कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

0
477

विकासनगर। चकराता के विधायक प्रीतम सिंह ने कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।प्रीतम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी जी की जुमलेबाज़ी की हकीकत को अब आमजन समझ चुका है चाहे वो काला धन वापसी हो, प्रत्येक खाते में 15-15 लाख डालने की बात हो, प्रत्येक वर्ष 2 करोड़ नौकरी देने की बात हो, महंगाई कम करने की बात हो या अच्छे दिन लाने की बात, मोदी जी का प्रत्येक वायदा जुमला ही साबित हुआ है।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देवभूमि वासियों को भी 2017 के चुनावों में डबल ईंजन के सब्ज़ बाग दिखाये थे लेकिन पूर्ण बहुमत से सत्ता पर काबिज प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। कानून व्यवस्था धवस्त है, मंत्री-सांसद- विधायक-पदाधिकारी सड़कों पर लड़ने का काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था इतनी लचर हो गई है कि सीमान्त क्षेत्र त्यूणी में झूला पुल पर प्रसव की घटना हो रही है। राज्य खाद्यान्न योजना के अनाजों में कटौती के साथ साथ दामों में दुगनी वृद्धि कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वेष की भावना से कार्य कर रही है, कांग्रेसजनों का उत्पीड़न किया जा रहा है, धारचूला से लेकर मोरी तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अनैतिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इसके विरोध में गांधी पार्क पर धरना भी दिया है और अगर सरकार का तानाशाही आचरण नही सुधरा तो पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिये सड़कों पर भी उतरने का काम करेगी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि गरीब परिवार भुखमरी की कगार पर है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से काम नही कर रही है, क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नही दिया जा रहा है क्षेत्र के विकास की बात तो बहुत कही गई पर अभी तक विकास कहीं नजर नही आ रहा है।