Page 482

तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे गृहमंत्री

0

भारत-चीन सीमा के भ्रमण और प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित करने के लिए गृहमंत्री राजनाथ तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर गुरुवार शाम को देहरादून पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्य सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर विधायक मुन्ना सिंह चौगान भी मौजूद रहे।

सीमा सुरक्षाबल के विशेष विमान से गृहमंत्री राजनाथ सिंह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, यहां से वे मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अकादमी के लिए रवाना हुए। मसूरी में विधायक गणेश जोशी ने उनका स्वागत किया। लाल बहादुर प्रशासनिक एकेडमी में कुछ देर आराम करने के बाद प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित करेंगे। रात्रि 9.30 बजे गृहमंत्री 92वें फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु एवं फेज पांच के सेवारत अधिकारियों के साथ रात्रि भोजन करेंगे। एलबीएस अकादमी निदेशक उपमा चौधरी ने स्वागत किया जिसके बाद वह कालिंदी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। फेज 5 और ट्रेनी के साथ करेंगे डिनर, कल 92 फाउंडेशन कोर्स के 369 और फेज 5 के अधिकारियों को करेंगे संबोधित

इसी क्रम में वे शुक्रवार सुबह 10 से 12 बजे तक वह फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु एवं फेज पांच के अधिकारियों को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 12.40 बजे वह बद्रीनाथ के लिए रवाना होंगे।

गृहमंत्री की सुरक्षा के लिए लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बद्रीनाथ दर्शन के बाद चमोली में सैन्य अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे और भारत-चीन सीमा क्षेत्र का दौरा करेंगे। शनिवार को वह चमोली से सीधे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

टीवी में आए मिथुन पुत्र मिमोह

0

फिल्मों में अपेक्षित सफलता न मिलने के बाद कलाकारों का छोटे परदे का रुख करने की परंपरा नई नहीं रही है। इसी कड़ी में अब मिठुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह का नाम भी जुड़ने जा रहा है। खबर मिली है कि मिमोह अब एक टीवी सीरियल में काम करने जा रहे हैं।

खबर के मुताबिक, गामा पहलवान पर बनने जा रही टीवी सीरिज में मिमोह काम करने जा रहे हैं। इस सीरिज में सलमान के छोटे भाई सोहेल खान, जो ट्यूबलाइट में उनके भाई के रोल में थे, वे भी होंगे। इस सीरिज की शूटिंग पंजाब के अमृतसर में होगी। गामा पहलवान अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले जीत गए थे, लेकिन जब देश का बंटवारा हुआ, तो वे पाकिस्तान चले गए थे। उनकी जिंदगी पर एक चैनल एक सीरिज बना रहा है, जो एक तरह से बायोपिक होगी। पहले इस पर फिल्म बनाने का विचार भी हुआ था।

मिठुन के बेटे मिमोह का कैरिअर 2008 में फिल्म जिमी से शुरु हुआ था। पहली फिल्म के बाद हांटेड, लूट और एनीमी फिल्मों में काम किया। एनीमी में तो उनके साथ पापा मिठुन भी थे, लेकिन मिमोह को कभी किसी फिल्म में कामयाबी नहीं मिली, तो अब वे टीवी पर आ रहे हैं।

दुनिया की सबसे महंगी हीरोइनों में आठवें नंबर पर प्रियंका चोपड़ा

0

दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले पुरुष सितारों के बाद अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला सितारों की लिस्ट भी जारी हो गई है और इस लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा को टाप 10 में जगह मिली है। इस लिस्ट में आठवें नंबर पर रहीं प्रियंका चोपड़ा की एक साल की कमाई भारतीय मुद्रा में 65 करोड़ बताई गई है। इस लिस्ट में 1 जून 2016 से लेकर 1 जून 2017 के बीच हुई कमाई के आंकड़े हैं।

ये लगातार दूसरा साल है, जब प्रियंका को इस लिस्ट में जगह मिली है। 2016 में पहली बार इस लिस्ट में प्रियंका 10वें नंबर पर थीं और उनकी कमाई 55 करोड़ आंकी गई थी। इस लिस्ट में प्रियंका को टीवी एक्ट्रेस के तौर पर जगह मिली है, क्योंकि उन्होंने अमेरिकन सीरिज क्वांटिको के दो सीजन में काम किया है। जल्दी ही वे इस शो के तीसरे सीजन में भी काम शुरु करेंगी।

इस लिस्ट में टीवी स्टार सोफिया पहले नंबर पर हैं, जिनकी सलाना कमाई 271 करोड़ आंकी गई है। कुछ समय पहले रिलीज हुई पुरुष सितारों की लिस्ट में शाहरुख खान, सलमान खान और अक्षय कुमार के नाम दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सितारों की लिस्ट में आठवें, नौवे और दसवें नंबर पर बताए गए थे।

आशुतोष राणा 25 साल बाद अनुभव सिन्हा के साथ

0

आशुतोष राणा 25 साल बाद निर्देशक अनुभव सिन्हा के साथ फिर से काम करने जा रहे हैं। अनुभव सिन्हा ने राणा को अपनी अगली फिल्म मुल्क के लिए साइन किया है, जिसमें ऋषि कपूर और तापसी पन्नू मुख्य भूमिकाओं में हैं। 25 साल पहले आशुतोष राणा ने अनुभव सिन्हा के टीवी सीरियल शिकस्त में काम किया था, जिसमें मनोज वाजपेयी भी थे, ये शो 1993 में बना था।

अक्तूबर में शुरु होने जा रही अनुभव सिन्हा की ये फिल्म समाजिक आधार पर है, जिसमें ऋषि कपूर, तापसी पन्नू और आशुतोष राणा के अलावा प्रतीक बब्बर और रजत कपूर हैं। लखनऊ और बनारस के दो लंबे शेड्यूल में इसकी शूटिंग पूरी की जाएगी। कहा जाता है कि फिल्म की कहानी उत्तर भारत के एक संयुक्त परिवार पर है, जिनको आज के दौर में एक साथ रहने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है और उनके टकराव से परिवार बिखरने की कगार पर पंहुच जाता है।

शाहरुख खान के साथ रा वन बनाने वाले अनुभव सिन्हा ने पिछले साथ अपनी पहली फिल्म तुम बिन का सिक्वल बनाया था, जिसे बाक्स आफिस पर असफलता का सामना करना पड़ा था।

अगली फिल्म के लिए वजन घटा रहे हैं इमरान हाशमी

0

हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बादशाहो’ के बाद इमरान हाशमी पहली बार बतौर निर्माता अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म ‘कप्तान नवाब’ में एक सेना के अधिकारी का किरदार निभाने जा रहे है और इस किरदार के लिए इन दिनों वे अपना वजन घटा रहे हैं। इमरान की इस फिल्म के निर्देशक टोनी डिसूजा है।

फिल्म के लिए खुद को पूरी तरह से तैयार करने के लिए इमरान हाश्मी ने अपने शरीर पर भी काफी मेहनत कीहै, क्योंकि इस फिल्म में उनके किरदार के हिसाब से उन्हें थोड़ा दुबला दिखना है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म बादशाहो में उनका किरदार थोड़ा भारी था। कप्तान नवाब के लिए इमरान अब अपना वजन घटाएंगे क्योंकि ये फिल्म एक स्पाई थ्रिलर है।

इस बारे में इमरान का कहना है कि वे कैप्टन नवाब को लेकर बहुत उत्सुक हूं। उनका कहना है कि मैंने इस महीने से इस फिल्म के लिए अपनी वर्कशॉप भी शुरू कर दी है। इमरान के साथ इस फिल्म में एक नई हीरोइन मालविका को लांच किया जाएगा। 

अष्टमी पर घर-घर में पूजी गईं कन्याएं

0

शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर महागौरी की पूजा हरिद्वार में जोर-शोर से हुई। इसके साथ ही अष्टमी तिथि को कन्या पूजन करने वालों ने कन्याओं का पूजन कर नवरात्र व्रत का परायण किया। मंदिरों में अष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। नवमीं तिथि पर कन्या पूजन करने वाले शुक्रवार को कन्या पूजन करेंगे। गुरुवार को तीर्थनगरी में अष्टमी तिथि पर उत्सव का माहौल रहा।

मंदिरों में जहां मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विशेष पूजा अर्चना की गई वहीं श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।  मंदिरों में प्रातः आरती में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दुर्गा पूजन के बाद अष्टमी तिथि पर कन्या पूजन करने वालों ने कन्या पूजन कर उनको भोजन, वस्त्र, दक्षिणा आदि देकर उनका आशीर्वाद लिया तथा सुख-समृद्धि की कामना की।

सर्वाधिक भीड़ तीर्थनगरी के मां चण्डीदेवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर, तीर्थनगरी की अधिष्ठात्री कही जाने वाली मायादेवी मंदिर, दक्षिण काली मंदिर, शीतला माता मंदिर, महिषासुरमर्दिनी मंदिर, काली मंदिर, सुरेश्वरी देवी मंदिर समेत तमाम मंदिरों में उत्सव जैसा नजारा देखने को मिला।

अधिकांश मंदिरों में चल रहे शारदीय नवरात्र का शुक्रवार को कन्या पूजन के साथ समापन हो जाएगा। वहीं देवी मण्डपों में भी मां की पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा। दशहरे पर मण्डलों में सजी मां की प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। 

पिता-पुत्र को मार-पीटकर 50 हजार छीने

0

रंजिश के चलते पिता-पुत्र को उन्हीं के घर में लाठी-डंडे से मार-पीटकर पड़ोसी 50 हजार रुपये छीन लिए गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

थाना पथरी, हरिद्वार के गांव बुढ़ेडी में मुर्सरत का मकान है। आरोप है कि रंजिश के चलते पड़ोसी गांव मुस्तफागांव निवासी इमरान परिजनों संग लाठी-डंडे लेकर उसके घर पहुंचा। मुर्सरत और उसके पिता मुनफेद की खूब पिटाई की। इसके बाद मुनफेद की जेब से शादी के सामान के 50 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। हमलावर फरार हैं, पथरी पुलिस पीड़ितों की तहरीर पर मामले की छानबीन कर रही है।

स्कूल में बच्चे की मौत, स्कूल प्रशासन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप

0

नगर के एक प्राइवेट स्कूल के 17 वर्षीय छात्र की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मनेरा स्थित ऋषिराम शिक्षण संस्थान के कक्षा 12 वीं के छात्र आयुष बिष्ट पुत्र राकेश बिष्ट का स्कूल में अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया था। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से दुखी परिजनों ने स्कूल प्रशासन व चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह आयुष बिष्ट की स्कूल पहुंचते ही तबीयत खराब होने लगी। छात्र को उल्टी करता देख विद्यालय प्रशासन ने छात्र के परिजनों को सूचना देकर बुला लिया। जिसके बाद परिजनों द्वारा उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, छात्र के चाचा सुधीर बिष्ट ने स्कूल प्रशासन व चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घर से स्कूल की दूरी लगभग 3 किमी है जिस वजह से उन्हें स्कूल पहुंचने में देर हो गई थी।

अगर स्कूल प्रशासन द्वारा बच्चे को पहले ही अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो कीमती समय बच सकता था। उन्होंने चिकित्सकों पर भी ईलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल इमरजेंसी में उचित सुविधा होती तो बच्चे की जान बच सकती थी। छात्र को उल्टी करता देख परिजनों को सूचित कर दिया गया था। स्कूल प्रशासन के पूछने पर छात्र ने कोई गंभीर समस्या नहीं बताई थी। जिस वजह से हमारे द्वारा उसे अस्पताल नहीं भेजा गया। अगर हमें हालात गंभीर लगते तो हम स्वंय ही छात्र को अस्पताल भेज देते।

लंबे अरसे के बाद भूले रास्तों पर पहुंचे सैलानी

0

रोमांच के शौकीनों के लिए विश्व पर्यटन दिवस खास रहा। पहली बार 25 पर्यटकों ने उत्तरकाशी जिले (उत्तराखंड) में समुद्रतल से 11 हजार फीट की ऊंचाई पर दुनिया के सबसे खतरनाक रास्तों में से एक गर्तांगली की सैर की। जिस गर्तांगली से एक दौर में भारत-तिब्बत के बीच व्यापार चलता था, उसी गर्तांगली की कुछ सीढि़यों पर चढ़कर पर्यटकों ने रोमांच का आनंद उठाया।

बता दें कि भारत-चीन सीमा पर जाड़ गंगा घाटी में स्थित करीब 300 मीटर लंबा सीढ़ीनुमा यह रास्ता 17वीं सदी में पेशावर से आए पठानों ने एक विशालकाय चट्टान को काटकर बनाया था। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध से पहले व्यापारी इसी रास्ते से ऊन, चमड़े से बने वस्त्र व नमक लेकर तिब्बत से बाड़ाहाट (उत्तरकाशी का पुराना नाम) पहुंचते थे। युद्ध के बाद इस मार्ग पर व्यापारिक गतिविधियां बंद हो गईं और वर्ष 1975 से सेना ने भी इसका इस्तेमाल बंद कर दिया। तकरीबन 42 साल से इस मार्ग पर कोई आवाजाही नहीं हुई।

तब से पर्यटक इस सीढ़ीनुमा मार्ग का दीदार दूर से ही किया करते हैं, हर कोई पर्यटक इन सीढि़यों के करीब जाना चाहता था, लेकिन इसके लिए वाइल्ड लाइफ बोर्ड की अनुमति जरूरी थी। इस वर्ष पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के निर्देश के बाद प्रशासन ने अनुमति के लिए वाइल्ड लाइफ बोर्ड को पत्र भेजा। लेकिन, मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक डीबीएस खाती ने विश्व पर्यटन दिवस के लिए विशेष परिस्थिति में एक दिन के लिए ही अनुमति प्रदान की। साथ ही विधिवत अनुमति के लिए वाइल्ड लाइफ बोर्ड की बैठक होने के बाद संस्तुति देने की बात कही।

gartang gali

एक दिन की अनुमति मिलने पर बुधवार सुबह 25 पर्यटक उत्तरकाशी से 90 किलोमीटर गंगोत्री की ओर भैरवघाटी के पास लंका पहुंचे। लंका से खड़ी चट्टानों के बीच से ढाई किलोमीटर का पैदल ट्रैक गर्तांगली के लिए शुरू हुआ। गर्तांगली पहुंचने पर पर्यटकों ने अहसास किया कि कभी कैसे इस जोखिमभरे रास्ते से जीवन और दो देशों के बीच व्यापार चला करता था। अलीगढ़ से आए पर्यटक रीना भट्टाचार्य व सुब्रुतो भट्टाचार्य ने बताया कि, “नेलांग-जादूंग पहले भी गए हैं। नेलांग जाते समय ये सीढि़यां दूर से नजर आती थीं। तब यहां आने का बेहद मन होता था। आज इन सीढि़यों का करीब से दीदार कर वे बहुत खुश हैं।” संचालक तिलक सोनी ने बताया कि, “गर्तांगली एक ऐतिहासिक धरोहर है। प्रशासन और वन विभाग को इसकी टूटी हुई सीढि़यों को सही करना चाहिए। ताकि पर्यटक पूरी सीढि़यों से गुजर सकें।”

इन पर्यटकों ने की गर्तागली की सैर:उत्तरकाशी के उपेंद्र सजवाण, पौड़ी के पुष्कर रावत, दिल्ली के शैलेंद्र ठुकराल, पंकज हांडा, गाजियाबाद के मयंक आर्य, देहरादून के कबीर साहनी, डॉ. सांतुन, सपना ठुकराल, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, दीपेंद्र पंवार, पीयूष बनूनी आदि थे।

ऐतिहासिक गौचर मेले को दिया जाएगा भव्य रूप

0

चमोली। चमोली जनपद के गौचर में आयोजित ऐेतिहासिक, राज्य स्तरीय, सात दिवसीय, 67वें औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार गौचर मेले को भव्य रूप दिया जाएगा जिसके लिए सभी से अपेक्षित सहयोग की अपील की गई है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा मुन्नी देवी शाह ने कहा कि मेला किसी भी समाज के न सिर्फ लोगों के मिलन का अवसर होते है, वरन संस्कृति, रोजमर्रे की आवश्यकताओं की पूर्ति स्थल व विचारों और रचनाओं के भी साम्य स्थल होता है। उन्होंने गौचर मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इतेजाम करने तथा महिलाओं को सम्मान देने की बात कही। पूर्व विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि ऐतिहासिक गौचर मेले के स्वरूप को कायम रखने के लिए गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने मेले के सफल आयोजन हेतु गठित सभी समितियों के दायित्व निर्धारित करते हुए जिम्मेदारी तय करने की बात कही, ताकि मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके।
नगर पालिका अध्यक्ष गौचर मुकेश नेगी ने कहा कि इस वर्ष मेले का आयोजन विगत वर्षों से और अधिक आकर्षक एवं प्रभावी ढंग से किया जाएगा, जिसके लिए समाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से सुझाव लिया जा रही है। उन्होंने इस वर्ष के मेले को बिक्टोरिया क्राॅस से सम्मानित दरवान सिंह नेगी के नाम पर आयोजित करने का सुझाव भी समिति को दिया। गौचर मेले की प्रथम बैठक में ब्लाक प्रमुख कर्णप्रयाग राधा देवी, मेले अधिकारी एसडीएम केएन गोस्वामी, संरक्षक प्रकाश शौली, विजय प्रसाद डिमरी, सह सहयोजक मोहन प्रसाद मिश्रा, सीएमओ भागीरथी जंगपागी आदि मौजूद थे।