Page 515

किडनी कांड : एक महिला सहित तीन और आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

0

देहरादून। पुलिस ने गंगोत्री चेरिटेबिल हॉस्पिटल में अवैध रूप से चल रहे किडनी निकालने व खरीद-फरोख्त में वांछित एक महिला सहित तीन आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले अबतक पुलिस कुल आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
किडनी कांड के मास्टरमाइंड डॉक्टर अमित कुमार सहित पुलिस ने उसके अन्य साथी डॉ. जीवन और एक नर्स तथा ड्राइवर को शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने एक अभियुक्त जावेद खान पुत्र सरवर खान निवासी रूम नंबर ए 603 ग्रीन पार्क सोसाइटी, सीजी स्कूल एसवी रोड संताक्रूज, वेस्ट मुंबई, को घटना खुलासा होने के दिन 11 सितम्बर 2017 को ही गिरफ्तार कर लिया था।
रविवार को इन अभियुक्तों की हुई गिरफ्तारी
थाना डोईवाला पर पंजीकृत मुकदम, मानव अंगों का प्रत्यारोपण अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त जगदीश कुमार पुत्र कांजी भाई निवासी मकान नंबर 62 विनायक रेजीडेंसी, जिहाहु बुढिया रोड,पस्थन सूरत गुजरात, अभिषेक शर्मा पुत्र राधेश्याम शर्मा निवासी राज मंडी, पहाड़ी बाजार कनखल हरिद्वार को एयरपोर्ट तिराहा जॉलीग्रांट से गिरफ्तार किया गया तथा एक अन्य महिला आरोपी अनुपमा चौधरी पत्नी राजीव चौधरी निवासी पी-1 नेचरविला थाना डोईवाला देहरादून, को डोईवाला पुलिस ने लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास से रविवार को गिरफ्तार किया है। गौरतलब हो कि है सभी अभियुक्त लालतप्पड़ क्षेत्र में गंगोत्री चैरिटेबल अस्पताल में हुए किडनी ट्रांसप्लांट प्रकरण से संबंधित हैं ।

हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की दी बधाई

0

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने दूधाधारी चौक पर 200मीटर भगवा वस्त्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाकर देश के प्रधानमंत्री को आपार शुभकामनाएं दी। भाजयुमो जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह, मीडिया प्रभारी अनिल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नितिन चौहान, विपिन हान, जिला महामंत्री रेशु चौहान, मण्डल अध्यक्ष विदित शर्मा, जौली प्रजापति, पार्षद अनिल मिश्रा ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु की कामना की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह ने कहा कि हिन्दुत्व अलख जगाने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। उनके अथक प्रयासों से देश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। देश प्रगति की ओर अग्रसर है। युवाओं को रोजगार मिल रहे हैं। अनिल मिश्रा ने कहा कि दूधाधारी चौक पर भगवा वस्त्रों पर देश के प्रधानमंत्री के 67वें जन्मदिवस पर युवाओं में जो उत्साह देखने को मिल रहा है। वह साफ तौर पर दर्शाता है कि देश के प्रधानमंत्री से युवा कितना गौरवान्वित है।
महामंत्री आशु चौधरी व रेशु चौहान ने कहा कि बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ जन जागरूकता साइकिल रैली में सम्मिलित बाल सशक्तिकरण राज्य मंत्री रेखा आर्य द्वारा साइकिल रैली निकालना सराहनीय पहल है। कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली में सम्मिलित सभी बालिकाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की ओर यह कदम पूरे उत्तराखण्ड के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन सिंह लटवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला सशक्तिकरण को लेकर जन कल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं। महिलाओं को पूरे देश में भाजपा पार्टी सम्मान दिला रही है। सप्तऋषि मण्डल अध्यक्ष अनिरुद्ध भाटी व भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष विदित शर्मा ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं को देश के प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई दी और कहा कि युवा देश के प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता से प्रभावित हैं। देंश आर्थिक रूप से तरक्की कर रहा है। उन्होंने रैली में शामिल राज्य मंत्री रेखा आर्य एवं रैली में सम्मिलित कार्यकर्ताओं का फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। 

मेट्रो के लिए पूरे शहर के ट्रांसपोर्ट पर फोकस जरूरी

0

मेट्रो रेल परियोजना परवान चढ़ी तो दून के लोगों को सिर्फ मेट्रो की ही सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि पूरे शहर की ट्रांसपोर्ट (परिवहन) व्यवस्था स्मार्ट बनेगी। हाल ही में जारी की गई केंद्र सरकार की मेट्रो नीति में स्पष्ट किया गया है कि मेट्रो का विकल्प अपनाने के साथ ही शहर में एकीकृत परिवहन प्रणाली भी विकसित करनी होगी। इसको लेकर उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक जितेंद्र त्यागी ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। वहीं, शनिवार को नई दिल्ली में शहरी विकास मंत्रालय की कार्यशाला में भी नए नियमों की जानकारी दी गई। इस कार्यशाला में उत्तराखंड से जितेंद्र त्यागी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक जितेंद्र त्यागी के मुताबिक मेट्रो रेल परियोजना में केंद्र सरकार 50 फीसद धनराशि का सहयोग करेगी, हालांकि यह राशि तभी मिलेगी, जब राज्य मेट्रो परियोजना के साथ एकीकृत ट्रांसपोर्ट की योजना भी बनाएगा। मेट्रो परियोजना की डीपीआर बन चुकी है और मेट्रो नीति-2017 के मुताबिक एकीकृत परिवहन प्रणाली के लिए मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है। इसके तहत दून में आधुनिक बस सेवा के साथ ही साइकिल व पैदल पथ निर्माण आदि के इंतजाम किए जाने का सुझाव दिया गया है। नई नीति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एकीकृत ट्रांसपोर्ट व्यवस्था घने क्षेत्रों को लाभ पहुंचाने वाली हो।
पीपीपी मोड की भी अनिवार्यता
मेट्रो नीति में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर भी काम करने की अनिवार्यता की गई है। इसके तहत पूरी परियोजना के किसी भी एक कंपोनेंट में पीपीपी मोड में काम किया जा सकता है। उदाहरण के लिए यदि मेट्रो परियोजना राज्य व केंद्र मिलकर बना रहे हैं तो स्टेशन आदि निर्माण पीपीपी मोड में किया जा सकता है। कम वित्तीय संसाधनों वाले उत्तराखंड के लिए नीति काफी मददगार साबित हो सकती है। पीपीपी मोड से धन जुटाने की कवायद पहले ही शुरू की जा चुकी है और अब केंद्र से 50 फीसद बजट मिलने की भी उम्मीद है।
त्यागी को मना सकती है सरकार
उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक जितेंद्र त्यागी इस पद से इस्तीफा दे चुके हैं और वह नोटिस पीरियड पर चल रहे हैं। हालांकि इस सबके बीच वह दिल्ली में मेट्रो नीति पर आयोजित कार्यशाला में राज्य की तरफ से शरीक हुए और मुख्य सचिव को भी वह एकीकृत परिवहन व्यवस्था पर पत्र लिख चुके हैं। फरवरी माह में जब उन्होंने प्रबंध निदेशक का पद्भार ग्रहण किया तो वह इसी भावना के साथ जुड़े थे कि प्रदेश के लिए कुछ ठोस करना है। हालांकि इन सबके बाद भी कुछ हालात ऐसे पैदा हुए कि उन्हें इस्तीफा देने जैसा कदम उठाना पड़ा। यदि अंतिम रूप से ऐसा हुआ तो दून की मेट्रो परियोजना को झटका लगना तय है। सरकार भी इस बात को जानती है, शायद यही वजह है कि खुद शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक नहीं चाहते कि जितेंद्र त्यागी इस पद को छोड़कर जाएं। शहरी विकास मंत्री का कहना है कि अभी जितेंद्र त्यागी ने इस्तीफे की पेशकश की है। सरकार प्रयास करेगी कि वह सेवा जारी रखें, इसके लिए उनसे बात की जाएगी।
मेट्रो परियोजना पर एक नजर
-लंबाई, करीब 100 किलोमीटर (देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश)
-लागत, करीब 26-27 हजार करोड़ रुपये
-मेट्रो कॉरीडोर, देहरादून, हरिद्वार व ऋषिकेश (मुख्य कॉरीडोर)
-अंदरूनी कॉरीडोर, आइएसबीटी-कंडोली व वन अनुसंधान संस्थान-रायपुर
स्टेशन, पहले चरण में मुख्य कॉरीडोर पर 33 स्टेशन बनेंगे।
संभावित यात्री, रोजाना 1.68 लाख यात्रियों का अनुमान 

रविवार को चारों धाम की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी

0

मैदानी इलाकों भले ही अब भी गर्मी से लोग बेहाल हों लेकिन ऊंची चोटियों में रविवार को जमकर बर्फबारी हुई है। मौसम के बदले मिजाज से पहाड़ों में मौसम भी सुहावना हो गया है। चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब समेत ऊंची चोटियों पर इस साल का दूसरा हिमपात हुआ है। चोटियों पर बर्फबारी के बाद बद्रीनाथ धाम व हेमकुंड साहिब में ठंड बढ़ गई है। निचले क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी हुई है।

रविवार को सुबह से ही चमोली जिले में श्रीबद्रीनाथ धाम व हेमकुंड साहिब में रुक रुककर बर्फबारी होती रही। गोपेश्वर में सायं को बादलों की तेज गर्जना के बीच बारिश हुई है। वहीं सुबह से ही मौसम आई करवट के कारण केदारनाथ में जमकर बारिश हुई, जबकि केदारनाथ की सभी पहाड़ियों पर हिमपात हुआ। वहीं जिले के सभी भागों में दोपहर बाद बारिश हुए। उत्तरकाशी में शनिवार की शाम को जिले में अचानक मौसम ने करवट ली। गंगोत्री, यमुनोत्री व उत्तरकाशी में हल्की बारिश हुई। वहीं गंगोत्री व यमुनोत्री की पहाड़िय़ों पर भी मौसम की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण धामों में ठंड बढ़ गई है। रविवार दोपहर को भी गंगोत्री व यमुनोत्री पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। वहीं दयारा बुग्याल, गिडारा, डोडीताल में भी बारिश होने के कारण ठंड बढ़ गई है। वहीं पौड़ी जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। साथ ही मुख्यालय में बारिश के बाद मौसम में हल्की ठंड ने भी दस्तक दे दी है।

181 साल से बसे परिवारों को मिले मालिकाना हक

0

तहसील क्षेत्र अंतर्गत चाय बागान उदियाबाग में 181 साल से रह रहे मजूदर परिवारों ने सूबे के मुख्यमंत्री से जमीन पर मालिकाना हक दिलाने की गुहार लगाई है। रविवार को पछवादून के विकासनगर पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को स्थानीय बाशिंदों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि आजादी से पहले निवास करने के बावजूद आज तक उन्हें उनके अधिकार नहीं मिले हैं। इसके चलते अपने ही देश में वे शरणार्थियों जैसा जीवन जीने को मजबूर हैं।

रविवार को सीएम को सौंपे ज्ञापन में लोगों ने कहा कि 1836 के लगभग उनके पूर्वज रोजगार की तलाश में यहां आए थे और तब से इसी जगह पर बसे हुए हैं लेकिन एक सदी से ज्यादा बीत जाने के बावजूद उनकी दशा व दिशा में कोई अंतर नहीं आया है। आज तक जमीन पर मालिकाना हक नहीं मिलने से उन्हें जाति, निवास प्रमाण पत्र नहीं मिल रहे हैं। जिससे उनको सरकारी योजनाओं व सरकारी नौकरी का लाभ नहीं मिल रहा है। लिहाजा वे पीढ़ी दर पीढ़ी मजदूरी करने को मजबूर हैं।
उत्तर प्रदेश शासनकाल के दौरान से ही जमीन पर मालिकाना हक दिलाने की मांग की जा रही है लेकिन उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब स्थानीय बाशिंदों ने अपने बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए एक बार फिर प्रदेश के मुखिया से गुहार लगाई है। ज्ञापन सौंपने वालों में मुन्ना लाल, अमरनाथ, दीपक, रिंकू, अरविंद, प्रदीप, महिपाल सिंह, पूजा, किशन, राजेंद्र, मुकेश आदि शामिल रहे।

फर्जी संतों पर जताई मोहनदास के अपहरण करने की संभावना

0

हरिद्वार । अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदास महाराज ने कोठारी महंत मोहनदास महाराज के गायब हो जाने के मामले में संत आसाराम बापू के समर्थकों पर शक जताया है।अध्यक्ष नरेन्द्र गिरि महाराज ने कहा कि अखाड़ा परिषद द्वारा फजी संतों की सूची जारी होने से पूर्व आसाराम बापू के अनुयायियों ने उन्हें फोन पर आसाराम को फर्जी संतों की सूची में डालने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी जिसके संबंध में उन्होंने इलाहाबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कराया है।


महंत मोहनदास महाराज ने उनको इसी प्रकार धमकी दिए जाने के संबंध में बताया था जबकि उन्होंने धमकी मिलने के बाद पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। उन्होंने आशंका जताई की फर्जी संतों में से ही कोई इस प्रकार की घटना को अंजाम दे सकता है। मौके पर मौजूद एसएसपी कृष्ण कुमार वीके को उन्होंने अखाड़े व परिषद के अन्य पदाधिकारियों सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। 

गौरतलब है कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता व श्री पंचायती उदासीन अखाड़ा के कोठारी महंत मोहनदास संदिग्ध परिस्थिति में ट्रेन से लापता। वे मुम्बई उपचार के लिये जा रहे थे।

अधिकारियों ने देखी टॉयलेट एक प्रेम कथा

0

स्वच्छ भारत अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा है’ की जानकारी लेने के लिए विभागीय अधिकारियों ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव के साथ मिलकर पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में बॉलीवुड फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ देखी। फिल्म के माध्यम से विभागीय अधिकारियों ने स्वच्छता की जानकारी प्राप्त की। इससे पहले जिलाधिकारी ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व पालिका के अधिकारी कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया।

जिलाधिकारी ने तांबाखाणी सुरंग के साथ ही ऊपर वाले हिस्से में खाली स्थान पर गाड़ी पार्किंग स्थल बनाने और सभी कबाड़ी दुकानदारों से यूजर चार्ज लेने और नहीं देने पर जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस चौकी के साथ ही सड़क पर पड़े कोयले को हटाने, मुख्य बाजार की सफाई के दौरान फल विक्रेता की दुकान सड़क तक सजी होने पर पालिका अधिशासी अधिकारी को उन्हें वहां से सामान हटवाने के निर्देश दिए।
राजकीय इंटर कॉलेज मुस्टिकसौड़ में एनसीसी कैडेट ने स्वच्छता अभियान चलाया। कैडेट ने स्कूल से कंकराड़ी गांव तक जागरुकता रैली निकालकर गांव वासियों को स्वच्छता के लिए जागरुकता किया। मौके पर डॉ. अर्पणा रावत, राजेंद्र प्रसाद, सुशील उमरियाल, मीना रमोला, सोनम, शिवानी आदि मौजूद रहे। 

कैट के आवेदन को तीन दिन, 20 के बाद नहीं होंगे आवेदन

0

एमबीए में दाखिले के लिए देशभर में होने वाले कॉमन एडमीशन टेस्ट (कैट-2017) के आवेदन को अब अंतिम तीन दिन बचे हैं। इच्छुक छात्र 20 सितम्बर तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 26 नवंबर को आयोजित की जाएगी।

कैट-2017 का स्कोर 31 दिसम्बर 2018 तक वैलिड रहेगा। वेबसाइट पर प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन संबंधी गाइड भी दी गई है ताकि उन्हें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में परेशानी न हो। इसके अलावा नॉन आइआइएम इंस्टीट्यूट की लिस्ट भी वेबसाइट पर दी गई है। पंजीकरण के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 1800 रुपये और आरक्षित वर्ग को 900 रुपये देने होंगे। परीक्षा 140 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। एडमिट कार्ड 18 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे।
करियर लांचर के निदेशक अमित मित्तल के अनुसार फॉर्म भरते वक्त अभ्यर्थी छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं। जिनसे बचा जाना चाहिए। परीक्षा की आखिरी घड़ी में किसी भी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए अभी से ही रेग्यूलर स्टडी शुरू कर दें। दिन में तीन से चार घंटे पढ़ने के लिए जरूर निकालें। मित्तल का कहना है कि मॉक टेस्ट काफी फायदेमंद है। इससे निरंतरता भी बनी रहेगी। पुराने प्रश्न पत्र रोज सॉल्व करें। ऐसा करने से आपकी प्रैक्टिस काफी अच्छी होगी और आप परीक्षा में अच्छा स्कोर कर पाएंगे।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जागरूकता रैली का हरिद्वार में समापन

0

बेटियों के जीवन और उनकी शिक्षा की मुहीम आम जन तक पहुंचाने के लिए आज महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं अभियान के अन्तर्गत देहरादून से साइकिल रैली शुरू कर हरिद्वार पंतद्वीप में समापन किया।

रैली समापन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भारत सरकार मेनका गांधी तथा हरिद्वार से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री उत्तराखण्ड सरकार मदन कौशिक ने हरिद्वार पहुंचने पर साईकिल रैली का नेतृत्व कर रही मंत्री रेखा आर्य तथा रैली प्रतिभागियों के साथ सम्मिलत हुए।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि उत्तरखण्ड की बेटी होने के नाते मुझे सरकार और विभाग की ओर से जो दायित्व मिला है उसे पूरा करने के लिए उत्तराखण्ड की बाकी बेटियों को बचाने के लिए मैं हर सम्भव प्रयास करूंगी।
देहरादून से हरिद्वार तक साईकिल चलाकर पहुंचने की अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। उन्होंने अपनी साईकिल यात्रा प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिवस पर समर्पित बताया। उपस्थित संत समाज से आग्रह करते हुए श्रीमती आर्य ने कहा कि कन्या हत्या का पाप धर्मनगरी में न होने दें। अपने प्रवचन, समागम में समाज को इस पाप से दूर रहने के लिए प्रेरित करेें।
मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार सहित प्रदेश के कुछ जिलों में लिंग अनुपात में अत्यधिक अंतर होना हम सभी के लिए चिंता का विषय है। बेटियों के प्रति अपनी चिंता के फलस्वरूप प्रधानमंत्री द्वारा भारत के समस्त राज्यों में इस अंतर को समाप्त करने का लक्ष्य दिया गया है। जिसमें हमारी केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का पूरा सहयोग राज्य को मिल रहा है।
प्रदेश में बेटियो की रक्षा और कल्याण के लिए काम कर रही मंत्री रेखा आर्य की सराहना करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि रेखा आर्य इनके प्रयास और मेहनत समाज में बदलाव अवश्य लायेगी और हरिद्वार सहित प्रदेश के अन्य जिलों में लिंगानुपात में सुधार होगा। रैली कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सभी रेखा आर्य के इस अभियान में सहभागी बने और कन्या भू्रण हत्या के पाप से समाज को मुक्त बनाएं।
केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में मंत्री बनने पर जब महिला एवं बाल कल्याण विभाग दिया गया उसी समय प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बेटियों के जन्म, उनकी रक्षा, शिक्षा पर विशेष बल देते हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अपनी महत्कांक्षी योजना पर प्रभावी कार्य करने की जिम्मेदारी मुझे दी थी। पीएम मोदी की कल्पना को साकार रूप देते हुए हम देश भर के सभी राज्यों में कन्या लिंगानुपात में काफी अच्छा काम कर चुके हैं। उत्तराखण्ड के चम्पावत में भी लिंगानुपात में काफी सुधार हुआ है। सभी को मानसिकता बदल कर नये भारत के निर्माण में सहयोग देना चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर सूचना विभाग की ओर से ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’’ पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मेयर मनोज गर्ग, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, अपर सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग विम्मी सचदेवा रमन, जिलाधिकारी दीपक रावत, एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, महिला क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट, धावक हरेन्द्र सिंह चैधरी, नरेश चैधरी, नेहा राज, विकास तिवारी आदि उपस्थित थे।

गंगा आर्ट मैराथन प्रतियोगिता में कला का प्रदर्शन

0
फोटोः वैद्य शिखा प्रकाश

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तत्वाधान में राज्य परियोजना प्रबंधन ग्रुप प्रशासन द्वारा ऋषिकेश में गंगा आर्ट मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

rishikesh

आस पास के क्षेत्रों से भाग लेने आए प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गंगा किनारे विभिन्न प्रकार की आर्ट कला का प्रदर्शन किया जिसमें गंगा सफाई एवं संरक्षण हेतु जनजागरुकता, को लेकर गंगा स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता दिखाई गई। यह प्रतियोगिता सिडकुल, एम.डी.डी ए शहरी विकास विभाग, स्वजल तथा उच्च शिक्षा संस्था द्वारा आयोजित की गई जिसमें आस पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आर्ट प्रेमियों ने प्रतिभाग किया।

ना केवल ऋषिकेश के बल्कि देहरादून और आस पास से आए हजारों लोगों ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। हर किसी ने अपनी पेटिंग के जरिए गंगा की स्वच्छता के विषय में लोगों को जागरुक किया।आपको बतादें कि यह प्रतियोगिता आने वाले 2 अक्टूबर यानि गांधी जयंती तक चलेगी और इसमें कोई भी हिस्सा ले सकता है।

आपको बतादें कि इस प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और अजय भट्ट ने चित्रकारों द्वारा पेटिंगों को देखा और दूर-दराज से आए चित्रकारों को सराहा।