Page 472

धूमधाम से मनाई गई गांधी व शास्त्री की जयंती

0

गोपेश्वर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती चमोली जनपद में धूमधाम से मनाई गई। सभी सरकारी भवनों पर प्रातः 8 बजे ध्वज फहराया गया। जिला कार्यालय में जिलाधिकारी आशीष जोशी ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रपिता बापू एवं पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्कूली बच्चों के साथ मिल कर राम धुन का गायन किया। जिलाधिकारी ने सभी कार्मिकों को सत्य, अहिंसा, सदभावना एवं प्रेम की शपथ दिलाते हुए राष्ट्रपिता गांधी के पद चिन्हों का अनुश्रवण करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा पूरी कर्तव्य, जिम्मेदारी व लगन के साथ निभाने की बात कही ताकि राष्ट्र के विकास में कोई बाधा नहीं होगी।
इस मौके पर रोली में पौधरोपण किया गया। जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकरियों ने शहीद स्मारक पार्क में शहीदों को नमन करते हुए शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण किया। शैक्षिणिक संस्थानों द्वारा अपने-अपने विद्यालय में गांधीवादी जीवनदृष्टि पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, गोष्ठियों का आयोजन किया गया। वृद्धाआश्रम में वृद्धजनों तथा जिला कारागार पुरसाडी में बंदियों को फल वितरित किए गए।
दशोली ग्राम स्वराज मंडल गोपेश्वर के सर्वोदय भवन में खादी एवं ग्रामोद्योग तथा जिला उद्योग केंद्र के तत्वाधान में ऊन कताई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूलों में चित्रकला, निबन्ध प्रतियोगिता, प्रौढ़ शिक्षा व साक्षरता को बढ़ावा देने तथा सामाजिक विषमता के अभिशाप के उन्मूलन तथा भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर चर्चा की गई तथा पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर सीडीओ अपर जिलाधिकारी ईला गिरि, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

बच्ची के साथ दुष्कर्म, लोगों ने पौड़ी बाजार बंद करा जताया विरोध

0

पौड़ी। उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। तहसील पौड़ी क्षेत्र में एक चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम नेपाली मूल की बच्ची को अकेला देख पड़ोस में रह रहे बिहार के युवक ने दुष्कर्म का शिकार बना लिया। डरी सहमी बच्ची मां-बाप को कुछ बता नहीं पाई। रविवार को मां के कई बार पूछने पर लड़की ने मां को सब कुछ बता दिया। जिसके बाद मां ने कोतवाली पौड़ी में तहरीर दी। मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पौड़ी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि आरोपी नसीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया गया है। उनियाल ने बताया कि पोक्सो एक्ट व धारा 342 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है और हिंदूवादी संगठनों ने पौड़ी बाजार को बंद करा कर अपना विरोध जताया है।

सीएम ने गांधी व शास्त्री की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की

0

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास और गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ ही विभिन्न सामाजिक आंदोलनों में भी भारत को नेतृत्व प्रदान किया। महात्मा गांधी का स्वच्छ भारत का सपना आज पूरे देश का मिशन बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया की उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान को घर-घर तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान में उत्तराखंड मजबूती के साथ अपने कदम आगे बढ़ा रहा है। उत्तराखंड देश का चौथा राज्य है जो ग्रामीण क्षेत्रों में ओडीएफ राज्य अर्थात खुले में शौच से मुक्त राज्य का दर्जा पा चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के शहरी क्षेत्र मार्च 2018 तक ओडीएफ हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का भाव पूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिया गया ‘‘जय जवान-जय किसान‘‘ का नारा आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। आज देश की मजबूती के लिए उसकी सुरक्षा में लगे जवानों और देश के अन्नदाता किसानों को हर तरह से खुशहाल और मजबूत रखना होगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रामपुर तिराहा कांड की बरसी के अवसर पर सोमवार को कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर पहुंच कर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को भाव भीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है । उन्होंने सभी राज्यवासियों का आह्वान किया कि वह प्रदेश के विकास में अपना हर संभव योगदान दें।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट एवं विधायक हरबंस कपूर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ के युवक को खोजने में जुटी एसडीआरएफ

0

पांच सितंबर से लापता छत्तीसगढ़ के युवक को पिंडर घाटी में एसडीआरएफ की टीम रविवार को सुंदरढूंगा के रास्ते खोजने का काम शुरू हो गया है।

छत्तीसगढ़ के वागीश पिंडारी ग्लेशियर जाना चाहता था, लेकिन पिंडर नदी में पुल बारिश होने से बह गए थे। वह सुंदरढूंगा की तरफ बढ़ा। वागीश पिंडारी, जीजा प्रियंक पटेल और उसका चचेरा भाई तुपेश चंद्रा शनिवार की शाम बागेश्वर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वागीश से उनकी अंतिम बात तीन सितंबर की शाम को हुई और वह बताया कि वह खाती में है। 15 दिन के बाद भी उसका फोन नहीं लगा। इससे परिजनों को परेशानी होने लगी, उन्होंने कहा कि तमाम लोगों से उसके बारे में बातचीत की। फेसबुक और वाहट्सएप का सहारा लिया, ट्रैकरों से बातचीत हुई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होंने बताया कि डीएम और एसडीएम से भी उसके बारे में जानकारी हासिल की गई। 

रविवार को पहुंचे परिजन का वहां पहले से इंजतार कर रही एसडीआरएफ, राजस्व विभाग की टीम से बातचीत के बाद वे जांतोली और सुंदरढूंगा की तरफ बढ़ गए हैं। खाती गांव के यामू सिंह ने बताया कि एक रास्ता गढ़वाल की तरफ भी जाता है, हो सकता है वागीश रास्ता भटक गए हों, उन्होंने कहा कि यदि वे चमोली के तरफ बढ़े होंगे तो उनके मिलने के आसार आसान हैं।

जिलाधिाकरी रंजना के निर्देश पर एसडीएम कपकोट ने एक टीम बनाई। जो पिछले चार दिनों से खर्किया, खाती, जांतोली आदि स्थानों पर उसे खोजने में लगी हुई है। एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने बताया कि टीम लापता ट्रैकर को खोजने में लगी है। उसके परिजनों से भी बातचीत हुई है।

हरीश रावत ने बीजेपी सरकार पर किया प्रहार

0

अल्मोड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि सत्ता संभालने के बाद से सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। राज्य में अनेकों समस्याएं पड़ी है, लेकिन सरकार इन्हें दूर करने में असमर्थ दिख रही है।

रविवार को कोसी स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व सीएम रावत ने कहा कि रोजगार और पलायान रोकने में सरकार असफल दिख रही है। इस सरकार ने सरकारी विभागों में जो रिक्त पद हैं उनको शून्य घोषित कर दिया है। अभी सरकार जो विभागों में तैनाती कर रही है। उसकी प्रक्रिया भी कांग्रेस शासन में की गई थी। हरीश रावत ने कहा कि महंगाई अब राष्ट्रवाद का प्रतीक बन गई है। महंगाई को जो सहन कर रहा है उसे ही लोग राष्ट्रवादी मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज लोग केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से परेशान हो चुके हैं।
वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा कि पंचेश्वर बांध पर कांग्रेस पार्टी का क्या रुख है इस बारे में मैं कुछ नहीं कहूंगा। सरकार को इस बारे में गहन विचार विमर्श करना जनता के हित में निर्णय लेना चाहिए। बांध बनाने से पहले प्रभावितों की समस्या एवं संसाधनों की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में प्रभावित क्षेत्र के लोगें से बातचीत करेंगे। उनके राय जानने के बाद कुछ कहेंगे। कहा कि प्रभावित क्षेत्र के विस्थापन एवं आवागमन के लिए बांध बनने से पहले काम करना चाहिए। इस मौके पर पूर्व विधायक मनोज तिवारी, जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। 

बीजेपी वरिष्ठ ना​गरिकों का करती है सम्मान: जोशी

0

देहरादून। मूसरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा से ही तत्पर रहती है।
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने रविवार को अन्र्तराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति द्वारा ग्राम पंचायत नगयागांव विजयपुर हाथीबड़कला के लक्ष्मीनारायण मंदिर में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में उपस्थित होकर समारोह का शुभारम्भ के मौके पर यह बातें कही। उन्होंने सर्वप्रथम अन्तर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों द्वारा फर्नीचर एवं भवन की मांग पर मदद का आश्वासन दिया गया है।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की सरकार है और जब से मोदी जी ने देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली है तब से लगातार देश में विकास ही विकास हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान 92 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक टेक बहादुर थापा और 96 वर्षीय पवित्रा शर्मा को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष डीएन थपलियाल द्वारा सभा का स्वागत भाषण द्वारा सम्बोधित किया गया। उन्होंनें इस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह किया कि उम्र के इस पड़ाव में उन्हें अपने स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही सामाजिक सुरक्षा एवं कानूनी सुविधाओं को ज्ञान प्राप्त करना चाहिए। उन्होनें कहा कि युवा वर्ग को भी बुर्जगों की समस्याओं की जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए पर्यत्नरत रहने का आवहान किया।
कार्यक्रम में इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष डीएन थपलियाल, दरबान सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान ज्योति कोटिया, राजीव गुरुंग, महेन्द्र नेगी, अजय कुमार मुखिया, उप प्रधान श्याम प्रधान, दीपक थापा, लाल सिंह, बीएस राणा, नारायण सिंह खड़वाल, रुद्र बहादुर, गोविन्द खड़वाल, श्याम सिंह रावत, राजेन्द्र थापा सहित कई वरिष्ठ एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

फिर एक मंच पर आई1983 की विश्वकप विजेता टीम

0

1983 में पहली बार क्रिकेट का विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम आज मुंबई में एक बार फिर एक मंच पर पंहुची। मौका था इस विश्व विजयी टीम पर बनने जा रही फिल्म की लांचिंग का, जिसे कबीर खान बना रहे हैं।

इस मौके पर कप्तान कपिल देव के साथ मोहिंदर अमरनाथ, के. श्रीकांत, मदनलाल, संदीप पाटिल, दिलीप वेंगसरकर, रोजर बिन्नी, यशपाल शर्मा, कीर्ति आजाद, बलविंदर सिंह संधू, सुनील वाल्सन और टीम के मैनेजर मान सिंह मौजूद थे। सभी ने विश्वकप के उस सफर से जुड़ी यादों को ताजा किया।

अपनी अपनी व्यस्तताओं के चलते सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और सैयद किरमानी इस मौके पर नहीं पंहुच सके। इस मौके पर रणबीर सिंह भी मौजूद थे, जिनको इस फिल्म में कपिल देव का रोल करने के लिए चुना गया है। रणबीर सिंह कालेज तक क्रिकेट खेलते थे। उन्होंने इस फिल्म को अपने कैरिअर की सबसे बड़ी फिल्म बताया।

कबीर खान ने कहा कि उनके लिए इस फिल्म को लेकर सोचना ही मुश्किल था, लेकिन एक बार जब प्रक्रिया शुरु हुई, तो उनको लगा कि पहली बार विश्व कप जीतने का सफर इतना बड़ा है कि इस पर कई फिल्में बनाई जा सकती हैं। इस मौके पर सिर्फ 1983 के हीरो खिलाड़ियों को आगे किया गया। फिल्म का टाइटल ’83’ रखा गया है। कबीर खान ने सिर्फ इतना कहा कि कहानी पर काम चल रहा है।

कोरियोग्राफर आश्ले लोबो अब जर्मनी को नचाएंगे

0

बालीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर आश्ले लोबो डांस सिखाने के लिए जर्मनी जा रहे हैं। बालीवुड की फिल्मों के सौ से भी ज़्यादा गानों के डांस डायरेक्टर रह चुके आश्ले लोबो ने ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में शोज कर चुके है।

अब आश्ले लोबो जर्मनी की एक नाट्य संस्था के साथ मिल कर तीन हफ्ते तक वहां अलग अलग शोज करेंगे। उनका कहना है किये प्रोजेक्ट मेरे लिए काफी अलग है। इस टूर में वे बैले डांस शोज तैयार करेंगे। आश्ले लोबो सितम्बर के आखिरी हफ्ते से लेकर के अक्टूबर के दूसरे हफ्ते तक जर्मनी में लगातार शोज करेंगे। वह भारत के पहले ऐसे कोरियोग्राफर हैं, जो जर्मनी की किसी डांस कंपनी के लिए डांस ग्रुप तैयार कर रहे है।

बालीवुड की हिट रही फिल्मों कॉकटेल, रॉकस्टार, प्यार का पंचनामा, गुज़ारिश, लव आज कल, जब वे मेट, नमस्ते लंदन के डांस डायरेक्टर रहे आश्ले कोरियोग्राफी के साथ साथ एक फिल्म की स्क्रिप्ट भी लिख रहे है, जिस पर वे खुद निर्देशन करने का इरादा रखते हैं।

जुड़वां 2 की बाक्स आफिस पर जोरदार शुरुआत

0

डेविड धवन की ‘जुड़वां 2’ की बाक्स आफिस पर जोरदार शुरुआत हुई है। पहले दिन बाक्स आफिस पर 15.50 करोड़ की कमाई के साथ इस मसालेदार फिल्म ने मजबूत शुरुआत की है। साजिद नडियाडवाला द्वारा बनाई गई इस फिल्म में वरुण धवन के डबल रोल हैं और ये फिल्म साजिद-डेविड की 20 साल पुरानी सलमान खान स्टारर फिल्म जुड़वां का रिमेक है।

फिल्मी कारोबार के जानकार मान रहे है कि काफी समय बाद एक ऐसी मसालेदार फिल्म आई है, जो दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। फिल्म को मीडिया से अच्छे रिव्यूज मिले हैं। इसे देखने वाले दर्शकों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही हैं। जानकारों का अनुमान है कि पहले वीकंड में फिल्म का कारोबार 50-60 करोड़ के बीच रहेगा और इसे विजयादशमी तथा गांधी जयंती की छुट्टियों का फायदा मिलेगा।

फिल्म का बजट 90 करोड़ के लगभग है और इसे देश भर में 3000 सिनेमाघरों मे रिलीज किया गया है। हाल ही में रिलीज बड़े सितारों की फिल्मों के बाक्स आफिस पर न चल पाने की वजह से सबकी निगाहें इस फिल्म पर आ टिकी हैं।

विवादित भूमि को लेकर दो पक्षों में मारपीट

0

रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर विवादित भूमि को लेकर रविवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।

पुलिस के अनुसार रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर बिजनौर निवासी रईस और उसके रिश्तेदार यामीन की भूमि है। जिस पर दोनों का विवाद चला आ रहा है। इसी को लेकर दोनों पक्ष के लोग उक्त भूमि पर पहुंचे जहां दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज के साथ ही मारपीट होने लगी। किसी ने झगड़े की सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद दोनों पक्ष पुलिस के पास पहुंचे। इन्होंने पुलिस को बताया कि अभी उक्त भूमि पर विवाद चल रहा है लेकिन रईस उस जमीन को गुपचुप तरीके से बेचने की फिराक में था। इसका पता चलने पर यामीन और उसके परिवार के लोग वहां पहुंचे और रईस को समझाया लेकिन वह गाली गलौज पर उतर आया। पुलिस को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर दी है।