चमोली जिले मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे उत्तराखंड के संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने बातचीत में कहा कि अविभाजित उत्तर प्रदेश और राज्य बनने से लेकर अब तक उत्तराखंड राज्य सरकार ने जो भी कानून बनाये हैं, उनका संकलन कर दस्तावेज का रूप दिया जाएगा ताकि आम आदमी को सुलभ हो सके।
संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पहला ऐसा राज्य होगा जो राज्य के बनाए गए कानूनों को एक साथ संकलित कर दस्तावेज की शक्ल देगा। वे कानून जो अब निरीसित माने गए हैं, जिनकी अब कोई आवश्यकता नहीं है, उन्हें निरीसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के द्वारा समय-समय पर कानून बनाये जाते हैं, मगर उन्हें एक साथ संकलित कर उन्हें दस्तावेज की शक्ल देने का विचार उनके मन में आया है।
कार्यमंत्री ने कहा कि अविभाजित उत्तर प्रदेश में बने वे कानून जिन्हें उत्तराखंड राज्य ने भी स्वीकार किया और अपना राज्य बनने के बाद अपने जो कानून बनाये हैं, उन्हें एक साथ संकलित करने का काम लगभग पूरा हो गया है। जो जल्द ही सुलभ होगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड ऐसा राज्य होगा जो राज्य के कानूनों के संकलन का दस्तावेज तैयार करेगा।
अब तक के कानूनों को दस्तावेज की शक्ल देने वाला पहला राज्य होगा उत्तराखंड
जिलाधिकारी ने अपनी जेब से भरी गरीब छात्र की फीस
चमोली जिले के महाविद्यालय गोपेश्वर के एक छात्र जिसके पिता नहीं है और आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह कॉलेज की फीस भी जमा नहीं कर पा रहा था। जिसके कारण बीच में ही पढ़ाई छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा रहा था। जब जिलाधिकारी आशीष जोशी को यह बात पता चली तो उन्हें ढाई हजार रुपये कॉलेज के खाते में जमा करवाए। इससे छात्र अगले सेमेस्टर में प्रवेश पा सका। छात्र को जब यह बात मालुम चली तो खुशी का ठिकाना न रहा।
चमोली जिले के विकास खंड पोखरी के सलना तौणजी का छात्र प्रमोद लाल जो पीजी कॉलेज गोपेश्वर में तृतीय वर्ष पंचम सेमेस्टर का छात्र है। इसके पिताजी मदन लाल की पहले मृत्यु हो गई थी। गरीबी के बावजूद भी प्रमोद लाल पढ़ना चाहता था वह किसी तरह अब तक पढ़ रहा था लेकिन अब जब फीस देने लायक स्थिति न बनी तो वह पढ़ाई बीच में ही छोड़ने के लिए विवश हो रहा था। जबकि वह पढ़ना चाहता था।
जब जिलाधिकारी को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने छात्र प्रमोद लाल की फीस स्वयं वहन करते हुए कॉलेज के खाते में जमा करा दी। प्रमोद लाल की खुशी का ठिकाना न रहा। इसके लिए उसने जिलाधिकारी का आभार प्रकट किया है।
रोबो सॉकर में ग्राफिक एरा की टीम देश में अव्वल
ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी की टीम ने रोबो सॉकर के मुकाबले में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। रोबो वॉर में ग्राफिक एरा की टीम दूसरे स्थान पर रही। विजेता टीमों का देहरादून लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। ट्रिपल आईटी दिल्ली में ईएसवाईए-17 के नाम के इस नेशनल टेक्निकल फेस्ट का आयोजन किया गया था।
ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी की टीम ने रोबोट के फुटवॉल के मुकाबले में सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक गोल करके प्रथम पुरस्कार जीत लिया। इस प्रतियोगिता में देश की 38 टीमों ने भाग लिया। रोबो वॉर में टीम दूसरे स्थान पर रही। बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कम्प्यूटर साईंस, इलेक्ट्रॉनिक्स कम्युनिकेशन और एमसीए के छात्रों ने ये रॉबोट तैयार किए थे। इन टीमों में अभिजीत रॉय, मुकुल लिंगवाल, गौरव सिंह, वरुण त्रिपाठी, गयासुद्दीन, शशि शेखर, प्रशांत डंडरियाल, सचिन सिंह, मानस विश्नोई और सौरभ करिर शामिल थे। शिक्षकों गगन बंसल और मानस उपाध्याय ने इन टीमों का नेतृत्व किया।
वहीं, ग्राफिक एरा ग्रुप के प्रेसीडेंट डॉ. कमल घनशाला ने विजेता टीमों को सम्मानित करते हुए कहा कि जिस तेजी से तकनीकों में बदलाव हो रहा है, उसे देखते हुए वक्त के साथ कदमताल करने के लिए नई तकनीकों से जुड़ना और खुद शोध करके कुछ नया प्रस्तुत करना समय की पुकार बन गया है। ग्राफिक एरा के छात्रों ने पिछले दो वर्षों में जिस तरह नई खोज करके दुनिया को बम डिटेक्टर और सिंगल स्टैप के ग्रे कोड जैसे नए उपहार दिए हैं, कामयाबी के उस सिलसिले को और आगे बढ़ाने के लिए पहले से अधिक प्रयासों की आवश्यकता है।
आम के हरे पेड़ों पर चली आरियां
एक तरफ सरकार पेड़ों को लगाने के लिए लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। वहीं भूमाफिया सरकारों के इस प्रयास को धत्ता बताते हुए हरियाली को समाप्त करके कंकरीट का जंगल खड़ा करने में जुटे हुए हैं। ताजा मामला सुल्तानपुर का है जहां पर कस्बे के पास एक बाग पर रात के अंधेरे में आरियां चला दी गयीं। रात्रि के समय आम के आठ हरे-भरे पेड़ों को बिना परमिशन के ही कटवा दिया। साथ ही कटे हुए पेड़ों की पहचान मिटाने के लिए सुबह के समय बाग में जेसीबी मशीन लगाकर जड़ों को उखड़वा दिया गया। आम के पेड़ काटने की सूचना पर उद्यान अधिकारी ने मौके पर जाकर जांच की तो मामला सही पाया। उद्यान विभाग अधिकारी अब बाग स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
बुधवार रात्रि सुल्तानपुर कस्बे के निकट स्थित एक बाग स्वामी ने अपने बाग में खड़े आम के आठ हरे-भरे पेड़ों को बिना परमिशन के ही कटवा दिया। कटे हुए पेड़ों की पहचान मिटाने के लिए गुरुवार की सुबह जेसीबी मशीन लगाकर आम के कटे पेड़ों की जड़ को भी उखड़वा दिया गया। गांव के पास बाग से कटे पेड़ों को देख किसी ग्रामीण ने मामले की जानकारी उद्यान विभाग अधिकारियों को दी। सूचना पाकर उद्यान विभाग अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की।
वहीं, सुल्तानपुर कस्बे के पास आम के बाग से बिना परमिशन हरे-भरे पेड़ काटे जाने का यह पहला मामला नहीं है। क्षेत्र में आए दिन बिना परमिशन के बाग से आम के हरे भरे पेड़ों को काटा जा रहा है और उद्यान विभाग अधिकारी मोन बने हुए हैं। लक्सर क्षेत्र के उद्यान विभाग निरीक्षक चौधरी महिपाल सिंह का कहना है कि सुल्तानपुर के पास आम के बाग से बिना परमिशन आम के हरे भरे पेड़ों के काटे जाने का मामला सही है। अब बाग स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने की तैयारी की जा रही है।
साइबर ठगों से वापस कराई पुलिस ने चोरी की रकम
साइबर ठगी के मामले में ऋषिकेश पुलिस को बढ़ी कामयाबी हाथ लगी है। समय पर सूचना मिलने और तुरंत एक्द्वाशन के चलते साइबर ठगों से 40000 रुपये वापस कराए गए। 6 अप्रैल 2017 को सतेन्द्र कुमार डीजीबीआर कैम्प (ग्रीफ) ऋषिकेश ने शिकायत दर्ज कराई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर एटीएम का पासवर्ड हासिल कर उनके खाते से ₹50,000 निकाल लिए हैं। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने कांस्टेबल कमल जोशी को इस केस को सुलझनाे के लिये लगाया।
जाच के दौरान पता चला कि 50,000/- मे से 40,000/- एम पैसा कम्पनी और 10,000 एयरटेल मनी के खाते में ट्रांसफर किया गया था। इस पर कार्यवाही करते हुए कम्पनी के खातो को सीज किया गया था तथा शिकायतकर्ता के खाते से सम्बन्धित जानकारी कम्पनी को भेजी गयी। जिस पर एम पैसा के खाते में बचे 40,000 शिकायतकर्ता के खाते में वापस आ गये है।
पिछले दिनों उत्तराखंड में और खासतौर पर देहरादून, उधमसिंह नगर इलाकों में साइबर अपराधों के मामलों मेों खासा इजापा हुआ है। इसमें खासतौर पर साइबर हैकिंग के माध्यम से एटीएम और बैंक खातों से पैसे निकालना प्रमुख है। पुलिस ने भी लोगों से अपने बैंक खातों को आॅनलाइन आॅपरेट करने में खासी सावधानी बरतने के लिये कहा है।
प्रमोशन के लिए केबीसी में जूनियर बच्चन
हाल ही में सोनी चैनल पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 9वां सीजन शुरू हुआ, जिसमें इस बार एक खास बात ये बताई गई कि इस नए सीजन के दौरान किसी भी फिल्म सेलिब्रिटी को किसी तरह के प्रमोशन के लिए शो में नहीं बुलाया जाएगा।
सोनी चैनल की ओर से शो का प्रसारण शुरू होने से पहले बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में इस बात की अधिकारिक तौर पर घोषणा भी की गई थी। अब इसी शो को लेकर खबर आ रही है कि इस सीजन में मेहमान के तौर पर केबीसी के सेट पर जूनियर बच्चन, यानी अभिषेक बच्चन पंहुचेंगे और वो इसलिए कि उनकी कबड्डी की टीम जयपुर पैंथर कबड्डी प्रीमियर लीग में हिस्सा ले रही है।
अभिषेक बच्चन के केबीसी में आने को लेकर केबीसी के सूत्रों ने इस खबर को सही बताया है कि वे अपनी कबड्डी टीम का प्रमोशन करेंगे। चैनल जहां इस खबर पर चुप्पी साधे हुए है, वहीं सूत्र बता रहे हैं कि अभिषेक और उनकी कबड्डी टीम के साथ केबीसी के इस एपीसोड की शूटिंग भी हो चुकी है, लेकिन अभी तक इसकी टेलीकास्ट डेट तय नहीं हुई है।
अनुष्का की फिल्म के सेट पर हादसे में मजदूर की मौत
बतौर निर्माता अनुष्का शर्मा की प्रोडक्शन कंपनी की नई फिल्म परी की शूटिंग के दौरान हाल ही में एक ऐसा हादसा हो गया, जिसकी चपेट में आकर फिल्म से जुड़े एक मजदूर की मौत भी हो गई। ये हादसा बंगाल के 24 परगना में हुआ, जहां टीम इस फिल्म की शूटिंग कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, जहां शूटिंग हो रही थी, वहां करंट लगने से सैटिंग डिपार्टमेंट के एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम शाह आलम था और उसकी उम्र 23 साल थी। हादसे के फौरन बाद उसे निकटवर्ती अस्पताल पंहुचाया गया, जहां डाक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतक उत्तर प्रदेश के बांदा जिला का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार, जहां शूटिंग हो रही थी, वहां आसपास बांस की झाड़ियां थी, जिन पर करंट वाले वायर गुजर रहे थे। मृतक शाह आलम इन तारों में दौड़ रहे करंट का शिकार होकर अपनी जान गंवा बैठा। हादसे के फौरन बाद शूटिंग रोक दी गई और अनुष्का शर्मा कोलकाता वापस लौट गईं।
शाह आलम के पार्थिव शरीर को पोस्ट मार्टम के बाद स्थानीय पुलिस ने उसके पैतृक गांव भेजने का इंतजाम किया और मामले की जांच शुरु कर दी है। ‘एन एच 10’ और ‘फिल्लौरी’ के बाद बतौर निर्माता अनुष्का शर्मा की प्रोडक्शन कंपनी की ये तीसरी फिल्म है और ये अगले साल फरवरी में रिलीज होगी। बंगाली फिल्मों के निर्देशक प्रोसित राय इस फिल्म से पहली बार बालीवुड का रुख कर रहे हैं। विद्या बालन की फिल्म ‘कहानी’ की पहली कड़ी में बंगाल पुलिस के युवा अधिकारी का रोल निभाने वाले बंगाली अभिनेता परमब्रता चटर्जी इस फिल्म में अनुष्का शर्मा के साथ बतौर हीरो काम कर रहे हैं।
अवैध रुप से पेड़ काटने वाले पर मुकदमा दर्ज
वंदना शर्मा वन बीट अधिकारी मालसी बीट वन विभाग ने थाना राजपुर पर सूचना दी की कि आज मैं अपने बीट क्षेत्र मालसी क्षेत्र में गश्त कर रही थी तो गोली रेस्टोरेंट पूर्वपुल रोड राजपुर के पास एक प्लॉट के बाहर सरकारी वृक्षों का पतन किया जा रहा था। काटने वालों सें वृक्षों के काटने की अनुमति मांगी गई तो नहीं दिखाई। तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति जिसका नाम चेतन तोमर द्वारा वन बीट अधिकारी वादिनी का हाथ पकड़कर गाली गलौज व मारपीट हाथापाई करने लगा। बन बीट अधिकारी द्वारा अपना परिचय भी दिया गया लेकिन वह गाली गलौज व मारपीट करने करता रहा। मौके से अभियुक्त फरार हो गया। जिसके विरुद्ध थाना राजपुर पर मु0अ0सं0 101 /2017 धारा 332/353/354/323/ 504/506 IPC में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
मोदी कैबिनेट से उमा-रूडी समेत आठ का इस्तीफा, चौधरी वीरेंद्र ने भी की पेशकश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार पर हुई लंबी मीटिंग के चलते केंद्र के करीब आठ मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। कुछ और मंत्रियों ने भी इस्तीफे की पेशकश की है। कई के मंत्रालय बदले जाने की भी खबर आ रही है।
गुरुवार देर रात कौशल विकास मंत्री रहे राजीव प्रताप रूडी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हेल्थ ऐंड फैमिली वेलफेयर राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने स्वास्थ्य कारणों के आधार पर और संजीव बाल्यान, कलराज मिश्र, महेंद्र नाथ पांडेय, निर्मला सीतारमन और गिरिराज सिंह ने भी अपने इस्तीफे संगठन महामंत्री राम लाल को सौंप दिए हैं। वहीं चौधरी वीरेंद्र ने भी इस्तीफे की पेशकश की है।
गौरतलब है कि 2019 के आम चुनावों से पहले का ये आखिरी कैबिनेट फेरबदल माना जा रहा है। इसके चलते ये कयास लगाये जा रहे हैं कि कुछ मंत्रियों को चुनावों की तैयारी के लिये प्रधानमंत्री संगठन की जिम्मेदारी दे सकते हैं वहीं कुछ मंत्रियों को परर्फाॅर्म न करने का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
डीएवी चुनाव काउंटिंग के दौरान डायवर्ट रहेंगे कुछ रुट
डी.ए.वी. पी.जी0.कॉलेज छात्रसंघ चुनाव 2017-18 के अन्तर्गत मतदान कार्यक्रम सकुशल सम्पन्न हुआ तथा अाज 9:00 बजे से मतगणना का कार्यक्रम प्रस्तावित है। छात्रसंघ चुनाव के दृष्टिगत शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये व छात्रसंघ के चुनाव को शान्ति पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के लिये सम्पूर्ण कॉलेज परिसर व उसके आस-पास के क्षेत्र को 3 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन के प्रभारी अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक रेंक के अधिकारी को बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त कनक चौक, एस्लैह़ॉल, धारा चौकी के पास (यूनिवर्सल) स्थित पैट्रोल पंपों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल नियुक्त किया गया है। साथ ही शांति व्यवस्था के दृष्टिगत डीएवी कॉलेज व उसके आसपास के क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा सतर्क दृष्टि रखने हेतु 5 पेट्रोल कारों में मोबाइल पार्टियों को नियुक्त किया गया है। निम्न स्थानों पर अस्थाई बैरियर स्थापित कर उनमें पीएसी व पुलिस बल नियुक्त किया गया है:
1. डीएवी कॉलेज मेन गेट
2. डीएवी चौक
3. चावला चौक
4- सर्वे चौक
5. नन्ही दुनिया बैरियर, डीएवी रोड।
चुनाव मतगणना के उपरांत विजयी प्रत्याशीयो के जलूस नगर मजिस्ट्रेट की अनुमति के पश्चात ही निकाले जाएंगे तथा किसी भी विजयी जलूस को सर्वे चोक से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त डालनवाला/ कोतवाली के मुख्य बाज़ारों, पेट्रोल पम्पो, बारों, होटलो, रेस्तरों आदि स्थानों पर देर रात्रि तक पुलिस बल तथा चीता मोबाइल नियुक्त की जायेंगी।





























































