Page 564

आईआईटी कर्मचारी के खाते से उड़ाए डेढ़ लाख

0

जनपद के रुड़की स्थित आईआईटी कर्मचारी के खाते से ऑनलाइन 1.40 लाख की ठगी हो गई। आरोपियों ने एटीएम कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर खाते से रकम निकाली थी। कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के ढंडेरा गांव निवासी सुदेश आईआईटी के केमिकल विभाग में कार्यरत हैं।

24 अगस्त को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वालद को बैंक अधिकारी बताते हुए सुदेश को झांसे में लेकर कहा कि उनका एटीएम कार्ड ब्लॉक हो चुका है। एटीएम कार्ड का नवीनीकरण होने के बाद ही उनके कार्ड की सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। आरोपी ने मोबाइल पर ही ऑनलाइन नवीनीकरण का झांसा देकर उनके एटीएम कार्ड के पिन नंबर और पासवर्ड की जानकारी हासिल कर ली। जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने ऑनलाइन खाते से रकम साफ कर दी।
वहीं सोमवार को सुदेश कुमार बैंक पासबुक में एंट्री कराने के लिए पहुंचे तो पता चला कि खाते से 1.40 लाख की रकम की निकासी हुई है। यह रकम 24 अगस्त से लेकर सोमवार तक निकाली गई है। उन्होंने अपने खाते में मैसेज अलर्ट नहीं लगवाया था।
पुलिस ने कहा कि इस मामले को साइबर सेल भेजा जाएगा। जिस नंबर से आईआईटी कर्मचारी को फोन आया था। वह झारखंड से संचालित हो रहा था। पुलिस को फोन की डिटेल के आधार पर यह जानकारी हुई है। पुलिस ने फर्जी आईडी पर मोबाइल नंबर चलने की आशंका जताई है। आरोपी इस तरह के खातों की तलाश करते हैं जिनमें मैसेज अलर्ट नहीं लगा होता। कुछ मामले में बैंक कर्मचारियों की संलिप्तता से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

सभी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं में लगेगा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चित्र

0

उमसिंह नगर जिले के डीएम ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वह देश की उन्नति के लिए वर्ष 2022 तक नये भारत के निर्माण का संकल्प लेने तथा सभी राजकीय कर्यालयों, प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थाओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चित्र लगाया जाना सुनिश्चित करें। डीएम ने शासन के पत्र का हवाला देते हुए यह निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि पत्र में राजकीय विभागों एवं शिक्षण संस्थानों से अपेक्षा की गई है कि वह भारत की उन्नति के लिये वर्ष 2022 तक नये भारत निर्माण का संकल्प लेने के लिए अपने-अपने विभागों के नियन्त्रणाधीन अधिकारियों, कर्मचारियों को संकल्प ग्रहण कराये तथा इसके लिए सामाजिक संगठनों एवं गैर सरकारी संगठनों को भी प्रेरित किया जाए।
डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वह अपने स्तर से एक माह के भीतर ऐसी कार्य योजना तैयार करें तथा उसका व्यापक प्रचार प्रसार करें ताकि वर्ष 2022 तक नव भारत निर्माण का सपना साकार हो सकें। 

हसीना…की रिलीज तारीख फिर से बदली जाएगी?

0

श्रद्धा कपूर की प्रमुख भूमिका वाली फिल्म ‘हसीना पारकर’ की रिलीज तारीख को लेकर एक बार फिर संकट के संकेत मिल रहे हैं। अभी तक इस फिल्म को 22 सितंबर को रिलीज होना है, जिस दिन संजय दत्त की वापसी वाली फिल्म ‘भूमि’ रिलीज होने जा रही है और यही कारण बताया जा रहा है कि हसीना की रिलीज को एक बार फिर टाले जाने की चर्चाओं ने जोर पकड़ा है।

हसीना के निर्देशक अपूर्वा लखिया हैं और वे संजय दत्त के करीबी दोस्त माने जाते हैं, सूत्र बता रहे हैं कि हाल ही में अपूर्वा लखिया की मुलाकात संजय दत्त से उनके बांद्रा स्थित बंगले पर हुई। इस मुलाकात में संजय ने अपूर्वा को समझाया कि 15 और 22 सितंबर को बड़ी फिल्मों के साथ आने से उनकी फिल्म को नुकसान होगा। अपूर्वा अपनी इस फिल्म के लिए संजय दत्त से सालों पुरानी दोस्ती को दांव पर नहीं लगाना चाहते, इसलिए सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि वे हसीना की रिलीज तारीख को एक बार फिर शिफ्ट करने के लिए तैयार हो गए हैं।

इस बार कहा जा रहा है कि श्रद्धा ने हैदराबाद में साईना नेहवाल वाली फिल्म की शूटिंग शुरु कर दी, इसलिए वे फिल्म का प्रमोशन नहीं कर पाईं। अब इस फिल्म के नवंबर या दिसंबर तक में आगे जाने के संकेत मिल रहे हैं। अपूर्वा लखिया ने अपनी फिल्म की रिलीज डेट को बदले जाने पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।

ये तीसरा मौका है, जब फिल्म की रिलीज डेट बदली जा रही है। पहले ये फिल्म 14 जुलाई को रिलीज होने वाली थी। उस दिन रणबीर कपूर की फिल्म जग्गा जासूस के रिलीज होने की वजह से हसीना की तारीख को बढाकर 28 जुलाई किया गया, जहां मुबारकां और मधुर भंडारकर की इंदु सरकार के बीच फंसने की वजह से इसे 22 सितंबर तक आगे बढ़ाया गया, जहां से एक बार फिर इसे आगे ले जाने के संकेत मिल रहे हैं।

‘हरिद्वार से ईएमयू शटल ट्रेन चलाने की मांग’

0

सामाजिक कार्यकर्ता चौधरी चरण सिंह ने रेलवे के डीआरएम को पत्र लिखकर आम हित में शटल ट्रेन संचालित किए जाने की गुहार लगाई है। चरण सिंह ने कहा कि मुरादाबाद से हरिद्वार के लिए सवारी गाड़ी बांदीकुई-ऋषिकेश एवं सहारनपुर के लिए लखनऊ-सहारनपुर के लिए दिन में एक दो सवारी गाड़ी ही इस रूट पर चल रही जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें भी कई माह से यह ट्रेने घंटों बिलम्व से पहुंच रही है। इस कारण इन छोटे-छोटे स्टेशनों के यात्री परेशान हैं। सुबह से ट्रेन का इंतजार करते-करते शाम हो जाती है।

अतः आम यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यहां शटल ट्रेन संचालित की जाए जिससे लोगों की समस्या दूर हो सके। सिंह ने कहा कि मुरादाबाद से हरिद्वार एवं सहारनपुर के आम यात्रियों के लिए ईएमयू शटल ट्रेनों का संचालन कराया जाये। इन रूटों पर यात्री संख्या भी अधिक है, जिससे रेलवे विभाग को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। चरण सिंह ने यह पत्र देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजा है। 

कपिल के शो से बैरंग लौटे बादशाहो के सितारे

0

कपिल शर्मा के कामेडी शो से लगातार बुरी खबरें आने का तांता लगा हुआ है। एक तरफ और एक साल के लिए सोनी चैनल द्वारा इस शो का कांट्रेक्ट बढाए जाने के बाद टीआरपी के खेल में ये शोज लगातार पिछड़ता जा रहा है और टाप टेन शोज से बाहर हो चुका है। दूसरी ओर, इस शो की शूटिंग लगातार लखड़ती जा रही है। इसी का नतीजा है कि घंटों के इंतजार के बाद फिल्मों की यूनिट को बिना शूटिंग के बैरंग लौटना पड़ता है। यही एक बार फिर हुआ, जब इस शुक्रवार को रिलीज होने जा रही अजय देवगन की फिल्म ‘बादशाहों’ की टीम के साथ कपिल शर्मा के एपीसोड की शूटिंग की जानी थी, लेकिन सूत्र बताते हैं कि चार घंटे तक जब कपिल शर्मा शूटिंग के लिए सेट पर नहीं आए, तो ‘बादशाहो’ की नाराज टीम बैरंग लौट गई।

कहा जाता है कि अपने शो के सेट पर सितारों को इंतजार करा के कपिल शर्मा अपनी फिल्म ‘फिरंगी’ की शूटिंग में बिजी थे। सूत्र बता रहे हैं कि ‘बादशाहो’ की टीम के अजय देवगन और इमरान हाश्मी इस बर्ताव से खिन्न हैं और अजय ने अपनी शिकायत सोनी चैनल के अधिकारियों तक पंहुचा दी है। ये पहली बार नहीं हुआ है कि कपिल शर्मा के इंतजार में फिल्मी सितारों के साथ कपिल के कामेडी शो की शूटिंग कैंसिल हुई हो।

शाहरुख खान की फिल्म ‘जब हैरी मीट सेजल’ के साथ होने वाला एपीसोड भी इसीलिए कैंसिल करना पड़ा था। इसी वजह से अक्षय कुमार तो इतना नाराज हो गए थे कि ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ के लिए कपिल के शो को छोड़कर अक्षय ने दूसरे टीवी शोज में अपनी फिल्म का प्रमोशन किया। 

बद्रीनाथ हाईवे लामबगड़ में फिर हुआ बाधित

0

बद्रीनाथ हाईवे सोमवार को फिर बाधित हो गया। पहाड़ी से गिरते बोल्डरों और भूस्खलन से यह हाईवे सुबह छह बजे के आसपास बंद हो गया। हालांकि मार्ग को खोलने के प्रयास किये जा रहें हैं। मशीनें और मजदूर मार्ग खोलने में जुटे हैं। मगर यहां पर इतनी मिट्टी और बोल्डर आये है कि उन्हें हटाने में परेशानी आ रही है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि एनएच मार्ग खोलने में लगा है। बद्रीनाथ हाईवे पर लामबगड़ ऐसा भूस्खलन जोन बन गया हैं, जो वर्षों से यात्रा की रफ्तार पर रोक लगा देता है। इससे पहले भी मार्ग के रख-रखाव का जिम्मा बीआरओ के पास था, जो दो वर्ष पूर्व इसे एनएच को सौंपा गया। लगभग 500 मीटर से अधिक दूरी वाले अत्यंत संवेदनशील लामबगड़ के भूस्खलन के रोकने या इसके ट्रीटमेंट के लिए बीआरओ ने भी करोड़ों रुपये खर्च किए मगर हालत न सुधरी।

वहीं भूस्खलन इतना जबरदस्त यहां पर होता है कि दो बार सड़क ही गायब हो गई थी। नयी सड़क बनानी पड़ी। जब इस भूस्खलन का कोई ट्रीटमेंट न हुआ तो एनएच को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई। एनएच ने जापान की मेकाफेरी कंपनी को 96 करोड़ की लागत से इसके ट्रीटमेंट का जिम्मा सौंपा है। नदी तट से सुरक्षा वाॅल भी बनायी जा रही है। मगर सड़क के उपरी पहाड़ी से हो रहा भूस्खलन हर बार इसे तहस-नहस कर देता है।

जिलाधिकारी आशीष जोशी ने इस स्थान पर जाकर दिशा निर्देश दिए मगर अभी तक ट्रीटमेंट की निर्माण शैली में कोई ऐसी गति नहीं दिख रही है, कि बंधे की कोई स्थायी व्यवस्था यहां पर हो पाएगी। 

हंस फाउंडेशन ने बांटे 35 लाख के चेक

0

खबर उन गरीब जरूरतमंद लोगों के लिए है जो गंम्भीर बिमारी से पीडित है और आर्थिक तंगी के कारण अपना ईलाज नहीं करवा पा रहे हों या फिर अपने होनहार प्रतिभावान बच्चों को आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा ग्रहण नही करवा पा रहे है, अगर आपकी कुछ इस तरह की समस्या है तो आपकी मदद ऋषिकेश के हंस कल्चरल सेन्टर से हो सकती है।

उत्तराखण्ड के गम्भीर बिमारियों से ग्रसित गरीब जरूरतमंन्द 150 लोगों को ऋषिकेश में हंस कल्चरल सेटर द्वारा 35 लाख रूपये के आर्थिक सहायता के चैक उच्च शिक्षा एवं सहकारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत के हाथों वितरित किए गये, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि, “हंस फाउन्डेशन द्वारा उत्तराखण्ड में गरीब जरूरतमन्द लोगों की करोड़ों रूपये की आर्थिक सहायता की जा रही है और सही मायने में यही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।”

 

क्या हुआ जब डीएम हरिद्वार ने किया सरकारी विभागों का औचक निरीक्षण, यहां देखिये वीडियो

0

अपने तेज तर्रार अंदाज और काम करने के तरीके के लिये मशहूर आईएएस अधिकारी और हरिद्वार के डीएम दीपक रावत का एक और वीडियो सामने आया है। सरकारी विभागों में दलालों की मौजूदगी और लोगों को परेशान करने की शिकायतें मिलने के बाद डीएम दीपक रावत ने सरकारी कार्यालयों के औचक निरीक्षण किये। देखिये वीडियों में कि क्या हुआ इन छापों का नतीजा।

कार हादसे में एक की मौत, एक घायल

0

सोमवार, समय लगभग 1:00 बजे आपदा कन्ट्रोल रूम पिथौरागढ़ से जौलजीवी के निकट एक कार के 400 मीटर खाई में गिरने की सूचना प्राप्त हुई । जिस पर पर एस.आई. प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एस.डी.आर.एफ के जवान घटनास्थल को रवाना हुये।

एस.डी.आर.एफ द्वारा मौके पर एक घायल व्यक्ति हिमांशु गरखाल, आयु 18 बर्ष को सकुशल निकाल कर हॉस्पिटल पहुँचाया गया वहीं दीपक कुमार, आयु 22 वर्ष , किलिका धारचूला के शव को निकाल कर सिविल पुलिस के सुपर्द किया।

देहरादून में हुअा पुस्तक मेले का शुभारंभ

0
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अाज नेशनल बुक ट्रस्ट तथा उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड शासन द्वारा परेड ग्राउंड में आयोजित देहरादून पुस्तक मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। देहरादून पुस्तक मेले का शुभारंभ संयुक्त रुप से राज्यपाल डॉ कृष्णकांत पाल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उपस्थित छात्र छात्राओं तथा पाठको को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि, 10 दिवसीय पुस्तक मेला सभी छात्रों और पाठको के लिए एक अच्छा अवसर है, पुस्तकों के बिना हमारा जीवन अधूरा है, पुस्तके मात्र छपी सामग्री ही नहीं है बल्कि यह ज्ञान का स्रोत है। यदि हम पुस्तकों का महत्व समझें तो यह हमारे जीवन में सुख का आधार है, यदि उन्हें दोस्ती करनी है तो पुस्तकों से करें। पुस्तके ऐसी मित्र है जो कभी साथ नहीं छोड़ती।”
रावत नें कहा कि, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी पढ़ने की आदत पर विशेष बल देते हैं। आज आई टी, ई-लाइब्रेरी, डिजिटल बुक्स के लोकप्रिय होने से तकनीकी क्षेत्र में संक्रमण काल चल रहा है। हमारे समक्ष चुनौती है कि हमें डिजिटल भी होना है तथा पुस्तकों का महत्व बनाए रखना है। हम संकल्प ले सकते हैं कि एक घंटा धार्मिक, सांस्कृतिक, तकनीकी, विज्ञान, ललित कला आदि से संबंधित पुस्तकें पढ़ें।”
पंचायत स्तर पर पुस्तक मेले आयोजित करने की बात भी कही।