Page 578

चार साल से बदहाली झेल रहा मनेरी-जखोल मोटर मार्ग

0

पहाड़ पर सुविधाओं और संसाधनों को लेकर सरकार के सभी दावे फेल साबित हो रहे हैं इसका ताजा उदाहरण है चार सालों से बदहाली झेल रहा उत्तरकाशी जिले का मनेरी-जखोल मोटर मार्ग। मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण लगातार जिला प्रशासन से गुहार लगा रहा है। ग्रामीणों ने तालाबंदी तक की चेतावनी दे दी है।

गुरुवार को चारधाम विकास परिषद् के पूर्व उपाध्यक्ष सूरत राम नौटियाल के नेतृत्व में क्षेत्र के कई ग्रामीण एडीबी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अधिशासी अभियंता से मुलाकात की। इस दौरान सूरतराम नौटियाल ने बताया कि मनेरी-जखोल सात किमी मोटर मार्ग जो ‌कि जखोल, गोरशाली, द्वारी, पाई, जोकाणी आदि गांव को जोड़ता है पिछले चार साल से बदहाल स्थिति में है। पहले यह मोटर मार्ग लोनिवि के पास था उस समय इस पर अच्छा काम हुआ था लेकिन एडीबी के पास आने के बाद मोटर मार्ग की स्थिति चिंता जनक बनी हुई है। उन्होंने बताया मोटर मार्ग की मरम्मतीकरण व डामरीकरण से लेकर दीवार, कटिंग के लिए करीब सात करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है। जिसमें से चार करोड़ जारी कर दिए गए हैं लेकिन ठेकेदार ने अभी तक वहां काम नहीं किया है। वहीं, अधिशासी अभियंता एडीबी महेश चंद्र पांडे ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द सड़क पर निर्माण कार्य कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों के अंदर सड़क पर काम शुरू नहीं हुआ तो वे एडीबी कार्यालय पर तालेबंदी कर देंगे। 

गणेश चर्तुथी के उपलक्ष में दून में होगा रुट डायवर्जन

0

देहरादून में गणेश चर्तुथी के उपलक्ष में निम्नलिखित शोभायात्राओं का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है –

  • अजय कघुठिया द्वारा प्रातः 10:00 बजे से 12:30 बजे तक एक शोभायात्रा का आयोजन प्रस्तावित है। जिसका रूट निम्नवत् रहेगा –
    पारस वेडिंग प्वाईंट – सहारनपुर रोड – लालपुल यूटर्न- आदर्शमन्दिर – श्यामसुन्दर मन्दिर – गणेश उत्सव मैदान
  •  उमेश शर्मा काऊ द्वारा प्रातः 10:00 बजे से 12:30 बजे तक एक शोभायात्रा का आयोजन जिसका रूट –
    प्राचीन शिव मन्दिर धर्मपुर – हुरला हार्डवेयर – सब्जी मण्डी धर्मपुर – नेहरू काॅलोनी रोड – एचडीएफसी बैंक – सनातन धर्म मन्दिर – ओल्ड नेहरू काॅलोनी रोड – धर्मपुर शिवमन्दिर
  •  कान्हा जी द्वारा प्रातः 10:00 बजे से 12:30 बजे तक एक शोभायात्रा का आयोजन जिसका रूट –
    बिन्दाल पुल – तिलक रोड – झण्डा बाजार – माँ कालिका मन्दिर खुडबुडा
  • विनोद कुमार द्वारा एक शोभायात्रा का आयोजन जिसका रूट –
    शिवाजी धर्मशाला – सहारनपुर चैक – झण्डा बाजार – तिलक रोड – डांडीपुर पल्टन बाजार
  • रामचन्द्र द्वारा प्रातः 1100 बजे से 1500 बजे तक एक शोभायात्रा का आयोजन जिसका रूट निम्नवत् रहेगा-
    धामावाला बाजार – राजा रोड – पीपल मण्डी – कोतवाली – पल्टन बाजार – सीएनआई – डिसपेन्सरी रोड – पंचायती मन्दिर
  • अश्वनि जी द्वाराएक शोभायात्रा का आयोजन जिसका रूट निम्नवत् रहेगा –
    मातावाला बाग – सहारनपुर चैक – झण्डा बाजार – तालाब – खुडबुडा

शोभायात्राओं से प्रभावित क्षेत्र एवं मार्गो में वाहन चालकों एवं जनता की सुविधा के दृष्टिगत अथवा यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में परिस्थितियों के अनुसार यातायात डायवर्ट भी किया जा सकता है। इस सम्बन्ध में सम्बन्धित क्षेत्र के निवासियों एवं मार्गो का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों से अनुरोध है कि कृपया अपने गन्तब्य स्थान तक पहुंचने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिये वैकल्पिक मार्गो का प्रयोग करें तथा यथासम्भव चैपहिया वाहनों के प्रयोग से बचते हुए दोपहिया वाहनों का प्रयोग करे।

देहरादून की संभ्रान्त जनता से अनुरोध है कि कृपया शोभायात्राओं के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलायें तथा व्यवस्था बनाने में जनपद पुलिस को अपना सहयोग प्रदान करें।

तो अब गुलाब के पौधों से होगी खेतों की घेराबंदी

0

उत्तरकाशी जिला प्रशासन द्वारा फसलों की सुरक्षा एवं काश्तकारों के लिए अतिरिक्त आय के तौर पर बॉयो फेसिंग का प्रयोग करने के आदेश दिए गए हैं। इसके तहत खेत के चारों तरफ गुलाब के पौधौं की घेराबंदी करी जाएगी। इससे फसलों को जंगली जानवरों से सुरक्षित रखने के साथ ही अतिरिक्त कमाई भी हो सकेगी। इसके पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में भटवाड़ी तहसील के रैथल गांव में परियोजना को शुरू किया गया है।

सीडीओ विनीत कुमार ने बताया कि इस परियोजना को अमली जामा पहनाने के लिए प्रशासन द्वारा जल्द ही कनौज से अधिक खुशबु वाले गुलाब के पौधे मंगाने की योजना है। इससे गुलकंद एवं इत्र आदि भी बनाया जा सकेगा। वहीं फूलों को मंडियों एवं सरकारी स्टालों के माध्यम से बेचा जाएगा।
इससे पूर्व डीएम डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने अंतरराष्ट्रीय कृृषि विकास निधि व राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना की बैठक के दौरान अधिकारियों को ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए अवसर प्रदान करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सक्षम बनाते हुए बाजार अर्थव्यवस्था से जोड़कर उनकी आजीविका में वृद्धि करें। उन्होंने अधिकारियों को जंगली जानवरों से फसलों से बचाने के लिए गुलाब की घेरा बंदी करने के आदेश दिए। इससे सुरक्षा के अतिरिक्त काश्तकारों की आय भी हो सके।
बैठक के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी महिधर सिंह तोमर, समाज कल्याण अधिकारी जीत सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी मोहित चौधरी आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने नेपाल के प्रधानमंत्री से दिल्ली में मुलाकात की

0
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत गुरूवार को नई दिल्ली स्थित, हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नेपाल के प्रधानमंत्री श्री शेर बहादुर देउबा की भारत यात्रा के अवसर पर आयोजित भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं नेपाल के प्रधानमंत्री श्री शेर बहादुर देउबा से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत गुरूवार को नई दिल्ली स्थित ताज महल होटल में नेपाल के प्रधानमंत्री श्री शेर बहादुर देउबा द्वारा आयोजित रात्रि भोज कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि नेपाल के प्रधानमंत्री चार दिन की भारत यात्रा पर हैं। उत्तराखण्ड के साथ नेपाल के सामाजिक सांस्कृतिक सम्बंध हैं। सामरिक दृष्टि से भी भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा का उत्तराखण्ड का भाग बहुत महत्वपूर्ण है।

चमोली का इंजीनियरिंग कॉलेज ताक रहा छात्रों की राह

0

चमोली जिले का एक मात्र इंजीनियरिंग कॉलेज छात्रों की राह ताक रहा है। दो बार की काउंसलिंग के बाद भी अभी तक सीटें भर नहीं पायी हैं। जिले के कोठियालसैंण में संचालित इंजीनियलेज के लिए 325 सीटें विभिन्न ट्रेडों के लिए आंवटित हुई हैं। कॉलेज द्वारा दो बार छात्रों के प्रवेश के लिए काउसिंलिंग भी करवा दी गई है। इसके बाद भी अभी तक 195 सीटें खाली चल रही हैं। अब कालेज प्रशासन इंटर मीडिएट स्तर पर 45 विज्ञान वर्ग के साथ 45 प्रतिशत अंको वाले छात्रों को भी प्रवेश देने की प्रक्रिया शुरू कर सीटों को भरने की कोशिश में लगा है।

इधर, कॉलेज के निदेशक केकेएस मेर का कहना है कि कॉलेज में सभी विभागों में मानकों के अनुसार शिक्षक तैनात हैैं इसके अलावा कॉलेज में हाईटेक लैब, आधुनिक इंडस्ट्रीज में काम आने वाली मशीनें प्रयोगशाला में मौजूद हैं। स्मार्ट क्लास के साथ ही पर्याप्त कक्ष भी उपलब्ध हैं। छात्रों को निशुल्क पुस्तकें भी उपलब्ध करवाई जाती हैं। 

राज्य में भारी बारिश की चेतावनी

0

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर से करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून के मुताबिक सूबे में आज से अगले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी देहरादून सहित सूबे में आमतौर पर बादल छाये रहेंगे। उत्तराखण्ड में अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। वहीं मौसम विज्ञान केन्द्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की सम्भावना है।

फूलों की घाटी में बहार, 11 हजार पर्यटकों ने किया दीदार

0

विश्व धरोहर फूलों की घाटी में इस बार पर्यटकों का रिकॉर्ड टूट गया है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में रिकॉर्ड पर्यटक फूलों की घाटी का दीदार कर चुके हैं। अब तक 11 हजार से अधिक देशी-विदेशी पर्यटक यहां आ चुके हैं।

आपदा के बाद से यहां पर पर्यटकों की संख्या कुछ कम हुई थी लेकिन इस वर्ष पहुंचे पर्यटकों ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं। हालांकि अभी पर्यटकों की संख्या और बढ़ने के आसार हैं क्योंकि फूलों की घाटी अभी 31 अक्टूबर तक खुली रहेगी।
फूलों की घाटी में सबसे ज्यादा फूल अगस्त और सितंबर माह में खिलते हैं। जिसे देखने के लिए पर्यटक ज्यादा लालायित होते हैं और इस समय पर पर्यटकों की संख्या और भी अधिक बढ़ जाती है। प्रभागीय वनाधिकारी नंदादेवी नेशनल पार्क चंद्रशेखर जोशी का कहना है कि इस बार अन्य वर्षों की अपेक्षा अधिक पर्यटक फूलों की घाटी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अभी सितंबर माह तक और भी अधिक पर्यटकों के आने की संभावना है।

कल से विराजमान होंगे गणपति

0
ऋषीकेश में गणपति उत्सव धूम धाम से मनाया जाता है जिसकी सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। तीर्थनगरी ऋषिकेश कि खासियत यह है कि यहाँ हर साल यात्रा पर बड़ी दूर-दूर से श्रद्धालु आते है ऐसे में आगामी दिनों तक नगर के पंडालो में यात्रा पर आये यात्री और विदेशी बड़ी संख्या में हिस्सा लेते है, और घर से दूर गंगा के तट पर गणपति उनके विघ्नों को दूर कर लेते है।
ऋषिकेश देव भूमि का प्रवेश द्वार होने के साथ साथ, विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व भी करता है गंगा के तटों पर बसे आश्रमो में हर तीज त्योहार को बड़ी धूम धाम से मनाया जाता है, ऋषिकेश के बंगलामुखी में गणपति महोत्सव बड़ी धूम धाम से मनाया जाता है, यहाँ गणपति की मूर्ति को विशेष रूप से सजाकर पंडाल को एक थीम के अनुसार तैयार।
बंगलामुखी आश्रम के संचालक महाराज राहुलेश्रानन्द ने बताया की इस बार के गणपति की थीम शीश महल रहेगी जिसमे पुरे पंडाल को महाराष्ट्र से आये कारीगर शीशों से सेट की डिज़ाइनिंग कार रहे है और गणपति की विषर प्रतिमा को तरह तरह के आभूष्णों से सजाया जा रहा है। शुक्रवार की सुबह गणपति को मंडप में विराजमान करके पूजा अर्चना की जाएगी और दस दिनों तक चलने वकाले इस फेस्टिवल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जायेगा।

पुलिसिंग में लायें और सुधारःडीजीपी रतूडी

0
प्रदेश पुलिस मुखिया अनिल कुमार रतूडी ने जनपद उधमसिंहनगर के अधिकारियों की क्राइम बैठक लेते हुए जनपद पुलिस अधिकारियों के जमकर पैंच कसे। डीजीपी ने जहां पुलिस को और बेहतर कार्य करने के निर्देश दिये, वहीं पुलिससिंग में सुधार के लिए कडे निर्देश भी दिये। एसएसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित क्राइम बैठक में डीजीपी ने जहां अधिकारियों से आंकडों पर चर्चाए की वहीं बढते आपराधिक ग्राफ को रोकने के लिए और बेहतर करने के निर्देश दिये।
उन्होने कहा कि, “पुलिस सबसे पहले जनता का विश्वास जीते, जनता का विश्वास कायम करने के बाद ही पुलिस बेहतर काम कर सकती है और जनता की ताकत से बेहतर परिणाम भी सामने आयेंगे।” डीजीपी ने ऩये तौर तरीके से पुलिस की कार्यशैली में बदलाव लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुराने ढर्रे को बदले और नये तरीके से काम करें।
साईबर के इस युग में अपराध के तरीके जिस तरह से बदल रहे है उसी तरह से आपराधियों की सोच से आगे पुलिस की सोच होनी चाहिए और पुलिस खुद को अपडेट रखे। उन्होने पुलिस के जवानों के दर्द को भी साझा करते हुए कहा कि सिपाहियों को सबसे अधिक मशक्कत करनी पडती है और उनकी कुछ जायज मांगे है जिनपर शासन स्तर पर जल्द ही निर्णय आ जाएगा। डीजीपी ने बताया कि जल्द ही प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी जिलों में 20 नये थाने और चौकिंयां खोली जाएेगी।

राष्ट्रीय पुस्तक मेले की तैयारियों का उच्च शिक्षा मंत्री ने लिया जायजा

0

राजधानी देहरादून स्थित परेड ग्राउण्ड में 28 अगस्त से पांच सितम्बर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पुस्तक मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ धन सिंह रावत ने सम्बन्धित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि देहरादून में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगभग 150 राष्ट्रीय स्तर के पब्लिशर्स भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि मेले का उद्घाटन उत्तराखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सुबह 11 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर नेशनल बुक के चैयरमैन प्रो बलदेव शर्मा को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेला का शुभारम्भ 28 अगस्त 2017 को होगा जो जिसका समापन 05 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर किया जाएगा।
इस मेले में राष्ट्रीय स्तर के साहित्यकारों,बुद्धिजीवियों और पत्रकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। पुस्तक मेले में पुस्तक लेने वालों के लिए 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मेले में प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुस्तक मेले में प्रतिदिन लगभग तीन से चार हजार तक छात्र/छात्राएं प्रतिभाग करेंगें। इस अवसर पर प्रत्येक दिन मंत्रीगण, विधायकगण एवं उच्च शिक्षा के कुलपति मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डाॅ हर्षवंती बिष्ट, मातबर सिंह रावत सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।