Page 531

फर्जी बाबाओं के खिलाफ निर्णय पर परिषद को दी बधाई

0

फर्जी संतों को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने जो आज फर्जी संतों की सूची जारी की है, उससे संत समाज में हर्ष का माहौल है।

विश्व सनातन परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत, भारत साधु समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, स्वामी कृष्णानंद, स्वामी रामस्वरूप, मुखिया महंत भगतराम, निर्मल अखाड़े के सचिव महंत बलवंत सिंह, महंत रविन्द्र पुरी, महंत रामानंद पुरी, महंत मोहनदास, स्वामी ऋषिश्वरानंद, स्वामी ऋषिरामकृष्ण, महंत रंजय सिंह, महंत साधनानंद सहित कई संत महंतांे ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा फर्जी संतों पर जो सख्त कार्यवाही का निर्णय लिया है सभी संत महंतों ने इसका स्वागत करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेन्द्र गिरि, राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि, राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत मोहनदास महाराज को सभी संत महंतों ने बधाई देते हुए कहा कि पहली बार अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने फर्जी संतो के खिलाफ जो कदम उठाया है।
संतों महंतों ने अध्यक्ष श्री महंत नरेन्द्र गिरि को बधाई देते हुए कहा कि देश में जो इस समय फर्जी संतों महंतो ंने जो देश में घृणित कार्य करके संत समाज को बदनाम किया है। वह अपने आप में एक बहुत ही शर्मशार करने वाली घटना है। चाहे इसमें आशाराम बापू हो या राम रहीम हो या रामपाल हो या भीष्मानंद हो या निर्मल बाबा हो जो भी फर्जी बाबा या अपने आपको संत बताने वाला संत समाज की मर्यादा को भंग करेगा उसे समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं।
महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत ने कहा कि पूरे देश में संतों को भगत भगवान का स्वरूप मानते हैं पर इन फर्जी बाबाओं ने भक्तों के साथ खिलवाड़ करके संत समाज की गरिमा को गिराया है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। ऐसे फर्जी बाबाओं और फर्जी संत अपने आपको बताने वालों को समाज कभी माफ नहीं करेगा।
स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने फर्जी बाबाओं पर नकेल डालने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद को बधाई देते हुए कहा कि अध्यक्ष श्री महंत नरेन्द्र गिरि महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि द्वारा जो अखाड़ा परिषद की बैठक में फर्जी संतो के खिलाफ निर्णय लिया गया है। उसका समस्त संत समाज स्वागत करता है। पहली बार अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने इतना बड़ा अहम फैसला लेकर देश में फर्जी बाबाओं के खिलाफ अभियान चलाकर एक मिसाल कायम की है जिसे संत समाज कभी भुला नहीं सकता।
दक्षिण काली पीठाधीश्वर म.म. स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी ने भी अखाड़ा परिषद के निर्णय को सर्वोपरि बताते हुए अध्यक्ष श्रीमहंत नरेन्द्र गिरि, महामंत्री श्रीमहंत नरेन्द्र गिरि को बधाई देते हुए कहा कि पहली बार अखाड़ा परिषद ने इतना बड़ा निर्णय फर्जी संतों के खिलाफ जो लिया है, वह स्वागत योग्य हैं।
स्वामी कृष्णानंद स्वामी रामस्वरूप महाराज ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के निर्णय को बहुत ही महत्वपूर्ण बताते हुए अध्यक्ष श्रीमहंत नरेन्द्र गिरि, राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरि को बधाई का पात्र बताया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के निर्णय का सभी संत महंतों ने स्वागत किया। स्वागत करने वालों मंे म.म. स्वामी कपिल मुनि, स्वामी श्यामसुन्दरदास शास्त्री, स्वामी गोपाल मुनि, भारत साधु समाज के पंजाब जम्मू प्रान्त के अध्यक्ष स्वामी महादेव महाराज, महंत मोहनदास रामायणी, स्वामी चिद्विलासानंद, श्रीमहंत विनोद गिरि, महंत साधनानंद, स्वामी शिवानंद भारती, महंत भगवानदास, महंत विष्णुदास, महंत रघुवीर दास, महंत श्याम प्रकाश, महंत प्रेमदास सहित सभी संत महंतों ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा फर्जी बाबाओं और फर्जी महंतों पर की गई कार्यवाही का स्वागत करते हुए पूरी अखाड़ा परिषद टीम को बधाई दी। 

मैड संस्था ने चिकित्सालयों पर स्वच्छता बिगाड़ने का लगाया आरोप

0

मेकिंग अडिफरेंस बाय बीइंग द डिफरेंस (मैड) संस्था ने अस्पताल एवं क्लीनिक जैव चिकित्सालय में उपयोग किए जा रहे सुई एवं सिरिंज सहित अन्य हानीकारण वस्तुए मिलने पर शहर के कुछ चिकित्सालयों पर स्वच्छता बिगाड़ने का आरोप लगाया है।

रविवार को मैड संस्था ने यह चौका देने वाली बात खुद के द्वारा संचालित की गयी एक सफाई एवं जागरूकता अभियान के के बाद एक जारी बयान में बताया कि अवशिष्ट अर्थात अस्पतालों में पाए जाने वाले कूड़े का सही तरह से निस्तारण नहीं किया जा रहा है और इस कूड़े को कूड़ेदान में न फेंककर सड़क पर फेका जा रहा है जिससे महामारी फैलने का ख़तरा है।

मैड पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था द्वारा शहर में चलाया जा रहा स्वच्छता अभियानर में सड़कों पर इस तरह के अस्पताल में उपयोग की जाने वाली सूई व अन्य हानीकारण पदार्थ कूड़ेदान में पाए जा रह है।  आराघर चौक के समीप पुराने बस अड्डे के समक्ष खून के नमूनों के साथ साथ बैंडेड इत्यादि सामान यूँ ही कूड़े में सुई एवं सिरिंज भी मिलने लगे। जागरूकता अभियान के द्वारा संस्था ने ये भी पाया कि उस क्षेत्र के आस पास कई सारे नामी गिरामी एवं निजी तौर पर चिकित्सा प्रदान कर रहे अस्पताल एवं संस्थान मौजूद हैं।

मैड ने यह देखकर अभियान को जल्दी समाप्त किया और सीधे नगर निगम जाकर वहां बैठे कर्मचारी को कूड़े के ढ़ेर से मिली चीजों का एक सैंपल पेश कर दिया। रविवार होने के कारण नगर निगम अधिकारिक रूप से तो बंद था लेकिन मैड ने यह मन बना लिया है कि इस गंभीर मुद्दे पर वह सरकार के हर स्तर पर जरूर आवाज़ उठायेगी।

भारी बारिश के बीच हुए इस कार्यक्रम में शामिल होने वालों में से संस्थापक अध्यक्ष अभिजय नेगी, शार्दुल असवाल, विनोद बगियाल, पल्लवी भाटिया, सौरव जोशी शामिल रहे।

गुस्साई भीड़ पर बरसी लाठियां

0

उधमसिंहनगर जिले के काशीपुर में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। किशोरी के गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने क्षेत्र के कुंडेश्वरी चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया घटना के बाद से ही किशोरी के परिजनों और ग्रामीणों में रोष है। वहीं मृतक किशोरी के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं जाम लगने के बाद पुलिस ने ग्रामीणें की भीज को हटाने के लिए लाठियां भांजी।
काशीपुर के गुलजारपुर गांव निवासी एक किशोरी शनिवार शाम को खेत में घास काटने गर्इ थी। इस दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पौस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। घटना के बाद से ही किशोरी के परिजन और ग्रामीण बेहद आक्रोशित हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने कुंडेश्वरी चौक पर किशोरी का शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कि जाती है, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने में जुटी है,लेकिन देर तक जब ग्रामीण जाम लगाये बैठे रहे तो पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठियां भांजना शुरु कर दिया जिससे भीड तितर बितर हो गया वहीं युवती के शव को परिजनों के हवाले कर दाह संस्कार करने की बात कहीं।

पति-पत्नी के विवाद में पत्रकार पर हमला

0

पारिवारिक विवाद में मध्यस्थता कर रहे एक पत्रकार व उसके दोस्तों पर लड़के पक्ष के लोगों ने प्राणघातक हमला बोल दिया। लाठी-डंडे लैश करीब आधा दर्जन लोगों ने पत्रकार व उसके साथियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। उन्हें घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी का आवास विकास में निवास है। हिमांशु के पारिवारिक मित्र ज्ञान चंद्र कश्यप है। हिमांशु ने बताया कि ज्ञान चंद्र की बेटी संगीता कश्यप की शादी करीब 22 साल पूर्व ऋषिकेश के रायवाला निवासी रामेश्वर कश्यप से हुई थी। रामेश्वर रायवाला में आशु स्वीट के नाम से एक मिठाई की दुकान चलाते हैं। इसी दुकान पर आशु ने कुछ सालों से अपने रिश्तेदारों को बैठाना शुरू कर दिया। इसको लेकर संगीता और रामेश्वर में विवाद होने लगा। दोनों पति पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होने लगे। हिमांशु ने बताया कि रामेश्वर संगीता के साथ मारपीट करता है। इसी बात को लेकर संगीता मायके आ गई है।
रविवार की सुबह हिमांशु अपने दोस्त ज्ञान चंद्र व उसके बेटे सुभाष और संगीता को लेकर रायवाला थाने में पुलिस शिकायत करने पहुंचे। वहां पर रामेश्वर के परिवार के लोगों से थाने में ही विवाद हो गया। इसके बाद हिमांशु व सभी लोग करीब एक बजे हरिद्वार आ गए। हिमांशु ने बताया कि लड़के पक्ष से रामेश्वर, अरविंद, सुमन, नीशू, सर्वेश, कन्नू और कई अज्ञात उनका पीछा करते हुए घर पर पहुंच गए। सभी के हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने हमला बोल दिया। हिमांशु, सुभाष ने विरोध किया, लेकिन सभी लोग मार-पीटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल पत्रकार हिमांशु को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। घायल के अस्पताल में भर्ती होने के चलते पुलिस को तहरीर अभी नहीं दी गई है।

सेना भर्ती रैली का आयोजन, सात राज्यों से उमड़े युवा

0

देशभक्ति का जज्बा कहें या बेरोजगारी की मार। प्रादेशिक सेना की भर्ती के लिए रविवार को ही सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी दून पहुंच गए। रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और भर्ती स्थल के आसपास युवाओं का भारी जमावड़ा लग गया। कई अभ्यर्थी जगह नहीं मिलने की वजह से रात में सड़क किनारे सोए, भर्ती रैली में सात राज्यों के युवा भाग लेंगे।

थलसेना की 108 इन्फेंट्री बटालियन प्रादेशिक सेना (टीए) महार के तत्वावधान में आज गढ़ी कैंट स्थित शहीद जसवंत सिंह ग्राउंड (महिंद्रा ग्राउंड) पर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में शामिल होने वाले युवाओं को सोमवार सुबह पांच बजे से पहले ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी युवा को रैली में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। पहले दिन अभ्यर्थियों को राज्य व आयु ग्रुप के अनुसार दौड़ाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित अवधि में दौड़ पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही दूसरे दौर की परीक्षा में शामिल होने दिया जाएगा। भर्ती रैली की मुकम्मल व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन से सहयोग मांगा गया है। भर्ती 21 जनरल ड्यूटी और छह ट्रेड्समैन के खाली पदों के लिए होगी। ट्रेड्समैन में दो कुक, दो हेयर ड्रेसर, एक वाशरमैन और एक उपकरण रिपेयर का पद शामिल है।

108 इन्फेंट्री बटालियन (टीए) महार रेजीमेंट के मेजर विकास कुमार सिंह ने बताया कि भर्ती के पहले दिन उत्तराखंड के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उड़ीसा, बिहार, छत्तीसगढ़ व झारखंड राज्यों के युवाओं को 1600 मीटर की दौड़ लगानी होगी। महार रेजीमेंट के कमान अधिकारी की ओर से भर्ती की सभी तैयारियों की समीक्षा के बाद उसे अंतिम रूप दिया गया है।
अंशकालिक सेवा, पर उत्साह जबरदस्त

प्रादेशिक सेना एक स्वैच्छिक और अंशकालिक नागरिक सेना है। इसमें पूर्णकालिक के बजाए सैनिकों को तैनाती के समय का ही वेतन दिया जाता है। ताज्जुब यह कि इसके बावजूद भी भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज है। अधिकारी इसकी वजह सैन्य वर्दी की ललक, एक फौजी के रूप में मिलने वाली सुविधाएं व न्यूनतम सेवा पर पेंशन के लाभ को मान रहे हैं। 

पलायन रोकने के लिए रोजगार को सरकार दे रही है बढ़ावा: मुख्यमंत्री

0

प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार पहाड़ से पलायन रोकने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसके साथ ही काश्तकारों को फसलों का सही मूल्य मिले इसके लिए क्लस्टर आधारित योजनाएं बनाकर धरातल पर उतार कर किसानों की आर्थिकी मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को जिला कार्यालय सभागार टिहरी में अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए ऐलोपैथिक, आयुर्वेदिक और हौम्योपैथिक चिकित्साधिकारियों की संयुक्त बैठक कर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में, उपलब्ध चिकित्सकों व संसाधनों के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन के लिए नये क्षेत्रों की तलाश एवं ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन देने की दिशा में कार्य करने के लिए पर्यटन विभाग को निर्देश दिये। उन्होंने स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए योजनाएं बनाने के निर्देश दिये, ताकि जो लोग अपने घरों से बाहर रहते है या पलायन कर गये है, उनको घर वापसी के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए उत्तराखण्ड की संस्कृति से निर्मित भवनो में आधुनिक सुविधायें उपलब्ध करायी जाएं। साथ ही, पर्वतारोहण के लिए पंवालीकांठा, सहस्त्रताल सहित ऐसे अन्य क्षेत्र जो अभी तक पर्यटन के नक्शे पर नही आ पाये हैं, को भी साहसिक पर्यटन के रूप में सोशल मीडिया व इंटरनेट के माध्यम से प्रचारित-प्रसारित किया जाए।
सीएम ने कहा कि टिहरी झील को भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनाने की दिशा में ठोस कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराये जाने वाले खाद्यान की गुणवत्ता व समय से उपलब्ध कराये जाने की दिशा में कार्य करने हेतु जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्यान योजना के अन्तर्गत दी जाने वाली सब्सिडी नवम्बर माह से सीधे लाभार्थी के खाते में डाली जायेगी तब तक सभी राशन कार्ड धारकों को आधार लिंक के साथ ही उनके बैंक खातों से जोडने का कार्य पूरा करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने लाे.नि.वि. के अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने तथा जो धनराशि अवमुक्त की गई है उसका भी समय से उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्हांेने सकलाना क्षेत्र के हटवाल गाॅव में 2013 की आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त झूला पुल को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन के किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
समीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में 10 से कम छात्र संख्या वाले 334 विद्यालय हैं। समाज कल्याण विभाग के द्वारा पेंशन पात्र व्यक्तियों को समय से मिले इसके लिए बैंक खातों को आधार से लिंक करने के लिए कैम्प लगवाने के भी निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने जंगली जानवरों से फसलों की रक्षा के लिए परीक्षण के तौर पर आसामी मिर्च जौलकिया के उत्पादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसकी खुशबु से जंगली जानवर फसलों को क्षति नहीं पंहुचाएंगे। उन्होंने कहा कि मशरुम व व्यवसायिक खेती की भी क्लस्टर आधारित खेती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघो में उत्पादकता बढाने के लिए पंवालीकांठा के लिए बनाये गये रोपवे का उपयोग कर गुज्जरों द्वारा उत्पादित दुध को संघ के माध्यम से संग्रह करने की दिशा में कार्य करें।
उन्होंने मौके पर ही सहायक निदेशक दुग्ध को पंवालीकांठा क्षेत्र का भ्रमण कर वस्तुस्थिति जानकारी लेने के निर्देश दिए। इसके अलावा मत्स्य पालन, सिचांई, पशुपालन, सहकारिता, रेशम, खेलकूद, युवाकल्याण, वन विभाग सहित अन्य विभागों की समीक्षा की।

टेंपो खाई में गिरा, दो लोगों की मौत

0

लंबगांव-उत्तरकाशी मोटर मार्ग पर चूलीखेत और मट्टी गांव के पास एक टेंपो ट्रेवल गहरी खाई में जलपुर नदी में जा गिरा। जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। चालक को आपतकालीन सेवा की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों में देवेंद्र सिंह पुत्र सूरत सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी भटवाड़ी उत्तरकाशी, चंद्रबीर सिंह पुत्र विक्रम सिंह उम्र 52 निवासी धराली उत्तरकाशी शामिल हैं। जबकि टेंपो चालक आशीष मूल रूप से नेपाल का निवासी है, जो उत्तरकाशी के गंगोरी क्षेत्र में रहता है। मृतक देवेंद्र सिंह और चंद्रबीर सिंह आपस में रिश्तेदार हैं। देवेंद्र सिंह की लड़की का ओखलाखाल स्थित पॉलिटे‌क्निक कॉलेज में एडमिशन कराने के लिए देेवेंद्र सिंह और चंदरबीर सिंह ओखलाखाल गये थे। जहां बेटी का एडमिशन कर उन्होंने उसको वहीं छोड़ दिया और शाम को ओखलाखाल से टेंपो ट्रेवल में बैठकर उत्तरकाशी के लिए रवाना हुए। लेकिन देर रात टेंपो चूलीखेत व मट्टी गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

रविवार को जब दोनों घर नहीं लौटे तो उत्तरकाशी से परिजन ओखलाखाल के लिए रवाना हुए। जहां बेटी ने बताया कि वे लोग तो शनिवार शाम को ही उत्तरकाशी के लिए निकल गये थे, जिस पर परिजनों ने इसकी सूचना लंबगांव प‌ुलिस को दी। पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासन उत्तरकाशी की तरफ उनकी ढूंड में निकल पड़ा। इस बीच रास्ते में चूलीखेत व मट्टी गांव के पास सड़क के किनारे टायर के खसीटने के निशान मिले। जिस पर उन्होंने नीचे खाई में उतरकर देखा तो वहां देवेंद्र और चंद्रबीर के बॉडी दिखाई दी। ‌

जबकि टेंपो जलपुर नदी में गिरा हुआ था और चालक आशीष नदी किनारे घायल अवस्था में पानी में पड़ा हुआ था। इस पर प्रशासन ने 108 आपातकालीन सेवा की मदद से चालक आशीष को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचा। उसके सिर और पैर में गंभीर चोटे आई हैं। एसडीएम डुंडा सौरभ असवाल ने बताया कि, “घटना में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर घायल है। दोनों शवों को निकालने के लिए एसडीआरएफ व राजस्व की टीम भेजी गई है। इसके बाद शवों को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा जायेगा। जबकि चालक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।” 

सीएम आवास पर आत्महत्या के इरादे से जा रहे पांच लोग गिरफ्तार

0

मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या के इरादे से जा रहे पांच लोगों को थाना भगवानपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पांचों आरोपी बीपीएड बेरोजगार संघ के सदस्य हैं। इन्होंने करीब 15 दिन पूर्व नेहरू स्टेडियम में धरना-प्रदर्शन कर सरकार को चेताया था कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वे पंद्रहवें दिन अपनी डिग्री फाड़ देंगे और देहरादून में मुख्यमंत्री आवास के बहार आत्महत्या कर लेंगे।

रविवार को पुलिस ने रुड़की से इस संगठन के पांच कार्यकर्ताओं को रुड़की से बोलेरो कार में देहरदून सीएम आवास के लिए रवाना होने के बाद भगवानपुर में कस्टडी में ले लिया। आत्महत्या का प्रयास करने वाले बेरोजगारों में पल्लवी कुकरेती, प्रवीन कुमार, नरेन्द्र कुमार, विनीता और राम गोपाल शामिल हैं। पल्लवी कुकरेती ने बताया की अगर उन्हें नौकरी नहीं मिलेगी तो उनके पास कोई और विकल्प ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हर बार उन्हें अश्वाशन देकर टाल दिया जाता है। इससे हताश होकर ही सब बेरोजगार अब आत्महत्या हो मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार तो प्रसाशन ने आदेश जारी करके उनकी गिरफ्तारी करा दी, लेकिन अगर जल्द ही बेरोजगारों को रोजगार नहीं दिए गए तो वो इसी तरह से आत्महत्या का प्रयास फिर से करेंगे।

कोटद्वार में फिर तनाव पैदा करने की कोशिश

0

देवभूमि उत्तराखंड के गढ़वाल का द्वार कहे जाने वाले कोटद्वार नगर की शांत वादियों में एक बार फिर असामाजिकतत्वों ने तनाव पैदा करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस अधिकारियों व स्थानीय निवासियों की सूझबूझ से स्थिति संभल गई। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति सामान्य है। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है।

रविवार सुबह कोटद्वार नगर के मौहल्ला गाड़ीघाट स्थित मालगोदाम के पास दुर्गादेवी मंदिर के सामने एक दुकान के शटर पर एक पर्चा चिपका मिला। इस पर्चे पर राष्ट्रविरोघी नारों के साथ एक पक्ष के लिए आपत्तिजनक बातें लिखी हुईं थीं, जबकि नीचे दूसरे पक्ष के एक युवक का पता लिखा हुआ था। जब दुकान स्वामी व कुछ अन्य लोगों ने दुकान के शटर पर इस पर्चे को चिपका देखा तो माहौल गर्माने लगा। सूचना मिलने पर मौके पर सभासद विवेक अग्रवाल मौके पर पहुंचे और कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर एएसपी हरीश वर्मा, कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मौ. युनूस खान, बाजार चौकी इंचार्ज प्रदीप सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगो को समझाबुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस इस घटना को प्रथम दृष्टि में किसी असामाजिक तत्व की शरारत बता रही है। फिलहाल पुलिस ने पर्चे कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शहर में सांप्रदायिक माहौल भड़काने वाले जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत में नहीं बख्शा जाएगा।
उधर, भाजपा की कोटद्वार ईकाई ने मुख्यमंत्री को भेजे एक पत्र में रोष प्रकट किया। उन्होने कहा कि कोटद्वार नगर में एक सप्ताह में दो बार एक ही स्थान पर इस प्रकार की घटनाएं होना शर्मनाक हैं। ये घटनाएं किसी सोची समझी साजिश के तहत हो रही हैं। पत्र में उन्होने इन घटनाओं की जांच कराने के लिए एक जांच कमेटी के गठन की मांग की है। 

आम लोगों के लिए जल्द खुलेगा नया पुल

0

गंगनहर पर बनाया गया नया पुल अब जल्द ही नगर की जनता के लिए खोल दिया जाएगा। नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली के तार शिफ्टिंग और सुचारु सीधे मार्ग से कैसे पुल तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी ली।

विधायक ने निरीक्षण के दौरान पुल के रास्ते में बीटी गंज की ओर सिंचाई विभाग की दीवार को तोड़कर पुनः बनाए जाने की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पुल को नवरात्रि में जनता के हवाले कर दिया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने कर कमलों से पुल को नगर की जनता के हवाले करेंगे। उन्होंने बताया कि ये पुल नगर के लोगों को जाम से मुक्ति दिलवाने में बड़ा मददगार साबित होगा। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के एई प्रदीप सैनी, सोनू त्यागी, जेई महक सिंह सैनी बिजली विभाग के जेई रमन सिंह, अनूप राणा, केपी सिंह, मयंक मेहंदीरत्ता, विक्रांत त्यागी आदि मौजूद रहे।