Page 762

जानवरों का हो रहा है ट्रैप लगाकर शिकार

0

जंगलों में इस बार अाग न लगने से जहां वन विभाग चैन की सांस ले रहा हैं वहीं इस वजह से शिकारियों के हौंसले बुलंद हैं। जंगल में ट्रैप लगाकर जानवरों का शिकार करने की घटनाऐं बढ़ने का अंदेशा है। शुक्रवार को मसूरी में वन विभाग के दफ्तर से कुछ किलो मीटर की दूरी पर “चांस” नाम के एक पालतू कुत्ते की ऐसे ही एक ट्रैप में फंस कर दर्दनाक मौत हो गई। जाहिर सी बात है कि वो ट्रैप वहां उस कुत्ते के लिये नहीं लगाया गया था। ये हादसा मसूरी के मशहूर वुडस्टाॅक स्कूल से कुछ दूर परी टिब्बा इलाके में हुआ।शिकारियों के लिये मौसम और समय मुफीद होता है जंगली सुअर, सांबर आदी का ट्रैप लगाकर शिकार करने के लिये।

 गर्मियां तेज़ होने के कारण जानवर जंगलों से निकलकर पानी की स्रोतों जैसे, झरने, गदेरों के पास आते हैं। ऐसे में वो शिकारियों के लिये मुफीद निशाना बन जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक सागर फार्म इलाके पास करीब 14 एकड़ के छोटे इलाके में करीब करीब 40 ट्रैप बरामद किये गये हैं।

इस घटना पर वन विभाग हरकत में आ गया है। मसूरी वन प्रभाग के डीएफओ साकेत बडोला ने एक सात सदस्यीय दल बनाकर मामले की तफ्तीश करने और साथ साथ ऐसे बिछाये गये ट्रैपों को चिन्हित कर सिकारियों की धर परड़ के आदेश दिये हैं। वन विभाग का कहना है कि इस तरह के शिकार या जानवरों की हत्या में लिप्त पाये गये व्यक्तियों पर कड़ा एक्शन लिया जायेगा।

इसके अलावा शिकारियों की जानकारी देने वालों को इनाम दिया जाएगा और साथ ही इन क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप भी लगाया जाएगा। वुडस्टाक स्कूल को भी उनकी निरंतर सहयोग के लिए धन्यावाद देते हुए मसूरी डीएफओ ने कहा कि स्कूल की वजह से यह क्षेत्र जानवरों के लिए स्वर्ग है।

 

1363 पर विदेशी पर्यटकों को मिलेगी उनकी भाषा में जानकारी

1

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए नई पहल शुरू की है। विदेशी पर्यटकों को पर्यटन के बारे में जानकारी देने के लिए 24×7 बहुभाषी हेल्पलाइन नंबर शुरू किया गया है। 12 भाषाओं की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800111363 या शार्ट कोड 1363 पर हमेशा सुविधा उपलब्ध है। 

यह जानकारी देते हुए मुख्य सचिव श्री.एस.रामास्वामी ने बताया है कि हिंदी, अंग्रेजी के अलावा 10 अन्य अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में यह सुविधा उपलब्ध है। इस बहुभाषी हेल्प डेस्क का मकसद देशी-विदेशी पर्यटकों को भारत में यात्रा और पर्यटन के बारे में जानकारी देना है। हेल्पलाइन से पर्यटकों को मौसम की खराबी और आपदा की जानकारी भी दी जा सकती है।

वीनस के सौंदर्य को सूर्य लगायेगा चारचांद

0

प्रेम व सौंदर्य की देवी वीनस यानी शुक्र की सुंदरता में निखार आने जा रहा है। शनिवार भोर से कुछ पहले आसमान में यह खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। सूर्य, पृथ्वी व वीनस के त्रिकोणीय स्थिति में आने से यह संयोग बन रहा है। इस बीच यूरेनस भी वीनस के करीब होगा। यूरेनस को दूरबीन से देखा जा सकेगा।

वीनस हमारे सौर परिवार का सर्वाधिक खूबसूरत ग्रह है। जिसे बिना किसी उपकरण की मदद के देखा जा सकता है। खास बात यह है कि संयोग से वह अब सूर्य के ठीक सामने आ रहा है। इस कारण सूर्य की किरणे उसे अधिक चमकदार बना देंगी।

इस खगोलीय घटना में दूसरी ओर धरती होगी। जहां से वीनस को बखूबी निहारा जा सकेगा। यह त्रिकोणीय स्थिति होगी। वीनस के साथ यूरेनस भी दर्शन दे रहा होगा। यूरेनस को दूरबीन के सहारे ही देखा जा सकेगा। यह अदभुत खगोलीय घटना है। वैज्ञानिक अध्ययन के लिहाज से भी यह महत्वपूर्ण है। इससे वैज्ञानिकों को वीनस की चमक के बारे में पता लगाने का मौका होगा।

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ खगोल वैज्ञानिक डॉ. शशिभूषण पांडे के अनुसार यह खूबसूरत खगोलीय घटना है। शनिवार को सूर्योदय से एक घंटे पहले इसे देखा जा सकेगा।

भारतीय तारा भौतिकी संस्थान बंग्लुरु के वरिष्ठ खगोल वैज्ञानिक प्रो. आरसी कपूर के अनुसार भले ही वीनस की सुंदरता के कसीदे दुनियाभर में पढ़े जाते हों, लेकिन वास्तविकता तो यह है कि हमारे सौर परिवार का यह सबसे गर्म ग्रह है। 96 प्रतिशत कार्बन-डाई-ऑक्साइड वाले इस ग्रह में तेजाबी बादल हैं, जो इसे अत्यधिक गर्म बनाते हैं। कई मायनों में यह पृथ्वी के समान है। इस ग्रह में जीवन की कल्पना भी नही की जा सकती है।

उत्तराखंड सरकार ने राफ्टिंग को किया ”टैक्स” फ्री

0

आपको बता दे की उत्तराखंड बड़ी तेजी राफ्टिंग के छेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है और प्रदेश में आने वाले पर्यटको की संख्या राफ्टिंग की वजह से है। लम्बे समय से सरकार ने साहसिक खेलों की श्रेणी में आने वाले राफ्टिंग उद्योग को मनोरंजक खेल मानते हुए इस पर टैक्स लगा दिया था जिसका राफ्टिंग व्यवसायी विरोध कर रहे थे और राफ्टिंग को मनोरंजन कर मुक्त करने की मांग होती रही है।

व्यावसायियों की ये मांग अब पूरी हो गई। प्रदेश केबिनेट ने इसे कर मुक्त करने पर मुहर लगा दी है। इसके लिए स्टेट टूरिज्म आउटफिटर एसोसिएशन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल का आभार प्रकट किया।

बैठक में देवेंद्र रावत, वेद प्रकाश मैठाणी, विकास भंडारी, जय चौहान, रवि नवानी, यश भंडारी, अमित जोशी, योगेश बहुगुणा, दिनेश कठैत, आदि मौजूद थे।

छः साल से अकेली रह रही रानी को मिलने वाला है युवराज

0

छह साल से एकांकी जीवन बिता रही ‘जंगल की रानी’ के लिए ‘राजा’ की तलाश चल रही है। पांच ‘युवराज’ दौड़ में हैं। अब देखने वाली बात होगी कि रानी का वरण कौन करता है। बात हो रही है राजाजी टाइगर रिजर्व के पूर्वी क्षेत्र मोतीचूर-कांसरो की। जहां होश संभालने के बाद से एक बाघिन अकेली है। परिस्थितियां ऐसी हैं कि वह दूसरे इलाके में भी नहीं जा सकती। अब इसके साथी के लिए कार्बेट टाइगर रिजर्व के बफर और तराई पूर्वी वन प्रभाग में पांच जवान बाघ चिहिृनत किए गए हैं।

इनमें से एक को यहां शिफ्ट किया जाना है, ऐसा करने से पहले उनका बाकायदा परीक्षण होगा। इसमें देखा जाएगा कि आनुवांशिक रूप से बाघिन से एकदम अलग है अथवा नहीं। राजाजी टाइगर रिजर्व भले ही हाथियों के लिए मशहूर हो, मगर इसकी चीला और गौहरी रेंजों में दो दर्जन से ज्यादा बाघों का बसेरा भी है। अलबत्ता, पूर्वी हिस्से कांसरो-मोतीचूर व धौलखंड क्षेत्र में एक-एक बाघिन की मौजूदगी है। ये दोनों ही छह साल से एकाकी जीवन जी रही हैं।

माना जाता है कि ढाई-तीन साल की उम्र में ये चीला क्षेत्र से यहां आ तो गई, लेकिन वापस नहीं जा पाईं। असल में इस क्षेत्र में हरिद्वार-देहरादून हाइवे पर 24 घंटे वाहनों की आवाजाही के साथ ही रिजर्व से गुजर रही रेल लाइन के बाधा बनने से दोनों बाघिनें अपने-अपने दड़बों तक ही सिमटी हुई हैं।

बेहतर वासस्थल के मद्देनजर इन क्षेत्रों में भी बाघों का कुनबा बढ़ाने की तैयारी है। इसके तहत प्रथम चरण में मोतीचूर-कांसरो में जवान नर बाघ को शिफ्ट करने की कसरत जोर-शोर से चल रही है। प्रमुख वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक डीवीएस खाती के मुताबिक मोतीचूर-कांसरो में रह रही बाघिन को ट्रेंकुलाइज कर उसे रेडियो कॉलर पहनाने की अनुमति मिल गई है।

आनुवांशिकी के मद्देनजर उसका डीएनए परीक्षण भी किया जाएगा। उसके साथी के लिए चिह्नित किए गए बाघों में जिसे यहां शिफ्ट किया जाएगा उसका भी डीएनए परीक्षण होगा।

12 जून को मिल सकती है परमिशनः राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक सनातन सोनकर बताते हैं कि पूरी योजना का खाका तैयार है, जिसे 12 जून को दिल्ली में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के समक्ष रखा जाएगा। उम्मीद है कि इसी दिन बाघ को शिफ्ट करने की अनुमति मिल जाएगी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद बाघिन को साथी मिल जाएगा। शिफ्टिंग की कार्रवाई होने के बाद दोनों पर रेडियो कॉलर की मदद से नजर रखी जाएगा।

पंडिताई कर पढ़ने वाले गुरु जी दे रहें बच्चों को फ्री शिक्षा

0

गरीबी और गुरु से मिली सीख को दामोदर ममगाईं कभी नहीं भूले। गुरबत से जागी संवेदना और गुरु के बताए रास्ते पर चल उन्होंने 27 साल पहले पौड़ी में अपने स्कूल की नींव रखी तो तय किया कि होनहारों की पढ़ाई में गरीबी को आड़े नहीं आने देंगे। आज उनके स्कूल में 110 बच्चे निश्शुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़े पौड़ी जिले के ग्वाड़ गांव के रहने वाले दामोदर का जिंदगी ने कड़ा इम्तेहान लिया। पिता शिक्षक थे और वेतन बेहद कम। ऐसे में दामोदर ने बचपन में ही पुरोहिताई का काम सीखा।

इससे न केवल पढ़ाई का खर्च निकला, बल्कि परिवार को भी मदद मिली। अपने प्रयासों से परास्नातक और कानून की पढ़ाई की। वह बताते हैं कि इस दौरान उन्होंने बिजली का फीटिंग का काम भी सीखा। दामोदर बचपन का एक किस्सा याद करते हैं, वह बताते हैं कि ‘आठवीं कक्षा में वह फीसद जमा नहीं कर पाए तो यह बात उनकी टीसी में दर्ज कर दी गई।

दामोदर बताते हैं कि उन्होंने तभी तय कर लिया था कि यदि भविष्य में कुछ करने का अवसर मिला तो किसी बच्चे को ऐसे हालात का सामना नहीं करने देंगे।

बातचीत के दौरान दामोदर अपने गुरु आरडी मिश्रा को याद करते हुए बताते हैं कि जब वह पौड़ी के मैसमोर इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में थे तो गणित में कमजोर थे। तब मिश्रा ने उन्हें प्रतिदिन एक घंटा अतिरिक्त समय देते थे। यह सिलसिला पूरे दो साल चला।

वह बताते हैं कि पहाड़ों से हो रहा पलायन मन को कचोटता है और इसका सबसे बड़ा कारण है गुणवत्तापरक शिक्षा का अभाव। इसीलिए वर्ष 1990 में बैंक से 70 हजार रुपये का लोन लेकर पौड़ी में एक स्कूल शुरू किया।

मेहनत और लगन ने अभिभावकों का भरोसा जीता तो कारवां बढऩे लगा। वह बताते हैं कि  पांच बच्चों से शुरू हुए स्कूल में आज तेरह सौ बच्चे हैं। दामोदर बताते हैं कि गरीब बच्चों को स्कूल हर तरह की मदद करता है।

शहर में जन-जागरुकता अभियान हो या पौधरोपण, हर गतिविधि में दामोदर ममगाईं बढ़-चढ़ कर भाग लेते हैं। इसके लिए उन्हें जिलाधिकारी से सम्मान भी मिल चुका है।

 

दून में दुग्ध एटीएम गाड़ियों से मिलेगा दूध

0

दून में लोगों को घर-घर दूध व इससे बने उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए डेरी विकास विकास ने दुग्ध एटीएम वाहनों का संचालन शुरू कर दिया है। इस अवसर पर सहकारिता एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत ने वर्तमान में दो लाख लीटर दुग्ध उत्पादन को बढ़ाकर 10 लाख लीटर करने के प्रयास किए जाएंगे। गुरुवार को बंजारावाला में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दुग्ध एटीएम वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि लोगों को मिलावटी दूध के परीक्षण की जानकारी देने के साथ ही दुग्ध परीक्षण किट निःशुल्क दी जाएगी। प्रदेश के विभिन्न सरकारी शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे करीब 15 लाख छात्र-छात्रओं को दूध के परीक्षण का प्रशिक्षण देने की कवायद की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस काम के लिए स्कूलों, ग्राम पंचायत, विकासखंड, तहसील, नगर पालिका/नगर निगम स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मंत्री डॉ. रावत ने लोगों से अपील की कि वह आंचल दुग्ध का अधिक से अधिक मात्र में उपभोग करें। वहीं, महापौर व विधायक विनोद चमोली ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम स्तर पर विभिन्न पांच स्थलों पर मिल्क वेंडिंग मशीन के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में दुग्ध संघ के अध्यक्ष विजय रमोला, सहायक निदेशक डेरी विकास अनुराग मिश्र आदि उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा में एक महीनें में कुल 53 श्रद्धालुओं की मौत

0

चारधाम यात्रा को शुरू हुए अभी बमुश्किल एक महीने ही हुए हैं लेकिन अब तक कुल 53 श्रद्धालुओं की यात्रा के दौरान मौत हो चुकी है। केदारनाथ की यात्रा पर जाने वाले 21 श्रद्धालुओं की रास्ते में मौत हुई है जबकि यमुनोत्री और बद्रीनाथ जा रहे 16-16 श्रद्धालुओं की रास्ते में मौत हुई। ये आंकड़े बुधवार शाम तक के हैं। ज्यादातर मौतें हार्ट अटैक से हुई हैं। चारधाम यात्रा 28 अप्रैल को शुरू हुई थी।

उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मरने वाले श्रद्धालुओं में ज्यादातर की उम्र 62 से 81 साल के बीच थी। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मौतों के बढ़ते आंकड़े पर चिंता जताते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर डी.एस. रावत ने कहा, ‘हम अगले साल से हर राज्यों को चारधाम यात्रा के संबंध में अडवाइजरी जारी करने पर विचार कर रहे हैं। राज्यों से कहा जाएगा कि सिर्फ उन लोगों को यात्रा पर जाने की इजाजत दी जाए जिन्होंने जरूरी मेडिकल टेस्ट पास कर लिया हो। यह बुजुर्ग श्रद्धालुओं और बीमार लोगों पर खासतौर से लागू होगा।’

वहीं डॉक्टरों का मानना है कि अमरनाथ यात्रा की तर्ज पर चारधाम यात्रा से पहले सभी तीर्थयात्रियों को फिटनेस स्क्रीनिंग को क्वॉलिफाइ करना अनिवार्य किया जाना चाहिए। चारधाम यात्रा के नोडल हेल्थ ऑफिसर डॉक्टर तृप्ति बहुगुणा ने कहा, ‘अमरनाथ की समुद्र तल से ऊंचाई 3,888 मीटर है और केदारनाथ की ऊंचाई 3,553 मीटर है जो करीब-करीब बराबर है। इसके अलावा दोनों ही तीर्थस्थलों पर एक जैसी जलवायु है। इसलिए हम श्रद्धालुओं के लिए फिटनेस टेस्ट की सिफारिश करेंगे।’

अनशनकारी महिला की हालत बिगड़ी

0

भुजियाघाट, हल्द्वानी में शराब की दुकान के विरोध में आमरण अनशन पर बैठी एक महिला की बुधवार को हालत बिगड़ गई। दोपहर बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम अनशन स्थल पर पहुंची और महिला को जबरन उठाकर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दो महिलाएं और दो पुरुष अब भी अनशन पर डटे हैं। इनकी हालत में भी लगातार गिरावट आ रही है।

भुजियाघाट के दोगड़ा गांव में शराब की दुकान खोलने के विरोध में पिछले 58 दिन से विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। 56 दिन तक लगातार धरना व क्रमिक अनशन किया गया। वहीं, आबकारी महकमे की ओर से दुकान का आवंटन करने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने मंगलवार से आंदोलन उग्र कर आमरण अनशन शुरू कर दिया। नीमा खाती, कमला जीना, कुसुम देवी, शक्ति सिंह सूर्या व किशोरी सूर्या अनशन पर हैं। वहीं, अनशनकारी कुसुम देवी की हालत बुधवार सुबह से बिगड़ने लगी। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। दोपहर बाद स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक डॉ. यूसी जोशी, नायब तहसीलदार देशराज सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। सूचना देने के घंटों बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचने पर ग्रामीणों की अफसरों से तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद अनशनकारी कुसुम को एंबुलेंस से बेस अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया। वहीं, डॉ. यूसी जोशी ने अन्य अनशनकारियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय साह ने बताया कि अनशनकारी कुसुम देवी की हालत बुधवार सुबह से ही बिगड़ने लगी थी। सुबह करीब 11 बजे स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन के अफसरों को फोन पर इसकी जानकारी दे दी गई। इसके बावजूद शाम चार बजे पुलिस-प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। वहीं प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के रवैये से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है।

मोदी फेस्ट में नहीं जुटा पाये भीड़

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार को तीन साल हो गए। इन तीन वर्षो में तमाम योजनाएं बनी। इन योजनाओं को आम जन तक पहुंचाया जा सके, इसके लिए हल्द्वानी में मोदी फेस्ट आयोजित किया गया है। गुरुवार को रामलीला मैदान में इसकी शुरुआत हुई। उद्घाटन करने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय पहुंचे, लेकिन वहां पर लोगों की संख्या नहीं होने पर वह भड़क गए और आयोजकों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि केवल बेहतरीन टेंट लगा देने और मंत्री का भाषण करा देने भर से काम नहीं चलेगा। जिन गरीब लोगों के लिए बेहतरीन योजनाएं बनाई गई हैं, उनका अभी आधे लोगों को भी लाभ नहीं मिला है। उन्होंने मंच से ही सख्त अंदाज में आयोजकों को कहा, जिस उद्देश्य के लिए आप लोगों को यहां भेजा है, उसे पूरा करें। पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिलना चाहिए।

इस कार्यक्रम में स्थानीय नेता दिखें, लेकिन उन्हें इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी नहीं थी। इस मंच से प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, प्रधानमंत्री जनऔषधि योजना, मेक इन इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। यह फेस्ट दो दिन और चलेगा।