रुड़की। आपके पास अभी भले ही 200 और 50 के नए नोट न आ पाए हो, लेकिन बाजार में इनके नकली नोट आ चुके है। कलियर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पीपल चौक से नकली नोट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास 200 और 50 के नकली नोट बरामद हुए।
मामले की जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया आज पुलिस के एक टीम पीपल चौक के समीप चेकिंग कर रही थी तब एक युवक की तलाशी लेने के के दौरान युवक के पास से 15300 रुपये के नकली नोट बरामद हुए। जिसमें दो हजार ,पांच सौ,दो सौ के नए नोट,सौ एव पंचास के नए और पुराने नकली नोट थे। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शारिक पुत्र फुरकान निवासी महमूदपुर मुजफरनगर बताया। उसने बताया कि वह मुजफ्फरनगर से ही एक व्यक्ति ने 50 प्रतिशत पर 20 हजार के नकली नोटो को चलाने के लिए दिए थे। और वह 4700 रुपये के नकली नोट चला चुका है।
बरामद नोटो की संख्या
2000 के 2 नोट
500 के 10 नोट
200 के 6 नोट
100 के 32 नोट
नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया युवक
नहीं रुक रहा अवैध खनन, एक डम्पर-तीन ट्रॉली पकड़ाई
रुड़की। गांव गाधारौना और बुक्कनपूर के जंगलों मे कस्बा पुलिस चौकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर खनन से भरी तीन टैक्टर ट्रॉली, एक डम्पर व खनन को भरने वाली जेसीबी पुलिस ने पकड़ी।
पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि बुक्कनपूर व गाधारौना के जंगलों में खनन माफिया खनन करने पर लगे हुए हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने टीम के साथ मौके पर जाकर बड़ी कारवाई करते हुए खनन से भरे तीन टैक्टर ट्राली और एक जेसीबी और एक खनन भर रहे डम्पर को मौके से कब्जे में लिया। कार्रवाई से खनन माफिया मे भगदड़ मच गई। वहीं कुछ खनन माफिया पुलिस को देख अपने वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि चौकी क्षेत्र में कोई भी अवैध कार्य नहीं करने दिया जाएगा।
दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति पहुंचे उत्तराखंड
देहरादून। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखण्ड पहुंच रहे हैं। शनिवार दोपहर राष्ट्रपति जौलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून पहुंचें। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक करेंगे। मध्य कमान सेना द्वारा राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
राष्ट्रपति जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हर की पौड़ी, हरिद्वार जाएंगे। गंगा पूजन के बाद दिव्य प्रेम सेवा मिशन, सेवा कुंज, हरिद्वार जाएंगे। शाम को राष्ट्रपति राजभवन, देहरादून आ जाएंगे। राजभवन में राज्यपाल राष्ट्रपति के सम्मान में भोज देंगे।
वहीं, राजधानी देहरादून सहित सूबे के कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में देहरादून, हरिद्वार सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी किया है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शासन-प्रशासन सक्रिय हो गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
24 सितम्बर की सुबह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राजभवन परिसर में पौधरोपण के बाद केदारनाथ व बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। बद्रीनाथ धाम में दर्शन के बाद राष्ट्रपति वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
मसूरी के श्रीगुरु सिंह सभा गुरुद्वारा के सौ साल पूरे
पिछले तीन दिनों से सुबह सुबह मसूरी में शबद कीर्तन की मधुर अावाज गूंज रहीं है जोकि पूरे दिन चलती है। रंगबिरंगी लाईटों से सजी मसूरी को देखकर ऐसा लगता है मानों दिवाली समय से पहले आ गयी हो, हिल-स्टेशन के सभी निवासी एक साथ आकर शहर के सबसे पुराने लन्ढौर गुरुद्वारे की 100वीं सालगिरह धूम-धाम से मना रहे हैं।

साल 1960 में सिख समुदाय के लगभग 200 परिवारों में से अब कुछ ही बचे हैं जोकि मसूरी को 4-5 पीढ़ियों से अपना घर मानते हैं। उनमे से एक है इंदरमीत सिंह, जिन्होने न्यूजपोस्ट से बातचीत में बताया कि, “यह गुरुद्वारा इस शहर के इतिहास का हिस्सा है और हम अपनी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। यह हमारे जिंदगी का एक अभिन्न हिस्सा है।” वहीं 45 साल के गुरमीत सिंह जो गुरुद्वारे में होने वाली तैयारियों में हाथ बटा रहें हैं बताते है कि, “हम अपने बड़ों से सीखते हैं और हमेशा यहीं कोशिश करते है कि हमारे आने वाली पीढ़ी भी इस परंपरा को आगे लेकर जाएं।”
मसूरी से संबंध रखने वाले सिख समुदाय के लोग दिल्ली,पंजाब और दूसरे कई शहरों से तीन दिन का समय निकाल कर आर्शीवाद लेने लन्ढौर गुरुद्वारे पहुंचे हैं।
गुरुग्रंथ साहिब को पूरी साज-सज्जा के साथ शनिवार को मसूरी की संकरी गलियों से एक भव्य जूलुस निकाला जाएगा, जिसकी झलक और आर्शीवाद के लिए लोग दूर-दराज से बारिश और ठंड के बावजूद भारी संख्या में यहां पहुंचे हैं। इन सब की यह लगन काबीले तारीफ है, अौर अाने वाले पीढ़ी के लिये एक मिसाल भी।
फर्जी नियुक्ति मामले में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ होगी जांच
देहरादून। शिक्षा विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति हासिल करने वाले लोगों की अब खैर नहीं है। विभाग अब ऐसे सभी मामलों की एक फेहरिस्त तैयार करने में जुट गया है। जिसके बाद ऐसे तमाम मामलों में न सिर्फ कार्रवाई की जाएगी बल्कि आपराधिक मामले के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इतना ही नहीं फर्जी नियुक्ति मामले में लिप्त अधिकारियों को भी विभाग अपने रडार पर रखने जा रहा है। शिक्षा विभाग ऐसे अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करेगा।
फर्जी दस्तावेज और नियम के विरुद्ध शिक्षकों की नियुक्ति मामले में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ जांच बिठाई जाएगी। शिक्षा विभाग ने इसके लिए कमर कस ली है। विभाग का कहना है कि जांच के बाद अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि डोईवाला खंड शिक्षा अधिकारी अनीता चौहान ने हर्रावाला में संचालित सवित्री शिक्षा निकेतन के प्रबंधक पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चार शिक्षकों की नियुक्ति का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। मामले को देखते हुए शिक्षा विभाग भी सख्ती अपना रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक हेमलता भट्ट ने कहा कि मामला सामने आने के बाद जांच बिठाई जाएगी। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड संस्कृत विवि के कुलपति की डिग्री का मामला पहुंचा कोर्ट
हरिद्वार,। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति पीयूषकांत दीक्षित की फर्जी डिग्रियों के मामले में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। रुड़की निवासी पवन उपाध्याय ने कुलपति की उपाधियों को गलत बताते हुए कोर्ट में चुनौती दी है। कोर्ट ने इस मामले में कुलपति से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई चार अक्टूबर को होगी।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति पीयूषकांत दीक्षित की नियुक्ति का मामला अब कोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में रुड़की के पवन ने चुनौती देते हुए जनहित याचिका दायर की है। याचिका में कुलपति की नियुक्ति पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा गया है कि पीयूषकांत दीक्षित ने 11 वर्ष की आयु में 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी। पवन कुमार ने कुलपति की नियुक्ति को गलत बताते हुए चुनौती दी है।
मुख्य न्यायाधीश केएम जोसफ और न्यायमूर्ति आलोक सिंह की खण्डपीठ ने पीयूष कांत दीक्षित को तीन अक्टूबर तक जवाब देने को कहा है। इस मामले की अगली सुनवाई चार अक्टूबर को होगी।
अब फेसबुक टूल से तुरंत होगी फेक न्यूज की पहचान
सोशल नेटवर्किंग सािट फेसबुक अपने यूर्जस की सुविधा के लिए आए दिन नए-नए टूल्स लेकर आता है।लेकिन पिछले दिनों फेसबुक के नए टूल ने क्रांति ही ला दी है।फेसबूक अपने नए टूल के साथ अपने यूजर्स के बीच है।इस टूल से सोशल मीडिया पर फेक और भ्रामक न्यूज को रोकने में आसानी होगी।
पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर बहुत सी खबरे पढ़ी गई जिसके बाद पता चला कि वह गलत है और केवल लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए फेसबुक पर चलाई गई हैं।ऐसे में यूजर्स को फेक न्यूज से बचाने के लिए फेसबुक का नया टूल बहुत मददगार साबित होगा।अब यूजर्स को ऐसी गलत खबरों से बचाने के लिए फेसबुक ने फेक न्यूज को पहचाने वाला टूल जारी कर दिया है। फेसबुक अपनी फैक्ट चेकिंग वेबसाइट्स के जरिए फेक न्यूज को गलत करार देंगी। ऐसी न्यूज पर डिस्प्यूटेड टैग लगा होगा। इस नए फीचर के जरिए खबरों में कितनी सच्चाई होगी इसका पता लगाने के लिए फेसबुक स्नोप्स और पोलिटिफैक्ट जैसी संस्थाओं का सहारा ले रही है।
फेक न्यूज पहचाने का टूल
फेसबुक ने अपने हेल्प पेज पर एक नया सवाल जोड़ा है कि फेसबुक पर न्यूज को कैसे ‘डिस्प्युटेड’ मार्क करें। हालांकि फिलहाल यह फीचर सबके लिए उपलब्ध नहीं है। साथ ही यह भी साफ नहीं है कि अभी ‘फेक न्यूज’ पहचानने वाले इस फीचर टूलतक कितने लोगों की पहुंच है।
पाकिस्तान से आए जत्थे को प्रशासन ने ऋषिकेश में रोका
ऋषिकेश। मंगलवार को पाकिस्तान से ऋषिकेश आए 82 यात्रियों का जत्था हेमकुंड की यात्रा पर जाने के लिए ऋषिकेश में बाट जोह रहा है। जिला प्रशासन से अभी तक जत्थे को अनुमति नहीं मिली है।
मंगलवार को पाकिस्तान से 82 लोगों का जत्था हरिद्वार-ऋषिकेश की यात्रा के लिए ऋषिकेश पहुंचा था। जत्थे के पास ऋषिकेश से आगे जाने की अनुमति नहीं थी। यह जत्था फिलहाल गुरुद्वारे में ही है।
फिल्म केदारनाथ में दिखेगी असली तबाही
सन 2013 में उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आई तबाही को कोई नहीं भूल सकता, जब भूस्खलन और भारी बारिश ने इस राज्य में भयंकर तबाही मचाई थी। इस विनाश लीला को अब सिनेमाई परदे पर उतारा जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, सुशांत सिंह की नई फिल्म केदारनाथ में ये तबाही परदे पर नजर आएगी।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, फिल्म की कहानी में इसी तबाही के बैकड्राप पर सुशांत सिंह और सारा अली खान की लव स्टोरी शुरु होगी। सैफ अली और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान को इस फिल्म से रुपहले परदे पर लांच किया जा रहा है।
हाल ही में देहरादून के पास फिल्म का पहला शेड्यूल शुरु हुआ है, जो सितंबर के आखिर तक चलेगा। इसी राज्य में फिल्म का एक और शेड्यूल दिसंबर में होगा और फिर एक शेड्यूल लंदन में होगा। इस फिल्म को अगले साल अप्रैल में रिलीज किया जाना है।
शाहरुख की नई फिल्म का टाइटल- बटला
आनंद एल राय के निर्देशन में शुरु हो रही शाहरुख खान की फिल्म का टाइटल ‘बटला’ तय हुआ है। इस फिल्म में शाहरुख खान एक बौने का किरदार कर रहे हैं, छोटे कद के इंसान को बटला कहकर बुलाते हैं। फिल्म का पहला शेड्यूल अक्तूबर में शुरु होने जा रहा है। हालांकि सलमान इस फिल्म के लिए मेहमान कलाकार के तौर पर शाहरुख खान के साथ एक गाने की शूटिंग कर चुके हैं।
अंदाज है कि आनंद राय पहला शेड्यूल मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद के इलाके में करेंगे। इस फिल्म में शाहरुख के साथ अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ हैं, जो इससे पहले यश चोपड़ा की जब तक है जान में साथ काम कर चुकी हैं। पहले शेड्यूल के बाद जनवरी में फिल्म की शूटिंग अमेरिका और लंदन में भी होगी। अगले साल दिसंबर में इसे रिलीज किया जाना है।
कहा जा रहा है कि दिसंबर में इस फिल्म के साथ ही राकेश रोशन की कृष 4 रिलीज होगी। इस साल जनवरी में राकेश रोशन की काबिल के साथ शाहरुख खान की रईस का टकराव हुआ था। राकेश रोशन ने उसी टकराव के दौरान संकेत दे दिए थे कि ‘कृष 4’ को वे शाहरुख खान की अगली फिल्म के साथ रिलीज करेंगे।





























































