Page 625

संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत

0

संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और मृतका के परिजनों को सूचित किया।

पुलिस के अनुसार किशोरी की मौत बीमारी के चलते हुई। जानकारी के अनुसार मातृआचंल कन्या विद्यापीठ, राजा गार्डन, कनखल में कक्षा आठ की छात्रा जमेरिया, पुत्री बसाना कुमार जमेरिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई। संस्थान में तैनात एक चिकित्सक ने छात्रा का उपचार किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।

इसके बाद छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। छात्रा ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जगजीतपुर चौकी प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। 

विधायक जोशी को माता मंगला ने बांधी राखी

0

पूर्व कैनाल रोड स्थित लक्जरी फार्म में मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र की बहनों के साथ रक्षाबंधन के पवित्र पर्व को सार्वजनिक तौर पर मनाया गया। हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला ने विधायक जोशी को राखी बांधी और संस्था के माध्यम से मसूरी क्षेत्र में हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया।

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर मसूरी विधायक गणेश जोशी एवं स्थानीय भाजपा परिवार की ओर से आयोजित होने वाला सार्वजनिक रक्षाबंधन कार्यक्रम में महिलाओं ने इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। समारोह के दौरान लोक कलाकारों द्वारा कुमांऊनी, गढ़वाली तथा गोर्खाली मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। माता मंगला द्वारा विधायक जोशी को रक्षा सूत्र बांध कर रक्षा के बंधन की औपचारिक शुरूआत की। विधायक जोशी एवं भाजपा परिवार ने मसूरी भाजपा की ओर से माता मंगला का अभिनन्दन पत्र देकर सम्मानित भी किया। वहीं विधायक जोशी द्वारा अतिथियों को शाॅल ओढ़ाकर तथा तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

बतौर मुख्य अतिथि पहुॅची हंस कल्चर सेंटर की संस्थापिका एवं आध्यात्मिक माता मंगला एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर अपने सम्बोधन में कहा कि विधायक गणेश जोशी के निमंत्रण को स्वीकार कर यहां आई तथा उनके प्रति आपके इस स्नेह को देख कर अत्यधिक आनन्द आया। आप बहनें धन्य हैं कि आपको गणेश जोशी जैसा विधायक तथा भाई मिला है।

शहीद सैनिकों की शहादत को प्रणाम करते हुए उन्होंने कहा कि विधायक जोशी की पहल तथा हंस फाउंडेशन सहयोग से निर्मित शहीद द्वारों का भी जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा। उन्होनें आश्वस्त करते हुए कहा कि अगले रक्षाबंधन से पूर्व यह अस्पताल बन कर तैयार हो जाएगा। बताया कि हंस फाउंडेशन देश में 24 राज्यों में सामाजिक सहयोग कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड में कोटद्वार के पास सतपुली में 200 बेड का अस्पताल बन कर तैयार हो चुका है, हरिद्वार के बहादराबाद में हंस आई हाॅस्पिटल सेवाएं देना प्रारम्भ कर चुका है, हल्द्वानी में केंसर अस्पताल बन रहा है।

नाटकीय ढंग से शराब तस्कर गिरफ्तार

0

जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान ने आबकारी टीम के साथ लगातार अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। यह मुहिम धर्मनगरी के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही हैं। इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के पास राजेन्द्र कुमार को 122 पव्वों के साथ नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया गया। काफी समय से हरिद्वार स्टेशन के आस पास अवैध रूप से शराब की बिक्री की शिकायतें विभाग को मिल रही थी।

अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने नाटकीय ढंग से अवैध शराब की बिक्री करने वाले आरोपी को धर दबोचा। आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चैहान ने टीम के एक पुलिसकर्मी को अवैध शराब बेचने वाले व्यक्ति के पास ग्राहक के रूप में भेजा। सादी वर्दी में आबकारी विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए राजेन्द्र गुप्ता को रंगे हाथों पकड़ा। राजेन्द्र गुप्ता रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर अवैध शराब का धंधा चला रहा था। वह ग्राहकों को शराब के पव्वे स्टेशन परिसर के बाहर ही उपलब्ध करा रहा था।

आबकारी टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र उनियाल, उमराव राठौर, संजीव कुमार, मनोज कुमार, डिम्पल रानी, डीएस चैहान आदि शामिल रहे। आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चैहान ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पंतद्वीप पार्किंग ब्रह्मपुरी आदि क्षेत्रों में अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी अभियान वृहद स्तर पर चलाया गया। अब तक 778 पव्वे देशी शराब जब्त की गई गत माह जुलाई में अंग्रेजी एवं देशी शराब को जब्त किया गया है। 

सड़क के गड्ढे ने नहीं “एडजस्टमेंट” ने ली दो युवतियों की जान

0

देहरादून में दो युवतियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत के बाद की सवाल खड़े हो गये हैं। सबसे बड़ा सवाल है कि क्या देहरादून की सड़के लगातार बढ़ते ट्रैफिक को संभालने के लिये काफी है। राज्य बनने के बाद से ही प्रदेशभर में गाड़ियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। इसे राज्य की बढ़ती अर्थ व्यवस्था के अलावा और राज्यों के मुकाबले उत्तराखंड में सड़क कर की दरें कम होना भी है। राजधानी देहरादून की ही बात करें तो शहर की सड़कों पर लगातार गाड़ियों का बोझ बढ़ता जा रहा है। इसके साथ साथ बारिशों ने एक बार फिर सरकारी काम की पोल खोल के रख दी है।

हादसे का संज्ञान लेते हुए सीएम रावत ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियन्ता को निर्देश दिये कि प्रदेश भर में सड़कों पर हुए गड्डो को तुरंत भरें। उन्होंने अभी तक इस दिशा में लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त भी की।इसके लिए जिला प्रशासन और स्थानीय निकायों से तालमेल कर इस समस्या का निवारण करें। पहाड़ो में भारी बारिश को देखते हुए आपदा से निपटने के लिये जिलाधिकारियों को और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट पर रहने के निर्देश भी दिए हैं।

सीएम का ये एक्शन पर रियेक्शन काबिले तारीफ तो है पर सवाल ये है कि कब तक सरकार को जगाने के लिये आम लोगों को अपनी जान की कुर्बानियां देनी पड़ेगी। इस हादसे की ही बात करें तो क्यों नहीं सरकार ने सड़क बनाने वाले ठेकेदार या उसे पास कर रख ऱखाव का ध्यान रखने वाले सरकारी अधिकारी पर आपराधिक मामला दर्ज कराया। क्यों हम किसी आपदा का इंतजार करते हैं पर्यावरण बचाव संबंधी कदम उठाने के लिये। क्यों किसी हत्या होने का इंतजार किया जाता है जिसके बाद पुलिस महकमा हरकत में आये कानून की रक्षा करने के लिये।

हमारी राजनैतिक और सामाजिक जीवनशैली का एक ढर्रा सा बन गया है। जो जैसा है उसे वैसा ही चलने दिया जाये। अंग्रेजी में इसके लिये सब्द है “एडजस्ट” करना। जब तक पानी सर के ऊपर से न निकल जाये तब तक जनाब एडजस्ट करते रहिये। इस एडजस्टमेंट की नींद से जागने के लिये हमें कम सेकम एक हादसे की जरूरत पड़ती है। इसके बाद भी कोई गारंटी नही है कि हमारा सिस्टम कुछ बदलेगा। पर हां ये तय है कि कुछ नये एडजस्टमेंट के लिये तैयारी जरूर कर ली जायेगी।

बहरहाल इस हादसे ने सवाल तो कई खड़े कर दिये हैं लेकिन इन सवालों के जवाब भी हमें ही तलाशने होंगे। क्योंकि जिन हुक्मरानों से हम जवाबों की उम्मीद कर रहे हैं वो भी शायद कोई और हादसा होने का इंतजार कर रहे हैं।

दोपहर में ही बंद हुए तीर्थनगरी के मंदिर

0

तीर्थनगरी के सभी मंदिरों के कपाट सोमवार को दोपहर में ही बंद कर दिए गए। अब मंदिरों के कपाट मंगलवार की सुबह खुलेंगे। विदित हो कि सोमवार को चन्द्र ग्रहण होने के कारण और चन्द्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण से नौ घंटे पूर्व लग जाने के कारण तीर्थनगरी के तमाम मंदिरों के कपाट दोपहर डेढ़ बजे बंदकर दिए गए। मंदिरों में कपाट बंद करने से पूर्व भगवान की आरती कर उनको शयन करवा दिया गया। शाम की गंगा आरती भी दोपहर करीब एक बजे कर मंदिरों के कपाट बंदकर दिए गए।

मान्यता है कि ग्रहण काल व ग्रहण के सूतक काल में मंदिरों का खोला जाना निषेध बताया गया है। यही कारण रहा कि सभी मंदिरों में दोपह डेढ़ बजे से पूर्व आरती कर भगवान को शयन करवाकर मंदिरों के कपाट बंदकर दिए गए। मंदिरों के कपाट सूतककाल लगने से पूर्व बंद होने के कारण शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ रही।

बद्रीनाथ हाईवे लामबगड़ में बंद

0

बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में पहाड़ी से मलबा आ जाने के कारण अवरुद्ध हो गया है। जिससे धाम में 200 से अधिक यात्री मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

चमोली जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश के चलते बद्रीनाथ हाईवे लामबगड़ में बाधित हो गया है। हालांकि मेकाफेरी कंपनी मार्ग खोलने का प्रयास कर रही है लेकिन क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से बार-बार मलबा आ जाने से मार्ग खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, मार्ग अवरुद्ध होने से धाम में दो सौ से अधिक तीर्थ यात्री मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। लामबगड़ में कुछ समय के लिए मार्ग खोला तो जा रहा है लेकिन पहाड़ी से पत्थर व मलबा आने के कारण वाहनों को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। 

मनसे की धमकी के बाद ढीले पड़े मिका सिंह के सुर

0

राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से धमकी दिए जाने के बाद मिका सिंह के सुर ढीले पड़ गए हैं। सोशल मीडिया पर अपने एक वीडियो संदेश में मिका सिंह ने सफाई दी कि, ‘अमेरिका के शिकागो शहर में 13 अगस्त को उनका जो शो होने जा रहा है, वो भारत की आजादी की 70वीं सालगिरह मनाने के लिए होगा और इसमें भारतीय गाने ही वे गाएंगे।’ मिका सिंह ने इस वीडियो संदेश में मनसे और राज ठाकरे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि, ‘मैं राज ठाकरे और सबको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि मेरे शोज को लेकर मीडिया में गलतफहमी फैलाने की कोशिश की जा रही है। मैं भारतीय हूं और मेरे लिए देश सबसे पहले है।’

मिका सिंह ने जय महाराष्ट्र का नारा बुलंद करने से पहले मनसे की चित्रपट शाखा के प्रमुख अमेय खोपकर का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अमेय से फोन पर बात करके उनकी गलतफहमी दूर कर दी है। मिका सिंह का ये विवाद सोशल मीडिया पर उनके उस वीडियो से शुरू हुआ था, जिसमें 12 अगस्त को अमेरिका के ह्यूस्टन में होने वाले शो में शामिल होने की अपील की गई थी। इस वीडियो के मुताबिक, ये शो 14 अगस्त को पाकिस्तान की आजादी मनाने के लिए हो रहा है और इसका नाम हमारा पाकिस्तान रखा गया है।

आज देर शाम अपने वीडियो संदेश में मिका सिंह ने इस बात का जिक्र भी नहीं किया कि क्या वे हयूस्टन वाले शो से खुद को अलग कर रहे हैं? ये वीडियो आने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना से जुड़े अमेय खोपकर ने सख्त लहजे में मिका सिंह को धमकी दी थी कि अगर उन्होंने पाकिस्तान के शो में हिस्सा लिया, तो उनको महाराष्ट्र में कहीं भी शो नहीं करने दिया जाएगा। 

युवती ने साईं घाट के पास से गंगाजी में लगाई छलांग

0

ऋषिकेश सिटी कंट्रोल को सूचना प्राप्त हुई थी एक लड़की ने साईं घाट के पास से गंगाजी में छलांग लगा दी है। इस सूचना पर पुलिस  व जल पुलिस ने मौके पर जाकर लड़की के संबंध में जानकारी की व तलाश का प्रयास किया गया, तो गंगा नदी काफी उफान में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन ज्यादा लंबा नहीं चलाया जा सका।

लड़की की तलाश गंगा नदी के किनारे किनारे  बैराज तक पुलिस द्वारा की जा रही है व अभी तक लड़की का नाम पता ज्ञात नहीं हो पाया है, जिसके संबंध में जानकारी की जा रही है। मौके पर उपस्थित प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड़की काफी रो रही थी अौर इस स्थान से कूदने से पूर्व उसके द्वारा साईं घाट मंदिर के पास से कूदने का प्रयास किया गया था, परंतु महात्मा द्वारा उसको वहां पर कूदने से रोका गया और वह अपने घर जाना बता कर वहां से चली गई तथा थोड़ी दूरी से गंगा जी मे कूद गई।

गायब हुआ आइआरबी का जवान

0

रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में इंडियन रिजर्व बटालियन (आइआरबी) प्रथम का एक जवान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। कंपनी कमांडर ने उसकी गुमशुदगी की सूचना रानीपुर कोतवाली पुलिस को दी है।

रानीपुर में भेल स्थित बाल भवन में आइआरबी प्रथम के 70 जवान रह रहे हैं। इन्हीं में कॉन्स्टेबल कमल किशोर धामी शनिवार को बाल भवन में ही मौजूद था। लेकिन रविवार की सुबह वह अचानक गायब हो गया। कमल किशोर के साथ फोन से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसकी सूचना कंपनी कमांडर ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को दी। वहीं इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि कॉन्स्टेबल की गुमशुदगी दर्ज की जा रही है। पता चला है कि वह पहले भी गायब हुआ है और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कारवाई की गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पेंशन के लिए भटक रहा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का परिवार 

0

देश की आजादी में अहम योगदान निभाने वालो के नाम पर हर बार ही बडे बडे दावे किये जाते हैं यही नहीं कई सरकारी मंचों से सम्मानित भी किया जाता है… लेकिन वास्तव में उन सैनानियों के परिवार की हालत क्या है ये जानने की कभी भी कोशिश नहीं की जाती.. एसे ही एक स्वतंत्रता संग्राम सैनानी का परिवार है जो सरकारी उपेक्षा का दंश झेल रहा है..हम बात कर रहे हैं 102 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी की जिनको सरकार ने सात साल से पेंशन नहीं दी है।  जिसके लिए अब स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन ने प्रधानमंत्री को पत्र भेज कर वृद्धा को पेंशन देने की मांग की है।

तहसील कनालीछीना के पातली गांव निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मान सिंह की पत्नी मोहिनी देवी सात साल से पेंशन के लिए तरस रही हैं। वर्ष 2010 में उनके सेनानी पति का निधन हो गया था। इस संबंध में विधवा ने कई बार नेताओं से लेकर अधिकारियों तक फरियाद लगाई, परंतु किसी ने भी नहीं सुनी। बीते दिनों पैर फिसल कर गिरने से उनके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे, जिस कारण वह बिस्तर से नहीं उठ पा रही हैं।

इस संबंध में स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के पूर्व सचिव राजेश मोहन उप्रेती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेज कर सेनानी की पत्नी को पेंशन देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सात साल से पेंशन नहीं मिलने से परेशान मोहिनी देवी को दूसरे के मोहताज बन कर नहीं गुजारने पड़ेंगे। इस संबंध में विगत सात साल से पेंशन नहीं मिलने के कारणों का पता लगाने के लिए प्रति जिलाधिकारी पिथौरागढ़ और प्रबंधक एसबीआइ कनालीछीना को भी भेजी गई है।