Page 467

युवक ने की आत्महत्या

0

देहरादून, रात करीबन 10:30 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना नेहरू कॉलोनी को सूचना प्राप्त हुई की दीप नगर क्षेत्र में एक युवक  ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर थाना प्रभारी नेहरू कॉलोनी मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी करने पर युवक की पहचान अजय उर्फ छोटू, पुत्र स्व. नरेश सिंह, दीपनगर के रूप में हुई है।

WhatsApp Image 2017-10-03 at 22.55.13

घरवालों ने पूछताछ में बताया कि मृतक अविवाहित था तथा नशा करने का आदि था तथा पूर्व में स्मैक बेचने में जेल भी जा चुका है। आज भी नशे में मृतक द्वारा कमरे के अंदर से कुंडा लगा कर पंखे में रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस द्वारा मौके पर शव का पंचायतनामा भरा जा रहा है। मामले में अग्रिम कार्यवाही प्रचलित है।

दलित महिला से मारपीट पर मुकदमा दर्ज

0

हरिद्वार, सिडकुल पुलिस ने एक दलित महिला से मारपीट करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।

पुलिस ने मारपीट और जाति सूचक शब्द कहने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। रावली महदूद निवासी एक महिला ने ब्रह्मपुरी निवासी वीर सिंह और उसके दो अन्य साथियों से मारपीट करने और जाति सूचक शब्द कहने का आरोप लगाया था। कार्यवाहक एसओ दीपक कठैत ने बताया कि, “कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”

कई घंटे जाम से जूझे लोग, अवैध पार्किंग बनी आफत

0

रुड़की में शाम को चारों तरफ लगे जाम से लोगों का हाल बेहाल रहा। हाईवे से लेकर नगर की सड़कों तक जाम में लोग घंटों तक फंसे रहे। नगर में जाम का कारण एडीबी द्वारा तोड़ी गई सड़कें और अवैध पार्किंग है।

रुड़की में मलकपुर चुंगी पर देर शाम कई घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। मलकपुर चुंगी के आसपास बने मॉल के बाहर वाहनों की पार्किंग होने के कारण घंटों जाम लगा रहा। रुड़की में बनाए गए अधिकतर माल और अस्पताल के बाहर पार्किंग की कोई सुविधा नहीं है और इस बाबत ट्रैफिक पुलिस से लेकर अन्य प्रशासन भी सजगता नहीं बरतता दिख रहा है।

मलकपुर चुंगी के पास विशाल मेगा मार्ट और वीटू के बाहर पार्किंग न होने का कारण दिन भर सैकड़ों की संख्या में वाहन खड़े रहते हैं और आधी से ज्यादा सड़क वाहनों की कब्जे में रहते हैं, जिसके कारण अक्सर लोगों को वहां जाम से दो चार होना पड़ता है।

जिलाधिकारी पहुंचे रुड़की तहसील, मचा हड़कंप

0

रुड़की तहसील दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी ने अपने पुराने अंदाज में तहसील में लगे स्टाम्प और टाइपिस्ट काउंटर का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी दीपक रावत के निरीक्षण के दौरान स्टाम्प विक्रेताओं में हड़कम्प मच गया और कई स्टाम्प विक्रेता अपने स्थान से भाग गए।

हालांकि, जो लोग मिले उनसे जिलाधिकारी ने पूछताछ की और स्टॉम्प विक्रेताओं को मूल्य समेत सभी सूचनाओं को बोर्ड पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। वहीं, टाइपिस्ट को भी रेट लिस्ट लगाने को कहा। इस दौरान ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित, सीडीओ स्वाति भदौरिया, एसपी देहात मणिकांत मिश्र, सीओ रुड़की एस के सिंह आदि मौजूद रहे।

संतों का हरकी पैड़ी पर सांकेतिक धरना, लापता महंत का पता लगाने की मांग

0

हरिद्वार, अट्ठारह दिन से लापता बड़ा अखाड़ा उदासीन के कोठारी महंत मोहन दास का सुराग नहीं मिलने से नाराज सन्तों ने हरकी पैड़ी पर सांकेतिक धरना दिया और आगामी गुरुवार से हरकी पैड़ी पर बेमियादी धरना देने की चेतावनी दी है। इसके लिए सन्तों ने हाथों में गंगा जल लेकर एकजुटता का संकल्प लिया कि जब तक मोहन दास महाराज का सुराग नहीं मिल जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

15 सितम्बर की आधी रात से लापता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता कोठारी महंत मोहन दास का आज तक पता लगाने में पुलिस की विफलता से नाखुश सन्तों ने बेमियादी धरने का बिगुल फूंक दिया है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की अध्यक्षता एवं महामंत्री महंत हरिगिरि महाराज के संचालन में हरकी पैड़ी पर आयोजित सन्त सम्मेलन में महंत की बरामदगी को लेकर सन्तों ने पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए मंगलवार की शाम हरकी पैड़ी पर सांकेतिक धरना दिया।

अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरिगिरि महाराज ने सभी सन्तों-महंतों को बुधवार को माया देवी मंदिर में एकत्र होने का आह्वान किया। महंत नरेंद्र गिरि महाराज ने कहा कि प्रदेश स्तर की एसआईटी भी आज तक मामले का खुलासा नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा जब तक मोहनदास महाराज का पता नहीं चलता, तब तक संत प्रयास करते रहेंगे। नरेंद्रगिरि ने कहा कि प्रशासन चाहे तो सीबीआई जांच भी करा सकता है। 

राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों पर जल्द तैनाती होगी: सीएम

0

देहरादून। राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों पर जल्द तैनाती होगी। कार्मिक विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने निर्देश दिये कि राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से भरे जाने वाले पदों के लिए जल्द आयोग को अधियाचन भेजा जाए।

सीएम ने सचिवालय में कार्मिक विभाग की समीक्षा की, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विभाग के कार्यों की जानकारी ली, साथ ही दैनिक कार्यों के निष्पादन में विभाग को आ रही कठिनाईयों के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि, “लोक सेवा आयोग के माध्यम से भरे जाने वाले विभिन्न विभागों के रिक्त पदों के अधियाचन तत्काल आयोग को भेजे जाएं। किसी भी स्तर पर किसी कार्मिक की पदोन्नती हेतु डीपीसी में विलम्ब स्वीकार नहीं किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि लोक सेवा आयोग एवं अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र सम्बन्धित शहर के बस स्टेशन अथवा रेलवे स्टेशन के निकट ही करने की व्यवस्था को गंभीरता से लागू किया जाए। बैठक के दौरान प्रमुख सचिव कार्मिक श्रीमती राधा रतूड़ी ने बताया कि कार्मिक अनुभाग-2 द्वारा आईएएस एवं पीसीएस स्तर के रिक्त पदों के लिए लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेजे जाते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कार्मिक अनुभाग-2 में कोई भी कार्य लम्बित नहीं है। कार्मिक विभाग द्वारा सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा के 149 पदों तथा राज्य अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा के अंतर्गत 270 पदों का अधियाचन लोक सेवा आयोग को भेजा गया है। साथ ही सम्मिलित राज्य सहायक अभियंता सेवा परीक्षा हेतु विभिन्न विभागों के 47 पद तथा कनिष्ठ अभियंता सेवा परीक्षा हेतु विभिन्न विभागों के 416 पदों का अधियाचन लोक सेवा आयोग को भेजा गया है।

प्रमुख सचिव रतूड़ी ने बताया कि, “राज्य में विभिन्न चयन संस्थाओं द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों हेतु सुविधा प्रदान किये जाने, परीक्षा केन्द्र बहुमंजिले भवन में होने की स्थिति में दिव्यांग अभ्यर्थियों को भवन के भूतल स्थित कक्ष में ही सीट आवंटित किये जाने एवं परीक्षा केन्द्र जनपद मुख्यालयों में रेलवे स्टेशन अथव बस स्टेशन के समीप बनाए जाने के आदेश जारी कर दिये गए हैं। आवश्यकतानुसार उनकी सुगमता हेतु रैम्प आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।” 

आने वाले समय में झारखंड को मुंबई की तर्ज पर देखा जाने लगेगा : अनुपम खेर

0

झारखंड सरकार की फिल्म नीति से यहां के कलाकारों और फिल्म निर्देशकों को फायदा मिल रहा है। आने वाले समय में झारखंड को मुंबई की तर्ज पर देखा जाने लगेगा। उक्त बातें झारखण्ड फिल्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (जेफटीएसी) के अध्यक्ष और अभिनेता अनुपम खेर ने कही। अनुपम खेर सूचना भवन में अपनी फिल्म ‘रांची डायरीज’ के बारे में पत्रकारों को जानकारी दे रहे थे। यह फिल्म 13 अक्टूबर को देशभर के विभिन्न सिनेमा हॉलों में रिलीज होगी।

उन्होंने कहा कि, “रांची डायरी’ फिल्म पूरी तरह से रांची पर आधारित है और इस फिल्म में सिर्फ 12 कलाकार ही मुंबई के हैं, जबकि 80 प्रतिशत कलाकार झारखण्ड के हैं। फिल्म की लागत लगभग आठ करोड़ रुपये और प्रमोशन सहित 11-12 करोड़ रुपये है। राज्य सरकार ने इस फिल्म को 1.75 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है।”

उन्होंने बताया कि, “रांची में कुल 40 दिनों तक अलग-अलग लोकेशन पर इसकी शूटिंग की गयी है। यह फिल्म 13 अक्टूबर को देश के 500 सिनेमाघरों में रिलीज की जायेगी। झारखण्ड को एक फिल्म सिटी की जरुरत है, ताकि कलाकार यहां आयें और यहां के खुबसूरत वादियों के साथ फिल्म बनायें। झारखण्ड में फिल्म उद्योग की असीम संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने फिल्म को टैक्स फ्री करने का भरोसा दिलाया है।”

फिल्म के निर्देशक सात्विक मोहंती ने कहा कि, “इस फिल्म के निर्माण में झारखण्ड सरकार और अनुपम खेर की अहम भूमिका रही। सभी के सहयोग से ही फिल्म का निर्माण हो पाया है। आने वाले समय में, जब भी उन्हें मौका मिलेगा, तो वे झारखण्ड में जरुर फिल्म की शूटिंग करेंगे।”

जूली 2 की रिलीज पर कोर्ट ने लगाई रोक

0

पहलाज निहलानी द्वारा प्रस्तुत निर्माता-निर्देशक दीपक शिवदासानी की फिल्म जूली 2 की रिलीज पर मुंबई हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। ये फिल्म 6 अक्तूबर को रिलीज होनी थी, लेकिन अब ये फिल्म फिलहाल रिलीज नहीं होगी। कोर्ट का ये फैसला निर्माता एनआर पसीचिया की याचिका की सुनवाई के बाद आया है, जिन्होंने दीपक शिवदासानी के निर्देशन में नेहा धूपिया के साथ 13 साल पहले जूली बनाई थी।

उनका दावा है कि जूली टाइटल उनके पास है, तो उनकी सहमति के बिना जूली 2 नहीं बन सकती। पसीचिया ने इसे कापीराइट के उल्लंघन का मामला मानते हुए कोर्ट में केस किया, जहां से दीपक की जूली 2 की रिलीज पर फिलहाल रोक लग गई है। कोर्ट के इस फैसले से पहलाज निहलानी गुस्से में हैं और पसीचिया को सबक सीखाने की बात कर रहे हैं।

पहलाज का कहना है कि फिल्म के रिलीज से कुछ दिनों पहले कोर्ट में केस करना एक तरह से ब्लैकमेल करना है। उधर, पसीचिया का दावा है कि उन्होंने दीपक शिवदासानी को पत्र लिखकर आगाह किया था कि वे ऐसी फिल्म न बनाएं, जिस पर दीपक ने उनसे वादा भी किया था। पहलाज का कहना है कि कोर्ट के आदेश का सम्मान होगा और आगे जाकर फिल्म की नई रिलीज डेट तय की जाएगी।

छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 25 घायल

0

जनपद हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में छेड़छाड़ के बाद उपजा विवाद सोमवार रात दो पक्षों के खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से लाठी-डंडे, तलवारें चलीं और फायरिंग भी की गई। इस संघर्ष में 25 लोग घायल हो गए। पथरी सहित आसपास के थानों की पुलिस ने गांवों में डेरा डाल रखा है। वहीं घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शिवगढ़ गांव में दशहरा के दिन युवती से छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला सुलझा दिया था, लेकिन सोमवार की रात दलित पक्ष के कुछ लोग गांव से बाहर जा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले।

इसके बाद धारदार हथियार निकल गए और पथराव शुरू हो गया। फयरिंग भी हुई। आधा घंटा बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आला अधिकारियों को सूचित किया गया। तनाव को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस शिवगढ़ भेजी गई।

एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि, “गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, शांति व्यवस्था को देखते हुए गांव में पर्याप्त पुलिस बल लगा दिया गया है, एहतियातन पीएसी भेजी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ जांच कराई जा रही है।”

देहरादून में पकड़ा गया सैक्स रैकेट

0

मुखबिर खास से सूचना मिलने पर कि ब्रहमपुरी, थाना पटेलनगर में एक मकान के अन्दर सैक्स रैकेट चल रहा है पर वरिष्ठ उप-निरीक्षक पटेलनगर ने ब्रहमपुरी चौक पर सलीना, पत्नी लारेंस, ब्रहमपुरी मकान पर दबिश दी।

मकान के अन्दर अलग-अलग कमरों में महिलाओं तथा पुरूषो की आपस में लेन – देन की बात चल रही थी तथा कमरों को खोलकर देखा तो कुछ पुरूष व महिला आपत्तिजनक स्थिति में मिले व कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिला। मकान के अन्दर 4 महिलायें एवं 3 पुरूष मौजूद थे इस पर सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी पटेलनगर ने लडके लडकियों से पूछताछ की गयी।

सलीना और उसका पुत्र नितिन फोन के माध्यम से ग्राहक उपलब्ध कराते थे तथा आमदनी का आधा हिस्सा खुद रख लेते थे। पूछताछ से यह भी जानकारी मिली कि अभियुक्तगणों द्वारा इस मकान में ग्राहको से सम्पर्क कर व व्यटसअप / मोबाईल से फोन कर रेट तय कर सम्पर्क कर अपने यहाँ बुलाते थे ।

पटेलनगर पुलिस द्वारा सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी पटेलनगर महोदय के नेतृत्व में बडी कार्यवाही करते हुये 3 लडकियों को रेस्क्यू करते हुये 3 अभियुक्तो व 1 महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर बडे सैक्स रैकेट का खुलासा किया गया है जिसकी जनता द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गयी है।

सलीना ने बताया कि, “मेरे पति का स्वर्गवास हो चुका है व यह मकान मेरा है।मैं व्यट्सअप के माध्यम से बाहर के राज्यों / जनपदों से लडकिया मंगाकर मकान में वेश्यावृत्ति का काम कराती हूँ, जिसका मुझे 50 प्रतिशत धनराशि मिलती है ।”  सम्बन्ध में अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 महिला पीडिंतो को बरामद कर मु.अ.स 466/17 धारा 3/5 /6बी/8 अनैतिक देह व्यापार पंजीकृत किया गया। अभियुक्तो के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। बरामद 3 पीडित महिलाओं को उनके परिजनो के सुपुर्द किया गया।