Page 645

लचर व्यवस्था की भेंट चढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मरीज

0

स्वाइन फ्लू का प्रकोप राज्य में बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के दावे भी लचर व्यवस्था की भेंट चढ़ रहे हैं। आलम यह है कि संदेह पर जिन मरीजों के सैंपल प्रारंभिक लक्षण के बाद जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, उनपर भी कई दिन बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही। ऐसे में तुक्के में मरीज का उपचार चल रहा है। इतना ही नहीं कई मामलों में तो मरीज के मरने के बाद स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो रही है। इस कारण मरीजों की जान पर आफत बनी हुई है।

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के मामलों पर गौर करें तो अभी तक आठ लोग इस बीमारी की भेंट चढ़ चुके हैं। इसके अलावा कुल 34 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन विभाग बीमारी को लेकर अभी तक पूरी तरह से तैयार नहीं हो पाया है। ढुलमुल रवैये के चलते बीमारी और व्यवस्था दोनों ही मरीजों के लिए लानलेवा बनी हुई है। आलम यह है कि मरीजों के नाम पर सरकारी अस्पताल में न संसाधन हैं और न ही सुविधा। दरअसल, प्रदेश में कहीं भी स्वाइन फ्लू की जांच की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सैंपल जांच के लिए राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) को भेजे जाते हैं। जिनकी रिपोर्ट आने में सप्ताहभर से भी अधिक का वक्त लग रहा है। इस दौरान मरीज का इलाज संदेह के आधार पर ही होता है। इस साल और इससे पहले भी कई मामले ऐसे सामने आए हैं, जहां रिपोर्ट व्यक्ति की मृत्यु के बाद आई। यह हाल तब है जब श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में अत्याधुनिक लैब बनकर तैयार है। सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि विभाग की नजर में आम आदमी की जान की कीमत क्या है। मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तारा चंद पंत का कहना है कि जांच के लिए नमूने दिल्ली भेजे जाते हैं। जिसकी रिपोर्ट आने में वक्त लगता है। हालांकि इस बीच मरीज का उपचार शुरू कर दिया जाता है। लेकिन, विभाग की इस सरकारी चाल से मरीजों का हाल बेहाल हो रहा है। 

भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मार्ग अवरुद्ध

0

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के चलते पहाड़ी जिलों के मार्ग अवरुद्ध हैं। कई जगहों पर मार्ग धंसने से आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित है। सोमवार सुबह सोनगाड के पास गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब 16 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर नीचे भागीरथी नदी में धंस गया।क्षतिग्रस्त हुई जगह पर प्रशासन वैली ब्रीज बना रहा है। बड़े वाहनों के लिए मंगलवार शाम तक ही आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।

जिले के कक्षा 1 से 12वी तक के सभी स्कुल 1 अगस्त 2017 कोे बन्द। मौसम विभाग के चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष जोशी ने अवकाश घोषित। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बलदोडा और लामबगड़ में बंद। लामबगड में 30 जुलाई की 4 बजे सांय से है हाईवे बंद , यात्री पैदल आवाजाही कर रहे हैं लांमबगड़ में , बारिश के चलते मलबा आने से हुआ है हाइवे बंद।बीआरओ व एनएच मार्ग खोलने में जुटा।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डबरानी व सुखी के बीच सोनगाढ़ के पास भागीरथी नदी के कटाव के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग का लगभग 16 मीटर भाग क्षतिग्रस्त होकर नदी में समां गया। इसके बाद यातायात पूरी तरह से थम गया। इसके बाद मौके पर एसडीआरएफ, बीआरओ व जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे। इसके बाद हाईवे को दुरुस्त कर वाहनों की आवाजाही खोलने के लिए मंथन हुआ लेकिन देर शाम तक इसमें कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
जिलाधिकारी आशीष कुमार के अनुसार सड़क क्षतिग्रस्त होने केे कारण उक्त स्थान पर 16 मीटर का वैली ब्रीज का कार्य बीआरओ एवं लोनिवि के द्वारा किया जा रहा है। बीआरओ द्वारा अवगत कराया गया है कि सोमवार देर रात तक हल्के वाहनों के लिए मार्ग को सुचारु किया जायेगा और इसके बाद बड़े वाहनों के लिए मंगलवार शाम तक मार्ग बहाल कर दिया जाएगा। मार्ग क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में दोनों तरफ यात्रियों की रोक दिया गया है। डीएम उत्तरकाशी डॉ आशीष कुमार ने बताया कि यात्रियों की पैदल आवाजाही एसडीआरएफ व पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में की जा रही है। सुखी, झाला, एवं गंगोत्री में करीब 100 यात्री विभिन्न सुरक्षित स्थानों पर रुके हुए हैं। यात्रियों के भोजन व जलपान आदि व्यवस्था की जा रही है। साथ ही पैदल यात्रियों को निकाला जा रहा है।

यात्रियों को स्थानीय वाहनों से पहुंचाया जा रहा सुरक्षित जगह
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण प्रशासन द्वारा यात्रियों को स्थानीय वाहन के द्वारा निःशुल्क उत्तरकाशी के लिए भेजा जा रहा हैं। उत्तरकाशी में यात्रियों को ठहरने व उनके जलपान की व्यवस्था बिरला धर्मशाला, दरगाह व कैलाश आश्रम में की गई है। वहीं दूसरी ओर सुबह करीब डेढ़ घंटे नालूपानी में भी बोल्डर आने के कारण गंगोत्री हाईवे बंद रहा। इकसे बााद बीआरओ ने मशीन लगाकर वहां रोड खुलवाई। इस दौरान दर्जनों वाहन दोनों तरफ फंसे रहे।

18 घंटे बाद खुला यमुनोत्री हाईवे
यमुनोत्री राजमार्ग डबरकोट व बाडिया के पास 18 घंटे बाद वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। जिससे विभिन्न स्थानों पर फंसे तीर्थयात्रियों ने राहत की सांस ली। लगातार बारिश के चलते राजमार्ग निर्माण खंड के लिए नासूर बना स्यानाट्टी के पास डबरकोट, हनुमानचट्टी के पास बाडिया में रविवार शाम पांच बजे मलबा बोल्डर आने से बंद हो गया था। बारिश के चलते प्रशासन ने यात्रियों को सुर‌क्षित स्थानों पर जगह-जगह रोक दिया था। बारिश थोड़ी थमती देख राजमार्ग निर्माण खंड के अधिकारियों ने मशीनें लगा कर सोमवार 11 बजे दिन में राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। अपर सहायक अभियंता रामेशचंद भारती ने बताया कि डबरकोट में जोखिम भरा है। इसके बावजूद आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।

उत्तराखंड में भारतीय सीमा में घुसे चीनी सैनिक, दो घंटे बाद वापस लौटे

0

भारत चीन के बीच चल रहे तनाव में आज नया मोड़ तब आ गया जब खबर आई कि चीन के सैनिकों ने उत्तराखंड से लगी भारतीय सीमा का उल्लंघन किया। भारत और चीन की सीमा कई स्थानों पर निर्धारित नहीं है, लेकिन कई जगहों पर सीमा स्पष्ट है। इसके बावजूद चीन की ओर से भारतीय सीमा क्षेत्र का उल्लंघन होता रहा है। अब उत्तारखंड में चीन के सैनिकों के भारतीय सीमा में घुस आने की खबर है ने हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि चीनी सेना के जवान 500 मीटर तक भारतीय सीमा में घुस आए और दो घंटे के बाद वापस चले गए। गृह मंत्रालय के अधिकारी ने भी इस बात को माना है चीनी सैनिक भारतीय सीमा में घुस आए थे। जानकारी के अनुसार यह घटना पिछले हफ्ते की है। हालां‍क‍ि सेना और सरकारी सूत्रों ने उत्तराखंड के बराहोती में चीनी सेना के घुसपैठ की खबर को गलत बताया है। सूत्रों का कहना है कि वहां आमतौर पर दोनों देशों के सैनिक एक दूसरे के इलाके में चले जाते हैं क्योंकि जिस इलाके की बात हो रही है वहां सीमा चिन्हित नहीं है।

जानकारी के लिए बता दें कि सिक्किम सीमा से लगे भूटान के गौरतलब  है कि डोकलाम में भी भारतीय सैनिक और चीनी सैनिक आमने सामने डटे हुए हैं। यह पिछले महीने की 16 तारीख से चला आ रहा है। पिछले साल भी जुलाई के महीने में इसी प्रकार के घुसपैठ की खबर आई थी। तब विपक्षी पार्टी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा में उत्तराखंड से सटी सीमा क्षेत्र में चीनी सैनिकों की घुसपैठ का मुद्दा उठाया था।

भारत के आखिरी गांव ‘माणा’ में आज भी दिखती है संस्कृति

0

उत्तराखंड में भारत-तिब्बत चीन सीमा से लगे हिन्दुस्तान का अंतिम गांव माणा ने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृति को आज भी कायम रखा है। समुद्र तल से 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माणा गांव सम्यक प्रयाग कहे जाने वाले अलकनन्दा व सरस्वती नदी के बाईं ओर बसा हुआ है। भोटिया जनजाति के लोगों का गांव है, जिसकी आबादी सोलह सौ के करीब है। यहां भारत-तिब्बत सीमा करीब 24 की मी दूर है। इसके अलावा माणा गांव में व्यास गुफा नाम की एक पौराणिक गुफा है। दंत कथाओ के अनुसार महर्षि वेद व्यास ने महाभारत की रचना यहीं की थी। मशहूर बद्रीनाथ धाम से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित माणा गांव देश का इस छोर पर आखिरी गांव हैं। इसके चलते ये पर्यटकों के लिये भी एक विकल्प बन जाता है।

इस गावं को आज भी सांस्कृतिक धरोहर व स्थानीय काश्तकारी के लिए जाना जाता है। गांव के लोग जहां अपने पारम्परिक परिधानों में सजे रहते है, वहीं आने वाली पीढ़ियों को भी इससे वाकिफ करवाते हैं, ताकि संस्कृति को जिन्दा रख सकें। गांव के लोगों का बद्रीनाथ धाम से भी गहरा नाता है। छह महीने शीतकाल के दौरान यहां के लोग भी गांव से निचले इलाकों में रहने चले जाते हैं। धाम के कपाट खुलने की तारईखों के साथ ही ये लोग भी गर्मियों के लिये वापस आ जाते हैं। पर्यटकों को लुभाने के लिये गांव की शुरुआत पर ही एक चाय की दुकान भी है जिसे “भारत की आखिरी चाय की दुकान” के तौर पर जाना जाता है। यहां आने वालों के लिये भी ये दुकान एक आकर्षण का केंद्र रहती है।

अनुभव सिन्हा की नई फिल्म ‘मुल्क’ में तापसी और ऋषि कपूर

0

पिछले साल अपनी फिल्म ‘तुम बिन’ की सिक्वल के बाक्स आफिस पर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद निर्माता-निर्देशक अनुभव सिन्हा एक बार फिर एक नई फिल्म की योजना के साथ वापसी करने जा रहे हैं। मिली खबरों के अनुसार, अनुभव सिन्हा की नई फिल्म का नाम ‘मुल्क’ होगा, जिसकी मुख्य भूमिकाओं के लिए अभी तक तापसी पन्नू और ऋषि कपूर को साइन किया गया है। तापसी पन्नू के लिए ये अच्छा दौर चल रहा है।

‘पिंक’ और ‘नाम शबाना’ जैसी महिला प्रधान फिल्मों में दमदार अभिनय करके दर्शकों का दिल जीतने वाली तापसी पन्नू आने वाले समय में वरुण धवन की कामेडी फिल्म ‘जुड़वां 2’ रिलीज होने वाली है, जिसमें वे ग्लैमर अवतार में नजर आएंगी। अनुभव सिन्हा पहली बार इन दोनों कलाकारों के साथ फिल्म बनाने जा रहे हैं। ऋषि कपूर के साथ काम करने के इस पहले मौके को लेकर तापसी पन्नू भी बेहद रोमांचित मानी जा रही हैं।

बताया जाता है कि फिल्म में इन दोनों की भूमिकाएं ससुर और पुत्रवधू की होंगी। ये भी कहा जा रहा है कि अक्तूबर से फिल्म की शूटिंग शुरु होगी और ये शेड्यूल यूपी में लखनऊ और वारणसी में होंगे। बताया जाता है कि ये फिल्म एक सच्ची घटना से प्रेरित होकर बनाई जा रही है। फिल्म की पटकथा अंतिम दौर में है। जल्दी ही फिल्म में तापसी के हीरो के अलावा बाकी भूमिकाओं में कलाकारों का चयन किया जाएगा। 

आयशा टाकिया के पति को जान से मारने की धमकी

0

सलमान खान के साथ ‘वांटेड’ सहित कई फिल्मों में काम कर चुकी पूर्व अभिनेत्री आयशा टाकिया के पति फरहान आजमी को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। फरहान आजमी की ओर से मामला पुलिस में दर्ज करा दिया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, धमकी देने वाला शख्स फरहान को इसलिए जान से मारने की बातें करता है, क्योंकि उन्होंने गैर मुस्लिम लड़की आयशा ये शादी की। तीन साल की रिलेशनशिप के बाद सन 2009 में आयशा टाकिया और फरहान आजमी की शादी हुई थी। आयशा के पिता हिंदू और मां एंग्लो इंडियन बताई जाती हैं। धमकियां देने वाला व्यक्ति खुद को किसी हिंदू संगठन से जु़ड़ा बताता है।

फरहान खुद मुंबई में होटल कारोबार से जु़ड़े हैं। उनके पिता अबू आजमी समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश के सीनियर नेता माने जाते हैं और वक्त-वक्त पर मीडिया में अपने बयानों को लेकर विवादों में घिरे रहते हैं। तीन साल के बेटे की परवरिश में बिजी आयशा टाकिया ने कई सालों के बाद हाल ही में एक वीडियो एलबम के साथ मनोरंजन की दुनिया में वापसी की। अपने करिअर में आयशा टाकिया ने टारजन, सोचा न था, शादी नंबर वन, डोर जैसी कई फिल्मों में काम किया। 

मनोज वाजपेयी को मिलेगा अमेरिकन नागरिक पुरस्कार

0

तमाम फिल्मों में अपनी अदायगी का सिक्का जमाने वाले अभिनेता मनोज वाजपेयी को अब तक कई सारे पुरस्कार मिल चुके हैं। अब उनको मिले सम्मान और पुरस्कारों की लिस्ट में एक और नाम दर्ज होने जा रहा है।

खबर मिली है कि मनोज वाजपेयी को अमेरिका के कैलीफोर्निया में होने जा रहे ‘फेस्टिवल आफ ग्लोबल’ में सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, ये सम्मान पाने वाले मनोज वाजपेयी पहले भारतीय कलाकार माने जा रहे हैं। ये समारोह अगामी 13 अगस्त को होगा, जिसमें मनोज को ये सम्मान मिलेगा।

मनोज वाजपेयी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि इस समारोह में शामिल होने के लिए वे अमेरिका जा रहे हैं। उन्होने इसे भारतीय सिनेमा के लिए सम्मान और अपने लिए निजी तौर पर गौरवमयी पल बताया। कहा जाता है कि भारत की आजादी का 70वां जश्न भी इस मौके पर मनाया जाएगा और मुख्य अतिथि के तौर पर मनोज वहां ध्वजारोहण करेंगे।

इस वक्त मनोज वाजपेयी लंदन में निर्माता-निर्देशक नीरज पांडे की फिल्म अय्यारी की शूटिंग कर रहे हैं। इस शूटिंग में उनके साथ पूजा गौड़ और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ भाग ले रहे हैं। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, अनुपम खेर, मोहम्मद जीशान अय्यूब और रकुल प्रीत सिंह भी अहम रोल कर रहे हैं। ये फिल्म अगले साल 26 जनवरी को रिलीज होगी। 

डीएम ने दिए मुख्यालय न छोड़ने के आदेश

0

जनपद पौड़ी गढ़वाल में भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल ने जनपद के अधिकारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जिले में अगले 72 घंटों तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी हुई है।

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सुशील कुमार ने जिले में आपदा नियंत्रण कक्ष को मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने जिले में 115 से 204 मिमी वर्षा होने की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, राजस्व उप निरीक्षकों समेत जिला स्तरीय अधिकारियों को अल्टीमेटम को गंभीरता से लेने को कहा है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से संवेदनशील क्षेत्रों में आपदा संबंधी घटनाओं की जानकारी तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को अपडेट करते रहने के निर्देश दिए। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रहरियों, पटवारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों समेत जिला स्तरीय अधिकारियों, तहसीलदारों समेत आईआरएस सिस्टम से जुड़े अधिकारियों को बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने लोगों से जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 01368-221840 पर आपदा की घटनाओं की सूचना देने को कहा है।

ग्यारह सौ कलश जल से हुआ भगवान शिव का रूद्राभिषेक

0

कनखल संदेश नगर स्थित श्री परमधाम सेवा आश्रम में सोमवार को भगवान शिव का 1100 कलशों में जल भरकर सहस्त्रधारा लघु रूद्राभिषेक किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में संतगण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

स्वामी धर्म सेवानंद पुरी ने बताया कि प्रतिवर्ष सावन में इस प्रकार की पूजा अर्चना की जाती है, जिसमें 11 ब्राह्मणों द्वारा 1100 बेलपत्र, 1100 दूर्वा, 1100 फूल, 1100 सिक्के, 1100 फल, 1100 मिष्ठान, 1100 पंचमेवा आदि से भगवान शिव की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की जाती है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की पूजा करने से सभी मनोकामनायें पूर्ण होती है और जीवन में कोई कष्ट नहीं आता।

स्वामी पुरी ने कहा कि भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए समय-समय पर धर्मानुसार दुग्धाभिषेक व रूद्राभिषेक करने से श्रद्धालु भक्तों की मनाकोनाएं पूर्ण हो जाती है। मुख्य स्वामी नित्यानंद पुरी ने कहा कि भगवान शिव की दया दृष्टि से परिवारों में सुख समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का जला अभिषेक करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। श्रवण मास में भगवान शिव का गुणगान करने से अवश्य ही कष्टों से मुक्ति मिल जाती है।

स्वामी प्रज्ञानानंद सरस्वती पुरी ने कहा कि आस्था की नगरी में भगवान शिव के सेवक प्रतिवर्ष श्रवण मास में कठिन परिश्रम कर भोलेनाथ का सिमरन करते हुए अपने गन्तव्यों की ओर लौटते हैं। भगवान शिव की कृपा दृष्टि से उनके कष्ट स्वतः ही समाप्त हो जाते हैं। संत समाज सदैव ही धार्मिक रीति रिवाजों एवं क्रिया कलापों से समाज को गति प्रदान करने में अपनी अहम भूमिका निभाता चला आ रहा है। सच्ची निष्ठा से की गई पूजा अर्चना का अवश्य ही फल प्राप्त होता है। 

वृद्धा पेंशन में लापरवाही पर मंत्री खफा

0

समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने पात्र व्यक्तियों को बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन न वितरित किये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी सेवाभाव से तथा ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें व कार्यो को समयबद्ध तरीके से करना सुनिश्चित करें।

कुमायूं मण्डल के समाज कल्याण अधिकारियों की सर्किट हाउस में बैठक के दौरान यह बातें मंत्री यशपाल आर्य ने कही। उन्होंने कहा कि जनपद पिथौरागढ़ के समाज कल्याण अधिकारी द्वारा धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद भी इस वित्तीय वर्ष में अभी तक एक पात्र को भी वृद्धावस्था व विधवा पेंशन न वितरित किये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये आगामी दो दिन में पेंशन वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन मे विधवा व वृद्धावस्था पेंशन ना वितरित की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।यशपाल आर्य ने पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति वितरण का शतप्रतिशत सत्यापन कर रिर्पोट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अपात्र छात्रों की छात्रवृत्ति तुरन्त निरस्त की जाए तथा उनसे वसूली भी की जाए, साथ ही जिसकी गलती से अपात्रों को छात्रवृत्ति दी गई उनके खिलाफ भी कार्यवाही करने के निर्देश समाज कल्याण निदेशक वीएस धानिक को दिये।

मंत्री ने समाज कल्याण द्वारा संचालित विद्यालय व हास्टिलों की जांच करने के निर्देश दिये, कहा कि इनमें जो भी मरम्मत की जरूरत हो उन्हें एससीपी में मरम्मत प्रस्ताव भेजें। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को बालिका छात्रावास के पास टूटी सड़क का प्रस्ताव बनवाकर दैवीय आपदा मे रखवाने के निर्देश दिए। साथ ही बालक छात्रावास के शौचालय निर्माण एवं बालिका छात्रावास के चाहरदीवारी निर्माण प्रगति की जानकारी ली। समाज कल्याण द्वारा संचालित आईटीआई में ऐसे जोे भी ट्रेड चल रहे है जिनका अब कोई औचित्य नहीं है उनके स्थान पर नये ट्रेड संचालन के प्रस्ताव भेजे जाएं। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु कोचिंग दिलाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

यशपाल आर्य ने नैनीताल भूमियाधार में जीर्णशीर्ण विद्यालय का पुननिर्माण प्रस्ताव एससीपी में रखने को कहा। साथ ही निदेशक समाज कल्याण वीएस धानिक ने बताया कि प्रदेश में छह लाख 77 हजार पात्र लाभार्थियों को पेंशन दी जा रही है। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित नारी आर्थिक सशक्तिकरण योजना, बाबासाहेब अम्बेडकर चिकित्सा सहायता योजना, कौशल विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारियां दी व योजनाओं का विभिन्न माध्यम से अधिक से अधिक प्रचार प्रसार कराने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारियों को दिए।

बैठक में दिये गये निर्देशों का अधिकारी समयबद्ध तरीके से अनुपालन करना सुनिश्चित करने कहा। कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम गरीब व असहाय लोगों को शतप्रतिशत योजनाओ का लाभ पहुचायें, साथ ही अधिकारियो को बेहतर कार्य करने की नसीहत भी दी।