Page 629

‘स्वच्छ देहरादून’ ऐप सुधारेगा शहर की सूरत

0

शहर को सुंदर और साफ रखने के लिए नगर निगम ने एक और कदम बढ़ाया। शनिवार को महापौर विनोद चमोली ने नगर निगम में स्वच्छ देहरादून ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से आने वाली शिकायतों का नगर निगम 48 घंटे के भीतर समाधान करेगा।

शनिवार को निगम सभागार में महापौर विनोद चमोली ने ऐप का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि दूनवासी इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके माध्यम से सफाई संबंधित शिकायतें एवं कूड़े के फोटो सीधे नगर निगम को भेजे जा सकते हैं। यहां से उन्हें संबंधित सफाई निरीक्षक को फारवर्ड कर दिया जाएगा। सफाई निरीक्षक संबंधित स्थल की सफाई कराने के बाद स्थल की फोटो ऐप पर अपलोड करेगा। इसके बाद शिकायत का निस्तारण होना माना जाएगा।
नगर निगम जीपीएस के माध्यम से फोटो सफाई निरीक्षक तक पहुंचाएगा। यदि बारिश व खराब मौसम के कारण यदि नेटवर्क की समस्या होने के चलते कायत नहीं भेजी जा रही तो ऐप में टाइप करके शिकायत करने का भी विकल्प दिया गया है। इससे लोग टाइप करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वर्तमान में नगर निगम ने ऐप से सफाई निरीक्षकों को जोड़ा है, भविष्य में सभी सुपरवाइजरों को भी इससे जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर शिकायत का निस्तारण नहीं होता है तो सफाई निरीक्षकों के विरुद्ध खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने बताया कि वर्तमान में ऐप केवल एंड्रायड फोन में उपयोग किया जा सकता है। इसे बाद में आईओएस फोन का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी तैयार किया जाएगा। साथ ही भविष्य में ऐप का उपयोग अतिक्रमण संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए भी किया जाएगा। इस मौके पर नगर आयुक्त रवनीत चीमा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल, आईटी ऑफिसर मनीष पंत आदि मौजूद रहे।

शतरंज प्रतियोगिता में सेंट जॉर्ज कॉलेज प्रथम

0

दी इंडियन पब्लिक स्कूल राजवाला में आयोजित दूसरे अंतर विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी प्रथम रहा। जबकि द दून स्कूल को दूसरा और दी इंडियन पब्लिक स्कूल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
शनिवार को खेले गये इस दूसरे अंतर विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में दी इंडियन पब्लिक स्कूल के ए और बी दोनों टीम समेत देहरादून के कुल 10 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। जिसमे द दून स्कूल, वेल्हम ब्यॉज, वेल्हम गर्ल्स, माउंट लिट्रा स्कूल, जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, दून हेरिटेज सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी, ओक ग्रोव स्कूल आदि ने भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में कुल 12.5 अंको के साथ प्रथम स्थान सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी ने प्राप्त किया, तथा 11.5 अंक प्राप्त कर द दून स्कूल ने दूसरा स्थान पर रहा एवं दी इंडियन पब्लिक स्कूल को नौ अंको के साथ तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक अजय कुमार सिंह, प्रधानचर्य संजीव कुमार सिन्हा ने सभी विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर प्रतियोगिता के संयोजक आर के गुप्ता, बिनु जॉर्ज, पंकज नवानी अदि मौजूद रहे।

कोटद्वार: आपदा प्रभावित क्षेत्र का सीएम ने लिया जायजा

0

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार को सड़क मार्ग द्वारा देहरादून से आपदा प्रभावित क्षेत्र कोटद्वार पहुंचे। विगत गुरुवार को अतिवृष्टि के कारण कोटद्वार में हुए जान माल के नुकसान का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने उन राहत शिविरों का निरीक्षण किया, जहां आपदा प्रभावितों को ठहराया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना। जिला प्रशासन द्वारा की गई खाने-पीने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों से अपील की है कि जब तक जिला प्रशासन न कहे तब तक ठहराये गये सुरक्षित स्थानों को न छोड़े।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को खाद्य वस्तुओं, स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल आदि सुविधाओं की उचित व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाए। जिन घरों में सामग्रियों का नुकसान हुआ है, नुकसान का आंकलन कर उन परिवारों की पर्याप्त मदद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मलवे को शीघ्र साफ करवाने हेतु जिलाधिकारी पौड़ी को निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने नगर की रिफ्यूजी काॅलोनी सहित नगर के अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर आपदा प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित दो परिवारो को चार-चार लाख रुपये के चेक प्रदान किये। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित इलाकों की क्षति का पूर्ण आंकलन किया जाए, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डाॅ. हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे।

हरिद्वार को मिले सात सौ से आधुनिक कूड़ेदान

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित होकर राजमार्ग स्थित एक होटल में वेक्टस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सहयोग से कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने 20 लाख रुपये कमीत के 700 आधुनिक कूड़ादान लोकार्पित किए।

इस अवसर पर मदन कौशिक ने कहा कि कंपनी की ये एक सराहनीय और अनुकरणीय पहल है। इस तरह के सहयोग से प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को बल मिलेगा। साथ ही लोग भी स्वच्छता के लिए भी प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि सब का दायित्व बनता है कि अपने गली मोहल्लों को स्वच्छ साफ सुथरा रखें। उन्होंने कंपनी के महाप्रबंधक अतुल लड्डा का आभार जताया। मेयर मनोज गर्ग व नगर आयुक्त अशोक पांडेय ने भी कंपनी को इस सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर कंपनी के शिव कुमार सिधवानी, आशीष खंडेलवाल, जितेंद्र बांगड़, ललित सचदेवा, गौरव सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

रेरा में पंजीकरण में मिले 2.07 करोड़

0

रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) में बिल्डरों और प्रॉपर्टी डीलरों के पंजीकरण से अब तक प्राधिकरण को 2.07 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इस राशि से रेरा को साधन संपन्न बनाया जाएगा।

रेरा ने एक मई-2017 से पहले विभिन्न आवासीय व कमर्शियल परियोजनाओं में अनापत्ति प्रमाण पत्र न लेने वाले बिल्डरों के लिए 31 जुलाई तक पंजीकरण कराने की सुविधा दी थी। इसके तहत 167 बिल्डरों ने पंजीकरण कराया। इससे रेरा को 1.91 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। वहीं, प्रॉपर्टी डीलरों के लिए पंजीकरण के लिए कोई समयवधि निर्धारित नहीं की गई है। शनिवार तक 45 डीलर अपना पंजीकरण करा चुके हैं। इन पंजीकरण से अब तक रेरा को कुल 16 लाख रुपये की आय हुई है।
रेरा के नियामक प्राधिकारी व सचिव आवास अमित नेगी ने बताया कि पंजीकरण के लिए रेरा में प्रावधान किया गया है कि एक सीमा से अधिक शुल्क नहीं लिया जा सकता। इसके बाद भी सिर्फ रियल एस्टेट प्रमोटर्स, बिल्डर्स के पंजीकरण से ही 1.91 करोड़ की आय प्राप्त होना यह बताता है कि राज्य में कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। पंजीकरण शुल्क से प्राप्त धनराशि को रेरा के खाते में ही जमा किया जाएगा और जब अथॉरिटी का गठन कर लिया जाएगा तो उसमें कार्मिकों के वेतन आदि के खर्चे इससे वहन किए जाएंगे।

एम. वेंकैया नायडू होंगे देश के अगले उपराष्ट्रपति

0

एम वैंक्या नायडू देश के अगले उप राष्ट्रपति होंगे। उन्होंने यूपीए के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी को हराकर ये पद हासिल कर लिया है।

देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान आज 10 बजे से शुरू हुए।राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार एम वेंकैया नायडू संसद भवन परिसर में पहले से ही उपस्थित थे। नायडू ने शुरुआती दौर में ही मतदान किया। मतगणना शाम सात बजे से शुरू हुई और कुछ ही घंटों में उपराष्ट्रपति का नाम घोषित कर दिया गया।

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के एक छोटे से गांव चवतपालेम के किसान परिवार में जन्मे एम. वेंकैया नायडू ने अपने संघर्ष के बूते धीरे-धीरे छोटे से कस्बे से निकल राष्ट्रीय सियासत की फलक पर चमकने तक का सफर पूरा किया। उपराष्ट्रपति चुनाव में राजग के उम्मीदवार नायडू का सार्वजिनक जीवन काफी लंबा है। उनके पास लगभग 25 वर्ष का संसदीय अनुभव है। वह मौजूदा समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल में सूचना प्रसारण व शहरी विकास मंत्री हैं। इतना ही नहीं, उनको मोदी सरकार में संकटमोचक की भूमिका में भी देखा जाता है।

उपराष्ट्रपति चुनाव में आंकड़ों पर गौर करें तो राजग के पास जीत के लिए पर्याप्त मत हैं। ऐसे में चार बार से राज्यसभा सदस्य रहे नायडू का उच्च सदन का सभापति बनना तय है।
एम. वेंकैया नायडू का जन्म 1 जुलाई 1949 को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले स्थित चवतपालेम में हुआ था। नायडू 2002 व 2004 (दो बार) में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री भी रह चुके हैं।
नायडू ने नेल्लोर के वी.आर. हाई स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और वी.आर. कालेज से राजनीति तथा राजनयिक अध्ययन में स्नातक किया। वे स्नातक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए| तत्पश्चात उन्होंने आन्ध्र विश्वविद्यालय, विशाखापत्तनम से कानून में स्नातक की डिग्री हासिल की। वह 1974 में वे आंध्र विश्वविद्यालय में छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुये। कुछ दिनों तक वे आंध्र प्रदेश के छात्र संगठन समिति के संयोजक भी रहे। 70 के दशक में ही वह संघ से जुड़े।
वेंकैया नायडू की पहचान हमेशा एक आंदोलनकारी के रूप में रही है। वे 1972 में ‘जय आंध्र आंदोलन’ के दौरान पहली बार सुर्खियों में आए। उन्होंने इस दौरान नेल्लोर के आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए विजयवाड़ा से आंदोलन का नेतृत्व किया। छात्र जीवन में उन्होने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विचारधारा से प्रभावित होकर आपातकालीन संघर्ष में हिस्सा लिया। वे आपातकाल के विरोध में सड़कों पर उतर आए और उन्हें जेल भी जाना पड़ा। 1973-74 आंध्र प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष भी रहे। आपातकाल के बाद वे 1977 से 1980 तक जनता पार्टी के युवा शाखा के अध्यक्ष रहे। नायडू 1978-85 में आंध्र विधानसभा के दो बार सदस्य रहे। वर्ष 1988 से 1993 तक वह आंध्र प्रदेश भाजपा ईकाई के अध्यक्ष रहे। उसके बाद वह 1993 से 2000 तक भाजपा की केंद्रीय संगठन में राष्ट्रीय महासचिव बने। इस अवधि में वह पार्टी की सर्वोच्च संस्था संसदीय बोर्ड के सचिव, राष्ट्रीय प्रवक्ता समेत कई अहम पदों पर दायित्व निर्वहन किया। 1998 कर्नाटक से वह 4 बार राज्यसभा के सदस्य रहे हैं ।

जिस्म 3 के साथ पूजा भट्ट की निर्देशन में वापसी

0

निर्देशक के तौर पर महेश भट्ट की बड़ी बेटी पूजा भट्ट सालों बाद वापसी करने जा रही हैं। पूजा भट्ट ने अपनी फिल्म ‘जिस्म’ की तीसरी कड़ी की तैयारियां शुरु कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, इस बार फिल्म में चार मुख्य किरदार होंगे, जिनमें से एक किरदार महिला का होगा, बाकी तीनों किरदार पुरुषों के होंगे। अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि इन किरदारों को कौन कलाकार करेंगे।

पूजा भट्ट का कहना है कि फिल्म का लेखन अंतिम दौर में है। एक बार स्क्रिप्ट तैयार होने के बाद ही कलाकारों के चयन की प्रतिक्रिया शुरु होगी। पूजा ने संकेत जरुर दिए कि इन किरदारों में दो पुरुष और एक महिला किरदार में जाने पहचाने चेहरे होंगे, जबकि पुरुषो में तीसरा चेहरा नए कलाकार का होगा।

पूजा ने ये भी कहा कि पिछली दो फिल्मो के मुकाबले तीसरी फिल्म कटेंट और बोल्ड सीनों के मामले में सबसे पावरफुल रहेगी। कुछ दिनों पहले चर्चा थी कि पूजा इस बार निर्देशन से दूर रहेंगी। उन्होंने इन बातों का खंडन करते हुए कहा कि निर्देशन वही करेंगी और नवंबर तक फिल्म शुरु हो जानी चाहिए, ताकि अगले साल अप्रैल तक वे इसे रिलीज करने में कामयाब रहें।

2003 में आई जिस्म की पहली कड़ी का निर्देशन अमित सक्सेना ने किया था, जिसमें जान अब्राहम और बिपाशा बसु की जोड़ी ने काम किया था। 2012 में आई जिस्म की दूसरी कड़ी का निर्देशन खुद पूजा भट्ट ने किया था, जिसमें रणदीप हुड्डा की हीरोइन के तौर पर सनी लियोनी को लांच किया गया था। 

अभिनेत्री जैक्लीन फर्नाडिज अस्पताल में भर्ती

0

अपनी आने वाली फिल्म ‘द जेंटलमैन’ के प्रमोशन में व्यस्त अभिनेत्री जैक्लीन फर्नांडिज को लेकर खबर है कि पेट में दर्द की शिकायत के चलते उनको अंधेरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डाक्टरों ने उनका उपचार शुरू कर दिया है।

डाक्टरों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, उनके पेट में इंफेक्शन है। डाक्टरों ने अगले दो दिनों तक उनको अस्पताल में भी रहने को कहा है। जैक्लीन के अचानक अस्पताल में भर्ती होने के चलते उनकी फिल्म द जैंटलमैन के तीसरे गाने की लांचिंग पर वे नहीं पंहुच सकी।

पहले जैक्लीन को वहां पंहुचकर इस गाने पर फिल्म के हीरो सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ परफारम करना था। जैक्लीन की गैर मौजूदगी में सिद्धार्थ ने अकेले ही फैस के सामने परफारम किया। 25 अगस्त को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का टाइटल पहले रीलोड था, जिसे बाद में बदला गया। सिद्धार्थ मल्होत्रा और जैक्लीन के साथ इस फिल्म में एक लंबे अरसे बाद सुनील शेट्टी परदे पर वापसी करने जा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन राज-कृष्णा की जोडी ने किया है। 

कैलाश मानसरोवर यात्रियों का दल अभी फंसा

0

पिथौरागढ़ में लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी रही। बारिश के कारण टनकपुर-तवाघाट मार्ग बलधार के पास बंद है। वहीं, गुरुवार रात से फंसा कैलाश मानसरोवर का 14वां दल अभी भी डीडीहाट में ही मार्ग खुलने का इंतजार कर रहा है।

कैलाश मानसरोवर जाने वाला यह दल मार्ग खुलने पर ही दल धारचुला के लिए रवाना हो पाएगा। शनिवार को जारी आंकड़ों पर गौर करें तो डीडीहाट तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक 68 मिमी बारिश हुई, बेरीनाग और गंगोलीहाट में 56 मिमी, मुनस्यारी में 39 मिमी, पिथौरगढ़ में 37 मिमी और धारचूला में 19 मिमी बारिश मौसम विभाग ने दर्ज की।
वहीं, बारिश के कारण टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग, जौलजीवी-मुनस्यारी, जौलजीवी-तल्लाबगड़ समेत जिले के 12 अन्य प्रमुख मार्ग बंद बारिश के कारण बंद पड़े है। बेरीनाग में शुक्रवार देर रात बेरीनाग से चौकोड़ी जा रही कार बाचुर के पास 50 फ़ीट खाई में गिर गई। हादसे में कार चालक घायल हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल को खाई से निकाल कर सीएचसी, बेरीनाग भेजा।

गदेरा में बहने से महिला की मौत, एक मकान क्षतिग्रस्त

0

गदेरा पार करते हुए पानी के तेज बहाव में आकर चमोली जनपद के विकास खंड गैरसैंण के कुनीगाड मल्ली की एक महिला की मौत हो गई। वहीं, कुनीगाड के ही हिरूली बाजार में एक आवासीय भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया है।

जनपद में शुक्रवार की रात को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कनीगाड गदेरे में पानी बढ़ गया है। शुक्रवार देर रात कुनीगाड निवासी विमला देवी अपने घर जाने के लिए गदेरे को पार कर रही थी कि अचानक तेज बहाव में फंस गई। गांव वालों ने उन्हें खोजने का काफी प्रयास किया मगर अंधेरा होने के कारण महिला का पता नहीं चल पाया। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने फिर से खोजबीन शुरू की तो महिला का शव बोरागांव चौखुटिया अल्मोड़ा में मिला। वहीं, चौखुटिया से लगे गैरसैंण विकास खंड के हिरुली बाजार में भी दयाल राम का आवासीय भवन भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही गैरसैण से तहसील प्रशासन घटना स्थल पर पहुंच और आपदा से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।