Page 408

किसानों का जोरदार प्रदर्शन, बुग्गी में लगाई आग

0

रुड़की। भारतीय किसान यूनियन ने दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर एक बुग्गी जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि सरकार की नीतियां किसानों का शोषण करने वाली हैं और बुग्गी, ट्रैक्टर आदि के टायरों पर जीएसटी के कारण काफी दाम बढ़े हैं जिसका सीधा बोझ किसानों पर पड़ा है।
पूर्व कार्यक्रम के अनुसार भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट द्वारा अपनी मांगों को प्रदेश सरकार द्वारा ना माने जाने पर मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार व प्रकाश पंत कैबिनेट मंत्री के रुड़की भ्रमण कार्यक्रम का विरोध किया। इसके विरोध में किसानों की एक बैठक करीब 11 बजे गुड मंडी मंगलौर में आयोजित की गई।
जिसके उपरांत इनके द्वारा गुड़ मंडी मंगलोर के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुग्गी जलाकर विरोध किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजय चौधरी- गढ़वाल मंडल अध्यक्ष, विजय शास्त्री- प्रदेश प्रवक्ता, विकेश सिंह जिलाध्यक्ष, अनुज युवा जिला अध्यक्ष, अंकुर चौधरी युवा मंडल सचिव, सुक्रमपाल कोषाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।

सूना पड़ा डाकपत्थर बैराज पार्क

0

विकासनगर। कुछ वर्ष पूर्व तक पछवादून की शान रहा डाकपत्थर ग्रीन पार्क इन दिनों वीरान पड़ा हुआ है। पार्क की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार सिंचाई अवस्थापना खंड डाकपत्थर पार्क की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने से बजट की कमी का बहाना बनाकर पल्ला झाड़ रहा है। आलम यह है कि पार्क की स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं। पार्क का मुख्य आकर्षण रहा बिजली से चलने वाला फव्वारा सूख चुका है। जिसके चलते सुबह शाम घूमने के शौकीन लोग भी पार्क का रुख नहीं कर रहे हैं।

डाकपत्थर में जल विद्युत परियोजना का शिलान्यास होने के साथ ही साठ के दशक में स्थानीय लोगों व परियोजना कर्मचारियों के परिवारों को सैर सपाटा करने व मनोरंजन की सुविधा मुहैया कराने के लिए बैराज पार्क का निर्माण किया गया था। जिसके बाद से ही पार्क स्थानीय बाशिंदों के साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले सैलानियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। लेकिन पिछले दो वर्षों से पार्क का रखरखाव नहीं होने के चलते अब वीरान पड़ा हुआ है। आलम यह है कभी पार्क का मुख्य आकर्षण रहा बिजली से चलने वाला रंग बिरंगी रोशनी से युक्त फव्वारा क्षतिग्रस्त होने के चलते दो वर्षों से सूख पड़ा हुआ है। कभी पछवादून की शान रहा यह पार्क इन दिनों जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते वीरान हो चुका है।
पार्क की स्ट्रीट लाइटें खराब हो चुकी हैं जिससे रात को रंगबिरंगी रोशनी में यमुना की लहरों का दीदार करने वाले अब यहां नहीं आ रहे हैं। जबकि पार्क की अन्य व्यवस्थाएं भी जर्जर होने से सुबह सांय भी पार्क में कोई नहीं जा रहा है। बता दें कि पीपीपी मोड पर चलने पर ग्रीन पार्क की दशा सुधरी थी, लेकिन अनुबंध समाप्त होने पर सिंचाई विभाग ने न तो पार्क को दोबारा से पीपीपी मोड पर दिया और न ही पार्क की दशा सुधारने पर ध्यान दिया। उधर, पार्क की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार सिंचाई विभाग अवस्थापना खंड डाकपत्थर के अधिशासी अभियंता पीएन राय ने कहा कि बजट के अभाव में पार्क का जीर्णोद्धार करना मुश्किल साबित हो रहा है। लिहाजा पार्क को यूजेवीएनएल का हस्तांतरित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

किसानों का कर्ज माफ नहीं कर पाएगी उत्तराखंड सरकार : सीएम

0

रुड़की। रुड़की में किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्धघाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों का कृषि ऋण माफ नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों पर 11 हजार करोड़ का ऋण है और राज्य की आमदनी 17 हजार करोड़ है ऋण माफ करने से राज्य की अर्थव्यवस्था डगमगा जाएगी। उन्होंने कहा किसान भी ऋण देने चाहता है कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं।

सीएम ने कहा कि किसान भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उत्तराखण्ड में कृषि के विस्तार की सम्भावना कम है। इसलिए कृषि में आधुनिकता इस्तेमाल कर उत्पादन बढ़ाने पर जोर देना होगा। पहाड़ में भी सिंचाई की भूमि की कमी है। पहाड़ों में ऑफ सीजन फसलों की उत्पादक झमता बढ़ानी होगी। पर्वतीय क्षेत्रों में चकबंदी की शुरुआत हो गई है, इससे किसानों को खेती में आसानी होगी किसान के खेत छोटे छोटे टुकड़ों में थे अब वह एक हो जाएंगे और सिंचाई आदि में आसानी होगी। उन्होंने कहा भाजपा किसान मोर्चा किसानों की आवाज बने। प्रधानमंत्री का लक्ष्य है किसानों की आय दो गुनी करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। खाद के दामों में भी कमी आई है। अब आसानी से किसानों को यूरिया उपलब्ध हो जाती है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा की सरकार में किसानों की उन्नति हुई है। कांग्रेस सरकार में 20 हजार किसान प्रतिवर्ष आत्महत्या कर रहे थे अब किसान खुशहाल है। उन्होंने किसान मोर्चे के पदाधिकारियों से गांव-गांव जाकर बैठक कर किसानों को जागरूक करने के लिए कहा। इस अवसर पर राज्य मंत्री रेखा आर्य, प्रदेश संगठन मंत्री संजय, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

विश्व प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना शोभना नारायण ने युवा पीढ़ी को दिए कत्थक के टिप्स

0

इंडिया की अमूल्य धरोहर शास्त्रीय संगीत और शास्त्रीय नृत्य का पूरे विश्व में एक विशेष स्थान है कत्थक नृत्य एक ऐसी परंपरा है जिसने पूरे विश्व को दीवाना बना रखा है। कथक की विश्व प्रसिद्ध नृत्यांगना शोभना नारायण ने ऋषिकेश में एस बी एम पब्लिक स्कूल में स्पीक मैके के तत्वाधान में अपने नृत्य कला की प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। युवा पीढ़ी को अपनी परंपरा से जुड़ने के लिए स्पिक मैके का भारतीय संगीत एवं नृत्य से जोड़ने का अभियान ऋषिकेश पहुंचा और यहां के एसबीएम स्कूल में युवाओं को नई पीढ़ी से जुड़ने के लिए और उनकी रुचि शास्त्रीय संगीत की विधा में जगाने के लिए समय-समय पर अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करके युवाओं को जागरूक करते हैं।

03

स्पीक मैके के उत्तराखंड कोऑर्डिनेटर अभिषेक अग्रवाल और धीरेंद्र जोशी ने बताया भारत के पास अपनी कला का एक बड़ा खजाना है। स्पीक मैके युवा पीढ़ी को इस अमूल्य धरोहर को संजोए रखने के लिए प्रयासरत है और ऐसे छोटे शहरों में प्रस्तुति देकर यहां के युवाओं को अपनी सभ्यता से जोड़ने का काम करते हैं। ऋषिकेश पहुंची विश्व प्रसिद्ध नृत्यांगना शोभना नारायण ने बताया कि स्कूल और कॉलेजों में इस तरह के कार्यक्रम होनी चाहिए क्योंकि यह एक बीज है जो आगे जाकर एक फल के रूप में सामने आएगा और हमारे भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य कला को संजोए रखेगा क्योंकि भारत की शास्त्रीय परंपरा को इन्हीं के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा। ऋषिकेश में प्रस्तुति देकर शोभना नारायण काफी खुश थी उन्होंने बताया कि 1963 के बाद वह दूसरी बार ऋषिकेश में अपने नृत्य के अनुभव को साझा कर रहे हैं और यहां देव भूमि में प्रस्तुति देकर उन्हें आत्म अनुभूति हो रही है। एक तरफ मां गंगा है और दूसरी ओर हिमालय यह अद्भुत संगम है जो नृत्य को एक नई ऊर्जा देता है.

पांच सौ के करीब लोग खुले में शौच जाने को मजबूर

0

विकासनगर। केंद्र सरकार के खुले में शौच मुक्त भारत अभियान को पलीता लगाते हुए कालसी वन प्रभाग के तिमली रेंज के कर्मियों ने धौला तप्पड़ वन गुर्जर बस्ती के बाशिंदों के एक दर्जन शौचालय गत 17 जुलाई को तोड़ डाले। जिससे बस्ती की पांच सौ के करीब आबादी चार माह से खुले में शौच जाने को मजबूर है। वन विभाग ने जिन शौचालयों को अवैध करार देते हुए तोड़ा है उनका निर्माण सरकारी इमदाद से ही हुआ था। जबकि कुछ मोबाइल शौचालय भी वन कर्मियों द्वारा तोड़ दिए गए। स्थानीय प्रशासन से कई बार शौचालय निर्माण गुहार लगाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर बस्ती के बाशिंदों ने अब प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर वन विभाग द्वारा तोड़े गए शौचालयों के पुनर्निर्माण की मांग की है।

प्रधानमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में बताया गया कि कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज के कुल्हाल पंचायत की धौला तप्पड़ बस्ती में 80 परिवार की करीब पांच सौ की आबादी चालीस साल अधिक समय से स्थाई तौर पर निवास कर रही है। वन अधिनियम के तहत वन गुर्जरों के परिवारों को पक्के आवासीय मकान की सुविधा नहीं मिल रही है। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा खुले में शौच मुक्त भारत अभियान के तहत गुर्जर बस्ती में शौचालय निर्माण की अनुमति दी गई थी। इसके लिए बाकायदा स्वजल परियोजना के माध्यम से गुर्जर परिवारों को सरकारी इमदाद मुहैया कराई गई।
सरकारी इमदाद मिलने पर शौचालय बनाए गए व कुछ मोबाइल शौचालय भी बस्ती के बाशिंदों को दिए गए। लेकिन सरकारी इमदाद पर बने शौचालयों को गत जुलाई माह में कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज के कर्मियों ने अवैध करार देते हुए ध्वस्त कर डाला। शौचालय ध्वस्त होने से बस्ती के बाशिंदे खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। जंगल में बसी बस्ती में खुले में शौच जाना स्थानीय बाशिंदों के लिए सुरक्षा के लिहाज से खतरा बना हुआ है। बस्ती के बुजुर्गों व महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। जबकि इससे प्रधानमंत्री के खुले में शौच मुक्त भारत अभियान को भी पलीता लग रहा है।
प्रधानमंत्री को प्रेषित ज्ञापन के माध्यम से स्थानीय बाशिंदों ने वन विभाग द्वारा ध्वस्त किए गए शौचालयों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन पर लियाकत, सुलेमान, मीर हमजा, इमाम हुसैन, इनाम, अहमद अली, आबिद, सद्दाम, जहांगीर, रमजान, रुस्तम आदि के हस्ताक्षर हैं।

बीसीसीआई की मान्यता के लिए प्रयास करे सरकार

0

देहरादून। उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन (यूसीए) सचिव दिव्य नौटियाल ने उत्तराखंड को बीसीसीआई से मान्यता दिलाने के लिए पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायण स्वामी की तर्ज पर कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर उत्तराखंड सरकार पुडुचेरी सरकार के नक्शे कदम पर चलेगी तो मान्यता को लेकर 17 साल से अटका मामला हल हो जाएगा।

दिव्य नौटियाल ने कहा कि यूसीए बीसीसीआइ से मान्यता दिलाने के लिए डेढ़ दशक से प्रयास कर रही है लेकिन चार क्रिकेट एसोसिएशनों की आपसी खींचतान के चलते मान्यता नहीं मिल पा रही।

वहीं, पुडुचेरी मुख्यमंत्री ने राज्य को मान्यता दिलाने के लिए मई में बीसीसीआई को पत्र लिखा था और वाजिब कारण गिनाए थे। पत्र का संज्ञान लेते हुए बीसीसीआइ ने पुडुचेरी की तीन क्रिकेट एसोसिएशनों की जांच पड़ताल शुरू की और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी को मान्यता के लिए उपयुक्त पाया।
अक्टूबर को एसोसिएट सदस्य के रूप में मान्यता भी दे दी गई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में 16 अक्टूबर को क्रिकेट एसोसिएशनों के साथ बैठक हुई थी, लेकिन इसमें कोई निर्णय नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि सरकार पुडुचेरी के तर्ज पर ठोस कदम उठाए। बीसीसीआई सभी एसोसिएशनों की पड़ताल करेगी और जो मानकों पर खरा उतरेगी उसे मान्यता दे देगी।

मौसम के बदलने से बीमार हो रहे हैं लोग

0

ऋषिकेश। तीर्थनगरी में अचानक मौसम ने करवट बदल ली है। सुबह शाम बह रही ठंडी हवाओं ने मौसम के मिजाज को एकदम से बदल दिया है। पिछले दो दिनों से मौसम में आए परिवर्तन से सर्दी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। एम्स अस्पताल की ओपीडी में जहां इन दो दिनों मे सैकड़ों मरीज पहुंचे, वहीं राजकीय चिकित्सालय मे भी कुछ ऐसी ही तस्वीर दिखी।

इस बार अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक दिन में तेज धूप होने से लोग गर्मी से परेशान थे, लेकिन अब मौसम ने तेजी से करवट बदली है। रात के मौसम में इन दो दिनों मे बदलाव हुआ है। रात में हल्की ठंडक होने लगी है। सुबह-शाम हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। मौसम के इस उतार चढ़ाव से वायरल फीवर, सर्दी, जुकाम, बच्चों में कोल्ड डायरिया जैसी बीमारियां फैलने लगी हैं। हालांकि, दिन के समय अभी सर्दी नहीं है।
मौसम के बदलते मिजाज ने नगर के तमाम प्राइवेट अस्पतलो मे भी मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। सामान्य दिनों में के मुकाबले से यह संख्या दोगुनी हो गई है। निर्मल हास्पिटल के फिजिशियन डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि मौसम में बदलाव से मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसमें सबसे ज्यादा मरीज वायरल फीवर के आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों में कोल्ड डायरिया के मामले सामने आ रहे हैं। उनका कहना है कि मौसम परिवर्तन से बुखार, जुकाम, सर्दी, खांसी के मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल में पहुंच रहे हैं। मौसम में बदलाव के दौरान खान पान व रहन सहन पर ध्यान दिया जाना अति आवश्यक है। तभी मौसमी बीमारियों के प्रकोप बचा जा सकता है।

नियुक्ति का इंतजार कर रहे 1700 शिक्षक

0

देहरादून। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में कार्यरत एलटी शिक्षकों को प्रवक्ता संवर्ग में तदर्थ पदोन्नति मिलने के बाद भी नियुक्ति का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। गौर हो कि शिक्षा मंत्री ने तदर्थ पदोन्नति की घोषणा कर 15 दिनों में नियुक्ति करने की भी बात की थी लेकिन 15 दिनो से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। हालांकि विभाग ने गढ़वाल और कुमाउ से रिक्त पदों को लेकर लिस्ट तलब की है।

शिक्षक संगठनों की एलटी शिक्षकों को प्रवक्ता के पदों पर तदर्थ पदोन्नति की प्रमुख मांग को पूरा करने के बाद भी विभाग अब तक शिक्षकों को स्कूलों में तैनाती नहीं मिल पाई है। बतादें कि करीब 1700 शिक्षकों को नई तैनाती मिलनी है। जिससे सूबे की शिक्षा महकमे में व्यवस्था सुधरने का भी दावा किया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों की कमी पूरा करने की भी बात की जा रही है। इधर, शिक्षा विभाग की ओर से गढ़वाल और कुमाउं मंडल दोनों जगहों से स्कूलों की रिक्त पदों की लिस्ट तलब तो कर दी गई है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 

पहले सप्ताह में गोलमाल अगेन की 137 करोड़ की कमाई

0

रोहित शेट्टी की गोलमाल अगेन ने बाक्स आफिस पर अपने पहले सप्ताह का सफर पूरा कर लिया है और इस दौरान फिल्म की कमाई 137 करोड़ पंहुच चुकी है।

गुरुवार को सप्ताह के अंतिम दिन फिल्म ने 10 करोड़ के आसपास की कमाई की। दीवाली पर रिलीज हुई इस हारर कामेडी फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन ही सौ करोड़ के दायरे को पूरा कर लिया था। रविवार के बाद भी बाक्स आफिस पर फिल्म की पकड़ मजबूत रही है। ‘गोलमाल’ सीरिज की इस चौथी फिल्म को लेकर फिल्मी कारोबार के जानकारों का मानना है कि ये फिल्म अगले तीन दिनों में, यानी दूसरे वीकंड तक 160 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर सकती है।

माना जा रहा है कि दीवाली पर इसके साथ रिलीज हुई आमिर खान की फिल्म ‘सीक्रेट सुपर स्टार’ का मामला जल्दी ढीला पड़ गया और इस सप्ताह किसी बड़ी फिल्म के रिलीज न होने का फायदा ‘गोलमाल अगेन’ को मिलता नजर आ रहा है।

शर्मिला टैगोर को एक और सम्मान

0

अपने दौर की दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर को एक और सम्मान मिला है। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्टरी की ओर से शर्मिला टैगोर को दिल्ली के सिरी फोर्ट सभागार में शर्मिला को सिनेमा में उनके योगदान के लिए लाइफ टाइम अचिवमेंट सम्मान दिया गया।

उनको ये सम्मान केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह और भाजपा के दिल्ली के अध्यक्ष मनोज तिवारी के हाथों दिया गया। शर्मिला ने इस मौके पर सम्मान देने पर गर्व महसूस करते हुए कहा वे खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं कि सिनेमा का स्वर्णिम युग कहे जाने वाले दौर में उनको फिल्मों में काम करने का मौका मिला। उन्होंने राजेश खन्ना के साथ फिल्म सफर और गुलजार की मौसम (संजीव कुमार) को अपनी पसंदीदा फिल्मों में से बताया।

मौसम में शर्मिला ने मां-बेटी का डबल रोल किया था। शर्मिला टैगोर के परिवार में इन दिनों दो छोटे मेहमानों की किलकारियां गूंज रही हैं। पहले करीना कपूर खान ने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम तैमूर अली खान रखा गया, तो हाल ही में उनकी बेटी सोहा भी मां बनी हैं और उन्होंने बेटी को जन्म दिया है, जिसका नाम इंसिया रखा गया है।