Page 519

पीसीबी के छापे, चार प्रतिष्ठान सील

0

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शुक्रवार को दादूपुर-सलेमपुर में दो दर्जन से अधिक कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच पड़ताल की। प्रदूषण नियंत्रण मानकों के उल्लंघन में चार प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। छापेमारी की भनक लगते ही कई कारोबारी प्रतिष्ठान बंद कर भागे निकले।

टीम ने सिडकुल की कुछ बड़ी कंपनियों को भी चिह्नित किया है जो अनधिकृत डीलरों को स्क्रैप मुहैया कराते थे। इन्हें नोटिस देने की तैयारी चल रही है। आमजन की शिकायत पर जिलाधिकारी दीपक रावत ने दादूपुर स्थित एल्यूमीनियम गोदाम पर छापेमारी कर इसे सीज कर दिया था। लापरवाही पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता अनुराग नेगी को फटकार लगाई थी। उन्होंने स्क्रैप कारोबारी गुजरात निवासी आलम को तीन रोज के भीतर जले प्लास्टिक कचरे को साफ कर भूमि को साफ करने को कहा था। उन्होंने एसडीएम मनीष कुमार सिंह को इन कारोबारियों को स्क्रैप मुहैया कराने वाली कंपनियों को चिह्नित कर कार्रवाई को भी निर्देशित किया था।

डीएम की फटकार पर क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हरकत में आया। प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉक्टर प्रदीप जोशी के नेतृत्व में टीम ने दादूपुर, सलेमपुर स्थित 28 प्रतिष्ठानों की जांच पड़ताल कर छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही कई मौके से भाग निकले। टीम ने प्लास्टिक स्क्रैप को भट्ठियों में गलाकर एल्यूमीनियम निकालने वाले चार गोदाम को सील कर दिया। डॉक्टर जोशी ने बताया कि इनमें दो प्रतिष्ठानों में एल्यूमीनियम गलाने का कार्य किया जाता था। जबकि एक में प्लेटिंग और एक अन्य में कैमिकल का भंडारण मिला।

डॉक्टर जोशी ने बताया कि, “इन ट्रेडर्स को स्क्रैप मुहैया कराने वाली सिडकुल की कुछ नामी गिरामी कंपनियों को भी चिह्नित किया गया है। इनमें हिंदुस्तान यूनिलीवर, आइटीएसी, विप्रो, मोटेंज जैसी कंपनी भी शामिल हैं। अनधिकृत स्क्रैप डीलरों को स्क्रैप बेचने के मामले में इन्हें नोटिस देने की भी तैयारी चल रही है।”

17 को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के उपलक्ष्य में यातायात डाइवर्ट

0

“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के उपलक्ष्य में एक साईकिल रैली का आयोजन प्रातः 8 बजे से जनपद देहरादून से किया जा रहा है, जो पुलिस लाइन रेसकोर्स से प्रारम्भ होकर जनपद हरिद्वार के रोडीबेलवाला मैदान में आकर समाप्त होगी।

साईकिल रैली के मद्देनजर 17 तारीक को प्रातः 8.00 बजे से दोपहर 2-00 बजे तक सभी वाहनों को देहरादून से हरिद्वार व हरिद्वार से देहरादून आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जायेगा। रविवार होने के कारण यातायात के दबाव को देखते हुये सुबह 6.00 बजे से समय 3.00 बजे तक जनपद देहरादून के नगर क्षेत्र एवं जनपद हरिद्वार से नेपाली फार्म, डोईवाला, देहरादून मार्ग पर भारी माल वाहक वाहनों के लिये पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा।

भारी माल वाहक वाहन चीला मार्ग से नटराज चौराहे से रानी पोखरी से भानियावाला से थानो रोड से देहरादून एवं इसी प्रकार देहरादून से हरिद्वार को भेजा जायेगा।

हैलीकॉप्टर से देहरादून पहुंचाया गया ट्रैकर का शव

0

हर्षिल हरकीदून ट्रैक से हेलीकॉप्टर की मदद से एसडीआरएफ के जवानों ने पुणे, महाराष्ट्र के ट्रैकर का शव रेस्क्यू किया। इसके बाद शव को देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेेलीपैड पर ले जाकर उसके साथियों के सुपुर्द किया गया। ट्रैकर की हार्ट अटैक के कारण रास्ते में मौत हो गई थी।

चार सितंबर को पुणे के छह ट्रैकर का दल उत्तरकाशी पहुंचा था। यहां गंगोत्री धाम के दर्शन करने के बाद दल चार सितंबर शाम को हर्षिल में रुका था। पांच सितंबर को पुणे का ट्रैकर दल चार पोर्टर और एक गाइड को अपने साथ लेकर हर्षिल से दुमदार-काठी-क्यार कोटी ट्रैक पर हरकीदून के लिए निकला था। इस बीच पुणे के एक ट्रैकर सैमुवल क्लिफर्ड की दुमदार और काठी के पास हार्ट अटैक से 12 सितंबर की सुबह मौत हो गई। साथी की मृत्यु होने के बाद बाकी के सदस्यों को वापस हर्षिल आना पड़ा।

इनमें से कुछ लोग हर्षिल में तैनात सेना की कंपनी के पास पहुंचे और मदद मांगी। इसकी सूचना उत्तरकाशी जिला प्रशासन को भी दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर विकास पुंडीर हर्षिल से 30 किमी दूर ट्रैकर के बेस कैंप रकिया के लिए निकल पड़े। रास्ते में उन्हें ट्रेकर दल मिला जिसके द्वारा बताया गया की ट्रेकर सेमुवल क्लिफर्ड का शव 14,800 ऊंचाई पर बेस केंप एवं दुमदार-कांठी के बीच में छोड़ा गया है। टीम ट्रेकरों के साथ वापस हर्षिल लौट आई व हेलीकॉप्टर से वहां जाने का प्रयास किया गया, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर सका।

शुक्रवार को सुबह हेलीकाप्टर की मदद से एसडीआरएफ के चार जवान हर्षिल को रवाना हुए जहां से गाइड को साथ लेकर वे घटना स्थल पर पहुचें। जहां से वे शव को साथ लेकर हर्षिल आए और इसके बाद अन्य ट्रैकर के साथ उसे सहस्त्रधारा हेली पेड देहरादून पहुंचाया। जहां मृतक के शव को उसके बाकी के साथियों के हवाले कर दिया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि शव को एसडीआरएफ के जवानों ने हेलीकाप्टर के जरिये रेस्क्यू कर देहरादून सहस्त्रधारा हेलीपैड पर पहुंचाया है। जहां उसके साथ आये ट्रैकर साथियों के पास उसका शव सौंपा गया।

आने वाले साल में पूरा हो जाएगा केदारपुरी का पुनर्निर्माण

0

जून 2013 की भयावह आपदा में केदारघाटी में भारी तबाही हुई। केदारनाथ धाम में मंदिर को छोड़ शेष पूरा क्षेत्र प्रभावित हुआ। इसके बाद से ही केदारनाथ धाम को नए सिरे से बनाने की कवायद चल रही है। प्रदेश सरकार इसमें केंद्र के सहयोग के साथ ही विभिन्न औद्योगिक समूहों और संस्थानों के साथ मिलकर निर्माण कार्यों को गति दे रही है।

केदारनाथ धाम में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार ने अक्टूबर 2018 तक का लक्ष्य रखा है। इसके बाद नए स्वरूप में आने वाली केदारपुरी को अगले वर्ष दशहरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को समर्पित करेंगे। इसके लिए केंद्र ने प्रदेश सरकार को पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मिशन मोड में कराने के निर्देश दिए हैं।

केदारनाथ धाम के आसपास नदी पर सुरक्षा दीवार, मंदाकिनी व सरस्वती नदी के संगम पर घाट निर्माण किया जाना है। यह कार्य टिहरी हाइड्रोपावर डेवलपमेंट कारपोरेशन (टीएचडीसी) के माध्यम से होगा। सरस्वती नदी में बाढ़ सुरक्षा का कार्य जिंदल ग्रुप करेगा।

इसका प्रस्ताव केदारनाथ विकास प्राधिकरण को दिया जा चुका है। केदारनाथ मंदिर के द्वार से सरस्वती एवं मंदाकिनी नदी के संगम पर 300 मीटर के स्पान में लाउडस्पीकर लगाए जाने हैं। इनसे भजन व संगीत के जरिये दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं को केदारनाथ की महिमा सुनाई जाएगी।

इसी 300 मीटर के दायरे में दो स्थानों पर ऑक्सीजन की व्यवस्था भी की जानी है ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को उपलब्ध कराया जा सके। केदारनाथ में आपदा के दौरान तीर्थ पुरोहितों के साथ सरकार ने 113 घर बनाने का करार किया था। इनमें से अभी तक 40 घर ही बन पाए हैं। अब शेष 73 घरों का निर्माण जिंदल ग्रुप ने करना है। इसमें केदारपुरी के मास्टर प्लान का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

गौरीकुंड से केदारनाथ धाम के पैदल ट्रेक रूट का चौड़ीकरण किया जाना है। यह कार्य ओएनजीसी को सौंपा जा रहा है। इसके लिए शासन ओएनजीसी को पत्र भेज रहा है। इसके अलावा केदारनाथ में ठोस एवं तरल कूड़ा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था की जानी है। इसके लिए राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण की गाईडलाइन के अनुसार वृहद कार्ययोजना बनाई जाएगी।

केदारपुरी के लिए हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के बीच पिछले दिनों नई दिल्ली में बैठक हुई।

केंद्र ने यह साफ किया है कि प्रदेश सरकार को मिशन मोड के तहत इन कार्यों को वर्ष 2018 तक कराना होगा ताकि अगले वर्ष दशहरा पर्व पर नई केदारपुरी को प्रधानमंत्री जनता को समर्पित कर सकें।

पांच अक्टूबर को पीएम मोदी आऐंगे उत्तराखंड

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अक्टूबर को उत्तराखंड आ रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय दौरे के दौरान वे मसूरी स्थित लालबहादुर भारतीय प्रशासनिक अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस दौरे की पुष्टि की है।

प्रदेश में आगामी 20 दिन उत्तराखंड में वीआइपी दौरों के हिसाब से खासे अहम रहेंगे। आने वाले दिनों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 19 सितंबर, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 23 सितंबर (प्रस्तावित) व उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू तीन अक्टूबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे।

इसके बाद अब पांच अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। देश के शीर्ष नेताओं के उत्तराखंड दौरे के दृष्टिगत आने वाले दिन शासन व प्रशासन के लिए खासे मशक्कत भरे रहेंगे। बीते रोज ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वीवीआइपी दौरों के मद्देनजर शासन व पुलिस के अधिकारियों संग बैठक भी की।

मुख्यमंत्री आवास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं किसी प्रकार की कोई कमी न रह जाए। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे को एक रूटीन दौरा बताया। उन्होंने कहा कि वे इस समय देशभर में भ्रमण पर हैं और इसी कड़ी में देहरादून भी आ रहे हैं।

फिल्म भूमि का नया पोस्टर

0

रिलीज से एक सप्ताह पहले टी सीरिज की फिल्म भूमि का एक और नया पोस्टर रिलीज किया गया है, जिसमें संजय दत्त खून से लथपथ चेहरे के साथ नजर आ रहे हैं। इस फिल्म के साथ परदे पर सालों बाद वापसी करने जा रहे संजय दत्त इस फिल्म में एक ऐसे पिता का रोल कर रहे हैं, जिसकी बेटी की इज्जत पर हाथ डाला जाता है और पिता अपनी बेटी के सम्मान की लड़ाई लड़ता है।

अदिति राव हैदरी ने परदे पर संजय दत्त की बेटी का रोल किया है। शरद केलकर और शेखर सुमन सहायक भूमिकाओं में हैं सचिन जिगर का संगीत है। टी सीरिज के साथ संदीप कुमार सिंह ने इस फिल्म का निर्माण किया है, जिसके निर्देशक ओमांग कुमार हैं। अब तक फिल्म के चार पोस्टर रिलीज किए जा चुके हैं। ट्रेलर के अलावा फिल्म के तीन गानों को इंटरनेट पर लांच किया गया, जिसमें सनी लियोनी का आइटम सांग भी शामिल है।

शाहरुख खान के साथ फिल्म नहीं बनाएंगे भंसाली

0

कुछ दिनों पहले चर्चा गरम थी कि संजय लीला भंसाली और शाहरुख खान देवदास के बाद एक बार फिर साथ काम करेंगे। खुद शाहरुख खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस तरह के संकेत दिए थे, लेकिन अब भंसाली की तरफ से इसका खंडन आया है। भंसाली की टीम का कहना है कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है।

सन 2007 में शाहरुख खान की ‘ओम शांति ओम’ और संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ के बीच टकराव हुआ था, जिसे लेकर दोनों ने एक दूसरे पर आरोप भी लगाए थे। इसके कई सालो बाद दोनों की फिल्मों का फिर से टकराव हुआ, जब शाहरुख खान की फिल्म दिलवाले और भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ एक ही दिन रिलीज हुईं। इस बार दोनों सहज रहे। इसके बाद दोनों के बीच रिश्तों में आई तल्खी कम हुई।

शाहरुख खान कुछ ही दिनों पहले भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ के सेट पर भी गए थे। शाहरुख ने इंटरव्यू में कहा था कि, “हम दोनों फिर से साथ काम करने के लिए मौके और कहानी की तलाश कर रहे हैं।” भंसाली की पद्मावती अटकी हुई है और साहिर लुधियानवी के साथ अमृता प्रीतम के रिश्तों को लेकर बनने वाली फिल्म ‘गुस्ताखियां’ भी संकट में घिरी हुई है।

विशाल के साथ काम करेंगे नवाज

0

‘रंगून’ के बाद विशाल भारद्वाज ने एक तरफ दीपिका पादुकोण और इरफान को लेकर फिल्म शुरू की है, तो उनके प्रोडक्शन हाउस में एक और फिल्म की योजना पर काम शुरू हुआ है, जिसमें मुख्य भूमिका नवाज करेंगे। नवाज ने इससे पहले कभी विशाल के साथ काम नहीं किया।

विशाल की इन दोनों फिल्मों की खास बात ये भी है कि दोनों फिल्मों में वे सिर्फ निर्माता हैं। दीपिका-इरफान वाली फिल्म का निर्देशन उनके सहायक रहे हनी त्रेहन कर रहे है, जो मुंबई के अंडरवर्ल्ड पर थ्रिलर फारमेट की फिल्म है। अब ये दूसरी फिल्म उनके सहायक रहे अरुण नंबियार बनाएंगे, जो बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म होगी। अरुण ‘कमीने’ से लेकर ‘हैदर’ तक विशाल के सहायक निर्देशक रहे हैं।

अरुण की पहली फिल्म को कॉमेडी फिल्म के तौर बनाया जाएगा। नवाज के सहमत होने के बाद फिल्म में कास्ट होने वाली दो हीरोइनों की तलाश हो रही है, जिसमें नए चेहरों को लेने की बात कही जा रही है। बतौर निर्देशक विशाल का अभी वापसी का कोई इरादा नहीं है। ‘रंगून’ के फ्लॉप होने के बाद वे निर्देशन से एक ब्रेक चाहते हैं। 

एक और पारिवारिक फिल्म में होंगे आयुष्मान

0

पहले ‘बरेली की बर्फी’ और फिर ‘शुभ मंगल सावधान’ के बाद आयुष्मान खुराना को निर्माता आनंद एल राय की प्रोडक्शन कंपनी में एक और फिल्म में काम करने के लिए अनुबंधित किया गया है, जिसे ट्रायलाजी माना जा रहा है।

‘बरेली की बर्फी’ में आयुष्मान एक प्रेमी की भूमिका में थे, तो ‘शुभ मंगल सावधान’ में वे विवाहित व्यक्ति के रोल में थे। अब इस तीसरी फिल्म के बारे में कहा जा रहा है कि इस फिल्म में वे तलाकशुदा व्यक्ति के रोल में होंगे। इस तीसरी फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है, जिसका गलतफहमी के चलते अपनी पत्नी के साथ तलाक हो जाता है। अपनी गलती महसूस करने के बाद वो व्यक्ति अपनी पत्नी को वापस पाने के लिए जो भागादौड़ी करता है, उसी पर ये फिल्म बताई जा रही है।

अभी तक ये नहीं पता चला है कि इस फिल्म का निर्देशन कौन करेगा पर कहानी पर काम शुरू हो गया है और अगले साल जनवरी से इसकी शूटिंग शुरू होकर इसे जून या जुलाई में रिलीज किया जाएगा। बरेली की बर्फी में कीर्ति सेनन और शुभ मंगल सावधान में भूमि पेड़णेकर के बाद तीसरी फिल्म में आयुष्मान के साथ एक नई हीरोइन होगी। 

फिल्म ‘तेरा इंतजार’ का पहला पोस्टर रिलीज

0

बागेश्री फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी अरबाज खान एवं सनी लियोनी की मुख्य भूमिकाओं से सजी पहली फिल्म ‘तेरा इंतजार’ रिलीज के लिए तैयार है। इसी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में पिछले दिनों बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान एवं अभिनेत्री सनी लियोनी के साथ डायरेक्टर राजीव वालिया दिल्ली के होटल ताज पैलेस में थे, जहां उन्होंने फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर भी रिलीज किया।

जहां तक बात फिल्म ‘तेरा इंतजार’ की कहानी है, तो इसकी कहानी एक आर्ट गैलरी की मालकिन रौनक (सनी लियोनी) और एक जन्मजात पेंटर वीर (अरबाज खान) के इर्दगिर्द घूमती है। एक दिन रौनक को वीर कहीं नजर नहीं आता है। उसे लगता है, जैसे वीर कहीं गुम हो गया है। उसके बाद वह हर जगह उसकी तलाश में जुट जाती है। अपने गुम हुए प्यार की तलाश के दौरान रौनक को कई तरह के अनुभवों से दो-चार होना पड़ता है।

फिल्म के बारे में अरबाज खान ने बताया कि यह फिल्म काफी स्टाइलिश अंदाज में बनाई गई है। इस वजह से इसमें हॉलीवुड फिल्मों की झलक मिल सकती है, लेकिन इसकी मूल आत्मा बॉलीवुड की ही है। चूंकि यह एक म्यूजिकल थ्रिलर फिल्म है, इसलिए इसमें इसमें कई रोचक-रोमांचक मोड़ नजर आएंगे। इतना ही नहीं, इस फिल्म में सनी लियोनी भी बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगी। उनका ऐसा रूप और अंदाज पहले कभी नहीं देखा गया है।

अभिनेता व फिल्म निर्माता अरबाज खान ने इस फिल्म में अपने रोल के बारे में कहा कि इसमें उनका किरदार पहली फिल्म ‘दरार’ के किरदार की तरह नकारात्मक नहीं है। हालांकि, उनकी पहली फिल्म ‘दरार’ भी एक तरह से रोमांटिक फिल्म थी, लेकिन उनका नकारात्मक किरदार होने के चलते यह थोड़ी हिंसक फिल्म थी, जबकि इस फिल्म में वह नकारात्मक भूमिका में नहीं हैं।उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में सनी लियोनी और अरबाज खान के अलावा आर्य बब्बर, सुधा चंद्रन और सलिल अंकोला जैसे सितारे हैं।