Page 456

आशुतोष गोवारिकर की नई फिल्म के लिए टाइगर श्राॅफ को प्रस्ताव

0

कुछ वक्त पहले खबर थी कि मोहनजो दारो के बाद आशुतोष गोवारिकर अपने दौर की जानी मानी गायिका अभिनेत्री गौहर जान पर लिखी किताब पर फिल्म बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। अब आशुतोष गोवारिकर की अगली फिल्म की योजना को लेकर एक नई खबर मिली है और इस खबर के मुताबिक, उनकी नई फिल्म भगवान बुद्ध पर फिल्म बनाने वाले हैं।

बुद्ध की भूमिका के लिए उन्होंने टाइगर श्राफ को अप्रोच किया है। सूत्रों का कहना है कि टाइगर को महात्मा बनने से पहले राजकुमार सिद्धार्थ के रोल के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। आशुतोष के दफ्तर के सूत्र बता रहे हैं कि एक शाही परिवार के प्रिंस सिद्धार्थ गौतम, जो शादीशुदा जिंदगी से मोह त्यागकर अपनी पत्नी और बच्चे को एक रात छोड़कर तपस्वी जिंदगी में चले जाते हैं, इसी विषय पर गोवारिकर की नई फिल्म होगी। सूत्रों का कहना है कि रिसर्च का काम लगभग पूरा हो चुका है।

माना जा रहा है कि टाइगर इस रोल के लिए आशुतोष की पहली पसंद हैं, लेकिन उनके साथ मामला नहीं जमा, तो फिर दूसरे कलाकारों को भी अप्रोच किया जाएगा। टाइगर इस समय दिशा पतानी के साथ बागी 2 की शूटिंग कर रहे हैं। इसके बाद उनको यशराज की दो फिल्में मिली हैं, जिनको पूरा करना है।

केदारनाथ का पहला शेड्यूल पूरा हुआ

0

अभिषेक कपूर के निर्देशन में बन रही बालाजी की फिल्म ‘केदारनाथ’ का पहला शेड्यूल पूरा हो गया है। ये शेड्यूल राजधानी देहरादून के करीब किया गया। शेड्यूल शुरु होने से पहले फिल्म की टीम ने केदारनाथ मंदिर जाकर दर्शन भी किए थे।

फिल्म का अगला शेड्यूल नवंबर में मुंबई में होगा और फिर अगला शेड्यूल अमेरिका में होगा। इस फिल्म में हीरो सुशांत सिंह राजपूत हैं, जो इससे पहले अभिषेक कपूर के साथ उनकी फिल्म ‘काय पो छे’ में काम कर चुके हैं। इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण ये है कि इस फिल्म में सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान को लांच किया जा रहा है।

ये एक लव स्टोरी बताई जा रही है, जिसे अगले साल अप्रैल में रिलीज किया जाएगा। अभिषेक कपूर रिश्ते में एकता कपूर के कजिन लगते हैं और पहली बार अपनी बहन की कंपनी में फिल्म बना रहे हैं। ‘काय पो छे’ के बाद उन्होंने फरहान अख्तर के साथ ‘राँक आन’ और फिर आदित्य राय कपूर, कैटरीना कैफ और तब्बू के साथ ‘फितूर’ फिल्म बनाई थी।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

0

हरिद्वार, मानसिक रूप से कमजोर किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को रानीपुर थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है।

रानीपुर कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि, “रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की भेल से सटी बस्ती में मानसिक रूप से कमजोर किशोरी के साथ बीते सोमवार को पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया था।”

शुक्रवार रात किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रात में ही आरोपी किशन निवासी स्योहारा बिजनौर उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था तथा आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी।

पत्नी से दुखी पति ने की आत्महत्या

0

काशीपुर, पति से विवाद के चलते पत्नी मायके गई तो पीछे पति ने खौफनाक कदम उठा लिया। उसने कपडे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतक की मां ने बहू पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। मामला काशीपुर के मोहल्ला लाहौरियान का है जहां हरीश कुमार सप्रा ने घर में कपडे के फंदे से आत्महत्या की है ।

वह सब्जी मंडी स्थित दूध की डेयरी चलाता था, हरीश की मां सावित्री देवी ने बताया कि उसकी तीन साल पहले प्रतापपुर, रामनगर निवासी युवती से शादी हुई थी। युवती की यह दूसरी शादी थी। वह करीब 10 वर्ष का एक लड़का भी अपने साथ लाई थी।

मां का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही बहू प्रापर्टी अपने नाम कराने को लेकर पति से झगड़ा करने लगी। करीब एक सप्ताह पहले वह बेटा व सामान को लेकर मायके चली गई। यही नहीं आरोप है कि उसने अपने मामा से फोन कराकर हरीश को धमकी भी दी जिससे हरीश टेंशन में रहता था।

सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह उठी तो कमरे का दरबाजा बंद मिला, खोलकर देखा तो हरीश फांसी पर लटका हुआ था। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और घटना की जांच में जुट गयी है।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार होटलकर्मी की मौत

0

रुद्रपुर, काशीपुर रोड पर अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बाइक सवार होटलकर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।

बरेली के सुभाषनगर निवासी संजीव (25) पुत्र विष्णु रुद्रपुर के एक होटल में काम करता था, रात वह कहीं गया हुआ था। देर रात वापसी में काशीपुर रोड पर ट्रक ने संजीव की बाइक को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

चालक ट्रक समेत फरार हो गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शनिवार की सुबह परिजनों को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फरार ट्रक की तलाश कर रही है।

जीएसटी के फेर में उलझी कार्बेट की बुकिंग

0
रामनगर, कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन जीएसटी की प्रक्रिया में उलझ गया है। इस कारण माह भर बाद भी कार्बेट नेशनल पार्क के वन विश्राम भवनों में ठहरने के लिए ऑनलाइन आरक्षण सुविधा नहीं मिल सकी है, जिससे पर्यटन व्यवसायी, पर्यटक परेशान हैं। पार्क प्रशासन ने हफ्तेभर में अग्रिम आरक्षण सेवा बहाली का दावा किया है।
देश में एक जुलाई से जीएसटी लागू हुआ है। इसके तीन माह बाद भी सीटीआर प्रशासन जीएसटी की तैयारी नहीं कर सका है जबकि सीटीआर में 15 नवंबर से रात्रि विश्राम की सुविधा मिलनी है। इसके लिए विदेशी पर्यटक आने से 90 दिन पहले आवेदन कर सकते हैं, जबकि भारतीय पर्यटकों के लिए 45 दिन पहले ऑनलाइन आरक्षण की सुविधा रहती है।
विदेशी पर्यटकों के लिए अग्रिम आरक्षण सुविधा अगस्त, भारतीयों के लिए एक अक्तूबर से शुरू होनी चाहिए थी, लेकिन पार्क की ऑनलाइन वेबसाइट नहीं खुल सकी है। इसका कारण जीएसटी की प्रक्रिया पूरी न होना है। इस कारण देशी, विदेशी पर्यटकों में मायूसी है। सिंगापुर में नौकरी कर रहे भारतीय मूल के वन्यजीव प्रेमी मदन राय नवंबर में भारत आकर कार्बेट पार्क में सपरिवार घूमने की तैयारी कर रहे थे। एक अक्तूबर से रोजाना कार्बेट पार्क की बुकिंग साइट चेक कर रहे थे लेकिन वह नहीं खुल सकी। इस कारण उन्हें भारत आने का कार्यक्रम बदलना पड़ा है।
सीटीआर के निदेशक सुरेंद्र मेहरा के अनुसार पार्क प्रशासन जीएसटी को लेकर जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करवा रहा है। इस कारण फिलहाल बुकिंग साइट नहीं खुल सकी है। उम्मीद जताई कि अगले सप्ताह से अग्रिम बुकिंग शुरू हो सकती है। बताया कि बुकिंग के लिए समय सीमा में जरूरी बदलाव किया जाएगा।

आमजन से अपील, अराजक तत्वों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें: पुलिस

0

रायवाला क्षेत्र में घटित हत्या की घटना के दृष्टिगत रायवाला तथा ऋषिकेश क्षेत्र में कुछ अराजक तत्वों द्वारा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयत्न किया गया था। जिस पर पुलिस द्वारा मुस्तैदी के साथ त्वरित कार्यवाही करते हुए काबू किया गया तथा असमाजिक तत्वो को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

रायवाला तथा ऋषिकेश क्षेत्र में स्थानीय व बाहरी व्यक्तियों को सुरक्षात्मक अहसास कराने हेतु पुलिस द्वारा सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं। दोनों स्थानों पर जनजीवन सामान्य रूप से चल रहा है, इसके अतिरिक्त घटना को सांप्रदायिक रूप देने हेतु सोशल मीडिया के जरिये भ्रामक खबरें प्रचारित करने वाले असामाजिक तत्वों को पुलिस द्वारा चिन्हित किया जा रहा है।

जनपद देहरादून पुलिस, मीडिया के माध्यम से आमजन से अपील करती है की अराजक तत्वों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें। घटना के संबंध में ऐसी किसी भी Facebook पोस्ट को शेयर ना करें जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़े या जो साम्प्रदायिक रूप ले ले।

ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल पुलिस को सूचित करते हुये सहयोग प्रदान करें ताकि कोई भी व्यक्ति अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए आपकी धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ ना करे व आपकी नियमित जीवनशैली को प्रभावित ना करे।

पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर

0

थाना बसंत विहार पर वादी शिव कुमार, देहरादून ने लिखित तहरीर दी कि वह अपनी पत्नी के साथ सुबह बाजार गए। जब वे लोग घर वापम आये तो देखा कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर से ज्वैलरी, चैक बुक आदि चोरी की गई है। तहरीर के आधार पर थाना बसंत विहार पर मु.अ.सं. 84/17 धारा 380 भादवि पंजीकृत कर विवेचना आरम्भ की गई तथा घटना के अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिये आदेशानुसार थानाध्यक्ष संजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर गहन सुरागरमी पतारमी व मुखबिर तन्त्र सक्रिय किया गया।

मुखबिर खास से पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति सन्दिग्ध अवस्था में लोगों के घरो को झांकते हुये इन्दिरानगर कालोनी, लल्लन चौक के पास दशहरा ग्राउन्ड के इर्द गिर्द घूम रहे है, जिनकी मंशा बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने की लग रही है। इस सूचना पर यकीन कर थानाध्यक्ष बसंत विहार ने पुलिस टीम को साथ लेकर त्वरित कार्यवाही करते हुये चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया गया।

दशहरा ग्राउण्ड इन्दिरानगर के पास दो व्यक्ति पुलिस को देखकर सहम गये व भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने सजगता एवं तत्परता दिखाते हुये पीछा कर दोनों व्यक्तियों को दशहरा ग्राउण्ड के पास खाली प्लॉट खण्डहर के सामने पकड लिया, इन व्यक्तियों से नाम पता पूछा तो एक ने अपना नाम अजय साहनी व बजरंगी बताया।

इन लोगो की तलाशी ली गई तो इनके कब्जे से ज्वैलरी व नकबजनी का सामान पेचकस आदि मिला, जिसके बारे में इन लोगो से सख्ती से पूछताछ की गई तो इनके द्वारा बताया गया कि उन्होने यह सामान भगीरथीपुरम, बसंत विहार के बंद मकान की ग्रिल काटकर तथा राजपुर से बंद घर में चोरी कर चुराया गया।अभियुक्तगणों द्वारा ग्रिल काटकर चोरी करना तथा पकड़े जाने पर माल बरामद होने पर मुकदमें में धारा 454/ 411 IPC की बढोतरी की गई है। अभियुक्तगण शातिर किस्म के चोर है जो कि गलियो में घूम कर बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करते है। अभियुक्तगणों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।

मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलेगा अभियान

0

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को दीपावली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ संघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी डॉ़ नीरज खैरवाल ने जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों, डेयरी के अधिकारियों की बैठक ली व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली के आसपास बाजार में अधिकतर बिकने वाले खाद्य पदार्थाें में मिलावट बढ़ जाती है। इसके मद्देनजर जनपद में आ रही खाद्य सामग्री की आकस्मिक चेकिंग व सैंपलिंग करें। इस कार्य में कोई भी हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जायेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की छवि बनाने व लोगों को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इमानदारी से कार्य करें।

उन्होंने कहा कि, “खाद्य अधिकारी अपने क्षेत्रों में जो कार्य कर रहे हैं, उसकी सूचना प्रत्येक सप्ताह प्रस्तुत करेंगे। इस सम्बन्ध में उप जिलाधिकारी अपने स्तर से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा भी करेंगे, ताकि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा किये जा रहे कार्यों में पारदर्शिता आ सके।”

जिलाधिकारी ने कहा कि, “10 अक्टूबर को होटल, रेस्टोरेंट, स्वीट्स की दुकानें व डेयरी प्रोड्क्ट बेचने वालों की बैठक आयोजित की जाए, ताकि उन्हें भी इस सम्बन्ध में पूर्ण जानकारी दी जा सके।” 

रोजगार मेले का आयोजन 11-12 को

0

रुद्रपुर, ग्राम समृृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा के तहत प्रदेश में निवास करने वाले जिले के बेरोजगारों के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय में माॅडल करियर सेंटर में 11 एवं 12 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी जिला सेवा योजन अधिकारी अनुभा जैन ने दी।

जैन ने बताया कि 11 अक्टूबर को उज्जवल मैनेजमेंट सर्विसेज प्रालि. द्वारा 50 पदों पर केवल ऐसे पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी जिनकी आयु 18 से 23 वर्ष व शैक्षिक अर्हता 10वीं, 12वीं एवं ग्रेजुएट हो तथा बालाजी एक्षन बिल्डवेल द्वारा आठ पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी जिनकी आयु 18 से 23 वर्ष तथा अर्हता आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रीशियन एवं 12वीं पास हो।

एडेको इण्डिया प्रालि. द्वारा 50 पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती जाएगी जिनकी आयु सीमा 18 से 25 वर्ष हो तथा अर्हता डिप्लोमा (ईसी, सीएस, ईई, आईटी एवं आईटीआई) इलेक्ट्रानिक होनी चाहिए, जबकि 12 अक्टूबर को एसआईएस इण्डिया लि. द्वारा 200 पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी जिनकी आयु सीमा 18 से 35 वर्ष हो तथा शैक्षिक अर्हता 10वीं पास अथवा उसके समकक्ष होनी चाहिए।

जैन ने बेरोजगार युवाओं से कहा है कि वह निर्धारित तिथि को अपने आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।