Page 434

रेस 3 में निगेटिव नहीं होगा सलमान का किरदार

0

सलमान खान की नई फिल्म रेस 3 की शूटिंग कुछ दिनों के लिए टाली जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इसकी वजह फिल्म में उनके किरदार में निगेटिव शेड्स हैं, जिनको करने से सलमान ने मना कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि सलमान ने फिल्म का निर्देशन करने जा रहे रिमो डिसूजा और निर्माता रमेश तौरानी को साफ तौर पर कह दिया है कि वे फिल्म में अपने किरदार में निगेटिव होने को स्वीकार नहीं करेंगे।

कहा जाता है कि सलमान के दखल के बाद उनके किरदार पर फिर से काम शुरु किया जा रहा है और इस वजह से फिल्म की शूटिंग का पहला शेड्यूल शुरु होने में देरी हो सकती है।

हालांकि रमेश तौरानी इस बात की कोशिश कर रहे हैं कि तय समय पर अपने किरदार के पाजिटिव सीनों के साथ सलमान शूटिंग शुरु कर दें। ये भी मुमकिन है कि पहले शेड्यूल में सलमान और उनके साथ काम करने जा रहीं जैक्लीन फर्नांडिज पर एक गाना फिल्मा लिया जाए। इस फिल्म में इन दोनों के अलावा बाबी देओल को साइन किया गया है।

रमेश तौरानी ने रेस 3 में बाकी किसी कलाकार का नाम तय होने की खबर को खारिज कर दिया है।

उत्तराखण्ड के दीपक का एशिया कप में चयन

0

रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे रामनगर निवासी अनुज रावत ने सफलता की ओर एक और कदम बढ़ाया है। उनका चयन 9 से बीस 20  नवंबर को मलेशिया में होने वाले एशिया कप के लिए इंडिया की अंडर-19 टीम में हुआ है।

लेफ्ट हैंड का यह बल्लेबाज इन दिनों रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेलते हुए दो मैचों में अभी तक 71 और 74 रनों की शानदार पारी खेल चुका है। इंडिया की अंडर 19 टीम में आ जाने से उसके पिता वीरेंद्र पाल सिंह रावत, मां आशा रावत, भाई प्रशांत ने कहा कि अनुज अपनी मेहनत के बल पर अंडर 19 में भी अपने बल्ले का कमाल दिखाएगा। 

उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के कोच एवं द्रोणाचार्य सम्मान से नवाजे गए राजकुमार शर्मा उसके खेल पर बराबर नजर रखे हुए हैं। क्रिकेट एसोशिएशन ऑफ उत्तराखंड के जिला सचिव दीपक मेहरा एवं मीडिया प्रभारी कमल पपनै आदि ने कहा कि अनुज एशिया कप में उत्तराखंड ही नहीं देश का नाम रोशन करेंगे।

चीन और भारत की सीमा पर मिट्टी के जल रहे दीये

0

सीमांत के बाजारों में चीन निर्मित दीये गायब हैं। सभी बाजारों में मिट्टी के दीये बिक रहे हैं। बाजारों में मिट्टी के दीयों की मांग भी काफी अधिक है। पर्वतीय जनपद होने के कारण यहां पर मिट्टी के दीये नहीं बनते हैं। बिकने के लिए दीये बरेली से लाए जाते हैं। विगत कुछ वर्षो से मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ने लगी थी। इस वर्ष तो दीयों की मांग सबसे अधिक है। इसी के चलते पिथौरागढ़ में स्थानीय लोगों सहित बाहर से पहुंचे युवा और बच्चे मिट्टी के दीये बेच रहे हैं। मिट्टी के ही रंगे दीयों के स्थान पर ग्राहक मिट्टी के दीये मांग रहे हैं। नगर के प्रमुख सिमलगैर बाजार में लगभग दो दर्जन स्थानों पर मिट्टी के दीये बिक रहे हैं।

सिमलगैर बाजार में मिट्टी के दीये बेच रही महिला तराना और उसके बच्चे बताते हैं कि नगर में बरेली से लाए गए दीये बिक रहे हैं। पहाड़ों में दीये नहीं बनते हैं जिसके चलते मैदान से पहुंचे दीये बेचे जा रहे हैं। नगर में भी लगभग दो दर्जन से अधिक स्थलों पर दीये बेचने वाले बताते हैं कि सुबह से लेकर सायं तक दीये खरीदने वाले पहुंच रहे हैं। दीपावली तक दीयों की अच्छी बिक्री होने की आस बनी है। बीते वर्षो से इस बार दीयों की बिक्री अधिक हो रही है। वहीं मिट्टी के दीये खरीद रही महिलाओं ने बताया कि परंपरा के अनुसार दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं। महिलाओं ने चीन के दीयों के बारे में अनभिज्ञता जताई। उनका कहना था कि उनके घरों पर हमेशा मिट्टी के दीये जलते हैं। दीपावली पर्व में रविवार एकादशी से दीये जलने लगे हैं जो भैयादूज तक जलाए जाएंगे। साल में अन्य पर्वो के लिए भी दीपावली में ही मिट्टी के दीये खरीद कर रख लेती हैं।

मोबाइल पर मनाएं अपनी दीपावली को खास

0

दीपावली के पावन पर्व पर दीयों की जगमगाती रोशनी के बीच आतिशबाजी का अपना अलग ही मजा होता है। फुलझड़ी और अनार की जगमग रोशनी और पटाखों की आवाज के बीच दिवाली (दीपावली) का उल्लास दोगुना हो जाता है लेकिन कोर्ट के आदेश और प्रदूषण के बढ़ने का खतरा इस रंग में भंग की तरह है। इसके बाद भी आप इसका लुत्फ उठा सकते हैं। खास बात यह कि इसके लिए पैसा भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। मोबाइल पर आॅनलाइन एक टच के बाद आप आतिशबाजियों का मजा ले सकते हैं। 

मोबाइल पर मनाएं अपनी दीपावली को खास
आजकल लगभग हर काम मोबाइल पर ही होता है। एप्लीकेशंस की दुनिया ने हमारी दुनिया बदल दी है। आपकी दीपावली को ओर सेफ, मजेदार, शानदार, लजीज और यादगार बनाने के लिए कई मोबाइल ऐप हैं। रंगोली बनाने से लेकर लक्ष्मी पूजन तक, हर काम के लिए मोबाइल ऐप हैं। ऐसी ही कुछ ऐप्स के बारे में हम बता रहे हैं जिन्हें गूगल प्ले स्टोर से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है।

दिवाली क्रैकर 
आप पटाखे भी चलाएंगे और प्रदूषण भी नहीं होगा। इस ऐप में आप वर्चुअल पटाखे चला सकते हैं। आवाज सुनकर अहसास ही नहीं होगा कि पटाखा मोबाइल पर चला है। ऐप में आप कई तरह के पटाखे चला सकते हैं। रॉकेट से लेकर चकरी तक यहां सबकुछ है। बच्चों को ऐप बहुत पसंद आएगी। वे असल पटाखे भी चला सकेंगे और उन्हें कोई नुकसान भी नहीं होगा। फोन को दिवाली टच देने के लिए इसमें मैजिक टच वॉलपेपर भी हैं। इसकी साथ ही खुशियों को बांटने वाले दीपावली के त्यौहार पर अब आपको फॉरवर्ड किए मेसेज से बधाई देने की जरूरत नहीं है। प्ले स्टोर पर दर्जनों ऐसी एप्लीकेशन मौजूद हैं, जिनके जरिए आप अपने दोस्तों रिश्तेदारों को हिंदी और अंग्रेजी के अलावा कई दूसरी भाषाओं में भी बधाई दे सकते हैं। खास बात यह कि एप्लीकेशन में आप संदेश भेजने का समय भी निर्धारित कर सकते हैं। मतलब मेसेज अभी सेट कर लें और आपके दिए समय पर खुद ही चला जाएगा।

पल्टन बाजार स्थित व्यापारी अनिल गोयल ने बताया कि, “दिवाली कभी भी पूजा के बिना पूरी नहीं हो सकती लेकिन पूजा की विधि के लिए धार्मिक किताबें खंगालने की जरूरत नहीं है, मोबाइल में इसके लिए भी ऐप उपलब्ध हैं। एप में पूजा के पूरे सामान की लिस्ट भी है, इसमें भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की शानदार तस्वीरें भी हैं, पूजा करने के बाद मोबाइल ऐप में ही आप भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की आरती भी सुन सकते हैं।”

इको फ्रैंडली इलेक्ट्रोनिक पटाखे भी हैं मौजूद
दीपावली आते ही मन में साज सजावट और धमाकेदार पटाखों की ही तस्वीर बनती है। दीपावली रंग बिरंगी लाइट्स के साथ जश्न का त्यौहार है। इस बीच खुशियों के इस महौल में शोर-शराबे से भरे बम पटाखे भी जमकर कानों में गूंजते हैं लेकिन अब इसका भी उपाय मार्केट में आ गया है।

तकनीकि के इस दौर में इलेक्ट्रॉनिक पटाखों ने मार्केट में कदम रखा है, जो न सिर्फ धुंए और बेहिसाब शोर शराबे से निजात देते हैं बल्कि इको फ्रैंडली भी है। बिजली से चलने वाले यह पटाखे लाइट एमिटिंग डायोड (एलईडी) की मदद से चिंगारी और साउंड सर्किट के जरिए हूबहू पटाखों जैसी ही आवाज देते हैं। इलेक्ट्रॉनिक क्रैकर्स का इस्ताल न सिर्फ पर्यावरण के लिए बेहतर है बल्कि इसके इस्तमाल से जलने का भी खतरा नहीं है। हालांकि इनकी कीमत अभी आम पटाखों से थोड़ी ज्यादा है लेकिन अभी भी लोग इन्हें काफी पसंद कर रहे हैं।

देवभूमि में जल्द गूंजेंगा बीट्ल्स का गीत संगीत

तो बहुत जल्द आप अपने ज़माने के मशहूर बैंड बीटल्स के संगीत का आनंद ऋषिकेश में उठा सकेंगे। ऋषिकेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां बीटल्स फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। आपको बता दें कि 60 और 70 दशक का मशहूर बैंड बीटल्स की पहचान ऋषिकेश स्तिथ चौरासी कुटिया से ही हुई थी। यही वो जगह है जहां से उन्होंने अपने प्रसिद्ध गीत लिखे और तब से ये जगह पश्चमी पर्यटकों की जुबान पर है। ऐसे में यहां पर्यटन को और बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विभाग यहां बीटल्स फेस्टिवल का आयोजन करने जा रहा है।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि “बीटल्स ग्रुप के 50 वर्ष पूरे होने पर वर्ष 2018 में चौरासी कुटिया में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा”। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम वन विभाग व पर्यटन विभाग संयुक्त रुप से करेंगे और इस कार्यक्रम में बीटल्स से जुडी वस्तुओं और संगीत का प्रदर्शन किया जायेगा। इस मौके पर संगीत फेस्टिवल को मनाने के लिए विदेश से मशहूर संगीतकार जॉर्ज हैरिसन के बेटे धानी हरिसन ऋषिकेश आकर अपने ग्रुप के साथ परफॉरमेंस करेंगे।

आपको बता दे की विदेशी सैलानियों में इस आश्रम को देखने का बड़ा क्रेज है, रोजाना यहाँ विदेशी पर्यटक घूमने पहुंचते है। मशहूर बैंड बीटल्स की उत्पत्ति ऋषिकेश के महर्षि महेश योगी के आश्रम से हुई थी। यहाँ बनाये गए गीतों ने पुरे विश्व को अपनी धुनों से दीवाना बना दिया था। 2018 में बीटल्स के ऋषिकेश आगमन को 50 साल पुरे होने जा रहे है जिसको लेकर ब्रिटेन के साथ साथ के साथ साथ भारत में भी उत्सुकता बनी हुई है। औऱ पर्यटन विभाग भी बीटल्स फेस्टिवल को मनाने की तैयारी में जुट गया है।

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर ऋषिकेश पहुँचे आयुष मंत्री हरक सिंह रावत

ऋषिकेश में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमे आयुष मंत्री हरक सिंह रावत बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा भी मौजूद रहे, आपको बता दे की इस कार्यक्रम में आयुर्वेद के इतिहास और आयुर्वेद के महत्व के बारे में चर्चा की गई, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए हरक सिंह रावत ने आयुष मंत्रालय को स्वास्थ्य मंत्रालय से अलग करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया, उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय पहले स्वास्थ्य मंत्रालय में हुआ करता था तब आयुर्वेद और आयुष पर ध्यान नहीं दिया जाता था लेकिन अब आयुर्वेद चिकित्सा पर बड़ी तेजी से काम हो रहा है.

दीपावली की चकाचौंध में खो गई बग्वाल

0

गोपेश्वर,  दीपावली की चकाचौंध में पहाड़ में मनायी जाने वाली बग्वाळ जाने कहां खो गई। नये दौर में सब कुछ बदला तो पहाड़ों की धरती भी अछूती न रही। मगर संतोष इस बात पर है कि पहाड़ के कुछ इलाकों में आज भी बग्वाळ अपने अतीत की कुछ न कुछ परंपरा जीवित रखे हुए है।

गोपेश्वर अब नगर बन गया है, मगर बग्वाळ को लेकर पुरानी परंपरा अभी भी है। पूरा शहर दीपावली के दिन बिजली की लड़ियों से जगमगाता है, मगर गोपीनाथ मंदिर के शीर्ष पर तेज कलश जलाने की परंपरा अभी भी है। आतिशबाजी को लेकर भले ही नयी बहस छिड़ी हो, मगर चमोली के कई गांवों में अभी भी दीपावली पर भेल्यु खेलने की परंपरा जिंदा है। गोपीनाथ मंदिर और दीपावली का गजब का संबंध है। यहां कभी 64 गांवों के लोग अपनी देहरी पर तब दीपक जलाते थे, जब इस मंदिर के शीर्ष पर तेल कलश जलता और शंख बजाया जाता था।

हालांकि कुछ गांवों ने यह परंपरा विसार दी, मगर गोपेश्वर गांव, पाडुली, पपडियाणा, ग्वीलों, चमडांउ समेत छह गांव के लोग आज भी इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं। दीपावली के तीन दिनों के अलग-अलग गांव के लोग अपने-अपने गांव से सरसों के तेल का कलश व नया धान लेकर मंदिर के चौक में पहुंचते है। यहां पर तेल कलश और 501 दीपकों की पूजा होेती है और फिर एक आदमी मंदिर के शीर्ष पर तेल कलश लेकर पहुंचता है। मशाल से उस दीपक को जलाता है और शंख बजाता है, तब गांव के लोग अपने घरों की देहरी पर दीपक जलाते हैं।

एक महीने बाद भी महंत मोहनदास का सुराग नहीं मिलने से संतों में रोष

0
saint,akhada haridwar

हरिद्वार, पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के कोठारी महंत मोहनदास के लापता होने के एक माह बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। जांच टीम के हाथ खाली हैं। वहीं एसएसपी का कहना है कि इस मामले की तफ्तीश चल रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

ज्ञात हो कि 15 सितम्बर की रात्रि कोठारी महंत मोहनदास महाराज हरिद्वार से लोकमान्य तिलक ट्रेन से मुंबई इलाज कराने के लिए निकले थे। रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में वे लापता हो गए। तब से आज तक महंत का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस की टीम भोपाल, मुम्बई, नेपाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश आदि की लगातार खाक छान रही है। इसके बावजूद हाथ खाली है।

स्थानीय एसआईटी के बाद प्रदेशस्तरीय एसआईटी का गठन किया गया। उत्तराखण्ड के साथ उत्तर प्रदेश की एसआईटी ने मिलकर महंत की खोज की, तब भी महंत मोहनदास का कुछ नहीं पता चला। इस दौरान संतों के दबाव में मुख्यमंत्रती समेत कई अन्य मंत्रियों ने भी महंत को शीघ्र ढूढ़ लाने का आश्वासन दिया, मगर एक माह बाद भी जांच टीम कोई सुराग नहीं लगा पाई है।

हरिद्वार के एसएसपी कृष्ण कुमार बीके ने इस संबंध में बताया कि, “मामले में उत्तराखण्ड एसआईटी और उत्तर प्रदेश एसआईटी पूरी तन्यमयता से कई कोणों पर काम कर रही है। जल्दी ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस भी इस दिशा में प्रयासरत है और इस संभावना पर भी छानबीन की जा रही है कि कहीं महंतजी अज्ञातवास में न चले गए हों।”

जॉन की फिल्म में अदिति राव का आइटम सांग

0

हाल ही में रिलीज हुई संजय दत्त की फिल्म ‘भूमि’ में उनकी बेटी का टाइटल रोल करने वाली अदिति राव हैदरी को लेकर खबर मिल रही है कि पहली बार वे किसी फिल्म में आइटम सांग करने जा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जॉन अब्राहम की आने वाली फिल्म ‘परमाणु’ में अदिति राव हैदरी का आइटम सांग होगा। फिल्म में जान के साथ डायना पैंटी की जोड़ी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अदिति राव हैदरी का आइटम सांग अगले महीने राजस्थान की अलग अलग लोकेशनों पर फिल्माया जाएगा। 1998 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार द्वारा किए गए राजस्थान के पोकरण में पांच परमाणु परीक्षण करने की घटना पर आधारित इस फिल्म में जान और डायना पैंटी दोनों भारतीय सेना के अधिकारी का रोल कर रहे हैं।

जान अब्राहम के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है। इस फिल्म को पहले 8 दिसंबर को रिलीज किया जाना था, लेकिन 1 दिसंबर को संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती को रिलीज करने की घोषणा के बाद इस फिल्म को अगले साल तक के लिए टाल दिया गया है। पद्मावती में रणबीर सिंह की पत्नी के रोल में अदिति राव हैदरी भी नजर आएंगी।

चार लाख जुटाकर पेश की मिसाल

0

देहरादून, सरस्वती विहार के लोगों ने करंट लगने से झुलसकर एक हाथ गंवाने वाले सात साल के दिव्यांश कंडारी के इलाज के लिए चार लाख रुपये एकत्रित कर एक मिसाल कायम की है।

सरस्वती विहार का दिव्यांश कंडारी कुछ दिन पहले पड़ोसी की छत पर खेलते समय हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। बुरी तरह झुलसे दिव्यांश की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उसका दायां हाथ काटना पड़ा। साथ ही इलाज के लिए करीब 11 लाख रुपये का खर्च बताया, दिव्यांश के पिता की माली हालत ठीक नहीं है। ऐसे में उनके लिए रुपयों का इंतजाम करना नामुमकिन नजर आ रहा था, लेकिन संकट की इस घड़ी में सरस्वती विहार विकास समिति आगे आई और सदस्यों ने घर-घर जाकर दिव्यांश के इलाज के लिए रकम जुटाना शुरू कर दिया।

समिति के अथक प्रयास से करीब चार लाख रुपये एकत्रित किए गए। उसे दिव्यांश के इलाज के लिए उसके पिता दौलत कंडारी को सौंप दिया। साथ ही समिति के अध्यक्ष वीपी शर्मा ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से गुहार लगाई कि वह दिव्यांश के इलाज के लिए मदद करें।

समति ने समाज के जागरूक लोगों से भी दिव्यांश की मदद को आगे आने की अपील की। समिति के सचिव गजेंद्र भंडारी ने बताया कि दिव्यांश का इलाज कैलाश अस्पताल में चल रहा है, कोई भी व्यक्ति अस्पताल से संपर्क कर मदद कर सकता है।