Page 818

कब मिलेगा उत्तराखंड को अपना मनोरंजन चैनल?

0

चर्चित सीरियल लेखक ऐहसान बख्श ने कहा कि इन दिनों बन रहे टीवी सीरियल समाज और घर-परिवार को जोड़ने के बजाय तोड़ने का काम कर रहे हैं। इनमें साजिश, सस्पेंस के अलावा कुछ नहीं रह गया है। दूरदर्शन के दौर के सामाजिक सरोकार अब खत्म हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि छोटे शहरों में प्रभावी कहानीकारों की कमी नहीं है।

नैनीताल में आयोजित फिल्म फेस्टिवल कौतिक में पहुंचे कलाकार ऐहसान ने बताया कि ससुराल सिमर का, प्रतिज्ञा, अंबरधारा, माता की चौकी समेत करीब तीन दर्जन सीरियल्य की कहानी लिख चुके हैं। उन्होंने बताया कि पहाड़ की थीम और पहाड़ के बच्चों पर आधारित फिल्म आखिरी मुनादी 18 देशों में आयोजित अंतराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में चयनित हुई। पहाड़ पर आधारित अनाम फिल्म को एक लाख बच्चों ने देखा।

फिल्म निर्माता व शिक्षक मनमोहन चौधरी के अनुसार वर्तमान समय में उत्तराखंडी मे मनोरंजन टीवी चैनल की जरूरत महसूस की जा रही है। सरकार को भले ही निजी क्षेत्र का सहयोग लेना पड़े, इस दिशा में कदम बढ़ाने होंगे, तभी आंचलिक फिल्मों का दायरा बढ़ सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभा की कमी नहीं हैं। लोक कलाकार बेहतर काम कर रहे हैं, मगर संसाधनों की कमी आड़े आ रही है। कहा कि आज जो भी फिल्म या वीडियो बना रहे हैं, सभी शौकिया तौर पर काम रहे हैं।

बागेश्वर में अतिक्रमण पर सख़्त हुए डीएम

0

बागेश्वर, डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वाले 15 व्यापारियों को जहां चेतावनी देकर छोड़ा। वहीं कई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सामान जब्त कराया। इससे बाजार में दुकानदारों व व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा।

डीएम मंगेश घिल्डियाल अचानक कस्बा बाजार पहुंच गए। राज्यपाल के कार्यक्रम से वापस लौटने पर बाजार में अतिक्रमण देखकर वहीं रुक गए। दुकानों के सामने सामान लगाने पर व्यापारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। कहा कि सड़क पर अतिक्रमण बिलकुल न करें। मौके पर कई व्यापारियों की दुकानों का सामान जब्त कराया। नालियों में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से कहा कि वह किसी भी सूरत में अब बच नहीं पाएंगे। सड़क पर अतिक्रमण करने वालों का चालान किया जाएगा। तहसील प्रशासन को निर्देश दिए कि वह इनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करे। इस मौके पर उनके साथ एसपी सुखवीर सिंह, एसडीएम, तहसीलदार दयाल चंद्र टम्टा, व्यापार संघ अध्यक्ष अखिल जोशी आदि मौजूद रहे।

अब चलान के पैसों से होगी सड़क सुरक्षा

0

उत्तराखंड में अब सरकरा ने सड़क सुरक्षा के लिये पैसो के इंतज़ाम के लिये एक रास्ता और निकाल लिया है। पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा किये गये चालान की 25 फीसदी रकम सड़क सुरक्षा पर खर्च की जायेगी। इसके साथ ही रोड़ सेफ्टी का थ्री टियर आॅडिट होगा। विशेषज्ञ इंजीनियरों को रोड़ सेफ्टी सेल बनाया जायेगा। दुर्घटना संभावित स्थलों का चयन कर सुरक्षा के उपाय किये जायेंगे।

प्रशासन ने परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में स्टेट रोड़ सेफ्टी काउंसिल का गठन कर दिया गया है। परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता में सम्बंधित विभागों की लीड एजेंसी बनाई गयी है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति बनायी गयी है। इसके साथ ही उत्तराखंड ने सड़क सुरक्षा समिति अधिसूचित कर दिया है। आॅटोमेटीड ड्राईविंग टेस्ट ट्रैक के लिए 80 मीटरX50 मीटर और आॅटोमेटेड टेस्टिंग लेन के लिए तीन एकड़ ज़मीन की ज़रूरत है। पायलट के तौर पर देहरादून में 04 मोटर बाइक एम्बुलेंस का संचालन किया जायेगा। लोनिवि और शहरी विकास विभाग को यातायात को प्रभावित करने वाले होर्डिग आदि को हटाने के निर्देश दिये गये है।

राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इज़ाफा हो रहा है।ऐसे में उम्मीद ये है कि सरकार की इन कोशिशों से सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों को रोकने में कुछ मदद ज़रूर मिलेगी।

अब करंट से खेलेंगी महिलाए

0
अभी तक आपने महिलाओं में सिलाई-कढ़ाई और खाना पकाने का हुनर देखा होगा, लेकिन उधमसिंहनगर में पहली बार महिलाएं बिजली तारों से खेलती नजर आएंगी। बाल विकास विभाग महिलाओं को इलेक्ट्रीशियन का प्रशिक्षण देने जा रहा है, जिसके बाद महिलाएं न सिर्फ अपने घरों में इस हुनर का इस्तेमाल कर पाएंगी, बल्कि खुद सशक्त होकर अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी। कभी बिजली चली जाए या फिर छोटे-मोटे तार टूट जाएं तो महिलाएं झट से उन्हें सही कर पाएंगी।
Trenig
आमतौर पर महिलाएं अपने घरों में टीवी, वायरिंग, कूलर, पंखा, प्रेस खराब हो जाने पर उसे मैकेनिक को बुलवाकर सही कराती हैं, लेकिन इस प्रशिक्षण के बाद ऐसा नहीं होगा। इसको जरूरत पड़ने पर रोजगार का माध्यम भी बना सकेंगी। उत्तराखंड महिला कौशल विकास केंद्र में होने वाली इस ट्रेनिंग में किशोरी शक्ति योजना में पंजीकृत युवतियों को मौका दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 120 दिन का होगा। खास बात यह है कि इस योजना के लिये टाटा मोटर्स बाल विकास विभाग का सहयोग कर रहा हैं। महिलाओं को प्रशिक्षण देने के लिए पहले इनकी क्लासेस लगाई जाएगी जिसमें उनको इलेक्ट्रीशियन से संबंधित किताबें भी पढ़ाई जाएंगी। इसके बाद प्रैक्टिकल भी होगा, जिसमें इनको मशीनों के जरिये अभ्यास कराया जाएगा।

बाघ के हमले से हाथी की मौत

0

कार्बेट टाइगर रिजर्व में एक हाथी का शव मिला है। माना जा रहा है कि बाघ के हमले से घायल होने के बाद इस हाथी की मौत हुई। कार्बेट के बिजरानी आम श्रोत कमार्टमेंट 10 में वन कर्मी गश्त कर रहे थे। इस स्थान पर दुर्गंध उठने पर उन्होंने आसपास छानबीन की तो झाड़ी में एक हाथी का शव पड़ा देखा। इसकी सुचना उन्होंने कार्बेट के निदेशक सुरेंद्र महरा और उपनिदेशक अमित वर्मा को दी।

उपनिदेशक वर्मा ने मौके पर पहुंचकर शव का निरिक्षण किया। शव 15 दिन पुराना होने के कारण सड़ गल गया है। उसकी उम्र 20 साल आंकी जा रही है। उपनिदेशक ने बताया की हाथी के दांत सुरक्षित है। हाथी की मौत संदिग्ध नहीं है। उन्होंने बताया की हाथी के पिछले पैर को बाघ ने खाया है। माना जा रहा की बाघ के हमले में हाथी ने घायल होकर दम तोड़ा है।

बडी संख्या में नेपाली भक्त पहुचें पूर्णागिरी मेला 

0

मां पूर्णागिरि धाम में तीर्थ यात्रियों की भारी संख्या में आवाजाही जारी है। पड़ोसी देश नेपाल से भी इन दिनों समूह के साथ तीर्थ यात्रियों का जत्था मां के दर्शन को पहुंच रहा है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही दिन की अपेक्षा रात्रि के समय श्रद्धालु अधिक संख्या में दर्शन को पहुंच रहे हैं।

नेपाल से जत्थे के रूप में श्रद्धालु प्राइवेट व निजी वाहनों से ब्रह्मदेव मंडी स्थित सिद्धनाथ मंदिर तक पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु ब्रह्मदेव नेपाल से पैदल टनकपुर तक पहुंच रहे हैं। टनकपुर से ठूलीगाढ़ व भैरव मन्दिर तक का क्षेत्र मां के जयकारों से गुंजायमान हो गया है। नेपाल बिलौरी के शिक्षक मदन बहादुर चंद ने बताया कि वह पिछले कई वर्षो से मां के दर्शन को आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं। अलबत्ता कालिका मंदिर से लेकर मुख्य मंदिर तक पानी की दिक्कत के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मेला आयोजकों से इस समस्या का निस्तारण करने को कहा है।

नेपाल से आए अन्य तीर्थयात्री भी धाम व सिद्धनाथ मंदिर क्षेत्र में मिलने वाली सुविधाओं से संतुष्ट नजर आए। मां पूर्णागिरि धाम के साथ ही नेपाल के महेंद्रनगर ब्रह्मदेव मंडी स्थित सिद्धनाथ मन्दिर में भी श्रद्वालुओं की चहल-पहल काफी बढ़ गई है।

साढ़े तीन माह में सात बाघों को निगल गया काल

0

रामनगर-रामनगर वन प्रभाग के देचौरी रेंज में एक बाघिन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका सड़ा-गला शव नाले में पड़ा मिला। शव सड़ने की वजह से वनाधिकारी उसकी उम्र के बारे में कोई अनुमान नहीं लगा पाए। दूरस्थ क्षेत्र होने व देर होने की वजह से उसका पोस्टमार्टम भी नहीं हो पाया। इससे पूर्व इसी साल 19 जनवरी को इसी रेंज में एक बाघ का शव मिला था।

देचौरी रेंज में वनकर्मी गश्त पर थे। इस बीच सांदनी बीट कंपार्टमेंट नंबर चार में उनको नाले में बाघिन का शव दिखा तो विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी। इस पर डीएफओ नेहा वर्मा घटनास्थल पर पहुंचीं। इस दौरान आसपास के क्षेत्र में वनकर्मियों द्वारा छानबीन भी की गई।

मौके पर आपसी संघर्ष के निशान भी नहीं पाए गए। बाघिन का शव पानी में फूल गया था। वनाधिकारी शव को पांच से छह दिन पुराना बता रहे हैं। डीएफओ ने बताया कि शव सड़ने की वजह से बाघिन की मौत की वजह पता नहीं चल पाई है। फिलहाल उसकी मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।

एक तरफ बाघ संरक्षण के लंबे चौड़े दावे हो रहे हैं। भारत सरकार लाखों रुपये का बजट भी बाघ सुरक्षा पर खर्च कर रही है। बावजूद इसके धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है। केवल कॉर्बेट लैंडस्केप में साढ़े तीन माह में सात बाघों की मौत हो गई।

भले ही कॉर्बेट लैंडस्केप में बाघों की तादाद सुखद मानी जाती हो लेकिन जिस तरह से उनकी मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं उससे बाघ सुरक्षा के दावों पर सवालिया निशान लग रहे हैं। बाघों की मौत की वजह से भले ही वनाधिकारी आपसी संघर्ष बताते आए हैं लेकिन इस पर भी चिंतन नहीं हो रहा कि आखिर बाघों के बीच आपसी संघर्ष की असल वजह क्या है।

कॉर्बेट लैंडस्केप में बाघों की संख्या अच्छी-खासी है, लेकिन विभागीय आंकड़े बताते हैं कि पहले इस तरह आपसी संघर्ष में लगातार बाघों की मौत नहीं हुई। साढ़े तीन माह में ही सात बाघ अब तक मारे जा चुके हैं। यानी हर माह दो बाघों की मौत हो रही है।

एयरपोर्ट से सेटेलाइट फोन के साथ पुलिस ने लिया हिरासत में

0

देहरादून के जौलीग्रांट में वेनेजुला की 27 साल की लड़की को सेटेलाइट फोन के साथ पुलिस ने हिरासत में लिया । आज इंस्पेक्टर CISF जौलीग्रांट सुरक्षा श्री एस.टी बाटी द्वारा थाना डोईवाला पर सूचना दर्ज कराई गयी कि एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान एक महिला, जिसका नाम मरिया फ़रनेंङा बेलोसा है, वेनेज़ुएला की नागरिक है अौर मयामी, अमेरिका में जॉब करती है के कब्जे से एक सेटेलाइट फ़ोन बरामद हुआ है, जो भारत में प्रतिबंधित है।

उक्त महिला को थाना डोईवाला पर लाकर उच्चाधिकारियों को सूचित कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील मामला होने के दृष्टिगत पुलिस, आईबी, आर्मी इंटेलिजेंस, स्पेशल ब्रांच द्वारा सामूहिक पूछताछ की गयी। पूछताछ में पता चला कि वेनेजुएला की रहने वाली युवती द्वारा उक्त फ़ोन मियामी अमेरिका से खरीदा गया था। उक्त युवती को भारत में सेटेलाइट फ़ोन के प्रतिबंधित होने की जानकारी नहीं होने के कारण उसने फ़ोन रखने की अनुमति DOT से नहीं, ली जो नियमानुसार ली जानी चाहिए थी।

लड़की परमार्थ निकेतन में ठहरी हुई थी, उसके द्वारा मोबाइल का प्रयोग भारत में नहीं किया गया है। परंतु बिना अनुमति के उक्त मोबाइल रखने के कारण युवती के विरूद्ध धरा 3, 6 इणिडयन वायरलेस एंड टेलीग्राफ़ी एैट 1933 के अंतर्गत मामला थाना डोईवाला में दर्ज किया गया है। मरिया  को कल चालानी रिपोर्ट के साथ माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जायेगा।

राम गंगा में भी राफ्टिंग का हुनर सिखेंगे युवा

0

कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से बीएडीपी (सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम) के तहत संचालित रिवर रॉफ्टिंग व रिवर क्रांसिंग प्रशिक्षण जारी है। दूसरे दिन युवाओं को स्वच्छता अभियान के साथ रामगंगा नदी में रॉफ्टिंग कराई गई।

केएमवीएन द्वारा रामगंगा नदी में रिवर रॉफ्टिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। निगम प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि शनिवार को 90 युवाओं को रॉफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें स्वच्छता अभियान से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निगम द्वारा युवाओं को समय-समय पर इस तरह के प्रशिक्षण दिए जाते हैं।

एनएच घोटाले जांच में दागी अफसर का नाम शामिल

0

रुद्रपुर, एसडीएम सितारगंज की शिकायत पर तहसीलदार सुदेश कुमार को हटा दिया है और सितारगंज में शेर सिंह ग्वाल की तैनाती की गई है। श्री ग्वाल की भूमिका एनएच मुआवजा घोटाले में संदिग्ध रही है और उनका नाम इस जांच में शामिल है। यही नहीं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश भी हाल में करके भेजी गई है। ऐसे में ग्वाल की तहसीलदार सितारगंज के पद पर ताजपोशी पर सवाल उठ रहे हैं।

यहां बता दें कि एसडीएम सितारगंज और तहसीलदार के बीच पट नहीं रही थी। सूत्रों की मानें तो एसडीएम ने तहसीलदार सुदेश कुमार के खिलाफ पत्र लिख कर उन्हें हटाने का अनुरोध किया था। जिस पर सुदेश कुमार को सितारगंज से हटा दिया गया। उनके स्थान पर शेर सिंह ग्वाल की तैनाती की गई है।

श्री ग्वाल नायब तहसीलदार गदरपुर में रहते हुए एनएच मुआवजा घोटाले में फंसे हुए हैं और उनके खिलाफ कार्यवाही को पत्र भी लिखा गया है। हालांकि उनके खिलाफ कार्यवाही राजस्व विभाग से होनी है, लेकिन एनएच मुआवजा घोटाले के आरोपी को तहसीलदार का कार्यभार सौंपने को लेकर सवाल खड़े होना लाजमी है। इस बात पर जिलाधिकारी नीरज खैरवाल का कहना है, ‘जिले में तहसीलदारों की कमी है। यह सही है कि ग्वाल के खिलाफ कार्यवाही प्रस्तावित है, लेकिन जब शासन स्तर से कोई कार्यवाही होगी तो उन्हें हटा दिया जाएगा।