Page 639

जीएसटी और कई मुद्दों को लेकर मीडिया के सामने आए आमिर खान

0
Aamir khan speaks up on GSt and other issues

अपने प्रोडक्शन हाउस में बनी नई फिल्म सीक्रेट सुपर स्टार के ट्रेलर लांच के मौके पर आए आमिर खान ने इस मौके पर इस फिल्म के अलावा कई और मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। सेंसर बोर्ड को लेकर हो रहे हंगामे पर आमिर खान ने कहा कि वे इस पक्ष में हैं कि सेंसर बोर्ड फिल्मों को रेटिंग दे, लेकिन उनकी मेकिंग में दखल करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। आमिर ने सेंसर के कानूनों में सुधार के लिए बनी श्याम बेनेगल समिति की रिपोर्ट को लागू करने की जरुरत पर जोर दिया। उनका कहना था कि ये दुर्भाग्यजनक है कि सेंसर बोर्ड के चेयरमैन के पद पर हमारी इंडस्ट्री से ही एक मेकर हैं, फिर भी इतनी समस्याएं लगातार हो रही हैं। आमिर खान ने केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी लागू करने के फैसले की तारीफ की और इसे एक साहसिक कदम बताया।
चीन में अपनी फिल्म दंगल को मिली कामयाबी को आमिर खान ने अद्भुत बताया और कहा कि उन्होने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी कि चीन के लोगों को इतनी पसंद आएगी। पूर्वोत्तर की चीन के साथ लगी सीमा पर चीन के साथ सैन्य टकराव के बारे में आमिर ने कहा कि युद्ध किसी समस्या का हल नहीं है, फिर भी इस मामले में कोई फैसला सरकार को करना है।
देश में कामयाबी का तहलका मचाने वाली फिल्म बाहुबली 2 को लेकर आमिर ने कहा कि उन्होंने अभी तक ये फिल्म देखी नहीं है, लेकिन वे जल्दी ही इसे देखेंगे। इस बार सलमान की शादी से जुड़े सवालों को आमिर खान हंसी में टाल गए। साथ ही जब हैरी मीट सेजल की कामयाबी के लिए उन्होंने शाहरुख खान को शुभकामनाएं दीं।
गुजरात और आसाम में बाढ़ पीढ़ितों की मदद के लिए सोशल मीडिया पर अपने वीडियो को लेकर आमिर ने कहा कि उनको खुशी है कि वीडियो का बहुत अच्छा रेस्पांस मिला है और लोग मदद के लिए आगे आए हैं। अपनी आने वाली फिल्म ठग आफ हिंदोस्तां को लेकर उनका कहना था कि अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का उनका सपना पूरा हो रहा है, जिसे लेकर वे बेहद रोमांचित हैं। आमिर खान ने दंगल की सिक्वल या किसी और बायोग्राफी में काम करने की संभावना से साफ मना कर दिया।

महिला निर्माता के साथ सेंसर बोर्ड के सदस्यों की बदसलूकी की मामला गरमाया

0
female-producer-accuses-censor-board-members

नवाजुद्दीन को लेकर बनी फिल्म बाबूमोशाय बंदूकबाज का मामला और गंभीर हो गया है। एक और फिल्म के निर्देशक कुशान नंदी ने सेंसर बोर्ड द्वारा फिल्म के लिए 48 कट्स मानने से साफ तौर पर मना करते हुए कहा है कि वे बिना किसी कट के फिल्म को रिलीज करेंगे। दूसरी ओर, फिल्म की महिला निर्माता किरण श्राफ के बारे में बोर्ड की एक महिला सदस्य और एक पुरुष सदस्य की अभद्र टिप्पणी को लेकर भी मामला शांत नहीं हो रहा है। इस मुद्दे को जहां एक तरफ केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी के साथ जोड़ते हुए ईरानी को पत्र लिखकर दोनों सदस्यों की तुरंत बर्खास्तगी की मांग की गई है, वहीं किरण श्राफ ने ये मामला महाराष्ट्र महिला आयोग तथा मानवाधिकार आयोग में भी ले जाने का फैसला किया है। 


किरण श्राफ का आरोप है कि जब फिल्म को सेंसर किए जाने के सिलसिले में वे बोर्ड के दफ्तर पंहुची, तो एक महिला ने उनसे सवाल किया कि एक महिला होकर आपने ऐसी फिल्म कैसे बनाई, तो उनके साथ खड़े एक पुरुष सदस्य ने किरण श्राफ की ड्रेस पर कमेंट करते हुए कहा कि वे कहीं से भी पुरुष नजर नहीं आतीं। किरण श्राफ ने कहा कि इन अभद्र टिप्पणियों से वे आहत हैं और चाहती हैं कि दोषी सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

राशन की सब्सिडी सीधे खाते में भेजी जाए: सीएम

0

राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत दिए जा रहे राशन की सब्सिडी अब सीधे लाभार्थियों के खाते में जाएगी। इसके साथ ही अंत्योदय अन्न योजना के परिवारों को प्रति राशन कार्ड दी जानेवाली चीनी की सब्सिडी भी लाभार्थियों के खाते में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रमुख सचिव को निर्देशित किया कि इसकी विस्तृत योजना बनाकर कैबिनेट में प्रस्ताव लाएं।वर्तमान में लगभग 10.47 लाख राज्य खाद्य योजना के राशन कार्ड है, जिससे लगभग 45 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभाग के अधिकारियों से कई सवाल भी किए। सीएम ने पूछा कि ‘कागजों पर सप्लाई और मौके पर राशन नहीं पहुंचने की स्थिति को रोकने के लिए क्या प्लान है?’, ‘कितनी दुकानें शिकायत मिलने पर निलम्बित की गई?’, ‘कितने लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई हुई है?’,’राशन लोगों तक नहीं पहुंचने पर विभाग की जवाबदेही कैसे तय की जाएगी?‘ आदि सवालों पर अधिकारी बगलें झांकते दिखे। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को दो टूक कहा कि कार्य संस्कृति में बदलाव लाएं। भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सख्त सजा दी जाएगी। व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए। जनता के हक के एक-एक दाने, एक-एक पैसे का हिसाब जनता को देना है।
इस दौरान प्रमुख सचिव आनन्द वर्धन ने बताया कि 01 अगस्त, 2017 तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के 13,30,404 कार्ड डिजिटलाइज हो गए हैं और 92.13 प्रतिशत कार्डों की आधार सीडिंग हो गई है। राज्य खाद्य योजना (एसएफ0ई) के 10,47300 डिजिटलाइज हो गए है और 96.24 प्रतिशत कार्डो की आधार सीडिंग हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य के समस्त जनपदों द्वारा उचित दर विक्रेता स्तर तक आनलाइन आवंटन किया जा रहा है। सप्लाई चेन सॉफ्टवेयर पर ट्रायल बेसिस पर कार्य किया जा रहा है,।
अक्टूबर 2017 से सप्लाई चेन सॉफ्टवेयर को वास्तविक रूप में इम्लीमेंट करने की योजना है। प्रमुख सचिव आनन्द वर्धन ने बताया कि राज्य के समस्त जनपदों की दो-दो उचित दर विक्रेता स्तर पर पायलट योजना में कुल 26 पीओएस डिवाइस स्थापित की जा चुकी है तथा समस्त 9251 उचित दर विक्रेताओं हेतु पीओएस डिवाइस क्रय करने की कार्यवाही गतिमान है।
उन्होंने बताया कि शिकायत निवारण के लिए राज्य में राज्य खाद्य आयोग स्थापित किया जा चुका है। इसमें जिला शिकायत निवारण अधिकारी, प्रत्येक जनपद में मुख्य विकास अधिकारी को नामित किया गया है। इस आयोग का टोल फ्री न. 1800-180-2000 है। आनलाइन शिकायत निवारण को कारागार बनाने के लिए विभागीय पोर्टल को समाधान पोर्टल से लिंक कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा आवंटित मिट्टी तेल की मात्रा को बिना गैस कनेक्शन धारक परिवारों में वितरण कराया जा रहा है। वर्तमान में राज्य का नियमित मासिक आवंटन 2111 किलो लीटर है। राज्य में गैस कम्पनियों द्वारा सीधे उपभोक्ताओं को उत्तराखंंड आयल कारपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन एवं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन की 220 गैस एजेन्सियो के माध्यम से गैस का वितरण किया जा रहा है।

हिमालयन दिवस-2017 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री की बैठक

0
हिमालयन दिवस-2017 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। देहरादून में होने वाले दो दिवसीय हिमालयी राज्यों के सम्मेलन में पलायन, जलवायु परिवर्तन एवं ग्रीन इंजीनियरिंग, बायोइकोनाॅमी, पर्यावरणीय सेवाएं तथा ग्रीन बोनस, केन्द्रीय योजनाओं का हिमालयी अनुकूलन एवं हिमालयी राज्यों में सहयोग आदि विषयों पर चर्चा होगी। इस सम्मेलन में हिमालयी राज्यों के मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस सम्मेलन में सभी हिमालयी राज्य एकजुट होंगे। सभी हिमालयी राज्यों की सामान्य समस्यायें उजागर होंगी। जिसे भारत सरकार के सामने रखा जायेगा। ताकि इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस नीति बन सके।  सम्मेलन का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को नई धारा से जोड़ना है जो हिमालयी पारिस्थितिकी के अनुरूप हो। क्लाइमेट चेंज के प्रभावों से मुक्त हो और पर्वतीय जनमानस के अनुकूल हो। उत्तराखण्ड जैसे हिमालयी राज्य जो पूरे देश को पर्यावरणीय सेवाएं देता है को कोई प्रतिकर मिले। बैठक में सभी राज्यों से विचार-विमर्श कर शीघ्र ही तिथि निर्धारित करते हुए आयोजन सम्बन्धी अन्य पहलुओं पर अन्तिम निर्णय लेने की बात हुई।
बैठक में मुख्य सचिव श्री एस.रामास्वामी, प्रमुख सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, श्रीमती मनीषा पंवार, श्री उमाकांत पंवार, एडीजी अशोक कुमार, सचिव आर.मीनाक्षी सुन्दरम, अरविन्द सिंह ह्यांकी, जिलाधिकारी देहरादून एस.ए. मुरूगेशन, हेस्को के अनिल जोशी आदि उपस्थित थे।

रेखा आर्या मिली महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट

0
हाल ही में महिला क्रिकेट विश्व कप भले ही देश की बेटियां नही जीत पाई हो। लेकिन इंग्लैंड ने भी इतना सम्मान  अपनी टीम को नही दिया होगा जितना सम्मान भारत ने अपनी बेटियो को दिया है। ये क्रिकेट इतिहास में पहली मर्तबा ऐसा हुवा है जब किसी उपविजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी के घर-घर जाकर बधाईयां दी जा रही है, ये महिला क्रिकेट के लिए सुखद अनुभव है।
इसी क्रम में आज रेखा आर्या – राजयमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तराखंड सरकार ने अल्मोड़ा जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वी.रेणुका संग भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य एकता बिष्ट को अल्मोड़ा स्तिथि आवास पर जाकर बधाई दी। एकता ने विश्वकप टूर्नामेंट में देश के साथ-साथ अपने प्रदेश का नाम भी रोशन  किया है।
श्रीमती रेखा आर्य ने कहा कि सरकार बेटियों के बेहतर भविष्य को लेकर हर सम्भव प्रयासो को लेकर कार्यरत है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी के सपनो के आगे कभी अर्थिकि को आड़े नही आने दिया जाएगा। एकता बिष्ट को प्रदेश की बेटियों का रोल मॉडल बताते हुए श्रीमती रेखा आर्य ने उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दी और आगामी भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि बेटियां हमारी शान है। हमें उन पर गर्व है। क्योंकि हमारी बेटियां बेटो से कम नही है।

उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन ने 12,700 युवाओं को रोजगार के लायक बनाया

0
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के तहत गत वर्ष 12,700 युवाओं को ट्रेनिंग देकर रोजगार के लायक बनाया गया है। इस वर्ष 13,000 युवाओं को कौशल विकास की ट्रेनिंग देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत उत्तराखंड में वर्ष 2020 तक 48,236 युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य में 120 प्राइवेट पार्टनर के माध्यम से 22 सेक्टर स्किल काउंसिल के 32 ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्य सचिव एस.रामास्वामी की अध्यक्षता में बुधवार को उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी के गवर्निंग बॉडी की बैठक हुई।
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के परियोजना निदेशक डॉ.पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए 30,000 लोगों ने नामांकन किया है। रोजगारपरक ट्रेड में उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गत वर्ष 7 किमी दूरी से आने वाले प्रशिक्षुओं को 2500 रूपये प्रतिमाह दिये गये। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन(यूकेएसडीएम) का कौशल उत्तराखंड नाम से मोबाइल एप बनाया गया है। किसी को मिस्त्री, प्लम्बर, मैकेनिक चाहिए तो इस ऐप से तलाश कर सकता है। इसके अलावा प्रशिक्षण संबंधी जानकारी देने के लिए यूकेएसडीएम का पोर्टल है। इस वर्ष में विदेशी भाषा, पंचकर्म, योग, ध्यान, वेलनेस, एडवेंचर गाइड, हॉस्पिटलिटी सहित अन्य रोजगारपरक ट्रेड में ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग पाने वाले युवाओं के प्लेसमेंट के लिए अलग से प्रकोष्ठ बनाया गया है। डॉ.पाण्डेय ने बताया कि ‘अर्न हवाइल यू लर्न’ योजना का प्रसार पर्वतीय क्षेत्रों में किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से स्किल गैप एनालिसिस भी किया जा रहा है। नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क के अंतर्गत कौशल का लेवेल दिया जाएगा।
बैठक में सचिव श्रम हरिवंश सिंह चुघ, कुलपति तकनीकी विश्वविद्यालय डॉ.पीके गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

सड़क मार्ग को समय से न खोलने के लिए तीन विभागों को नोटिस

0

चमोली जिले के जिला मजिस्ट्रेट ने 31 जुलाई को विकास खंड देवाल हिमनी घेस के मध्य सड़क पर मलवा आने से अवरुद्व मोटर मार्ग को खोलने में लापरवाही को देखते हुए अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई लोनिवि कर्णप्रयाग तथा अधिशासी अभियन्ता लोनिवि थराली को भी आपदा प्रबंधन अधिनियम तहत नोटिस जारी किया है।

विदित हो कि थानाध्यक्ष थराली मय टीम/कर्मचारियों के साथ 31 जुलाई को थराली, विकास खंड देवाल की सड़कों की जानकारी हेतु लोहागंज, देवाल, लोसारी, घेस, हिमनी आदि क्षेत्रों के भ्रमण पर गये थे। भ्रमण के दौरान हिमनी घेस के पास सड़क पर मलवा आने से मार्ग अवरूद्व हो गया। मोटर मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी मशीन भेजने के लिए थराली एवं पीएमजीएसवाई, कर्णप्रयाग के अधिकारियों को सूचित किया गया, किंतु मोटर मार्ग खोलने हेतु जेसीबी मशीन उपलब्ध नही करायी गयी और ना ही कोई प्रयास किया गया तथा जेसीबी मशीन खराब होना बताया गया। थानाध्यक्ष के द्वारा व्यक्तिगत रूप से जेसीबी मशीन की व्यवस्था कर 01 अगस्त को मोटर मार्ग खुलवाकर कर्मचारी एवं सरकारी वाहनों को निकलवाया गया।

जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि वर्षा ऋतु के दृष्टिगत जेसीबी मशीन एवं लेबरों की पर्याप्त व्यवस्था पीएमजीएसवाई एवं लोनिवि के द्वारा की जानी थी। जिसकी सूचना भी विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गयी थी। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उक्त घटना में जान-माल के साथ सरकारी वाहनों की क्षति हो सकती थी। जो कि एक घोर लापरवाही का द्योतक है। जिस पर जिलाधिकारी ने तीनों विभागों के अधिशासी अभियंताओं को नोटिस जारी किया है। 

तीर्थ नगरी में अब नहीं करने दी जाएगी अवैध शराब की बिक्री : मंजूनाथ

0

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक मंजुला नाथ ने दावा किया कि अब ऋषिकेश तीर्थ नगरी मे हो रही अवैध शराब की बिक्री को रोकने तथा सड़कों पर पसरे अतिक्रमण को सख्ती से हटाया जाएगा। जिससे लोगो को शुकुन मिल सके।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने यह दावा कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया उन्होंने कहा कि उन्हें यहां आने पर अवैध शराब बिक्री की ही शिकायत मिल रही है।
जिसमें बड़े-बड़े सफेद पोश लोगों के भी शामिल होना बताया गया है लेकिन उन्होंने अब इसे रोकने के लिए नया प्लान बना दिया है। जिसके चलते अब ऋषिकेश सीमाओं पर पूरी तरह नाकेबंदी कर शराब की बिक्री को रोकने का प्रयास किया जाएगा तथा दिन-रात चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। जिससे ऋषिकेश में किसी भी प्रकार से अवैध शराब पर रोक लगाई जा सके।
साथ ही मंजू नाथ ने कहा कि अब मलिक बस्तियों शांति नगर चंद्रभागा शिवाजी नगर सरवहारा नगर लेवर कॉलोनी में जहां शराब की बिक्री होना बताया जा रहा है वहां लगातार छापेमारी की जाएगी जहां सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
यातायात को सुचारु रुप से चलाने के लिए सड़कों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध सघन रुप से अभियान चलाया जाएगा। उसके बावजूद भी यदि अतिक्रमण कारी नहीं माने तो उनका चालान किया जाएगा इसके लिए पुलिस ने योजना बना ली है

गुजरात के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक भवन बनाएगा: शांतिकुंज

0

शांतिकुंज गुजरात के बनासकांठा के डीसा क्षेत्र के दामा व वडावल गांंव में जरूरतमंद लोगों के आश्रय के लिए सामुदायिक भवन बनाएगा। व्यवस्थापक गौरीशंकर शर्मा ने बताया संस्था प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने गुजरात के बनासकांठा के क्षेत्र में सामुदायिक भवन बनाने का निर्देश दिया है। दामा व वडावल गांंव में भूमि पूजन कर भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया।
शांतिकुंज परिवार की ओर से निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में शांतिकुंज प्रतिनिधि विष्णु मित्तल, सुखदेव अनघोरे व हरिराम सुथार की टीम सिरोही व जालौर जिले के प्रभावित गांंवों में पैदल व नावों से कई किमी की दूरी तय कर पीड़ित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी है। टीम प्रातःकाल से प्रभावित गांव के लिए अपने पीठ व नाव के माध्यम से राहत सामान लेकर निकलती है।
सांचोर, किलवा, बावरला, ददूसन, कोटड़ा, गोगनाड़ी, सिसावा सहित दर्जन भर गांंवों में दो सौ से अधिक युवाओं की टीम जुटी हैं।
उन्होंने बताया कि गुजरात में राकेश जायसवाल की टीम ने बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित बनांसकांठा जिले के धानेरा, कांकरेज, थराद, वाव, राघनपुर तहसील के कई गाँवों में सेवा कार्य में 350 से अधिक युवा जुटी है।
जायसवाल के अनुसार समाचार लिखे जाने तक दस हजार राशन किट, एक लाख फूड पैकेट, पांंच हजार सेट कपड़े सहित अन्य राहत सामग्री पीड़ित परिवारों को दी जा चुकी है। डॉ. भीखू भाई पटेल के नेतृत्व में मेडिकल टीम शारीरिक परीक्षण कर दवाइयांं भी दे रही है।
संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी एवं प्रवास से आज ही लौटे हैं।
गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक गायत्री परिवार के कार्यकर्त्ता सेवा कार्य जुटे रहेंगे। पीड़ितों की सेवा के साथ-साथ मृत्मात्मा की शांति एवं सद्गति के लिए विशेष प्रार्थनाएंं एवं सामूहिक श्राद्ध संस्कार गायत्री तीर्थ किये जा रहे हैं।

कांग्रेस में नई जान फूंकने के लिए महिला विंग ने संभाला मोर्चा

0

विधानसभा चुनाव में भाजपा से मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का मनोबल पूरी तरह टूटा हुआ है। कांग्रेसी कार्यकर्ता पूरी तरह से बिखर गए हैं। बिखरे और बेजान पड़ी कांग्रेस में नई जान फूंकने के लिए कांग्रेस की महिला विंग ने कमान संभाल ली है। महिला कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने का मन बनाया है। इसी के चलते तीन अगस्त को महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा शोभा ओझा उत्तरी हरिद्वार में कार्यकर्ताओं की बैठक करेंगी। वह महिलाओं में जोश और नई ऊर्जा का संचार करेंगी तथा भाजपा को घेरने की नई रणनीति बनाकर देगी।

पूर्व राज्य मंत्री और महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष किरण सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद से कांग्रेसी कार्यकर्ताओें का मनोबल पूरी तरह से टूट चुका है। कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए कांग्रेस की महिला विंग पूरी तरह से एकजुट है।
इसी के चलते महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा हरिद्वार आ रही हैं। वह महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। पार्टी की आगे की रणनीति का खुलासा कार्यकर्ताओं से करेंगी। महिला कार्यकर्ता इस बैठक को सफल बनाने के लिए पूरे मनोभाव से कार्य कर रही हैंं।
किरण सिंह ने बताया कि भाजपा विकास का सब्जबाग दिखाकर जनता को धोखा दे रही है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश में विकास के तमाम कार्य कराए। लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही सभी विकास कार्यो को ठप्प कर दिए हैं। महिला कांग्रेस एक बार फिर से जनता के बीच जाकर पार्टी को मजबूत करने का कार्य करेंगी।