Page 635

डीएम हरिद्वार ने दुकानों पर मारा छापा

0

जिलाधिकारी दीपक रावत ने गुरुवार को एनजीटी के आदेशों का अनुपालन कराने के उद्देश्य से उपनगरी ज्वालापुर में कई व्यापारियों के यहां जाकर पाॅलीथीन पर रोक के लिए छापे मारे। इस दौरान जिलाधिकारी के साथ कई अधिकारी मौजूद थे। कई जगह पाॅलीथीन मिलने पर जिलाधिकारी ने उन पर जुर्माना लगाया और भविष्य में पाॅलीथीन का प्रयोग न करने की चेतावनी दी।

बतादें कि एनजीटी ने अपने आदेश में हरिद्वार में पाॅलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए थे। बावजूद इसके हरिद्वार में खुले आम प्रतिबंध के बाद भी पाॅलीथीन की बिक्री बे रोकटोक हो रही थी। पूर्व में भी जिलाधिकारी ने छापे मारकर पाॅलीथीन का प्रयोग करने वाले की सामग्री जब्त कर ली थी और उन पर जुर्माना लगाया था। जिलाधिकारी के इस कड़े कदम के बाद भी पाॅलीथीन की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही थी। गुरुवार को फिर से एनजीटी के आदेशों का अनुपालन कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने कई अधिकारियों के साथ उपनगरी ज्वालापुर में कई दुकानों पर छापा मारा और पाॅलीथीन को जब्त कर प्रयोग करने वालों पर जुर्माना लगाया।
जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दुकानदार अपने यहां रखी पाॅलीथीन को छिपाने में जुट गए, किन्तु अधिकारियों की फौज होने के कारण उनकी एक न चली। जिलाधिकारी ने सभी से पाॅलीथीन का प्रयोग न करने की अपील की। 

उत्तराखंड का एक और लाल देश पर शहीद, हल्द्वानी पहुंचा शव

0
martyrs body reaches hometown

उत्तराखंड के एक और जाबांज ने देश के नाम अपने प्राणों की आहूति दी है। बुधवार को कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान हल्द्वानी के रहने वाले मेजर कमलेश पांडेय शहीद हो गए। मेजर कमलेश नैनीताल जिले के हिम्मतपुर मल्ला के कांति पुरम में रहते थे। मेजर कमलेश मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के दिगोली बाड़ेछीना के रहने वाले थे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने शहीद मेजर के बलिदान को अपूरणीय क्षति बताया और उनकी शहादत को सलाम किया।
गुरुवार की मेजर कमलेश के शहीद होने की सूचना जिला प्रशासन के माध्यम से परिवार को दी गई। इसके बाद परिवार समेत पूरे क्षेत्र शोक में डूब गया। मेजर कमलेश के पिता मोहन चंद्र पांडेय भी सेना से सेवानिवृत्त है, जबकि छोटा भाई आर्मी पोस्टल सेवा में है। शहीद मेजर 2006 में एअरफोर्स में एअरमैन के तौर पर हुआ था। एयरफोर्स में सेवा के साथ ही उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की और 2010 में कम्बाइंड डिफेंस सर्विसेज(सीडीएस) की परीक्षा पास की। शहीद मेजर कमलेश तीन माह पहले ही मेजर पद पर प्रोन्नत हुए थे।
शहीद कमलेश के पिता मोहनचंद्र ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे उन्हें सेना की ओर से और प्रशासन की ओर से बेटे के शहीद होने की जानकारी मिली। इसके बाद दोपहर में आर्मी स्टेशन हल्द्वानी और जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अफसर उनके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि देर रात तक शहीद का पार्थिव शरीर हल्द्वानी पहुंचेगा। मेजर कमलेश की शहादत की सूचना के बाद से उनकी मां शांति पांडेय और बड़ी बहन बीना पंत का रो-रोकर बुरा हाल है। शहीद कमलेश की पत्नी रचना पांडे और दो साल की बेटी भूमिका दिल्ली में रहते हैं। उन्हें भी इसकी सूचना दे दी गई है। हालांकि, वे अभी तक घर नहीं पहुंचे हैं। शुक्रवार को शहीद को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
उधर, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मेजर कमलेश पांडे की शहादत पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। मुख्यमंत्री ने शहीद मेजर कमलेश पांडे की शहादत को सलाम करते हुए उनके बलिदान को प्रदेश व देश का गौरव बताया है। मुख्यमंत्री ने शहीद मेजर कमलेश पांडे के पिता मोहन चन्द्र पांडे से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने शहीद के पिता को राज्य सरकार से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा प्रदेश शहीद के परिवार के साथ खड़ा है।

एसडीआरएफ ने रेस्क्यू में 20 ग्रामीणों को निकाला सुरक्षित

0

चोरगलियां में पूरा हुआ रेस्क्यू कार्य। सभी 20 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एसडीआरएफ के कार्य को देखते हुए एसडीएम के द्वारा 4 हजार,और पूर्व प्रधान के द्वारा 2 हजार रूपये के रिवार्ड की घोषणा। लगभग साढे चार घण्टे चला रेस्क्यू कार्य।

आमखेड़ा चोरगलिया में पानी के बहाव में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने में भारी बारिश के कारण हुई। हल्द्वानी से चोरगलिया और टनकपुर को जाने वाली सड़क में सूर्या नाले और शेर नाले में पानी के तेज बहाव के चलते दोनों और लगा गाड़ियों का लम्बा जाम। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने मौके पर मौजूद रहकर क्षेत्र के हालातों पर बनाये हुए है अपनी नजर। जाम की स्थिति को खुद सँभालने में लगे एसएसपी ने मरीज की गाड़ी को भी जाम से निकाला।

वन रक्षकों के 1218 पदों पर भर्ती, 20 सितंबर तक आवेदन

0

प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वन विभाग में समूह ‘ग’ के तहत वन रक्षकों के 1218 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने गुरुवार को सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। भर्ती के लिए अभ्यर्थी आठ अगस्त से 20 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार अभ्यर्थी कृषि या विज्ञान में बारहवीं उत्तीर्ण होना चाहिए। लिखित परीक्षा में समान अंक आने पर प्रादेशिक सेना में न्यूनतम दो वर्ष की सेवा व राष्ट्रीय कैडेट कोर का ‘बी’ या ‘सी’ प्रमाण पत्र पर अधिमान दिया जाएगा। इस पर भी अधिमान समान होने पर आयु में बड़े अभ्यर्थी को तरजीह दी जाएगी। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि तक उत्तराखंड राज्य में स्थित किसी भी सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण होना चाहिए।
अभ्यर्थी की आयु एक जुलाई 2017 को न्यूनतम 18 वर्ष व 24 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी परीक्षा शुल्क ई-चालान द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा की किसी भी शाखा में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नेट बैकिंग व डेबिट कार्ड के माध्यम से भी फीस अदा की जा सकती है।

शारीरिक अर्हता
लिंग-ऊंचाई-सीना-प्रसार
पुरुष-163 सेमी-84 सेमी-5 सेमी
महिला-150 सेमी-79 सेमी-5सेमी
अनुसूचित जाति, जनजाति और गोरखा, आसामी, लदखी, सिक्किम, भूटानी, गढ़वाल, कुमाऊंनी, नागा, अरुणाचल प्रदेश, लाहुल एवं स्पिति और मेघालयी महिला अभ्यर्थियों के लिए लंबाई 145 सेमी व पुरुष के लिए 152 सेमी है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा
पुरुष के लिए 25 किमी की दौड़ पीठ पर 10 किग्रा का भार व महिला के लिए 14 किमी की दौड़ पांच किग्रा भार लेकर अधितकम चार घंटे में।
शॉट पुट महिलाऔं के लिए 3.50 मीटर व पुरुष के लिए पांच मीटर।
लंबी कूद महिलाओं के लिए दो मीटर व पुरुष के लिए चार मीटर।
ऊंची कूद पुरुष के लिए 1.10 मीटर व महिला के लिए 0.70 मीटर।

परीक्षा शुल्क
सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 300 और एससी-एसटी व भूतपूर्व सैनिक के लिए 150 रुपये।

यहां करें लॉग इन
www.sssc.uk.gov.in

स्वाइन फ्लू का आतंक, 51 पहुंची मरीजों की संख्या

0

स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को आई रिपोर्ट में पांच और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद मरीजों की संख्या 51 पहुंच गई है। इनमें 10 की स्वाइन फ्लू के कारण मृत्यु हो चुकी है।

मौसम की नमी स्वाइन फ्लू के वायरस के लिए मुफीद बन गई है। इसके संक्रमण का खतरा कई अधिक बढ़ गया है। यही वजह है कि स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को प्राप्त रिपोर्ट में पांच और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। जिनमें चार मरीज देहरादून व एक पैड़ी निवासी है। जाहिर है कि स्वाइन फ्लू पहाड़ को भी अपनी जद में लेने लगा है। इसके अलावा, 22 मरीजों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। जिन्हें स्वाइन फ्लू संभावित लक्षण मिलने पर उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इनमें पौड़ी, रुद्रप्रयाग व चमोली के भी मरीज शामिल हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तारा चंद पंत ने बताया कि जनवरी से अब तक कुल 138 मरीजों के सैंपल लिये गए हैं। जिनमें 51 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें 37 मरीज देहरादून, सात अन्य जनपदों व तीन अन्य राज्यों से हैं। स्वाइन फ्लू से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें एक मरीज देहरादून व एक पैड़ी का था। उन्होंने कहा कि निजी व सरकारी अस्पतालों को स्वाइन फ्लू व डेंगू को लेकर खास एहतियात बरतने के निर्देश दिये गए हैं। 

फोन पर परेशान करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोईना मित्रा की शिकायत दर्ज

0

किसी भी तरह से कलाकारों का मोबाइल नंबर हासिल करने वाले अक्सर सेलिब्रिटिज को परेशान करना शुरू कर देते हैं। अतीत में इस तरह के कई केस सामने आ चुके हैं और एक नया केस सामने आया है। सुभाष घई की कंपनी में बनी फिल्म ‘अपना सपना मनी मनी’ सहित बालीवुड की कई फिल्मों में ग्लैमरस रोल करने वाली अभिनेत्री कोईना मित्रा ने मुंबई के अंधेरी में ओशिवारा पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि एक अनजाना व्यक्ति फोन पर उनको परेशान कर रहा है।

शिकायत में कहा गया है कि पिछले एक सप्ताह से उनको फोन पर परेशान किया जा रहा है। फोन करने वाला कभी उनको अपने साथ डिनर पर ले जाने की दावत देता है, तो कभी उनको भद्दी भद्दी गालियां देकर तरह तरह की धमकी दी जाती हैं। शिकायत में कहा गया है कि फोन पर उनके साथ भद्दी बातें भी की जाती हैं, जिनमें प्रलोभन होता है। पुलिस ने भारतीय दंड की धारा 509 के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरु कर दी है। कोईना मित्रा ने अपने कैरिअर के दौरान संजय गुप्ता निर्देशित मुसाफिर, साजिद खान की ‘हे बेबी’, फरदीन खान के साथ ‘एक खिलाड़ी, एक हसीना’ और अजय देवगन के साथ ‘इंसान’ (मेहमान भूमिका) में काम किया। 

मधुर की इंदु सरकार से अमृता सिंह भी खफा

0

शुक्रवार को रिलीज हुई मधुर भंडारकर की फिल्म इंदु सरकार से नाराज होने वालों में सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लोग ही नहीं, बल्कि 90 के दशक की हीरोइन अमृता सिंह भी इस फिल्म से नाराज बताई जा रही हैं। मधुर की इस फिल्म में कथित तौर पर संजय गांधी का किरदार दिखाया गया है, जो 1975 में आपातकाल लागू कराए जाने के बाद नसबंदी के अपने मिशन को तेज करने के लिए चार लोगों की टीम बनाते हैं, जिनमें से एक सदस्य फरजाना दिखाई गई हैं। फिल्म में ये किरदार अभिनेत्री रश्मि झा ने निभाया है जो रुखसाना सुलतान से प्रेरित बताया जाता है।

रुखसाना सुलतान अमृता सिंह की मां थीं और उनको संजय गांधी के काफी करीब माना जाता है। अमृता सिंह ने मधुर की फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि फिल्म में तथ्यों को तोड़ मरोड़कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि वे कोर्ट जाने में विश्वास नहीं करतीं, लेकिन उनको इससे दुख हुआ है।

इन दिनों अमृता सिंह इसलिए चर्चा में हैं कि उनकी बेटी सारा अली खान फिल्मों में लांच होने जा रही हैं। पहले सारा को करण जौहर की कंपनी में लांच किया जाना था, लेकिन मतभेदों के चलते ये फैसला बदला और अब सारा की पहली फिल्म एकता कपूर की कंपनी बालाजी बना रही है। इस फिल्म का नाम ‘केदारनाथ’ है, जिसमें सारा की जोड़ी सुशांत सिंह राजपूत के साथ है और निर्देशन अभिषेक कपूर कर रहे हैं। 

अफवाहों से परेशान कंगना की फिल्म ‘सिमरन’ की टीम

0

 कंगना की आने वाली फिल्म ‘सिमरन’ की टीम की ओर से उन चर्चाओं को लेकर सफाई दी गई है, जिनमें कहा गया है कि फिल्म की एडीटिंग से कंगना नाखुश हैं और अब वे खुद फिल्म की एडीटिंग कर रही हैं। फिल्म के निर्देशक और निर्माता हंसल मेहता ने इस चर्चा को खारिज करते हुए कहा है कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। कंगना का फिल्म की एडीटिंग में कोई दखल नहीं है और उनकी देखरेख में एडीटिंग का काम तेजी से चल रहा है।

हंसल मेहता एक और खबर से दुखी हैं, जिसमें कहा गया है कि उन्होंने विशाल भारद्वाज के निर्देशन की शैली की आलोचना की है। विशाल की पिछली फिल्म ‘रंगून’ में कंगना ने काम किया था। इस खबर को लेकर भी हंसल मेहता ने सफाई दी और कहा कि विशाल उनके करीबी दोस्त हैं और उनको लेकर वे कुछ नकारात्मक सोच भी नहीं सकते। उन्होंने विशाल भारद्वाज को इस वक्त हिंदी फिल्म जगत से शीर्षस्थ निर्देशकों में से एक बताया। हंसल मेहता ने इन खबरों का भी पुरजोर खंडन किया, जिसमें कहा जा रहा था कि फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म अपने तय समय पर रिलीज होगी। फिल्म के निर्माण से जुड़ी टी-सीरिज की ओर से भी सफाई आई है, जिसमें कहा गया है कि फिल्म को लेकर कहीं कोई समस्या नहीं है और पूरी यूनिट एक टीम की तरह अपने काम में लगी हुई है।

हंसल मेहता ने इशारों में ‘सिमरन’ को लेकर हो रही अफवाहबाजी के लिए अपूर्वा साहनी को दोषी ठहराया। उनका आरोप था कि विवादों के जरिए पब्लिसिटी हासिल करने वाले कुछ लोग उनकी फिल्म के खिलाफ काम कर रहे थे। अपूर्व और कंगना को लेकर कुछ दिनों पहले विवाद हो गया था, जब कंगना को इस फिल्म के लिए एडीशनल राइटर का क्रेडिट दिए जाने का फैसला हुआ था, तो अपूर्व ने इसका विरोध करते हुए मीडिया में कंगना के खिलाफ काफी बयानबाजी की थी और इसमें कंगना की बहन रंगोली को भी लपेट लिया था। हंसल मेहता अपने फैसले पर कायम रहे और कंगना का क्रेडिट बना रहा, जबकि अब अपूर्व को फिल्म से अलग कर दिया गया है। 

विपक्ष विहीन भारत बनाकर लोकतंत्र की हत्या कर रही भाजपाः रावत

0

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि भाजपा विपक्ष विहीन भारत बनाकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है और देश को पूंजीपतियों की गुलामी से बचाने के लिए अब देश की जनता को एकजुट होना होगा। उन्होंने कांग्रेस की भावी रणनीति की जानकारी देते हुए कहा कि वे भाजपा हटाओ-देश बचाओ का नारा देकर अगला लोकसभा चुनाव हरिद्वार से लड़ेंगे। यह बात उन्होंने प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही।

बिहार के ताजा घटनाक्रम को महान अवसरवादी और निम्न स्तरीय राजनीति बताते हुए कहा कि बिहार की जनता ने भाजपा को नकार कर महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया था लेकिन भाजपा ने अलोकतांत्रिक ढंग से बिहार में सत्ता परिवर्तन कराकर वहां के सबसे बड़े राजनीतिक दल को अलग-थलग कर सत्ता में साझेदारी कर ली यह बिहार की जनता का बहुत बड़ा अपमान है। नीतीश कुमार को सबसे बड़ा सत्तालोभी तथा अवसरवादी बताते हुए कहा कि नितीश कुमार को महागठबंधन बनाते समय भी लालू यादव परिवार के विषय में पूर्ण जानकारी थी फिर भी उन्होंने लालू प्रसाद यादव के साथ मिलकर सत्ता हासिल की और अब उसे दरकिनार कर फिर से भाजपा से मिल गए यह भी बिहार की जनता का अपमान है।
गुजरात में धन बल के आधार पर की गई तोड़-फोड़ को भाजपा की काली करामात बताते हुए कहा कि उसने उत्तराखण्ड में भी यही किया। आज यूपी, उत्तराखण्ड ही नहीं पूरे देश में विकास नाम की कोई चीज नहीं है। केन्द्र सरकार जनता से धन एकत्र करने में जुटी है और देश की जनता का 70 साल का कमाया हुआ धन कहां जा रहा इसका जवाब जनता अगले चुनाव में भाजपा से मांगेगी।
लोकतंत्र की हत्या के लिए भाजपा द्वारा देश पर किए जा रहे ताबड़तोड़ हमलों की निंदा करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस देश और समाज की व्यवस्थाओं को कांग्रेस ने छह दशक के अपने अथक प्रयासों से संवारा भाजपा ने तीन सालों में सारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं तार-तार कर दीं। अब देश के सामने संवैधानिक खतरा उत्पन्न होने वाला है। राज्यसभा परिसदन के लिए चुने जाने वाले प्रतिनिधियों के चयन में हुई हेरा-फेरी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस राज्य में जिस दल के जितने सदस्य होते थे। उसी आधार पर राज्यसभा के लिए चयन होता था लेकिन भाजपा ने सारे मानकों को ठेंगा दिखाकर मनमानी की जो लोकतंत्र के लिए बहुत बड़े खतरे की घंटी है।
कांग्रेस नेता ने चुनाव से पूर्व भाजपा द्वारा किसानों से किए गए वादों को जनता के साथ बहुत बड़ा छलावा बताते हुए कहा कि उस समय तो ऋण माफी और आय दोगुनी करने का झांसा दिया गया था लेकिन सत्ता पाते ही सारे वादे हवा-हवाई हो गये। अब किसान आत्महत्या कर रहे हैं और भाजपा जश्न मना रही है। भाजपा नेताओं पर गलत बयानी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद हरिद्वार के सांसद कहां चले गए। बिना बजने वाले शंख की आवाज सुनने को हरिद्वार की जनता तरस रही है। हरिद्वार जाम से जूझ रहा है और फोरलेन निर्माण अधर में लटका पड़ा है।

भाजपा पर कांग्रेस के जनहितकारी निर्णय पलटने का आरोप लगाते हुए हरीश रावत ने कहा कि गंगा तट से 200 मीटर दूर तक के मकानों को बचाने के लिए ही उन्होंने हरकी पैड़ी से आगे बहने वाली गंगाजल की धारा को गंगनहर बताया था, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके। जबकि भाजपा के नगर विकास मंत्री ने हरिद्वार का क्या हाल कर दिया किसी से छुपा नहीं, जनता स्वयं भाजपा से इसका हिसाब लेगी।

लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार गिरफ्तार

0

कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ज्वेलर्स के यहां हुई लुट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस व लूट का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद से पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास में थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार वीके के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। मदद के लिए एसओजी हरिद्वार को भी शामिल किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के लिए जगह-जगह चैकिंग करायी जा रही थी। दोपहर में रेगुलेटर पुल सुमन नगर के पास पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट डिजायर सिल्वर रंग की कार (नम्बर यूके-17बी-6685) को बरामद कर घटना में सम्मिलत चार अभियुक्तगणों को घटना में लूटी गयी धनराशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी राहुल शर्मा के किराये के मकान द्वारिका बिहार कनखल से घटना में लूटी गयी ज्वेलरी, हाथ की घड़ी, ज्वेलर्स से लूटा गया पर्स और दुकान की चाबियां बरामद की गयी। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सरफराज, राहुल शर्मा, अर्पित पुत्र, रविकान्त शर्मा थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा 315 बोर, 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (नं0 यूके17बी-6685), लूटी गयी 05 जोड़ी टोप्स (बाली) लूटी गयी एक अंगूठी सोने की, लूटी गयी एक हाथ की घड़ी, लूटा गया एक पर्स व दुकान की चाबियां बरामद की। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।