Page 461

उत्तराखंड की एक और बेटी एवरेस्ट की राह पर

0
फोटोः कृष्णा रावत
उत्तरकाशी। हिमालय  और  उत्तराखंड की बेटियों के  हौसले कितने बुलंद है  यह बात  इस बात से भी पता लगती है  की गांव की रहने वाली है  लड़कियां भी एवरेस्ट को विजय करने के लिए हमेशा  तत्पर रहती है ऐसी ही एक लड़की है उत्तरकाशी में भटवाड़ी ब्लॉक के नाल्ड गांव की रहने वाली पूनम राणा जिसके हौसले की मिसाल  इतनी मजबूत है कि  वह 2018 में एवरेस्ट चढ़ने की तैयारी में है। पूनम को हौसला देने के लिए आगे आई हैं बछेंद्री पाल जिनका उद्देश्य ही हिमालय की चोटियों पर फतेह करने के लिए नए जनरेशन को तैयार करना है पूनम को भी बछेंद्री पाल ने पहली नजर में ही देखकर पहचान लिया यह लड़की हिमालय की ऊंचाइयों को फतह करने का जज्बा रखती है यही से पूनम का एवरेस्ट फतह का सपना साकार होने लगा और उसको  टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन ने स्पॉन्सर किया है।

पूनम अपने इस सफ़र के बारे में बताती है  की उसने मॉन्टेनरिंग में बेसिक और एडवांस कोर्स किया है जिसमें वो बेस्ट स्टूडेंट रही और  इसी कोर्स के  दौरान पूनम बचेंद्री पाल के संपर्क में आई और टाटा स्टील के एडवेंचर फाउंडेशन में भी जुड़ गई

पूनम की प्रतिभा पर बचेंद्री पाल, एवरेस्ट फतह करने वाली भारत की पहली महिला का कहना है कि जब इस वर्ष उनका ग्रुप एवरेस्ट बेस कैंप गया तो वहां पूनम का प्रदर्शन सरहानीय रहा जिसके बाद पूनम का एवरेस्ट फतह करना सपना बन गया, और बचेंद्री ने पूनम का सपना पूरा करने के लिए टाटा स्टील के मैनेजमेंट से पूनम को स्पांसर करने की बात कही और टाटा ने इसमें हामी भर दी।पूनम का सपना एवरेस्ट फ़तेह करना है जिसको वो हर हाल में पूरा करेंगी और लड़कियों में एक मिसाल कायम करेगी

अब बिल में रीडिंग के साथ लोड भी होगा दर्ज

0

देहरादून,  बिलिंग सिस्टम में उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) बदलाव करने जा रहा है। अब बिल में रीडिंग दर्ज करते वक्त चल रहा लोड भी दर्ज होगा और उसके हिसाब से ही बिल जारी किया जाएगा। इस व्यवस्था को शुरुआत में कमर्शियल उपभोक्ताओं पर लागू करने की योजना बनाई गई है। डाटा सेंटर के माध्यम से इसके लिए साफ्टवेयर अपग्रेड करने की प्रक्रिया चल रही है। अब तक होता ये था कि उपभोक्ता जितनी क्षमता (लोड) का कनेक्शन लेता है, उसी के हिसाब से बिल जारी कर दिया जाता है।

दरअसल, इलेक्ट्रॉनिक मीटर में रीडिंग से लेकर अधिकतम खपत, अधिकतम लोड से लेकर पूरा डाटा देखा जा सकता है। इसके लिए मीटर में लगे एक बटन को दबाना होता है। लेकिन, अभी तक मीटर रीडर मौके पर जाता था और रीडिंग लेने तक ही सीमित था। जबकि, ऐसे तमाम उपभोक्ता हैं, जिनका लोड स्वीकृत से ज्यादा होता है।

हालांकि, टैरिफ में व्यवस्था है कि बिजली दरों और फिक्स चार्जों में बढ़ोत्तरी खपत के अनुसार होती है, न कि लोड के अनुसार। अब तक ये भी होता था कि चेकिंग अभियान में अगर किसी उपभोक्ता का लोड अधिक पाया जाता था तो उसे लोड बढ़वाने के लिए नोटिस जारी किया जाता था।

निर्धारित समयसीमा में लोड नहीं बढ़वाने पर फिक्स चार्ज डबल कर बिल वसूला जाता था। अब रीडिंग लेते वक्त ही ये प्रक्रिया अपनाए जाने की योजना है। लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि नोटिस जारी करने के बाद ये प्रक्रिया अपनाई जाएगी या साथ के साथ। वहीं, यूपीसीएल के मुख्य अभियंता एवं प्रवक्ता एके सिंह ने बताया कि, “बिलों पर लोड दर्ज तो होगा ही। इसके अलावा कई और नई चीजें जोड़ने की तैयारी है।”

किशोरी से छेड़छाड़ पर हंगामा

0

हरिद्वार, धनौरी में किशोरी से छेड़छाड़ को लेकर हुई कहासुनी के बाद तीन युवकों के बीच में मारपीट हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों युवक फरार हो गए। किशोरी घर से पैदल जा रही थी, जब वह तिरछे पुल के पास पहुंची तो पहले से खड़े एक युवक ने किशोरी से छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद पीछे से आए दो युवकों ने आरोपी को पकड़ लिया। उनके बीच में मारपीट होने के बाद हंगामा हो गया।

राह चलते लोगों ने मारपीट कर रहे युवकों को किसी तरह से छुड़ाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक तीनों युवक फरार हो गए। इसके अलावा रानीपुर के गांव सलेमपुर के बाहर बिजनौर निवासी महिला बबीता के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक हन्नी ने मारपीट कर दी।

महिला ने पुलिस को सूचना दे दी,  पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मारपीट करने वाले आरोपी की तलाश की, लेकिन हमलावर वहां से भाग निकला। पुलिस ने महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

दो खिलाड़ियों ने केनोइंग प्रतियोगिता में जीता कांस्य

0

रुड़की, हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के दो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय केनोइंग एसोशियन भोपाल मध्य प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया। ये दोनों खिलाड़ी टूटे चप्पू जोड़कर अभ्यास करते थे।

kayaking

मध्य प्रदेश में 29 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित की गई प्रतियोगिता में क्याकिंग एवं केनोइंग राष्ट्रीय एसोशियन उत्तराखंड की ओर से दो खिलाड़ी राधेश्याम ग्राम मलकपुर लक्सर तथा निजाम अली ने प्रतिभाग किया था। उन्होंने मैराथन चैम्पियनशिप क्याकिंग नौका दौड़ मे कांस्य पदक प्राप्त किया है और प्रदेश व अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

राधेश्याम का कहना है कि, “खेल के उचित साधन न होने के कारण गोल्ड मेडल नही ला पाए।अच्छी नाव व चप्पू अभ्यास के लिए उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने टूटे चप्पू को जोड़ कर अभ्यास किया।” राधेश्याम के अनुसार समय पर उचित साधन प्राप्त हो जाते तो गोल्ड मेडल आ जाता। निजाम ने बताया आगामी 2018 में होने वाले नेशनल गेम्स की तैयारी कर रहे हैं, जिसके लिए उचित खेल उपकरण की आवश्कता है ।

हाईकोर्ट ने एनएच-74 के घोटाले में सीबीआई से पूछी प्रगति

0

नैनीताल हाईकोर्ट ने एनएच-74 पर भूमि अधिग्रहण में हुए घोटाले के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद अगली सुनवाई की तिथि 28 अक्टूबर तय की है। हाईकोर्ट ने सीबीआई से राज्य सरकार की संस्तुति के सन्दर्भ में अब तक हुई प्रगति के सम्बन्ध में जवाब पेश करने को कहा है।

बीते दिनों रुद्रपुर निवासी राम नारायण रायन ने जनहित याचिका दायर कर कहा था कि एनएच-74 के चौड़ीकरण के लिए वर्ष 2014 में सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर भूमि अधिकृत की थी। जिस भूमि को अधिकृत किया गया, उसे अधिकारीयों की मिलीभगत से कृषिभूमि दर्शाया गया। जबकि यह भूमि वर्ष 2010 व 11 से ही व्यव्सायिक भूमि के रूप में दर्ज है।

इस मामले की जांच 2016 में तत्कालीन कमिशनर ने की थी, जिसमे करोड़ो रुपये के भूमि घोटाले की पुष्टु हुई थी। वहीं मौजूदा सरकार ने सीबीआई जांच करने की संस्तुति की थी। वहीं गुरुवार को हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुधांशु धुलिया व न्यायमूर्ति लोकपाल सिंह की खंडपीठ ने सीबीआई के अधिवक्ता उत्तराखंड सरकार की संस्तुति पर क्या निर्णय लिया गया है, इसकी रिपोर्ट 28 अक्टूबर तक कोर्ट में पेश करने को कहा है।

विधायक जोशी ने की गैस कनेक्शन देने की घोषणा

0

मसूरी विधायक गणेश जोशी ने रामायण रचयिता महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उन्हें श्रृद्धासुमन अर्पित किए। देहरादून के विजय कॉलोनी, नई बस्ती में वाल्मीकि समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित होकर वाल्मीकि मंदिर एवं गैस कनेक्शन दिए जाने की घोषणा की।

विधायक जोशी ने कहा कि रामायण रचयिता महर्षि वाल्मीकि के जीवन से हमें बहुत कुछ सीखने की आवश्कता है। वहीं, वाल्मीकि समाज के प्रधान कमल द्वारा विधायक जोशी से मांग की गई कि नई बस्ती विजय कॉलोनी में वाल्मिीकि मंदिर का निर्माण कराया जाए और गैस कनेक्शन भी प्रदान किया जाए।

इस पर विधायक जोशी ने घोषणा करते हुए कहा कि अतिशीघ्र वाल्मीकि मंदिर का निर्माण कराया जाएगा और गैस कनेक्शन भी दिया जाएगा। वाल्मीकि समाज के लोगों द्वारा विधायक जोशी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर सत्येन्द्र नाथ, कमल प्रधान, सुभम दादर आदि उपस्थित रहे।

झोलाछाप के उपचार से सफाईकर्मी की मौत

0

रुद्रपुर,  सीने में दर्द के उपचार के लिए मोहल्ले में ही एक झोलाछाप के पास उपचार के लिए गए रम्पुरा निवासी व्यक्ति की मौत हो गई। इससे भड़के परिजनों और पड़ोसियों ने जमकर हंगामा किया। मामला बिगड़ता देख आरोपी झोलाछाप फरार हो गया।

रम्पुरा के वार्ड नंबर सात निवासी 44 वर्षीय धर्मवीर, ग्रीन पार्क कालोनी में सफाई कर्मी का काम करता था। धर्मवीर के पुत्र ने बताया कि सुबह उसके पिता काम पर निकले। रास्ते में सीने में अचानक तेज दर्द होने पर वह घर लौट आए। इस पर वह धर्मवीर को लेकर मोहल्ले में ही संचालित एक क्लीनिक पर ले गए। आरोप है कि क्लीनिक संचालक ने धर्मवीर को दो इंजेक्शन लगा दिए। इससे उसकी हालत और बिगड़ गई। परिजन धर्मवीर को निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे भर्ती करने से इन्कार कर दिया। इसके कुछ देर बाद ही धर्मवीर की मौत हो गई। इससे भड़के परिजन और आसपास के लोग झोलाछाप की क्लीनिक पर पहुंचे और वहां खूब हंगामा काटा। आक्रोशित लोगों को देख क्लीनिक खुली छोड़ झोलाछाप फरार हो गया।

रम्पुरा चौकी प्रभारी नवीन चंद्र जुराल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।

धोखाधड़ी के मामले में तीन पर मुकदमा दर्ज

0

रुद्रपुर, चिटफंड कंपनी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले सीसीए मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के तीन लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, नानकमतता निवासी तेजेंद्र सिंह ने तहरीर में जानकारी दी कि काशीपुर बाईपास रोड रुद्रपुर में सीसीए मार्केटिंग प्राइवेट नाम से फाइनेंस कंपनी है। कंपनी भटिंडा के थाना शेरगढ़ निवासी गुरसेवक और पंजाब के गुरदीप सिंह तथा अमरजीत सिंह ने लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर रुपये जमा करने को कहा। इस पर कई लोगों ने अपने लाखों रुपये फाइनेंस कंपनी में जमा कराए।

आरोप है कि अब उन्होंने लोगों की मेहनत कर जमा की गई लाखों रुपये की रकम हड़प ली है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि जांच की जा रही है।

14 हजार फीट की ऊंचाई पर चला सफाई अभियान

0

रुद्रप्रयाग, पुलिस, प्रशासन व यात्रियों के 18 सदस्यीय दल ने केदारनाथ से लेकर वासुकीताल तक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पूरे ट्रैक से 15 कुंतल कूड़ा एकत्रित कर उसे केदारनाथ पहुंचाया। यहां से इस कूड़े को गौरीकुंड और फिर रिसाइक्लिंग के लिए श्रीनगर पहुंचाया जाएगा।

इस दल ने नौ किमी लंबे केदारनाथ-वासुकीताल पैदल मार्ग के दोनों ओर 50 मीटर दूरी तक फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित किया। समुद्रतल से 14 हजार फीट की ऊंचाई पर वासुकीताल में भी कूड़ा एकत्रित किया गया। इस कूड़े को इकट्ठा करने में दल को दस घंटे लगे।

टीम में केदारनाथ चौकी प्रभारी विपिन चंद्र पाठक, एसआइ शरद गुसाईं, विजेंद्र कुमाई, पश्चिम बंगाल की यात्री सागरिका दास, धु्रव चटर्जी, कांस्टेबल स्मृता व समीक्षा गुसाईं, मनमोहन सिंह आदि शामिल थे। चौकी प्रभारी बीसी पाठक ने बताया कि, “प्रत्येक वर्ष टीम केदारनाथ से वासुकीताल तक पैदल मार्ग के दोनों ओर सफाई अभियान चलाती है। यहां से कूड़े को एकत्रित कर रिसाइक्लिंग के लिए गौरीकुंड होते हुए श्रीनगर पहुंचाया जाता है।”

यमुना को गंदगी से निजात दिलाने की सीएम से गुहार

0

विकासनगर, उत्तराखंड की सीमांत बस्ती कुल्हाल में यमुना नदी किनारे हर रोज हजारों लोग खुले में शौच कर प्रदूषित कर रहे हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। स्थानीय बाशिंदे मो. इस्लाम ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर यमुना को यमुना को खुले में शौच मुक्त कर प्रदूषण से बचाने की गुहार लगाई है।

सीएम को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया है कि, “उत्तराखंड की सीमांत बस्ती कुल्हाल में हजारों प्रवासी मजदूर रहते हैं जो दैनिक मजदूरी के लिए पछवादून के कस्बों के साथ ही पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के पांवटा शहर सहित अन्य कस्बों में जाते हैं। यहां इन प्रवासी मजदूरों को स्थानीय लोगों ने आवास तो मुहैया कराए हैं ,लेकिन शौचालय की सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। जिससे हर रोज मजदूर व उनके परिवार के सदस्य यमुना किनारे खुले में शौच जाने का मजबूर हैं।”

ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि जिन लोगों ने मजदूरों को बिना शौचालय के आवास मुहैया कराए हैं, उन्हें शौचालय मुहैया कराने के लिए प्रशासन की ओर से निर्देशित किया जाना चाहिए। मजदूरों से आवास का किराया लेने के बावजूद उन्हें शौचालय की सुविधा नहीं देकर पर्यावरण को प्रदूषित किया जा रहा है।

सीएम से मांग की गई है कि स्थानीय प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर कुल्हाल बस्ती में मोबाइल शौचालय मुहैया कराने के साथ ही मजदूरों को स्थाई शौचालय सुविधा मुहैया कराने के लिए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं। जिससे कि यमुना को खुले में शौच मुक्त कर प्रदूषण से बचाया जा सके।