Page 497

सैकड़ों ने सुनी पीएम मोदी की मन की बात

0

देहरादून। धर्मपुर विधानसभा के दीपनगर वार्ड में विश्वकर्मा मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सैंकड़ों लोगों ने सुना। इस मौके पर हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने भी लोगों के साथ कार्यक्रम सुना।

डॉ निशंक ने कहा कि आज मन की बात कार्यक्रम को तीन वर्ष पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री की मन की बात से लगातार लोगों का भी मन बदल रहा है। मोदी मन की बात कार्यक्रम छोटी-छोटी बातों से लोगों को जोड़कर क्रांतिकारी काम कर रहे है। आज स्वच्छता को लेकर देश का हर नागरिक आंदोलन के रूप में स्वछता के कार्यक्रम में अपना योगदान दे रहा है। लोग जुड़कर कुछ ना कुछ देश के लिये करने का मन बना रहे हैं।
मन की बात में मोदी ने कहा कि लोगों को घूमने से एक से दूसरे क्षेत्र की संस्कृति, सभ्यता, भाषा की जानकारी मिलेगी और आप अपने अनुभव लोगों को बताएं। मोदी के आह्वान कर कहा पर डॉ निशंक ने पिछले सप्ताह भारत सरकार की ओर से अपने इंडोनेशिया दौरे के अनुभव कार्यकर्ताओं के साथ बांटते हुए कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम राष्ट्र आज अपने देश मे रामलीला, देवी-देवताओं के चित्र अपनी मुद्रा में अंकित कर, अपनी देश की वायु सेवा का नाम गरुड़ रखा है। 

काश्तकारों की चौलाई की फसल कीड़ों ने कर दी बर्बाद

0

उत्तरकाशी जिले में अस्सी गंगा घाटी क्षेत्र के अधिकतर ग्रामीणों की चौलाई और आलू की खेती पर ही आजिविका निर्भर है, लेकिन इस सीजन में उनकी चौलाई की फसल को कीड़ों ने बर्बाद कर दी है। जबक‌ि बारीश से खस्ताहाल हुए पैदल मार्गों की वजह से काश्तकार आलू की फसल को भी मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। यहां के मार्ग वन विभाग और जिला पंचायत के अंर्तगत आते हैं, परंतु दोनों ही कोई कदम उठाने को तैयार नहीं हैं।

संगमचट्टी क्षेत्र में पड़ने वाली अस्सी गंगा घाटी के सेकू, गजोली, भंकोली, अगोड़ा सहित नौ गांवों के काश्तकारों पर इस साल कुदरत ने जमकर कहर बरपाया है। चौलाई और आलू पर आ‌धारित अर्थव्यवस्था को कीड़ों और बारिश ने बर्बाद कर दिया है। ऐसे में प्रशासन ने भी यहां के किसानों की समस्याओं पर आंख मूंद ली है।

सेकू गांव के पूर्व जिला पंचायत सदस्य, कमल सिंह रावत ने बताया कि, “कीड़ों द्वारा तबाह की गई चौलाई की फसल के बाद अब आलू की फसल पर ही सारी उम्मीदें टिकी हैं लेकिन सभी पैदल मार्ग बंद होने की वजह से हम फसल को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इन जानलेवा मार्गों पर घोड़े खच्चर तो क्या इंसान भी नहीं चल सकते हैं। जिला पंचायत और वन विभाग से कई बार शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।”

वहीं डीएफओ संदीप कुमार ने कहा कि, “वन क्षेत्र में आने वाले सभी मार्गों की मरम्मत के लिए शासन प्रशासन से बजट मांगा गया है। अस्सी गंगा घाटी के ग्रामीण अपने क्षेत्र के मार्गों की जानकारी विभाग में दे सकते हैं। जिसके बाद इनके पुनः निर्माण के लिए प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।” 

फिर से बनेगा आरके स्टूडियो

0

हाल ही में आरके स्टूडियो में आग लगी, जिसमें राज कपूर द्वारा स्थापित किए गए इस स्टूडियो का एक बड़ा हिस्सा जल गया। इस कांड में कपूर परिवार की फिल्मों की तमाम पुरानी यादों से जुड़ी ड्रेसेज और दूसरी चीजे नष्ट हो गईं। ऋषि कपूर ने कहा है कि वे इस स्टूडियो को नए तरीके से फिर बनवाएंगे और इस बार इसे स्टेट आफ द आर्ट स्टूडियो की तर्ज पर डवलप किया जाएगा।

ऋषि कपूर का कहना है कि इसके लिए वे भारत और विदेशों के प्रमुख डिजाइनरों के साथ मुलाकातें करने जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत तक इस मामले में अंतिम फैसला हो जाएगा और अगले साल से आरके को फिर से बनाने का काम शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम इसे शानदार स्तर पर बनाएंगे, जिसमें न सिर्फ फिल्मों, बल्कि टीवी, थिएटर सहित मनोरंजन की कला से जुड़े तमाम साधनों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने इस पुनर्निमाण पर आने वाली लागत के बारे में कुछ कहने से मना कर दिया।

16 सितंबर, शनिवार की दोपहर को चेंबूर स्थित आरके स्टूडियो में लगी आग में सेट नंबर एक बुरी तरह से जल गया और आग फैलती चली गई। राजकपूर ने 1948 में इस स्टूडियो का निर्माण किया था और बतौर निर्देशक-निर्माता आग, आवारा से लेकर हिना तक तमाम फिल्मों की शूटिंग यहां की।

उर्वशी के साथ लंदन में हेट स्टोरी 4

0

हेट स्टोरी की चौथी कड़ी में उर्वशी राउतेला को कास्ट किए जाने की खबर की पुष्टि हो गई है। फिल्म का पहला शेड्यूल लंदन में शुरु होने जा रहा है, जिसमें उर्वशी हिस्सा लेंगी। उर्वशी के साथ पंजाबी फिल्मों की हीरोइन इहाना ढिल्लों को इस बार लांच किया जा रहा है।

उर्वशी ने हाल ही में राकेश रोशन की काबिल में आइटम सांग किया था। वे टी सीरिज की सनम रे, इंद्र कुमार की ग्रेट ग्रैंड मस्ती में काम कर चुकी हैं। उनको अनिल शर्मा की फिल्म सिंह साहब द ग्रेट में सनी देओल के साथ लांच किया गया था। अभी तक हेट स्टोरी 4 का हीरो तय नहीं हुआ है।

विशाल पंड्या ही चौथी कड़ी का निर्देशन करेंगे। वे तीसरी और दूसरी कड़ी के निर्देशक रहे हैं। पहली कड़ी का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया था। हेट स्टोरी में अब तक पहली कड़ी में बंगाली एक्ट्रेस पाउली दम, दूसरी कड़ी में सुरवीन चावला और तीसरी कड़ी में जरीन खान और डेसी ईरानी ने मुख्य रोल किए थे।

पद्मावती को लेकर फिर से धमकी

0

संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ का पहला लुक लांच होने के साथ ही इस फिल्म को लेकर धमकियां दिए जाने का नया दौर शुरु हो गया। राजस्थानी राजपूतों के संगठन कार्णिक सेना ने एक बार फिर अपनी धमकी दोहराई है कि अगर फिल्म में एतिहासिक तथ्यों के साथ कोई छेड़छाड़ हुई या ‘पद्मावती’ के चरित्र पर कोई लांछन लगा, तो इस फिल्म को कहीं भी रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।

कार्णिक सेना ने साफ तौर पर कहा है कि वे इस फिल्म को लेकर अपने रुख पर कायम हैं। इसी संगठन ने इस साल के शुरु में जयपुर में फिल्म के सेट पर तोड़फोड़ की थी और संजय लीला भंसाली के साथ बदसलूकी भी की थी, जिसका कड़ा विरोध भी हुआ था। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान जब कोल्हापुर में सेट पर आग लगी थी, तो भी इसी संगठन का नाम सामने आया था।

इस संगठन के नेताओं ने बताया कि भंसाली की टीम उनको फिल्म दिखाना चाहती है, लेकिन संगठन चाहता है कि इतिहास के जानकारों को ये फिल्म दिखाई जाए। राजस्थान की सरकार भी इशारों में इस मामले को लेकर राजपूती संगठन के साथ खड़ी नजर आ रही है। सरकार के वरिष्ठ मंत्री कह चुके हैं कि आम जनता की संवेदनाओं को ठेस पंहुचाने वाली फिल्म को रिलीज होने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस फिल्म को इस साल 1 दिसंबर को रिलीज होना है।

बारिश से टिहरी झील का जलस्तर बढ़ा

0

टिहरी। बारिश से टिहरी झील के भरने की आशंका को देखते हुए टीएचडीसी ने ज्यादा पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। जहां 157 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया था। वहीं रविवार सुबह को 263 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया। सुबह जहां झील का जलस्तर 824.60 मीटर पहुंच गया था। वहीं, सायं को 824. 55 मीटर हो गया है। झील को अधिकतम 825 मीटर तक भरा जा सकता है।
इस समय भागीरथी व भिलंगना नदी से 402.98 क्यूमेक्स पानी आ रहा है। भिलंगना से 218.88 क्यूमेक्स व भागीरथी से 184.10 क्यूमेक्स पानी आ रहा है। अब जिस तरह से बारिश हो रही है उससे जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। इसको देखते हुए टीएचडीसी ने ज्यादा पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। टीएचडीसी के डिप्टी मैनेजर कपिल कपूर ने बताया कि वर्तमान में दोनों नदियों से 402.98 क्यूमेक्स पानी आ रहा है।

यमुनोत्री धाम की पहाड़ियों में हुई बर्फबारी

0

उत्तरकाशी जिले में पिछले 36 घंटों से लगातार बारिश जारी है। रविवार को भी सुबह से शाम तक हल्की रिमझिम बारिश जारी रही, जिससे मैदानी इलाकों में ठंडक बढ़ गई है। वहीं यमुनोत्री और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है।

उत्तरकाशी में रविवार के दिन भी सुबह से शाम तक हल्की बारिश जारी रही। लगातार दो दिनों से चल रही इस बरसात के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। जबकि यमुनोत्री सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है।

वहीं गंगोत्री में भी सुबह हल्की बारिश हुई। गंगोत्री म‌ंदिर समिति के सचिव सुरेेश सेमवाल ने बताया कि फिलहाल धाम में बारिश के कारण ठंडक बढ़ गई है। गोमुख क्षेत्र में बर्फबारी होने का अनुमान है।

मसूरी विधायक गणेश जोशी ने किया दीनदयाल उपाध्याय सभागार का उद्घाटन

0

देहरादून। पं. दीनदयाल उपाध्याय की 101वीं जयंती की पूर्व संध्या पर ग्राम पंचायत कुठालगेट के न्यू खालागांव में नवनिर्मित पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार एवं नवनिर्मित आगनबाड़ी केन्द्र का उद्घाटन रविवार को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने किया।
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने अपने सम्बोधन में महान चिन्तक एवं संगठनकर्ता, एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा के अनुयायी पं. दीनदयाल उपाध्याय की 101वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें नमन किया और आयोजकों को सुन्दर कार्य के लिए शुभकामनाएं दी। विधायक जोशी ने कहा कि ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा किये गये इस कार्य के लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने घोषणा किया कि वह अपने स्रोतों से भी गांव के विकास को प्राथमिकता देंगे और विकास के प्रत्येक कार्य में कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
भाजपा के जिला मंत्री एवं गांव के वरिष्ठ नागरिक सुन्दर सिंह कोठाल ने बताया कि उनकी पहल पर ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीणों के सहयोग से न्यू खालागांव में पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार बनाया गया। उन्होंने कहा कि आज के दिन इस सभागार का लोकार्पण करना एकात्म मानववाद के समर्थक पं. दीनदयाल उपाध्याय के 101वें जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें नमन करने जैसा है। साथ ही बताया कि न्यू खालागांव में चार लाख की लागत से आगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण भी कराया गया है, जिसका आज विधिवत रूप से उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान मीरा देवी, भाजपा मण्डल महामंत्री दीपक पुण्डीर, अनुराग सिंह, लक्ष्मण सिंह, उप प्रधान बंसत असवाल, पंचायत सदस्य गीता देवी, नीलम देवी, लक्ष्मी देवी, मोहन लाल, शेखर, बंसत सिंह, सुभाष जोशी, पवन कुमार, धर्मपाल, सुल्तान सिंह, हुकुम सिंह, सुशील असवाल, संजय, मोनू कोठाल, अभय ठाकुर, संचालक सचिन सहित गांव के सैकड़ों लोग आदि उपस्थित रहे।

देहरादून से साईकिल चोर गिरफतार

0

लल्लूलाल सिंह ने थाना पटेलनगर मे लिखित तहरीर दी कि उनकी गुलाबी रंग की हीरो रट्रीट रेसर साईकिल को अपनी दुकान के बाहर खड़ी की थी, जब वह बाहर आया तो साईकिल वहा पर नही मिली। इस सम्बन्ध में थाना हाजा पर मु.अ.सं. 439/17 धारा 379 भादवि पंजीकृत किया गया। चोरी के सफल अनावरण के लिये प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के दिशा निर्देशों दिये व टीम गठित की गयी।

पुलिस टीम द्वारा लगातार सार्थक प्रयास एवं सुरागरसी पतारसी करते हुये संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनो की चैकिंग के दौरान मंडी तिराहा निरंजनपुर से एक संदिग्ध व्यक्ति गुलाबी साईकिल सवार को चैक किया गया, जिसने अपना नाम सुन्दर बताया। संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ कर गुलाबी साईकिल के सम्बन्ध में पूछा गया तो घबराते हुये संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा साईकिल का गहनता से निरीक्षण किया गया एवं वादी मुकदमा को मौके पर बुलाया गया। उनके द्वारा उक्त साईकिल को अपना होना बताया गया।

पकडे गये व्यक्ति से गहनता से पूछताछ की गयी तो इसके द्वारा बताया गया कि, “मैं बेराजगार हूँ तथा शराब पीने का आदी हूँ, जिस कारण मै घरों व दुकानो के बाहर खड़ी साईकिलों को व दुकानो के काउन्टरों पर रखे मोबाईलों को चोरी कर उन्हे कही अन्यत्र उचित दामों पर बेच देता हूँ, जिससे मेरा खर्चा निकल जाता है।” पकड़े गये व्यक्ति की निशानदेही पर 4 अन्य साईकिलो व 6 विभिन्न कम्पनियों के मोबाईल बरामद किये गये। अभियुक्त पूर्व में भी चोरी के अभियोगों में जेल जा चुका है।

भारी बारिश से नदी नाले उफान पर

0

उत्तराखंड में लगातार बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। वर्षों के बाद लोगों को नवरात्रों में ऐसी बारिश देखने को मिल रही है। लगता है वर्षा ऋतु पलटकर आ गई है। इन दो दिनों में पूरे प्रदेश में हल्की से माध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है। आने वाले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि नैनीताल और चमोली दो जिले अब भी बारिश के चपेट में रहेंगे। शेष स्थानों पर मौसम या तो साफ रहेगा या तो कम बारिश वाला रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कोई चेतावनी तो नहीं दी है लेकिन दो जिलों को संवेदनशील बताया है फिलहाल इस 36 घंटे की बारिश से गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडल बारिश से पूरी तरह भीगे हुए हैं। इस तीन दिन से बारिश ने लोगों को घर में बैठने को मजबूर कर दिया है। वर्षा का असर नवरात्र पर ही पड़ा ही है। रामलीलाओं की रात भी धुल गई है। तीन रातों तक कोई कार्यक्रम नहीं हो पाया है। जगह-जगह रामलीलाएं व जागरण स्थगित करने पड़े हैं। वर्षा से भूस्खलन, पेड़ गिरने जैसी घटनाओं से कई स्थानों पर आवागमन बाधित हुआ है।

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार भारी वर्षा के कारण पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में भट, राजमा, गहत, लोबिया, उड़द धान, मडुवा, सोयाबीन सहित बेल वाली सब्जियों को नुकसान हुआ है। तराई में धान की फसल को 32 प्रतिशत तक नुकसान होने का अनुमान है। आपदा राहत विभाग के अनुसार नैनीताल जनपद में भारी बारिश से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित थुवा की पहाड़ी से जगह-जगह पत्थर गिर रहे हैं। हल्द्वानी से बेतालघाट जा रही केमू की बस भी पत्थर की चपेट में आई लेकिन जान माल का नुकसान होने से बच गया। कस्बा रामनगर क्षेत्र के सभी नदी और नाले उफान पर हैं। तीन अलग-अलग बरसाती नालों में बाइक सवार बह गए जिन्हें क्षेत्रीय लोगों और पुलिस वालों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया।

कहां कितनी वर्षा हुई:
हरिद्वार में 15 सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई, जबकि मुक्तेश्वर में 11 सेंटीमीटर, जखोली में 10 सेंटीमीटर, चौखुटिया में 10 सेमी., हल्द्वानी में 10 सेमी, रुड़की में 9 सेमी, गैरसैंण 9 सेमी, द्वारहॉट में 9 सेमी, टिहरी 8 सेमी, जौलीग्रांट में 8 सेमी, श्रीनगर में 8 सेमी, देवप्रयाग में 7 सेमी, देहरादून में 6 सेमी, ऋषिकेश में 6 सेमी, लक्सर में 6 सेमी, ऊखीमठ में 6 सेमी, कीर्तिनगर में 6 सेमी, बागेश्वर में 5 सेमी, घनशाली में 5 सेमी, त्यूनी में 5 सेमी, कर्णप्रयाग में 5 सेमी, पौड़ी में 5 सेमी. कोटद्वार, मसूरी, नैनीताल, चमोली में 4 सेमी, उत्तरकाशी, डूंडा और उत्तरकाशी शहर में 3 सेमी, लैंसडाउन और कपकोट व मुनस्यारी में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश के कारण राजाजी पार्क प्रशासन चीला मोटर मार्ग बंद कर दिया गया है।

ऋषिकेश हरिद्वार को जोड़ने वाला चीला मोटर मार्ग बीन नदी के उफान के कारण बंद किया गया है। इसमें ऋषिकेश से हरिद्वार जाने वालों को रायवाला होते हुए जाना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण चीला रेंज में घासीराम रपटा तेज बहाव होने के कारण स्विफ्ट कार बहाव में फंस गई थी, जिसे पुलिस द्वारा निकाला गया।