Page 722

सेंसर बोर्ड से श्रीदेवी की फिल्म ‘मॉम’ को हरी झंडी

0

अगले महीने सात जुलाई को रिलीज होने जा रही श्रीदेवी की फिल्म ‘मॉम’ को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है।

खबरों के मुताबिक, सेंसर बोर्ड से इस फिल्म को बिना किसी कांट-छांट के यू/ए सार्टिफिकेट के साथ पास कर दिया गया है। इंग्लिश-विंग्लिश के पांच साल बाद हिंदी फिल्म के परदे पर लौट रही श्रीदेवी की ये फिल्म मां-बेटी के रिश्तों पर आधारित है। फिल्म में श्रीदेवी के साथ-साथ अक्षय खन्ना और नवाजुद्दीन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। रवि उदयार फिल्म के निर्देशक हैं, जिनकी ये पहली फिल्म है। बोनी कपूर ने फिल्म का निर्माण किया है और एआर रहमान ने संगीत दिया है। श्रीदेवी इस फिल्म में एक टीनेज बेटी की मां के रोल में है। कहानी के मुताबिक, समाज के दरिंदे उनकी बेटी के साथ ऐसी हरकतें करते हैं कि उनको सजा दिलाने के लिए एक मां का संघर्ष शुरू होता है और गुनाहगारों को भयावह अंजाम तक ले जाने में सफल होती है।

हिन्दी-पंजाबी और मराठी सीख रही हैं नरगिस फाखरी

0

काफी दिनों से फिल्मी खबरों से दूर ग्लैमर स्टार नरगिस फाखरी इन दिनों मराठी भाषा सीखने की कोशिश कर रही हैं। मराठी के अलावा वे हिन्दी और पंजाबी भाषाएं सीखने की कोशिश भी कर रही हैं। ये सब वे इसलिए कर रही है, क्योंकि जल्दी ही नरगिस फाखरी सिंगर बनने जा रही हैं और बतौर सिंगर उनकी एलबम के गीतों में मराठी और पंजाबी भाषा के गाने भी हैं।

इसके अलावा हिन्दी में भी गाने हैं। बताया जाता है कि इंडो कैनेडियन सहयोग से लॉन्च होने जा रही अपनी म्यूजिक एलबम को बहुभाषी बनाने के लिए नरगिस इन भाषाओं की बारीकियों पर काम कर रही हैं। नरगिस का कहना है कि बिना भाषा सीखे उनका गायन परफेक्ट नहीं होगा। इसके लिए उन्होंने इन भाषाओं के जानकारों से अमेरिका में ट्यूशन लेना शुरू किया है।
जहां तक उनके बॉलीवुड करियर की बात है, तो ‘हाउसफुल 3’ के बाद उनको कोई और फिल्म नहीं मिली है। मुंबई में नरगिस की फिल्मों से ज्यादा चर्चा उनके उदय चोपड़ा के साथ कथित अफेयर को लेकर रही है। उदय चोपड़ा भी इन दिनों अमेरिका में ही रह रहे हैं और कहा जा रहा है कि वे ही नरगिस का सिंगर बनने का सपना पूरा करने के लिए सब कुछ कर रहे हैं। अपने रिश्तों को लेकर नरगिस और उदय चोपड़ा मीडिया के साथ आंख मिचौली जैसा खेल खेलते आए हैं।

आईटी क्षेत्र में उत्तराखंड को पेरिस में सम्मान

0

पेरिस (फ्रांस) में आयोजित सेकेंड ग्लोबल स्किल डेवलपमेंट मीट में उत्तराखण्ड राज्य को कौशल विकास के क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी के अभिनव उपयोग के लिए उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
19 से 23 जून तक पेरिस में आयोजित इस सम्मेलन में उत्तराखण्ड सरकार की ओर से वित्त एवं पेयजल मंत्री प्रकाश पंत तथा उत्तराखण्ड कौशल विकास समिति के परियोजना निदेशक डाॅ पंकज कुमार पाण्डेय ने हिस्सा लिया।
फ्रांस में स्थित भारतीय दूतावास में यह पुरस्कार प्राप्त करते हुए पंत ने दूतावास में सभी सदस्यों तथा विभिन्न एजेंसियों से आये हुए उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष उत्तराखण्ड में कौशल विकास के लिए चलाये जा रहे कार्यक्रमों पर अपने विचार रखे।
वित्त मंत्री ने कहा कि पर्यटन, ब्यूटी एण्ड वेलनेस, कृषि, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य सेक्टरों में राज्य के युवाओं को उच्च कोटी का प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार से जोड़ने की नई पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास योजना के अन्तर्गत शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण उत्तराखण्ड में चलाये जा रहे हैं। विशेष रूप से उत्तराखण्ड के सीमान्त क्षेत्रों में रोजगार सृजन हेतु कौशल विकास योजना का बहुत महत्व है। राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को औद्योगिक सेक्टर से सीधे जोड़ा जा रहा है। उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम डिजाइन किये जा रहे हैं।
इस सम्मेलन में परियोजना निदेशक डाॅ. पाण्डेय ने राज्य के कौशल विकास समिति के कार्यक्रमों को अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर सराहना प्राप्त की। उन्होंने अपने प्रस्तुतिकरण में उक्त सेक्टरों से सम्बन्धित उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बिजनेस मिटिंग भी की और यह भी बताया कि उत्तराखण्ड में युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिये अन्तर्राष्ट्रीय भाषाओं का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मानसून की आहट, आठ कंपनियों ने बंद की हेली सेवा

0

केदारनाथ धाम में यात्रियों को सेवा प्रदान कर रही 13 हेली कंपनियों में से आठ हेली कंपनियों ने मानसून की दस्तक के साथ ही सेवाएं बंद कर दी हैं। अब पांच हेली कंपनियां ही केदारनाथ के लिए सेवाएं दे रही हैं। मानसून आते ही ये कंपनियां भी अपनी सेवाएं बंद कर देंगी। इसके बाद केदारनाथ के लिए सितंबर में ही हेली सेवाएं आरंभ की जाएंगी।

केदारनाथ के लिए इस बार 13 हवाई कंपनियों को केदारघाटी से उड़ान भरने की अनुमति सरकार ने दी थी। मई व जून के मध्य तक ढाई हजार से अधिक यात्री रोजाना हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंच रहे थे, लेकिन अब बारिश के चलते यात्रियों की संख्या में खासी कमी आ गई है। आमतौर पर जून के अंतिम सप्ताह तक ही केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं संचालित होती हैं। इसके बाद बरसात का मौसम होने के कारण धाम के लिए उड़ान संभव नहीं हो पाती। हेली सेवाओं के सहायक नोडल अधिकारी केएस. पंवार ने बताया कि बारिश के मद्देनजर यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है, इसलिए आठ हेली कंपनियां लौट गई हैं।

त्रिवेंद्र ने मानी मोदी की “मन की बात”, बुके की जगह किताब से होगा अतिथियों का स्वागत

1

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड आगमन पर अतिथियों का स्वागत बुके के स्थान पर पुस्तक भेंट करके किया जाए। बीते रविवार को प्रसारित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने यह निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अतिथियों के स्वागत में भेंट की जाने वाली पुस्तकें उत्तराखंड की ऐतिहासिक, भौगोलिक, सामाजिक व सांस्कृतिक जानकारी से सम्बन्धित होंगी। पुस्तक ‘सदा सुफल हनुमान’ भी अतिथियों को स्वागत के समय भेंट की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी रामनाथ कोविंद को उनके देहरादून आगमन पर बुके के स्थान पर पुस्तक भेंट कर स्वागत करके इस परम्परा का आरम्भ किया।

उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर सरकार करेगी समाधान

0

शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर सरकार समाधान करेगी। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग प्रदेश की आर्थिकी व रोजगार के मूल बिंदु हैं। जिस पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।

सोमवार देर रात माजरा स्थित एक होटल में उत्तराखंड इंडस्ट्रीयल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित तृतीय उत्तराखंड उद्यमी अवाॅर्ड समारोह को संबोधित करते हुए शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कुछ वर्षो से यहां स्थापित बड़े उद्योग पड़ोसी राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं जो चिंता का विषय है। उन्हें यहां सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में है।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास के लिए सरकार की ओर से पांच करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि लघु उद्योगों के विकास के संदर्भ में हाल ही में उनकी मुलाकात दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय एमएसएमई मंत्री कलराज मिश्र से हुई। केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड में छोटे उद्योगों के विकास में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। उन्होंने उत्तराखंड के उद्यमियों की सभी मांगों को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष रखने और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उद्योगों के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे प्रदेशभर से आए 37 उद्यमियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उद्योग प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने का काम करते हैं। अभी भी हजारों लोग उद्योगों में नौकरी कर अपने एवं परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। समारोह के दौरान उत्तराखंड इंडस्ट्रीयल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश शर्मा को 113 बार रक्तदान करने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एवं शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

उत्तराखंड के इस ट्रेक पर पहुंच रहे हैं देश भर के ट्रेकर्स

0

जून महीने में होने वाले आदि कैलाश ट्रेक के लिये अब तक 450 के करीब ट्रेकर्स ने रेजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। आदि कैलाश ट्रेक जून के महीने में कैलाश मानसरोवर यात्रा के साथ कराया जाता है। इस बारे में बताते हुए केएमवीएन के जेनरल मौनेजर टीएस मर्तोलिया ने कहा कि “ये पहला मौका है कि आदि कैलाश ट्रेक के लिये 450 लोगों ने रेजिस्ट्रेशन करा लिया है।इसके साथ साथ हमारे पास पिंडारी और सुंदरधूंगा ग्लेशियर के लिये भी अच्छी संख्या में लोग आ रहे हैं।इन दोनो ही जगहों से करीब 124 लोग ट्रेक करके वापस भी आ चुके हैं।”

पिथौरागढ़ जिले के व्यास दर्रे में मौजूद है आदि कैलाश ट्रेक। आदि कैलाश और मानसरोवर यात्रा में काफी समानताऐं हैं। आदि कैलाश को छोटा कैलाश और मानसरोवर को बड़ा कैलाश के रूप में जाना जाता है। दोनों ही जगहों की यात्रा जून में शुरू होकर सितंबर में खत्म होती हैं।60 लोगों के 16 बैचों को ही यात्रा पर जाने के लिये इजाजत मिलती है। ये दोनों ही यात्राऐं कुमाऊं मंडल विकास निगम करवाता है। आदि कैलाश का सारा य़ात्रा मार्ग पिथौरागढ़ जिले में पड़ता है।

आदि कैलाश ट्रेक के लिये लोगों के उत्साह को देखकर अब केएमवीएन को उम्मीद है कि इस इलाके में पड़ने वाले मिलम ग्लेशियर और पंचचुली बेस कैंप ट्रेक के लिये आने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा होगा। केएमवीएन के अनुसार इन दोनों ट्रेकों के लिये उनके पास भारतीय सेना के साथ साथ कई और संस्थाओं से जानकारी के लिये संपर्क हुआ है।

 

टीडीसी के मुख्य अभियंता सेवानिवृत्ति से पहले निलंबित

0

उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम लि. (टीडीसी) के मुख्य अभियंता पीके चौहान को निलंबित कर दिया गया है। उन पर विभिन्न मदों में करोड़ों का घोटाला करने का आरोप है। घोटाले में और भी अधिकारियों के फंसने की आशंका जताई जा रही है। मुख्य अभियंता इसी माह 30 जून को सेवानिवृत होने वाले थे।

आईएएस ज्योति नीरज खैरवाल ने टीडीसी के प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालते ही टीडीसी में हुई वित्तीय धांधली की जांच शुरू की तो एक-एक कर परतें सामने आने लगीं हैं। उन्होंने इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह ने टीडीसी के मुख्य अभियंता को प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितताओं का दोषी पाते हुए 24 जून को निलंबन के आदेश जारी कर दिए। निलंबन के आदेश टीडीसी प्रबंधन को प्राप्त हो गए हैं। मुख्य अभियंता 30 जून को ही सेवानिवृत होने वाले थे। घोटाले में अभी निगम के चार-पांच अधिकारियों पर शीघ्र ही गाज गिरने की आशंका जताई जा रही है।


मुख्य अभियंता पीके चौहान पर धनौरी एवं खटीमा संयंत्रों पर स्थापित स्प्रिंकलर सिस्टम का कोई उपयोग न होने के बावजूद 3,57,356 और 2,67,192 रुपये खर्च करने का आरोप है। इसके अलावा उन्होंने तीन ट्रैक्टर खरीद पर 11,72,652 रुपये खर्च दिखाया, जबकि आज तक इनका कोई उपयोग नहीं हुआ है। उन्होंने सब्जी विधायन संयंत्र हल्दी पर क्रय की गई सीलिंग/पैकिंग की मशीन पर 22,74000 रुपये खर्च किए, जिसका आज तक कोई उपयोग नहीं हुआ। साथ ही निगम में खरीदे गए ट्रैक्टर हैरो, कराहा, लैबलर के खरीद 22,28000 रुपये खर्च किया गया जिसका कोई औचित्य नहीं था। मल्टीकलर प्रिंटेड नेचुरल पॉलिस्टर लिमिटेड से एलडीपी रोल क्रय करने में 20,37000 रुपये का दुरुपयोग किया गया।

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, कई जगह हो रहे हैं भूस्खलन

0

उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण राज्य भर में भूस्खलन के घटनाऐं बढ़ गी हैं। भूस्खलन होने से चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ व मैठाणा के पास अवरुद्ध हुआ।करीब साढ़े सात घंटे बाद दोनों स्थानों से मलबा हटाकर इस मार्ग को खोला गया। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भी बोलडर गिरने के कराण पैदल मार्ग बाधित रहा।उत्तराखंड में पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी सहित कई स्थानों पर रात भर बारिश हो रही है। भारी बारिश से चमोली जिले में मैठाणा और लामबगड़ के पास भूस्खलन के चलते आधी रात करीब एक बजे बदरीनाथ हाईवे अवरुद्ध हो गया। सुबह करीब 8.40 बजे यह मार्ग खोला गया।

कुमाऊं के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में मलबा आने से आधा दर्जन सड़कों पर यातायात बाधित रहा। इसके अलावा अलकनंदा, मंदाकिनी, काली और गोरी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है।कुमाऊं के दो जिलों पिथौरागढ़ व बागेश्वर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ भारी बारिश हुई। मलबा आने से आधा दर्जन से अधिक मार्ग छह से 12 घंटे तक बंद रहे। मार्ग बंद होने से एक दर्जन से अधिक पर्यटक व तमाम यात्री मार्ग में ही फंसे रहे।

सुबह देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी में बारिश हुई। हरिद्वार में तेज गड़गड़ाहट के साथ हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। कुमाऊं के चंपावत में सुबह से ही गरज के साथ बारिश हुई, हालांकि सभी मार्ग खुले हैं और यातायात सुचारू बना हुआ है। वहीं, नैनीताल, अल्मोड़ा, हल्द्वानी आदि स्थानों पर बादल छाए हुए हैं।
मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून ने उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में कई स्थानों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लिहाजा सावधानी रखने की जरूरत है।

जल्द आयोजित होगा उत्तराखंड में शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल : हेमंत

0

राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के उपाध्यक्ष हेमंत पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश में फिल्मांकन के लिए फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सुविधा दी जाएगी। फिल्म नीति को और अधिक सरल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिषद का लोगो शीघ्र तैयार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही शार्ट फिल्म फेस्टिवल का आयोजन भी जल्द किया जाएगा।

मंगलवार को रिंग रोड स्थित सूचना भवन में आयोजित परिषद की बैठक में पाण्डेय ने कहा कि आमंत्रित की गई शार्ट फिल्मों को अवलोकन कर लिया गया है। इन शार्ट फिल्मों में से उत्कृष्ट फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परिषद ही इस सम्मान समारोह का आयोजन करेगी। इसमें उत्तराखण्ड सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले फिल्म निर्माताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। पाण्डेय ने बताया कि शार्ट फिल्मों की प्रतियोगिता के तहत कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका परिषद के सदस्यों द्वारा अवलोकन किया गया। बैठक में अपर निदेशक/अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनिल चन्दोला ने कहा कि परिषद द्वारा फिल्म निर्माताओं को शूटिंग हेतु अनुमति प्रदान की जा रही है। उत्तराखण्ड फिल्म नीति 2015 का लाभ देश-विदेश के फिल्म निर्माता ले रहे है।
उप निदेशक सूचना एवं नोडल अधिकारी उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद केएस चौहान ने बताया कि वर्ष 2015 से वर्तमान तक लगभग 62 फिल्म निर्माताओं ने फीचर फिल्म, टीवी सीरियल, डाक्यूमेंट्री, वीडियो एलबम आदि की शूटिंग की अनुमति प्राप्त की है। इस कड़ी में बड़े बैनरों की भी कई फिल्मों की शूटिंग उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में की गई है। अभी तक अजय देवगन प्रोडक्शन द्वारा निर्मित हिन्दी फिल्म ‘‘शिवाय’, तिग्मांशु धूलिया निर्देशित राग देश, तेलगु फिल्म ‘‘ब्रहमोत्सवम’, हिन्दी फिल्म ‘‘शुभ मंगल सावधान’, सोनी टीवी पर प्रसारित सीरियल ‘‘बडे भैय्या की दुलहनिया,वी. पर प्रसारित धारावाहिक ‘‘पिया अलबेला’, एमटीवी पर प्रसारित होने वाला रियलिटी स्पिलिटविला सीजन-10 और उत्तराखण्ड क्षेत्रीय बोली की फिल्म ‘‘गोपी-भिना, भुली ए भुली, बद्री द क्लाउड आदि प्रमुख फिल्में और धारावाहिक की शूटिंग राज्य में हुई है।
बैठक में परिषद के सदस्य हीरा सिंह राणा, शिव पैन्यूली, विक्की योगी, जय प्रकाश पंवार, चंद्रदत्त तिवारी, एसपीएस नेगी, सुदर्शन शाह, महेश प्रकाश, संयोगिता ध्यानी, कांता प्रसाद औरमनोज पांगती आदि मौजूद रहे।