Page 424

कार सवार बदमाशों ने पेट्रोल डीजल भराकर लूटा कैश

0

काशीपुर, आइटीआइ थाना क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर पहले डीजल-पेट्रोल भरवाया, फिर सेल्समैन से 25 हजार नकदी लूट ली। जाते समय पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

आवास विकास निवासी संजय सिंधवानी पुत्र रघुवीर लाल का अलीगंज रोड स्थित हमारा पंप पैगा नाम से पेट्रोल पंप है। शनिवार तड़के करीब पौने तीन बजे सफेद कार में सवार दो बदमाशउनके पेट्रोल पंप पर आए और दरवाजा खटखटाया। सेल्समैन दिग्विजय सिंह ने जैसे ही दरवाजा खोला तो युवकों ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर कार में रखे ड्रम में 12 हजार का डीजल और कार में पांच सौ रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद सेल्समैन की जेब में रखी 25 हजार नकदी भी जबरन लूट ली। जाते समय कार सवार युवकों ने घटना की जानकारी पुलिस को देने पर जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। आइटीआइ थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बताया कि पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, मगर सब खराब पड़े हैं। प्रथम दृष्टया लूट का मामला संदिग्ध लग रहा है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। इधर, संजय सिंधवानी का आरोप है कि पैगा पुलिस चौकी में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी तो पुलिस ने तहरीर लेने से मना कर दिया

पद्मावती की रंगोली बिगाड़ने के केस में 5 गिरफ्तार

0

गुजरात के सूरत में दीवाली से पहले एक मॉल में फिल्म ‘पद्मावती’ पर बनी रंगोली को बिगाड़ने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सूरत के एक कलाकार करण जरीवाला द्वारा बनाई गई ‘पद्मावती’ की रंगोली को फिल्म का विरोध करने वाले लोगों की एक भीड़ ने खराब कर दिया था।

इस घटना पर दीपिका पादुकोण ने भी नाराजगी जताई थी और राज्य सरकार से लेकर केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी का ध्यान इस ओर दिलाते हुए घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा पकड़े गए लोग करणी सेना से संबंधित बताए जाते हैं। ये राजपूती संगठन पहले से ही इस फिल्म का विरोध करता आ रहा है। इसी संगठन ने जयपुर में फिल्म की शूटिंग पर हंगामा किया था और संजय लीला भंसाली के साथ हाथापाई की थी। इसी संगठन पर कोल्हापुर में फिल्म के सेट पर आगजनी का आरोप लगा था।

ये फिल्म 1 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है। जैसे जैसे इस फिल्म का रिलीज वक्त करीब आ रहा है, वैसे वैसे इसका विरोध भी बढ़ता जा रहा है। गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर इस फिल्म के विरोधियों ने फिल्म के पोस्टरों को जलाया। इंदौर में विरोधियों ने सिनेमाघरों को फिल्म न चलाने की चेतावनी देते हुए चिट्ठी लिखी है।

नी मैं यार मनाना नी… के रीमिक्स में वाणी कपूर

0

दिवंगत यश चोपड़ा की राजेश खन्ना, शर्मिला टैगोर और राखी के त्रिकोण को लेकर बनी फिल्म ‘दाग’ के गाने, ‘नी मैं यार मनाना नी.. ‘की इन दिनों इंटरनेट पर धूम मची हुई है। इसकी वजह ये है कि इस गाने को रीमिक्स किया गया है और नए वर्शन के वीडियो एलबम में वाणी कपूर ने इस पर परफारम किया गया है।

यशराज, जिसने ये एलबम हाल ही में जारी किया, द्वारा दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस एलबम को सोशल मीडिया पर अब तक दो करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं और ये गिनती लगातार बढ़ती जा रही है। यशराज ने पहली बार यश चोपड़ा की किसी फिल्म के किसी गाने के साथ ऐसा प्रयोग किया है। कंपनी आने वाले वक्त में इसी तरह से और सिंगल एलबमों के वीडियो तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। वाणी कपूर को यशराज के पसंदीदा कलाकारों में माना जाता है।

2013 में सुशांत सिंह राजपूत के साथ बनी शुद्ध देसी रोमांस में वाणी कपूर को ब्रेक मिला था। आदित्य चोपड़ा ने निर्देशन के मैदान में लौटते हुए फिल्म बेफिक्रे में रणबीर सिंह के साथ वाणी को कास्ट किया था। हाल ही में वाणी को रितिक रोशन और टाइगर श्राफ को लेकर शुरु होने जा रही फिल्म में रितिक के साथ कास्ट किया गया है।

उप खनिज चुगान बंद होने से प्रभावित हो रहे विकास कार्य

0

गत जून माह से पछवादून की नदियों में उप खनिज चुगान बंद होने से गांवों के विकास कार्य ठप होने के साथ ही गरीब मजदूर वर्ग के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। जबकि आशियाना बनाने वाले लोग भी रेत बजरी नहीं मिलने से परेशान हैं। सबसे अधिक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ रहा है।जहां मनरेगा के तहत संचालित विकास कार्य ठप होने के साथ ही ग्रामीणों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया है।

पछवादून के अधिकांश मजदूर खनन कार्य से ही जुड़े हैं। नदियों रेत बजरी छानने से लेकर भैंसा बुग्गी के माध्यम से ढुलान करने के साथ ही गांवों में संचालित मनरेगा के तहत मिलने वाले रोजगार से इनके परिवार आर्थिक संसाधन जुटाते हैं। हर बार जून माह में बरसात के मौसम में खनन बंद होने के बाद अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में आवंटित खनन पट्टों पर उप खनिज चुगान शुरु कर दिया जाता था, लेकिन इस बार सरकार द्वारा खनन नीति नहीं बनाए जाने से पछवादून की नदियों में उप खनिज चुगान शुरु नहीं हो पाया है। लिहाजा ग्रामीण मजदूर वर्ग के साथ ही व्यापारी व आम जनता भी परेशानियों से जूझ रही है।
ये हो रहे प्रभावित
दैनिक मजदूर: नदियों में रेत बजरी छानने के कार्य में लगे मजदूरों के सामने सबसे बड़ा संकट पैदा हो गया है। आवंटित पट्टों पर उप खनिज चुगान शुरु नहीं होने से दैनिक मजदूरी करने वाले गरीब वर्ग के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। खासकर भूमिहीन वर्ग के वे मजदूर जिनके पास रोजी रोटी का कोई अन्य साधन नहीं है। खनन शुरु नहीं होने से इन दिनों क्षेत्र में निर्माण कार्य ठप पड़े हुए हैं लिहाजा इन मजदूरों को नदी से बाहर भी कहीं रोजगार मुहैया नहीं हो रहा है।
पेंटर, कारपेंटर: उप खनिज चुगान बंद होने से ठप पड़े निर्माण कार्य के चलते लकड़ी का काम करने वाले, रंग रोगन करने वाले मजदूर भी बेरोजगार हो गए हैं। अपने हुनर से इतर अन्य कार्य नहीं आने के चलते मजदूरों के इस वर्ग के सामने आर्थिक संसाधन जुटाने का कोई साधन मौजूद नहीं है।
व्यापारी: निर्माण सामग्री बेचने वाले व्यापारियों पर भी खनन बंद होने का प्रभाव पड़ा है। सीनेट्री, पत्थर, पेंट, लोहे का सामान, लकड़ी का सामान, ईंट, सीमेंट का कारोबार करने वाले व्यापारियों के सामने व्यवसाय को बचाए रखने का संकट पैदा हो गया है। क्षेत्र में आवासीय भवनों सहित अन्य निर्माण कार्य कम होने से व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
बड़े वाहन स्वामी: पछवादून में खनन व्यवसाय में लगे अधिकांश लोगों ने उप खनिज ढुलान के लिए बड़े डंफर बैंक से ऋण लेकर खरीदे हैं लेकिन खनन बंद होने से उनके सामने बैंक का ऋण चुकाने की समस्या पैदा हो गई है। कई डंफर मालिक काम नहीं मिलने से अपने वाहन बेच रहे हैं जबकि कई लोगों के सामने फाकाकशी की स्थित पैदाह हो गई है।

बदरीनाथ धाम में दिखा अवैध ड्रोन कैमरा, जब्त

0

बदरीनाथ में शनिवार को अचानक मंदिर परिसर के उपर से ड्रोन कैमरा उड़ने लगा जिसे देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोगों और तीर्थ यात्रियों में खलबली मच गई। सूचना मिलने थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ड्रोन को अपने कब्जे में लिया।
थानाध्यक्ष बदरीनाथ ने बताया कि ड्रोन कैमरे उड़ने की सूचना मिली, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। बताया कि यह कैमरा बिना अनुमति के चलाया जा रहा था। पूछताछ में पता चला है कि यह कैमरा नमामि गंगे योजना के तहत बनने वाली डाक्यूमेंट्री के लिए प्रयोग में लिया जा रहा था. लेकिन संचालकों के पास ड्रोन संचालन की लिखित अनुमति न होने के कारण इसे कब्जे में ले लिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बदरीनाथ के मुख्य मंदिर में फोटोग्राफी पूर्ण रूप से वर्जित है। कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे है। वर्जित क्षेत्र के फुटेज मिलने पर इसे हटा दिया जाएगा साथ ही जिला प्रशासन की अनुमति के बाद ही ड्रोन संचालन की अनुमति दी जाएगी।

धर्मनगरी में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब

0

 धर्मनगरी यूं तो ड्राई एरिया हैं, लेकिन यहां मदिरा आसानी से उपलबध कराई जा रही है। शराब गली मोहल्लों में बिक रही है। सबसे ज्यादा प्रभावित मध्य हरिद्वार का क्षेत्र है, जहां कई दुकानों में खुलेआम शराब बेची जा रही है। यही नहीं शाम होते ही शराब पीने वाले लोगों का आतंक भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। शराब पीकर हंगामा करने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
कुछ दिन पहले शिवलोक काॅलोनी में मंदिर के बगल में परचून की दुकान में शराब बेचने का मामला सामने आया था। यहां के लोगों ने परचून की दुकान के बाहर प्रदर्शन भी किया था, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे साफ है कि पुलिस का संरक्षण इन शराब माफियाओं को मिला हुआ है। वहीं शराब के सेवन से नई पीढ़ी लगातार बिगड़ रही है। आए दिन रानीपुर मोड़ और आस-पास के इलाकों में हंगामा और मारपीट की घटनाएं हो रही है।
स्थानीय व्यापारी सुनील गुलाटी और राहुल अग्रवाल ने बताया कि आए दिन हो रहे हंगामे के कारण यहां व्यापारियों का जीना दूभर हो गया है, इसलिए पुलिस को अब इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई इलाके ऐसे हैं, जहां शराब आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके कारण ये मामले बढ़ रहे हैं। शिवलोक काॅलोनी के अलावा पुराना रानीपुर मोड, उत्तरी हरिद्वार, राजीव काॅलोनी, ब्रह्मपुरी, टिबडी, अहबाबनगर आदि इलाकों में भी शराब बेची जा रही है। आबकारी विभाग द्वारा छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद भी अवैध शराब बिक्री पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
एसएसपी कुष्ण कुमार वीके का कहना है कि तीर्थनगरी की मर्यादा को हर कीमत पर बनाए रखा जाएगा। पुलिस अवैध शराब बचेने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। प्रतिदिन अपराधियों को पकड़कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। जहां शराब बिक्री की शिकायत मिली है, शीघ्र ही उन पर कार्रवाई की जाएगी। 

प्यासे गांव में पानी को हाहाकार

0

जिला मुख्यालय बागेश्वर से लगे मंडलसेरा में 45 परिवार पानी को तरस गए है। यहां दस दिन से नलों में पानी की बूंद भी नहीं टपकी है। तीन दिन से पानी का टैंकर भी गांव नहीं आ रहा है। जिससे उपभोक्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने जलसंस्थान पर गांव की उपेक्षा का आरोप लगाया है।

मंडलसेरा गांव की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। जिला बनने के बाद यहां गांवों से पलायन कर लोग आ गए हैं। उन्होंने जमीन खरीदी। मकान बनाए। लेकिन अब पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीण दीवान सिंह दानू ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई आदि के लिए भी लोगों ने गांव छोड़े हैं। उन्होंने बताया कि दस दिन से गांव में पानी की बूंद नहीं गिरी। 150 व्यक्तिगत कनेक्शन हैं। बीस सार्वजनिक हैं। तीन दिन से जलसंस्थान ने पानी का टैंकर भी नहीं भेजा है। उन्होंने कहा कि दीवाली पर्व पर महिला, बच्चों और बुजुर्गो को पानी के लिए नदी और जलस्त्रोतों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट संयोजन वालों को बिना पानी के भारी भरकम बिल देना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि जेई का फोन भी नहीं लग रहा है। उपभोक्ता दिग्पाल ¨सह मेहता, रमेश आर्य, भुवन चौबे, ममता, पुष्पा टाकुली, मोहन ¨सह, गीता, शैलेंद्र धपोला आदि ने बताया कि बानरी योजना से गांव को पानी देने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन त्योहार पर उन्हें पानी नहीं मिल रहा है। उपभोक्ताओं ने कहा कि जलसंस्थान के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इधर ईई नंदकिशोर ने बताया कि पानी की आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश जेई को दिए गए हैं। जल्द ही लोगों को पानी मिल जाएगा।

विशाल भारद्वाज की अगली फिल्म रस्किन बॉंड की एक और कहानी पर

0

बॉलिवुड के प्रसिद्ध निर्देशक विशाल भारद्वाज को अपनी अगली फिल्म के लिये एक बार फिर मशहूर लेखक रस्किन बॉंड की कहानी रास आई है। फिलहाल मसूरी में अपनी फिल्म की शूटिंग कर रहे विशाल ने हाल ही में बॉंड की कहानी “मिस्टर ऑलिवर्स डायरी” के राइट्स खरीदे हैं।

विशाल इससे पहले भी बॉंड की कहानी ‘सुसेनस सेवन हस्बैंड्स’ पर प्रियांका चोपड़ा को लेकर ‘सात खून माफ’ और ‘द ब्लू अम्ब्रेला’ पर आधारित बच्चों के लिये ‘नीली छतरी’ नाम की फिल्म बना चुके हैं। 

रस्किन बॉंड द्वारा लिखी बहुत सी कहानियां सालों से फिल्मकारों की पसंद बनी हुई हैं। इस सिलसिले की शुरूआत हुई थी टॉम ऑलटर की ‘द लास्ट टाइगर’, लेकिन किन्ही कारणों से ये फिल्म कभी भी परदे पर नहीं आई । इसके बाद ऑस्ट्रेलियन निर्देशक रेयमंङ स्टायनर की बच्चों के लिये फिल्म “बिग बिसनेस” और श्याम बेनेगल की मशहूर फिल्म “जुनून” जो कि बॉंड के उपन्यास “ए फ्लाइट ऑफ पिजन्स” पर आधारित थी, ये फिल्म 1857 की आजादी की लड़ाई पर आधारित थी। निर्देशकों की इस लिस्ट में हाल ही में आसमिया निर्देशक भार्गव साइकिया का नाम जुड़ा है, साइकिया की फिल्म “द ब्लैक कैट” इसी नाम से रस्किन द्वारा लिखी गई कहानी पर आधारित है। इस पिल्म को कई मंचों पर सम्मानित भी किया गया है।

छोटे पर्दे पर भी रस्किन की कहानियों ने अपना झंडा गाड़ा है। इन सब में सबसे लोकप्रिय रही है निर्देशक शुभादर्शिनी सिंह की 52 एपिसोड वाला धारावाहिक “एक था रस्टी”। 

विशाल भारद्वाज की ये नई फिल्म जिस उपनायस पर आधारित है वो एक कॉमेडी कहानी है जोकि पहाड़ों में रहने वाले एक स्कूल मास्टर की। इस फिल्म की शूटिंग 2018  की गर्मियों में होने की उम्मीद है। 

पुलिस अधिकारी के ‘ख्वाबों के खत’ पहुंचे लोगो तक

0

चमोली के पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट के कविता संग्रह ‘ख्वाबों के खत’ का विमोचन रविवार को देहरादून में हुआ। मुख्यमंत्री निवास पर सीएम त्रिवेंद्र रावत इस कविता संग्रह का विमोचन किया। इस मौके पर प्रख्यात कवि डॉ.हरिओम पंवार, कलाकार शबाना आजमी, कवि असीम शुक्ल और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी  मौजूद थे।गौरतलब है कि तृप्ति भट्ट एक आईपीएस अधिकारी हैं और चमोली की पुलिस अधीक्षक भी हैं। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने तृप्ति भट्ट की सराहना करते हुए कहा कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में अपने व्यस्त दिनचर्या के बीच भी वे लेखन और कला के लिए समय निकालती हैं। 

अपनी किताब और लिखने के शौक के बारे में न्यूज़पोस्ट से बात करते हुए तृप्ती ने कहा कि “मुझे बचपन से ही लिखना का शौक रहा है। हांलाकि अब समय की कमी के कारण लिखना मुश्किलव हो जाता है पर मै कोशिश करके समय निकाल लेती हूं। लिखने के विषयों में मुझे समाजिक मुद्दे, भावनात्मक मुद्दों आदि पर लिखने में खास मजडा आता है”।

डॉ.हरिओम पंवार ने कहा कि यदि पुलिस अधिकारी एक कवि है तो उसके हाथों कभी अन्याय नहीं हो सकता और ऐसा अधिकारी कभी किसी दुर्बल को नहीं सताएगा। शबाना आजमी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुश्री भट्ट के कविता लेखन की सराहना की और जिस प्रकार से कविता संकलन में विभिन्न विषयों को स्पर्श किया गया है उसकी प्रशंसा भी की। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को उनके कार्य क्षेत्र की एकरसता से बचाने और अपनी आत्मा पर से धूल झाड़ने के लिए कला से बेहतर कोई मौका नहीं मिलता। 

मसूरी: कार खाई में गिरी, दो घायल

0

आज शाम पुलिस कंट्रोल रूम से थाना मसूरी पर सूचना मिली कि ऐलन स्कूल, मसूरी के पास लंढौर क्षेत्र में एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई है।

सूचना मिलते ही थाना मसूरी का पुलिस बल तुरन्त मौके पर पहुँचा । पुलिस बल व स्थानीय जनता की सहायता से 2 घायलों को रेस्क्यू कर खाई से निकाला। सोहन सिंह नेगी,निवासी बार्लोगंज मसूरी अौर परशु निवासी किंगरेग मसूरी, को सी.एच.सी मसूरी में भर्ती कराया गया।

मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बताया गया कि चालक सोहन द्वारा आई0 10(ब्लैक कलर) गाडी संख्या- UK 07 X 5529 को बैक कर रहा था व जहाँ सडक पर निर्माण कार्य चल रहा था और जगह कम होने की वजह से अचानक गाडी लंढौर क्षेत्र में गहरी खाई में गिर गई, उक्त सम्बन्ध में परिजनों को सूचित कर दिया गया है।