थायी पदों पर आउट सोर्स व अन्य प्रक्रिया के तहत युवाओं में रोजगार का रास्ता खोलना चाहिए। उत्तराखंड, प्रदेश का पहला राज्य बन गया है जहां पलायन रोकने को आयोग का गठन किया गया तथा भर्तियों के लिए कमेटी का गठन किया गया है।

रघुनाथ सिंह ने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए जल्दी ही प्रभावी कदम नही उठाए गए और पदों को भरने के लिए कार्रवार्इ नहीं की गर्इ तो मोर्चा सड़कों पर उतरकर आन्दोलन करेगा।

केंद्र की योजना में फर्जीवाड़ा, जांच के आदेश

0

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की योजना ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ में फर्जीवाड़े की बातें सामने आई हैं। योजना के तहत दो लाख रुपये दिलाने के नाम पर कुछ लोगों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को झांसा देकर फार्म भरवाएं और लाखों की ठगी कर ली।

मामले की शिकायत केंद्र सरकार तक पहुंची तो प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय ने राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है। इस मामले में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की निदेशक विम्मी सचदेवा रमन ने जिलाधिकारी दून को पूरे प्रकरण की जांच करने को कहा है। इसके बाद जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की ओर से संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत लाभार्थियों को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद का प्रावधान है, लेकिन केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की आड़ में कुछ लोग फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

₹25 लाख की चरस पकङी गई

0

थाना त्यूनी पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवम वाहनों आदि का चेकिंग अभियान चलाया गया जिसके चलते 2 अभियुक्तो, लक्ष्मीचंद अौर गोविंद 7 किलो अवैध चरस सहित एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। अभियुक्तो के विरुद्ध थाना त्यूनी पर 8/20 एनडीपीएस एक्ट  के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया, पकङी गई चरस की कीमत बाजार में करीब ₹25 लाख मानी जा रहीं है।

अभियुक्तगण द्वारा प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि वह नेपाल से भारी मात्रा मे चरस लाता व मंगवाता है व इस चरस को यहाँ से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, देहरादून में सप्लाई करता है।

दून के युवक को फिल्मस्टार अक्षय कुमार ने दी शाबाशी

0

बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने दून के युवा अभिषेक भट्ट को उनके एक रैप वीडियो के लिए ट्वीट कर शाबाशी दी है। अभिषेक ने यह रैप गीत अक्षय की आने वाली फिल्म टायलेट-एक प्रेमकथा से प्रेरित होकर तैयार किया है। अक्षय ने ट्वीट में कहा है कि वह इस गीत के लिए अभिषेक को सैल्यूट करते हैं।

दून के बसंत विहार में रहने वाले अभिषेक भट्ट ने 29 जून को एक वीडियो यूट्यूब पर डाला था। रैप वीडियो देश को करता गंदा क्यों, इंसान बना है अंधा क्यों, पावर की आड़ में चल रहा गलत धंधा क्यों…,यूट्यूब पर आने के बाद से ही खूब देखा-सुना गया है।

akshay fan
अभिषेक के अनुसार, अक्षय की फिल्म टायलेट एक प्रेमकथा विशेष संदेश देने वाली फिल्म है। जिससे वे प्रेरित हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान से भी वह काफी प्रभावित हैं। इसलिए उन्हें इस विषय पर रैप बनाने की सूझी।
हालांकि, तब उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अक्षय इस रैप वीडियो को देखेंगे। लेकिन अक्षय ने वीडियो को न सिर्फ देखा बल्कि ट्वीटर और फेसबुक पर अभिषेक के लिए संदेश भी लिख छोड़ा। जिसमें अक्षय ने अभिषेक की सराहना करते हुए लिखा है कि हर घर में होगा शौचालय, वो दिन सबसे अच्छा होगा ही, लेकिन फिलहाल यह वीडियो देखकर उनका शक्रवार का दिन सबसे अच्छा हो गया। अक्षय ने ट्वीटर और फेसबुक पर इस गीत के बोल भी लिखे हैं। अक्षय के ट्वीट के बाद लोगों में अभिषेक के गीत को सुनने की उत्सुकता बढ़ गई है।

विधानसभा की सुरक्षा को लेकर स्पीकर सख्त

0

राष्ट्रपति के निर्वाचन और उत्तर प्रदेश विधानसभा में विस्फोटक मिलने की घटना को देखते हुए उत्तराखंड विधानसभा की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसको लेकर विस अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की और विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

शुक्रवार को विधानसभा सभागार में हुई बैठक में विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा संवैधानिक संस्था है, यहां की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में बिना मान्य प्रवेश पत्र के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए। साथ ही विधानसभा में वे ही वाहन प्रवेश कर पाएं, जिन पर विधानसभा द्वारा जारी प्रवेश पत्र चस्पा हो। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि मंत्रियों और विधायकों के वाहन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पास भी अलग से प्रवेश पत्र होना चाहिए।
अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि वाहनों की चेकिंग के लिए गेट पर अत्याधुनिक तकनीक से युक्त यंत्र एवं मशीनें लगाई जाएं। इसके साथ ही सुरक्षा में तैनात कार्मिकों को समय-समय पर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण और हथियारों के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाए। विधानसभा में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और आसपास के व्यवसायी प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों का पुलिस से सत्यापन कराया जाए।

पार्किंग निर्माण को लेकर पेयजल मंत्री से मिले विधायक जोशी

0

मसूरी विधायक गणेश जोशी ने पेयजल मंत्री प्रकाश पंत से उनके न्यू कैंट स्थित आवास पर शुक्रवार को भेंट कर दिलाराम चैक में पार्किंग निर्माण की बात रखी। उन्होनें राजपुर रोड पर वाहनों की अधिकता को देखते हुए पार्किंग निर्माण किये जाने पर जोर दिया।
विधायक जोशी ने बताया कि प्रभारी मंत्री देहरादून मदन कौशिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक राजपुर खजान दास के साथ संयुक्त रूप से यह मांग की गई थी कि राजपुर पार्किंग का निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारम्भ किया जाए। प्रभारी मंत्री द्वारा अवगत कराया गया था कि यदि पेयजल विगाग द्वारा दिलाराम बाजार के पास भूमि उपलब्ध करा दी जाएगी तो नगर विकास के माध्यम से पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा।
विधायक जोशी ने पेयजल मंत्री प्रकाश पंत को बताया कि पूर्व में मेरे कार्यालय के दौरान राजपुर रोड दिलराम चैक में जलंसस्थान के कार्यालय के पास पार्किंग स्वीकृत कराई गई थी किन्तु कांग्रेस सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने पेयजल मंत्री को बताया कि पार्किंग निर्माण के लिए यदि जलसंस्थान द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी तो नगर विकास विभाग पार्किंग निर्माण करने के लिए तैयार है।
पेयजल मंत्री ने विधायक जोशी को आश्वस्त किया है कि दोनों विभागों के संयुक्त निरीक्षण के बाद जलसंस्थान की भूमि पर पार्किंग निर्माण की कार्रवाई की जाएगी।

विधानसभा भवन में 17 को होगा राष्ट्रपति पद के लिए मतदान

0

राष्ट्रपति निर्वाचन, 2017 के संबंध में मतदान दिनांक 17 जुलाई को होगा, मतदान विधान सभा भवन के कक्ष संख्या-321 में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

बुधवार को विधानसभा सचिव और सहायक रिटर्निंग अॉफीसर जगदीश चंद्र ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति निर्वाचन, 2017 के संबंध में उत्तराखंड विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों व संसद सदस्यों, जिन्हे निर्वाचन आयोग ने विशेषतया देहरादून में मत देने के लिए अधिकृत किया हो, उनकी सुविधा के लिए मतदान स्थल की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड विधान सभा के निर्वाचित सदस्य व संसद सदस्य भारत निर्वाचन आयोग के नियमानुसार निर्धारित प्रारूप पर आवेदन करने के पश्चात निर्वाचन आयोग की पूर्वानुमति के उपरांत ही किसी भी राज्य मुख्यालय मे स्थित निर्वाचन स्थल या संसद भवन कक्ष संख्या-62 नई दिल्ली में भी सुविधा प्राप्त कर सकते है।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश और निर्धारित प्रारूप समस्त निर्वाचकगणों को प्रेषित की जा चुकी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के दिन मतदान स्थल पर मोबाइल फोन, कार्डलैस फोन, वायरलेस सेट तथा कैमरा आदि लाना वर्जित होगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचकगण देहरादून,विधानसभा भवन के द्वितीय तल में अपना परिचय पत्र दिखा कर मतदेय कक्ष में प्रवेश करेंगे और मतदान करने के बाद मतदान कक्ष से बाहर निकल जाएंगे।