Page 518

आर के स्टूडियो में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान, कोई घायल नहीं

0

आज दोपहर को मुंबई के चेंबूर इलाके में बने आरके स्टूडियो में आग लग गई, जिससे लाखों की संपत्ति के जलकर राख होने का अंदेशा है, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ है। फायर बिग्रेड की दर्जन भर गाड़ियां मौके पर पंहुच चुकी हैं और आग बुझाने का काम कर रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद 1 बजे के आसपास आर के स्टूडियो के सेट नंबर चार के करीब बने एक कमरे में आग लगी, जिसका कारण शार्ट सर्किट होना बताया गया और देखते ही देखते इस आग ने इस पूरे सेट को अपनी चपेट में ले लिया।

खबरों के अनुसार,जिस कमरे में आग लगी, वहां ड्रेस के बाक्स रखे थे। ये सभी ड्रेस और वहां रखा दूसरा सामान राख हो गया। इस सेट पर स्टार प्लस के सिंगिंग शो की शूटिंग हो रही थी, लेकिन आज वहां कोई शूटिंग नहीं थी, जिस वजह से कोई व्यक्ति इस हादसे का शिकार नहीं हुआ। मुंबई फायर ब्रिग्रेड के पीएस रशंगदाले का कहना था कि 2 बजे के बाद उनको आग लगने की खबर मिली और खबर मिलते ही दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया। चश्मदीदों के मुताबिक, इस आग से सेट का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और आग ज्यादा बढ़ गई।

रिश्वत लेने पर कानूनगो को किया कार्य मुक्त

0

जीरो टॉलरेंस की सरकार के राज में लक्सर क्षेत्र में भ्रष्ट अधिकारियों पर लगाम लगने का नाम नहीं ले रही हैं। यही नहीं आलम बिना रिश्वत के आज भी काई काम सरकारी कार्यालयों में नहीं हो पाता। अधिकारी द्वारा रिश्वत लेने का मामला हरिद्वार की लक्सर तहसील का सामने आया है, जंहा पर कानूनगो का रिश्वत लेते हुए एक विडियों सोशल मिडिया पर वाइरल हो गया।

विडियों में कानूनगो साफ तौर पर किसान से अपने किये काम का पूरा पैसा लेने की बात कह रहा है और रिश्वत में जो तय हुआ उसे पूरा लेने की बात कर रहा है। वाइरल हो रहा यह विडियो एसडीएम लक्सर तक भी पहुंचा और उन्होंने तुरंत इस पर एक्शन लेते हुए कानूनगो को कार्यमुक्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार लक्सर तहसील में कार्यरत्त कानूनगो का एक विडियो सोशल मिडिया पर चल रहा है। जिसमें कानूनगो एक किसान से पांच हजार की रिश्वत ले रहा हैं। बताया जा रहा है कि यह किसान कवलपुर डेरा गांव का है और अपने किसी काम के लिए कानूनगो को पैसे दे रहा था।

एसडीएम लक्सर कौस्तुभ मिश्रा ने बताया कि विडियो का संज्ञान लिया गया है। यही नहीं उन्होंने बताया कि पीड़ित किसान ने इसकी शिकायत भी उन्हें की थी। इन दोनों का संज्ञान लेते हुए फिलहाल कानूनगो को कार्यमुक्त किया गया है और इसकी जांच तहसीलदार को सौपी गयी है, जो इसकी जांच करके रिपोर्ट सौपेगें। जिसके बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।

नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 10 हजार ठगे

0

योगगुरु बाबा रामदेव की कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से ठगी का मामला सामने आया है। महिला से दिल्ली की एक कंस्लटेंसी एजेंसी ने बाबा रामदेव की हरिद्वार स्थित कंपनी में नौकरी दिलाने के लिए 10 हजार रुपये ले लिए और महिला को हरिद्वार भेज दिया। जब महिला हरिद्वार आई तो वहां कुछ नहीं था। पतजंलि ने भी इस तरह की नौकरी होने से इन्कार कर दिया। बाद में महिला ने पुलिस को शिकायत की।

रानीपुर पुलिस के अनुसार कि कासगंज, अलीगढ़ निवासी रानी मिश्रा को नौकरी की तलाश थी। रानी तलाकशुदा है और उनकी तीन बेटियां हैं। दिल्ली में उन्हें अमित नाम का व्यक्ति मिला जो एमआर बेस्ट जॉब्स नाम की कंपनी चलाता था। अमित ने महिला को हरिद्वार में बाबा रामदेव की कंपनी में नौकरी दिलाने की बात कही। पैकेजिंग की तनख्वाह 12 हजार से 18 हजार के बीच बताई गई। इस नौकरी को दिलाने के बदले अमित ने महिला से दस हजार रुपये ले लिए और महिला को हरिद्वार की पतंजलि भेज दिया गया, लेकिन यहां इस तरह का कोई भी जॉब होने से पतंजलि ने इन्कार कर दिया। इसके बाद महिला रानीपुर थाने पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि महिला यहां अपनी बेटी के साथ पहुंची, जो हरिद्वार में ही रहती है। रानीपुर थाना प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि चूंकि मामला दिल्ली के शहादरा का है इसलिए मामले की जांच दिल्ली पुलिस करेगी। महिला की कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों के अलावा कुछ स्थानीय लोगों ने भी महिला की मदद की। मदद के तौर पर भाजपा के युवा नेता दिव्यांग शर्मा ने एसपी सिटी ममता वोहरा को फोन पर महिला से ठगी किए जाने की जानकारी दी। इस पर एसपी सिटी ने पुलिस को तत्काल महिला की मदद करने के आदेश दिए।

एक शिक्षक के भरोसे 35 बच्चों का भविष्य

0

उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी तहसील के नौगांव जूनियर हाईस्कूल के छात्रों का भविष्य एक शिक्षक के सहारे टिका हुआ है। विद्यालय में तैनात दो शिक्षकों के स्थानांतरण के बाद से कोई नई नियुक्ति नहीं हुई है। ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षा विभाग के अधिकारी टाल-मटोल कर रहे हैं। जिससे आहत ग्रामीणों ने अब आंदोलन का मन बना लिया है। डीएम को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर शिक्षक तैनात करने की मांग की है।

करीब 35 छात्र संख्या वाले जूनियर हाईस्कूल में बीते छह माह से एक ही शिक्षक मौजूद है। इससे पूर्व विद्यालय में तीन शिक्षक तैनात थे, जिनमें से दो का मार्च माह में ट्रांसफर हो गया था। उनके स्थान पर आजतक कोई नियुक्ति नहीं हुई है। ग्रामीणों द्वारा शिक्षा विभाग और प्रशासन से शिकायत करने पर भी कोई कदम नहीं उठाया गया।

गांव के विजेंद्र सिंह रावत का कहना है कि विभाग की लापरवाही के चलते विद्यालय के छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। विभागीय अधिकारी भी प्रमोशन के बाद नए शिक्षक तैनात करने का आश्वासन देकर टाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर शिक्षक नियुक्त नहीं किए गए तो ग्रामीणों द्वारा जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में मदन लाल, भरत सिंह, अमिता देवी, विमला देवी, गुड्डी देवी आदि मौजूद रहे।

छठवें दिन भी नहीं खुला यमुनोत्री हाईवे

0

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तरकाशी जिले की बड़कोट तहसील से 27 किमी आगे ओजरी और डबरकोट के पास पिछले छह दिन से अभी तक भूस्खलन के कारण बंद पड़ा हुआ है। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के कर्मचारी मलबे को बोल्डरों से नहीं हटा पा रहे हैं। वहीं भूगर्भ वैज्ञानिकों ने भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण किया लेकिन उन्होंंने अभी तक जिला प्रशासन को अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है।

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव के आपदा प्रबंधन सचिव को पत्र भेजने के बाद शुक्रवार को देहरादून से दो सदस्यीय भूगर्भ वैज्ञानिकों का दल बड़कोट पहुंचा। वैज्ञानिकों ने भूस्खलन क्षेत्र का दौरा कर निरीक्षण किया जिसकी रिपोर्ट अभी तक जिला प्रशासन को नहीं सौंपी गई है।
डीएम आशीष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि भूगर्भीय वैज्ञानिकों ने भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण किया है। उनकी रिपोर्ट अभी जिला प्रशासन के पास नहीं पहुंची है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भूस्खलन क्षेत्र सक्रिय है, वहां मलबा गिर रहा हैं इसलिए मार्ग खोल पाना संभवन नहीं है।
इस सप्ताह सोमवार मध्य रा‌त्रि से अभी तक ओजरी और डबरकोट के पास भूस्खलन के कारण यमुनोत्री हाईवे बंद पड़ा है। हालांकि ओजरी के पास वैकल्पिक तीन किमी पैदल मार्ग से यात्रा सुचारू है। शनिवार को 576 यात्री पैदल वैकल्पिक मार्ग से यमुनोत्रीधाम जबकि 480 यात्री वापस बड़कोट लौटे। 

‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम की जिलाधिकारी ने की शुरुआत

0

जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में स्वयं सफाई अभियान चलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस दौरान परिसर में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों को ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जिले के सभी जिलास्तरीय अधिकारी/कर्मचारियों ने भी भाग लिया।

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ कार्यक्रम मुख्यमंत्री की पहल पर जिले 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक अभियान के रूप में चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि, “हम अपने परिवेश को जितना स्वच्छ रखेंगे, हम उतने ही स्वस्थ रहेंगे। स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने मे हम सबकी भागीदारी होना आवश्यक है, स्वच्छता के लिए आम आदमी मे स्वच्छता की भावना उत्पन्न कराना जरूरी है ताकि लोग अपने घर व उसके आस-पास का कूडा निश्चित स्थान पर ही डाले।”

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा इस कार्य के लिए सेवानिवृत कर्मचारियों व अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाए। कार्यक्रम को और अधिक कारगर बनाने के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को तहसीलो का नोडल अधिकारी बनाया जायेगा। इसके बाद सभी अधिकारियो व कर्मचारियो को कलेक्ट्रेट में सफाई हेतु 03 दल बनाये गये।

पीडी डीआरडीए/परियोजना प्रबन्धक स्वजल हिमांशु जोशी ने बताया कि, “16 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सभी शासकीय व गैरशासकीय विद्यालयों मे शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रतिदिन प्रार्थना के समय स्वच्छता की शपथ तथा स्वच्छता पर दैनिक चर्चा की जायेगी। 17 सितम्बर को समस्त कार्यालयो मे सेवा दिवस मनाया जायेगा। साफ-सफाई व स्वच्छता पर उत्कृष्ठ कार्य करने वाले 3 कार्यालयो को पुरस्कृत किया जायेगा।”

जिले के सभी शासकीय व गैरशासकीय स्कूलो एवं मदरसो, महाविद्यालयो, व्यसायिक प्रशिक्षण संस्थानो मे सफाई अभियान चलाने के साथ वाद-विवाद, पेंटिग व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कराया जायेगा ।जिसमे विजेता छात्र-छात्राओ को पुरस्कृत किया जायेगा।

18 सितम्बर को स्वच्छ शक्ति दिवस के रूप मे समस्त ग्राम पंचायतो मे महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाडी कार्यकत्रियो व समस्त ग्राम वासियो द्वारा ग्राम पंचायतो मे साफ-सफाई अभियान चलाया जायेगा। बच्चो को साबुन से निरंतर हाथ धुलाई कराकर आदत बनाने हेतु प्रेरित किया जायेगा। 19 सितम्बर को सैनिक दिवस के रूप मे भूतपूर्व सैनिको से सहयोग प्राप्त करते हुए अभियान चलाया जायेगा। 20 सितम्बर को स्वच्छ खेल दिवस के रूप मे खेलो के आयोजन के माध्यम से स्वच्छता की भावना का विकास किया जायेगा।

बताया कि 21 सितम्बर को स्वच्छ कंपनी दिवस के रूप मे सिडकुल मे विभिन्न कंपनी परिसर मे स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कराये जायेंगे। 22 सितम्बर को स्वच्छ अस्पताल दिवस के रूप मे जनपद के सभी सरकारी व गैरसरकारी अस्पतालो मे विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा व प्रत्येक चिकित्सालय द्वारा बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण हेतु कार्ययोजना बनाई जायेगी। जबकि 23 सितम्बर को स्वच्छ जल दिवस के रूप मे जनपद के आॅनलाइन जल श्रोतो का जियोटैगिक का कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जायेगी।

वहीं 24 सितम्बर को सभी ग्राम पंचायतो, नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतो मे स्वजल परियोजना की ओर से व्यवहार परिवर्तन हेतु जागरूक किया जायेगा। 25 सितम्बर को प्रत्येक कार्यालयो व ग्राम पंचायतो में साफ-सफाई अभियान चलाये जायेंगे। 26 से 30 सितम्बर तक सभी सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जायेगा। 1 अक्टूबर को जनता के सहयोग से सभी नगर निगम, नगर निकायो मे स्वच्छ शहरी निकाय दिवस मनाया जायेगा। 2 अक्टूबर को स्वच्छ संकल्प से स्वच्छ सिद्धि पखवाडे मे आयोजित कराये गये प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा।

विश्वकर्मा पूजा महोत्सव के साथ आयोजित की जाएगी सांस्कृतिक संध्या

0
फोटोः कृष्मा रावत

विश्वकर्मा पूजा समिति दवरा विश्वकर्मा पूजा महोत्सव 2017 की तैयारियां अब तेज हो चुकी है इसी कड़ी में विश्वकर्मा पूजा समिति के अध्यक्ष संभू पासवान ने पत्रकार वार्ता कर आयोजन के बारे में जानकारी दी। आपको बता दे की विश्वकर्मा पूजा समिति पिछले 30 वर्षों से बड़े ही धूमधाम से विश्वकर्मा पूजा महोत्सव आयोजित कराती आ रही है, जिसमें ऋषिकेश और आसपास के सभी शिल्पकार अपनी भागीदारी देते हैं।

मीडिया से बात करते हुए अध्यक्ष संभू पासवान ने बताया की 17 सितंबर रविवार को सुबह 9:00 बजे से पूजा व हवन शुरू कर दिए जाएंगे और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें पंडित रितेश पांडे अपनी प्रस्तुति देंगे इसके अलावा हिंदी और गढ़वाली भजनों के कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने बताया की कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल उपस्थित रहेंगे, साथ ही उत्तराखंड के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

स्वच्छता में पंतनगर विश्वविद्यालय को सम्मान

0

राष्ट्रीय स्तर पर हुई प्रतियोगिता में पंतनगर का गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को स्वच्छ उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडे़कर द्वारा दिल्ली स्थित अशोक होटल में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया गया।

Panthnagar2

विश्वविद्यालय की ओर से निर्माण एवं संयंत्र निदेशक इंजीनियर एसएस गुप्ता और तकनीकी एवं योजना प्रकोष्ठ समन्वयक डा. मनोज कुमार ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कुल 3500 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से मात्र 174 संस्थानों के आवेदन निर्धारित मानकों के अंतर्गत पाए गए। इन 174 संस्थानों में केंद्रीय टीम द्वारा निरीक्षण के बाद, आंकलन के आधार पर संस्थानों को दो वर्गों (राजकीय एवं निजी संस्थानों) के तहत श्रेणीबद्ध किया गया। यह सम्मान प्राप्त होने पर कुलपति डा. जे कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि पंत विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इसका श्रेय विवि के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्याíथयों एवं परिसरवासियों को देते हुए अपेक्षा की कि परिसर को इसी तरह स्वच्छ बनाए रखने में सबका सहयोग निकट भविष्य में भी प्राप्त होता रहेगा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री के स्वच्छता मिशन के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में पंत विश्वविद्यालय को राजकीय संस्थानों की श्रेणी में यह सम्मान प्राप्त हुआ है।

एक पुलिस इंस्पेक्टर जिसकी पहचान बन गया बदरीनाथ धाम

0

खाकी वर्दी पहने पुलिस इंस्पेक्टर तो तमाम हैं, लेकिन उत्तराखंड में एक ऐसे पुलिस इंस्पेक्टर भी हैं, जिनकी पहचान भगवान बदीनाथ मंदिर से जुड़ी है। पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से ये इंस्पेक्टर भगवान बदरीनाथ मंदिर की सुरक्षा संभालते रहे हैं। आजकल इनकी तैनाती यूं तो हरिद्वार में है, लेकिन कपाट बंद होने से पहले एक बार फिर उन्हें बदरीनाथ धाम बुला लिया गया है।

हरिद्वार में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल में तैनात इंस्पेक्टर महानंद शुक्रवार को बदरीनाथ में सेवा देने के लिए रवाना हुए। मंदिर के थाने में रहने के कारण इंस्पेक्टर महानंद की पहचान ही अब बदरीनाथ धाम ही हो चुकी है। बदरीनाथ मंदिर की सुरक्षा की बात आती है तो पुलिस अफसरों को इनकी याद जरूर आती है। महानंद की पुलिस महकमे में एक ईमानदार और साफ सुथरी छवि हैं। इसी कारण महानंद का राष्ट्रपति पदक के लिए भी चयनित किया गया है। इंस्पेक्टर महानंद वर्ष 2006 से भगवान बरीनाथ धाम मंदिर के थाने से जुड़े हैं। बदरीनाथ धाम में रहने वाले बच्चे बूढ़े सभी महानंद से परिचित हैं। इसके अलावा पुलिस महकमें के तमाम अधिकारी महानंद को बदरीनाथ मंदिर की सुरक्षा के लिये विशेष तौर पर जानते हैं। जब बात मंदिर और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा और वीवीआईपी को दर्शन कराने की आती है तो पुलिस महकमे के अफसर सबसे पहले महानंद को बदरीनाथ धाम पर भेजते हैं। इंस्पेक्टर महानंद ने इसी विशेष योग्यता के चलते राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, प्रणव मुखर्जी समेत देश की तमाम बड़ी हस्तियों को भगवान के दर्शन कराए हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था देखते-देखते महानंद के आचार विचार पूरी तरह धार्मिक हो गए हैं। उनको कभी गुस्सा नहीं आता है। हांनद ने बताया कि बदरीनाथ में कार्य करने से एक तो ड्यूटी होती है, दूसरा भगवान की सेवा का भी अवसर प्राप्त होता रहता है। श्रद्धालुओं की सेवा करने में उन्हें आनन्द की अनुभूति होती है।
इंस्पेक्टर महानंद पौड़ी गढ़वाल के गांव गढरी मल्ली के रहने वाले हैं। साल 1977 में बतौर पुलिस कांस्टेबल पुलिस महकमें का हिस्सा बने। साल 1988 में प्रोन्नति पाकर दारोगा बन गए। इस दौरान गढ़वाल के रुद्रप्रयाग, चमोली और हरिद्वार में तैनाती रही। साल 2006 से 2009 तक महानंद को बदरीनाथ धाम के थाने में डयूटी पर भेजा गया। इस दौरान महानंद की कर्मठता से पुलिस अफसर बहुत प्रभावित हुए और उन्हें निरीक्षक बनाया गया। इसके बाद से ये सिलसिला लगातार चल रहा है। महानंद की पोस्टिंग किसी थाने में हो, लेकिन यात्रा सीजन में बदरीनाथ धाम की डयूटी के लिए महानंद को ही भेजा जाता रहा है।

तो जब एटीएम से निकला नकली नोट!!

0

रुद्रपुर: रुद्रपुर में एसबीआइ के एटीएम से दो हजार का नकली नोट निकलने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पीड़ित शख्स ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

रामनगर निवासी शरीफ अहमद ने बताया कि उसने शुक्रवार शाम को रुद्रपुर के रवींद्र नगर स्थित एसबीआइ के एटीएम से 10 हजार रुपए निकाले थे। इस दौरन उसने देखा कि इनमें दो हजार रुपए का एक नकली नोट भी था। शरीफ अहमद ने जब इसकी शिकायत एसबीआई बैंक प्रबंधक से की तो उन्होंने कहा कि वह इसके लिए एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी से संपर्क करे। इसके बाद शरीफ ने एजेंसी से बी बात की, लेकिन वह उसे कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। परेशान पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।