Page 620

हेट स्टोरी-4 में होंगी उर्वशी राउतेला

0

अब ये लगभग पक्का हो गया है कि टी सीरिज की फिल्म हेट स्टोरी की चौथी कड़ी में इस बार उर्वशी राउतेला मुख्य भूमिकाओ में होंगी। उर्वशी इस साल राकेश रोशन द्वारा बनाई गई संजय गुप्ता की फिल्म काबिल में याराना फिल्म के गाने सारा जमाना हसीनो का है दीवाना.. के आइटम सांग में नजर आई थीं।

हेट स्टोरी-4 के निर्देशन को लेकर भी अभी तस्वीर साफ नहीं है। अभी तक इसके लिए विशाल पंड्या का नाम चर्चा में था, लेकिन टी सीरिज ने अभी ये नाम क्यीलर नहीं किया है। टी सीरिज से जुड़े सूत्रों ने ये भी संकेत दिया है कि पहले हेट स्टोरी-4 की शूटिंग 2017 में शुरु होनी थी, लेकिन स्क्रिप्ट पसंद न आने की वजह से इसे अगले साल 2018 के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। उर्वशी टी सीरिज की फिल्म सनम रे में भी काम कर चुकी हैं, जिसमें पुल्कित सम्राट और यामी गौतम की जोड़ी ने काम किया था। अभी तक हेट स्टोरी-4 में उर्वशी के हीरो का नाम तय नही हुआ है। इसमें पहले करण सिंह ग्रोवर, कुणाल खेमू और नवाजुद्दीन के नामों की चर्चा थी। 2012 में बनी पहली हेट स्टोरी का निर्माण विक्रम भट्ट ने किया था और विवेक अग्निहोत्री निर्देशक थे। फिल्म की प्रमुख भूमिकाओं में निखिल दिवेदी, पाओली दम, गुलशन दहिया थे। 2014 मे बनी हेट स्टोरी की दूसरी कड़ी का निर्देशन विशाल पांड्या ने किया था और टी सीरिज ने इसका निर्माण किया था।

इस बार कलाकारों की टीम में सुरवीन चावला, सुशांत सिंह और जय भानुशाली थे। 2015 में आई तीसरी हेट स्टोरी में सलमान खान की फिल्मों की दो हीरोइनों- जरीना खान और डेजी ईरानी को हाट अवतार में पेश किया था। उनके साथ शरमन जोशी और करण सिंह ग्रोवर (बिपाशा बसु के पति) फिल्म के हीरो थे। इसका निर्देशन भी विशाल पांड्या ने ही किया था। 

‘ठग आफ हिंदोस्तां’ से खफा आदित्य चोपड़ा

0

हाल ही में यशराज की नई फिल्म ‘ठग आफ हिंदोस्तां’ का पहला शेड्यूल माल्टा में हुआ था, जिसमें अमिताभ बच्चन, आमिर खान, कैटरीना कैफ और फातिमा सना शेख सहित पूरी टीम ने हिस्सा लिया था। फिल्म का निर्देशन संभाल रहे विजय कृष्णन आचार्य की टीम ने इस दौरान कुछ एक्शन सीन की शूटिंग की थी, जिसके बाद यूनिट मुंबई लौट आई।

यशराज से मिल रही खबरों के मुताबिक, आदित्य चोपड़ा इस शूटिंग से नाखुश हैं। सूत्रों का कहना है कि आदित्य चोपड़ा ने इन एक्शन सीनो को खारिज कर दिया है और इनको फिर से शूट करने का फैसला किया है। अगर इस फैसले पर अमल होता है, तो फिल्म की पूरी यूनिट को एक बार फिर माल्टा जाना पड़ेगा, जहां इस बार यूनिट के साथ आदित्य चोपड़ा खुद जाएंगे।

सूत्र दूसरी संभावना ये बता रहे हैं कि इस री-शूट के लिए अगर कलाकारों की तारीखों की समस्या हुई, तो अमेरिका में होने वाले फिल्म के अगले शेड्यूल में इन सीनों को वहीं री शूट किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि आमिर खान ने इन सीनों को री शूट करने के लिए पूरा सहयोग करने का वादा किया है। अमिताभ बच्चन और आमिर खान पहली बार किसी फिल्म में एक साथ काम कर रहे हैं, जबकि दंगल के बाद फातिमा शेख सना एक बार फिर आमिर की बेटी का रोल कर रही हैं। इस फिल्म को अगले साल दीवाली पर रिलीज करने की घोषणा यशराज द्वारा की जा चुकी है। 

शाद अली की अगली फिल्म में दिलजीत-इलियाना की जोड़ी

0

इसी साल मार्च में आई फिल्म ओके जानू के निर्देशक शाद अली की नई फिल्म की योजना बनकर तैयार हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, उनकी इस फिल्म में पंजाबी गायक स्टार दिलजीत दोशांज और इलियाना डिक्रूज की जोड़ी काम करेगी। ये एक रोमांटिक फिल्म होगी, जिसकी शूटिंग पेरिस में इस साल के आखिर में शुरु होगी और अगले साल मार्च तक पूरी हो जाएगी।

मणिरत्नम के सहायक रह चुके शाद अली की इस नई फिल्म के निर्माता रानी स्क्रूवाला होंगे। फिल्म में अभी एक और बड़ा हीरो लेने की चर्चा है, जिसके लिए अभिषेक बच्चन के नाम की चर्चा है। अभिषेक इससे पहले शाद अली की फिल्म झूम बराबर झूम और उससे पहले बंटी और बबली में काम कर चुके हैं।

दिलजीत दोशांज की हाल ही में शुरु हुई ये दूसरी हिंदी फिल्म है। इससे पहले सोनाक्षी सिन्हा के साथ उनकी फिल्म की घोषणा हुई, जिसकी शूटिंग अमेरिका में शुरु हुई है। इस फिल्म में उन दोनों के साथ आदित्य राय कपूर भी काम कर रहे हैं। पहली बार दिलजीत दोशांज के साथ जोड़ी बनाने जा रही इलेयाना डिक्रूज ने हाल ही में रिलीज हुई अनीस बज्मी की कामेडी फिल्म मुबारकां में अर्जुन कपूर के साथ काम किया है और 1 सितंबर को उनकी नई फिल्म बादशाहो रिलीज होने वाली है, जिसमें वे पहली बार अजय देवगन की हीरोइन बनी हैं। मिलन लथूरिया ने इस फिल्म का निर्देशन किया है और फिल्म में अजय-इलेयाना के साथ इमरान हाश्मी और ईशा गुप्ता, संजय मिश्रा, विद्युत जंवाल भी अहम भूमिकाओं में हैं। 

विधायक जोशी ने चलचला-सुवाखोली गांव का किया दौरा

0

मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मंगलवार को मसूरी के निकट सोमवार को चलचला-सुवाखोली में बादल फटने से प्रभावित गांव चलचला के 13 परिवारों से मिलकर उनके रहने की व्यवस्था करायी।  प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुॅचे विधायक जोशी ने प्रभावित परिवारों एवं अन्य स्थानीय लोगों को सरकार की तरफ से हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया। उन्होनें बताया है कि प्रभावित 13 परिवारों को गांववासियो की मदद से अन्यत्र शिफ्ट किया गया है और उनके भोजन इत्यादि की व्यवस्था भी की जा चुकी है।

विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित सभी 13 परिवारों को तत्काल फौरी रुप से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि दैनिक उपयोग की वस्तुऐं क्रय की जा सके। स्थानीय निवासी जयपाल भण्डारी ने बताया कि, ‘विधायक जोशी की पहल के बाद ही प्रशासन ने चलचला की सुध ली। प्रभावित आशा देवी ने बताया कि ग्रामीणों ने भाईचारे की मिसाल कायम करते हुए सभी प्रभावित परिवारों को एक स्थान पर भोजन एवं अन्य दैनिक वस्तुऐं उपलब्ध करायी और एक ही स्थान पर रहने का प्रबंध भी किया।’

इस अवसर पर राजस्व उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश, जयपाल भण्डारी, अनुज कौशल, ब्रहमदत्त जोशी, मोहन सिंह नेगी, राम सिंह उपस्थित रहे।

जलभराव दे रहा बीमारियों का न्यौता

0

बारिश के कारण जगह-जगह हुआ जलभराव बीमारियों को न्यौता दे रहा है। डेंगू का डंक भी इस कारण मजबूत होने लगा है। मंगलवार को प्राप्त रिपोर्ट में दो और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद डेंगू पीडि़तों की संख्या 12 पहुंच गई है। जिनमें सर्वाधिक 09 मामले धर्मनगरी हरिद्वार के हैं।

डेंगू की डंक धीरे-धीरे गहरा होता जा है। इस बार हरिद्वार पर डेंगू का ज्यादा असर दिख रहा है। धर्मनगरी में डेंगू के एक के बाद एक कई मामले सामने आ चुके हैं। मंगलवार को हरिद्वार के रोशनाबाद निवासी 25 वर्षीय युवक और एक भानियावाला के 19 वर्षीय युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तारा चंद पंत ने बताया कि, ‘अब तक 12 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जिसमें अधिकांश हरिद्वार से हैं। शहर में डेंगू के जो दो मामले सामने आए हैं उनमें एक कानपुर से लौटा है, जबकि दूसरा दून के बाहरी क्षेत्र का है। डेंगू के मद्देनजर शहर भर में फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही सभी निजी और सरकारी अस्पतालों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।’

उधर, कई स्कूलों ने अपने छात्र-छात्राओं को स्कूल में पूरे बाजू की शर्ट व पैंट पहनकर आने के निर्देश दिए हैं। 

रंजिश के चलते महिला को पीटा

0

रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रंजिश के चलते पड़ोसियों ने महिला को पीट पीटकर घायल कर दिया। महिला ने मारपीट करने वाले दो लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।

गांव सलेमपुर के पास स्थित कॉलोनी में बिजनौर निवासी सलमा किराये के मकान में रहती हैं। महिला के पड़ोस में दो लोग रहते हैं। एक सप्ताह पहले महिला का दोनों लोगों से किसी बात पर विवाद हो गया था। महिला का आरोप है कि उसी दिन से वे दोनों रंजिश रखने लगे। मंगलवार को दोनों ने सलमा की पिटाई कर दी। सलमा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वाले रहमान व पप्पू को पकड़कर चौकी ले गई। 

सात दिवसीय नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां शुरू

0

नंदा देवी समिति सात दिवसीय महोत्सव को लेकर बैठक में गहन विचार-विमर्श करते हुए इस बार और अधिक भव्य रूप देने का निर्णय लेते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।

ऐतिहासिक रानीखेत नगर के सात दिवसीय नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। महोत्सव की शुरुआत 26 अगस्त को कदली वृक्ष आमंत्रण यात्रा के साथ होगी, जबकि 29 को मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। पहली सितंबर को मां नंदा, सुनंदा के डोले (शोभायात्रा) के साथ महोत्सव का समापन होगा। महोत्सव में बाहर से आने वाले सांस्कृतिक दल व स्थानीय कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा विगत वर्षों की भांति नगर की सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों व क्षेत्रीय जनता के सहयोग से हॉकी, फुटबाल, बेडमिंटन, वॉलबाल, कैरम, मेहंदी, म्यूजिकल चेयर, पासिंग बाल आदि प्रतियोगिताएं व रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

सीनियर व प्राइमरी वर्ग की लोकगीत, लोकनृत्य प्रतियोगिता के आयोजन पर भी सहमति बनी। आयोजन की सफलता के लिए समिति सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक की अध्यक्षता कर रहे समिति अध्यक्ष हरीश साह ने नागरिकों व सभी क्षेत्रवासियों से सहयोग मांगा। संचालन एलएम चंद्रा ने किया। वहीं बैठक में कमल साह, चंदन साह, किरन लाल साह, संदीप तेवाड़ी, देवेंद्र लाल साह, सौरभ अग्रवाल सहित आदि शामिल रहे। 

नेशनल अचीवमेंट सर्वे परखेगा सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता

0

केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय द्वारा सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता की परख करने के लिए सितंबर माह में नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा 14 व 15 सितंबर को आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा ने समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं समस्त राज्य, मंडल, जनपद व ब्लाक स्तरीय शिक्षा अधिकारियों के अवकाश भी सर्वे होने तक प्रतिबंधित रहेंगे।

केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय द्वारा सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर का पता लगाने के लिए सितंबर माह में देश के प्रत्येक राज्य में नेशनल अचीवमेंट सर्वे होगा, जिन राज्यों की रिपोर्ट कमजोर होगी, उन राज्यों के लिए विशेष शिक्षा गुणवत्ता सुधार की योजना बनाई जाएगी। सर्वे में प्रत्येक राज्य से सैम्पल के तौर पर कुछ स्कूल लिए जाएंगे, जिसमें विषयवार छात्रों के स्तर का पता लगाया जाएगा। देशभर में यह परीक्षा 20 सितंबर तक सभी राज्यों में आयोजित होगी।

उत्तराखंड में परीक्षा का आयोजन 14 व 15 सितंबर को आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता आदि को बेहतर रखने और सर्वे के लिए तमाम व्यवस्थाएं चाक चोबंद रखने के निर्देश दिए है। इसक अलावा महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा कैप्टन आलोक शेखर तिवारी ने अधिकारियों को सर्वे के दिन तक किसी भी प्रकार का अवकाश न दिए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के शिक्षा स्तर को बढ़ाना ही विभाग का पहला लक्ष्य है। ऐसे में विभिन्न राज्यों के साथ रैकिंग के मामले में राज्य को बेहतर रखना ही प्रमुख उद्देश्य है। इसी को देखते हुए अधिकारियों को अवकाश स्वीकृत न किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। 

रोजगार मेला 11 को

0

जनपद पौड़ी गढ़वाल में नगर सेवायोजन कार्यालय की पहल और एनटीटीएफ प्राइवेट लिमिटेड रुद्रपुर के सहयोग से 11 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

नगर सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल ने बताया कि कम्पनी में इलेक्ट्रिकल मैन्यूफेक्चरिंग के लिए तीन वर्षीय डिप्लोमा के लिए राज्य के इंटरमीडिएट पास छात्र-छात्राओं का चयन किया जाना है। चयनितों को कम्पनी के ओर से तीन वर्ष की अवधि के दौरान मानदेय भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला प्रातः 10 बजे कार्यालय प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।

शुजीत सरकार की फिल्म को रणबीर ने ठुकराया

0

अतीत में ‘पीकू’ और ‘पिंक’ जैसी शानदार फिल्में बना चुके निर्माता-निर्देशक शुजीत सरकार के साथ रणबीर कपूर की प्रस्तावित फिल्म का मामला लटक गया है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म, ‘जग्गा जासूस’ के बाक्स आफिस पर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मायूस रणबीर कपूर को लेकर खबर थी कि शुजीत सरकार ने उनको एक नई फिल्म का प्रस्ताव दिया था, जो फुटबाल के खेल पर बनाई जाने वाली थी।

कुछ दिनों पहले मुंबई में शुजीत के दफ्तर में इस फिल्म के प्रस्ताव को लेकर रणबीर कपूर और शुजीत सरकार में मीटिंग भी हुई थी, लेकिन रणबीर को फिल्म की कहानी पसंद नहीं आई और उन्होंने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया।  इन दिनों रणबीर मुंबई में राजकुमार हीरानी की फिल्म के अगले शेड्यूल के लिए तैयारियां कर रहे है, जो अमेरिका मे होने जा रहा है।

दूसरी ओर, शुजीत सरकार ने हाल ही में ‘अक्तूबर’ नाम से एक नई शुरू की है, जिसमें वे पहली बार वरुण धवन के साथ काम करने जा रहे हैं और सितंबर से इसकी शूटिंग शुरू होने वाली है। शुजीत सरकार के दफ्तर के सूत्र बता रहे हैं कि वरुण धवन के साथ शुरू होने वाली फिल्म का रणबीर कपूर की फिल्म के प्रस्ताव से कोई कनेक्शन नहीं है। वरुण धवन की फिल्म क्राइम सस्पेंस पर आधारित है। सूत्रों का कहना है कि शुजीत रणबीर वाली फिल्म के लिए सुशांत सिंह राजपूत से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।