Page 406

शाहरुख के साथ करण की दसवीं फिल्म

0

आगामी 3 नवंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘इत्तेफाक’ करण जौहर और शाहरुख खान की पार्टनरशिप की दसवीं फिल्म होगी। करण जौहर की कंपनी में शाहरुख खान की पहली फिल्म ‘डुप्लीकेट’ थी, जिसे महेश भट्ट ने निर्देशित किया था और इसमें शाहरुख के साथ जूही चावला और सोनाली बेंद्रे थी।

इसके बाद शाहरुख खान ने इस बैनर में करण जौहर की बतौर निर्देशक पहली फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ में काम किया, जिसमें उनकी जोड़ी काजोल के साथ रही और फिल्म को बाक्स आफिस पर रिकार्डतोड़ सफलता मिली। करण जौहर की कंपनी में शाहरुख खान की तीसरी फिल्म कल हो न हो थी, जिसे निखिल आडवाणी ने निर्देशित किया था और फिल्म में शाहरुख के साथ सैफ अली खान और प्रीति जिंटा का त्रिकोण था।

करण जौहर ने शाहरुख खान के साथ चौथी फिल्म ‘कभी-अलविदा न कहना’ बनाई, जिसमें शाहरुख के अलावा अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा ने काम किया था। इस जोड़ी की पांचवी फिल्म थी ‘कभी खुशी कभी गम’, जिसमें शाहरुख खान के साथ काजोल के अलावा रितिक रोशन और करीना कपूर तथा अमिताभ बच्चन थे।

करण जौहर ने शाहरुख खान के साथ पार्टनरशिप में 6ठीं फिल्म काल बनाई, जिसमें अजय देवगन, जान अब्राहम और विवेक ओबेराय थे और सोहम शाह इसके निर्देशक थे। शाहरुख ने इस फिल्म के लिए सिर्फ प्रमोशनल सांग किया था। करण जौहर ने कई साल बाद निर्देशन में लौटते हुए शाहरुख खान को लेकर ‘माई नेम इज खान’ बनाई, जो करण जौहर और शाहरुख खान की कंपनी द्वारा मिलकर बनाई गई थी।

आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा को लांच करने के लिए बनी फिल्म ‘द स्टूडेंट्स आफ ईयर’ में भी शाहरुख खान और करण जौहर की पार्टनरशिप थी। गौरी शिंदे की फिल्म ‘डियर जिंदगी’ भी शाहरुख खान और करण जौहर की पार्टनरशिप की फिल्म थी, जिसमें शाहरुख खान और आलिया भट्ट ने प्रमुख भूमिकाएं की थीं। अब ये जोड़ी बीआर चोपड़ा के बैनर की फिल्म ‘इत्तेफाक’ के रीमेक में साथ है, जो 3 नवंबर को रिलीज होने जा रही है और इस रीमेक में सिद्धार्थ मल्होत्रा, सोनाक्षी सिन्हा और अक्षय खन्ना की प्रमुख भूमिकाएं हैं।

कैटरीना कैफ भी शुरु करेंगी फैशन लाइन

0

ऐश्वर्या राय, सोनम कपूर और अनुष्का शर्मा के बाद अब कैटरीना कैफ को लेकर खबर मिल रही है कि वे भी जल्दी ही अपनी फैशन लाइन शुरु करने जा रही हैं। संकेत मिल रहे हैं कि जल्दी ही कैटरीना के नाम से डिजाइनिंग ड्रेसेज के लेबल को लांच किया जाएगा।

कैटरीना कैफ की टीम के हवाले से मिली खबर के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय स्तर की एक फैशन डिजाइनिंग कंपनी के साथ इसे लेकर करार हो चुका है, जो कैटरीना के फैशननुमा ड्रेसेज की सीरिज को लांच करेगी। संकेत हैं कि दिसंबर में इस सीरिज की लांचिंग होगी। कहा जा रहा है कि पहले इसे आन लाइन लांच किया जाएगा और आगे जाकर देश के 9 अलग अलग शहरों में कैटरीना के ब्रैंड के आउटलेट खोले जाएंगे।

ये आउटलेट मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बंगलुरु, चंडीगढ़, जयपुर, अहमदाबाद और इंदौर में खोले जाएंगे। हाल ही में जब अनुष्का ने नुश नाम से अपनी फैशन लाइन शुरु की थी, तो चीन की एक आन लाइन फैशन कंपनी से नकल के मामले को लेकर विवाद हो गया था। संभव है कि अपनी आने वाली फिल्म टाइगर जिंदा है के रिलीज के मौके पर कैटरीना अपनी फैशन लाइन को लांच कर दें।

ये फिल्म 22 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है, कैटरीना कैफ इस फिल्म के अलावा यशराज की फिल्म ठग आफ हिंदोस्तां में आमिर खान और आनंद एल राय की फिल्म में शाहरुख खान के साथ काम कर रही हैं।

दुबई में लांच हुआ रोबोट 2.0 का आडियो

0

सुपर स्टार रजनीकांत की बहुभाषी फिल्म ‘रोबोट 2.0’ का आडियो यहां एक रंगारंग समारोह में रिलीज किया गया। इस समारोह में फिल्म में संगीत दे रहे एआर रहमान ने फिल्म के गानों पर लाइव परफारम किया।

दुबई के एक स्टेडियम में हुए इस भव्य समारोह में लोगों की गिनती 60000 से ज्यादा बताई गई है। अनुमान के तौर पर इस समारोह की लागत 15 करोड़ आंकी गई है, इस समारोह में फिल्म की पूरी कास्ट शामिल हुई। सुपर स्टार रजनीकांत कल एक विशेष विमान से इस समारोह में हिस्सा लेने दुबई पंहुचे थे। उनकी एक झलक पाने के लिए दुबई के हवाई अडडे और होटल तक जाने वाली सड़क पर उनके फैंस की भारी भीड़ जमा थी।

robot.2

दुबई में बनी दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग बुर्ज खलीफा पर इस फिल्म को लेकर विशेष लाइटिंग की गई। दुबई के लगभग सभी मॉल्स और रास्ते इस फिल्म के पोस्टरों से पाट दिए गए थे। बिल्डिंगों से लेकर समुद्र तक इस फिल्म के पोस्टर नजर आए। समुद्र में इस फिल्म के विशाल गुब्बारे उड़ाए गए।

समारोह में रजनीकांत, उनके साथ पहली बार काम कर रहे अक्षय कुमार, हीरोइन एमी जैक्सन और फिल्म के निर्देशक शंकर मौजूद रहे। मुख्य समारोह से पहले दुबई के सबसे बड़े होटल मैरियेडन में फिल्म को लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस की गई, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय मीडिया को बुलाया गया था। कहा जा रहा है कि दुबई के बाद फिल्म का अगला समारोह अमेरिका के न्यूयार्क शहर में दिसंबर में किया जाएगा। ये फिल्म भारत की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है, जिसका बजट 450 करोड़ से ज्यादा है। इसे तमिल, तेलुगू और हिंदी में बनाया गया है। ये शंकर की इससे पहले बनी फिल्म रोबोट की सिक्वल है।

स्थानांतरण एक्ट पर बैठक बेनतीजा, नहीं माने शिक्षक

0

देहरादून। स्थानांतरण नीति पर चर्चा को बुलाई गई बैठक में एक बार फिर बेनतीजा रही। सभी शिक्षक संगठनों ने नीति को मानने से साफ इन्कार कर दिया है। वे ठोस स्थानांतरण एक्ट की मांग पर अडिग हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य गठन से अब तक कई बार नीतियां बनाई जा चुकी हैं लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षों से तैनात शिक्षकों के साथ न्याय नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि ठोस स्थानांतरण कानून से ही शिक्षकों के साथ न्याय होगा।

शनिवार को ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में शिक्षा विभाग की ओर से बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे अपर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा महावीर सिंह बिष्ट ने शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों से स्थानांतरण नीति के प्रस्ताव के संबंध में आवश्यक सुझाव मांगे। प्रारंभिक, जूनियर व राजकीय शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने सुझाव देने से मना कर दिया और सीधे स्थानांतरण नीति के विरोध में उतर आए। पदाधिकारियों ने एक सुर में कहा कि शिक्षकों के साथ न्याय करने के लिए स्थानानंतरण कानून आवश्यक है। कहा कि ठोस कानून न होने के कारण हजारों शिक्षक अपने परिवार से दूर दुर्गम क्षेत्रों में वर्षों से तैनात रहते हैं। जबकि रसूख वाले शिक्षक हमेशा मैदानी क्षेत्रों में आराम फरमाते हैं। स्थानांतरण प्रक्रिया में मजबूत एक्ट से ही पारदर्शिता आएगी।

प्राथमिक शिक्षक संगठन के महामंत्री दिग्विजय चौहान ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक संगठन स्थानांतरण नीति के पक्ष में नहीं है। मजबूत एक्ट शिक्षकों के हित में हैं। संगठन मांग करता है कि जब तक कानून नहीं बनता, तब तक तत्कालीन व्यवस्था में आवश्यक संशोधन किए जाएं।
वहीं, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की उपाध्यक्ष कल्पना बिष्ट ने कहा कि संगठन स्थानांतरण नीति कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। विभागीय अधिकारियों से ठोस एक्ट की मांग की गई है। क्योंकि अभी तक कई बार नीति बन चुकी हैं, लेकिन शिक्षकों के स्थानांतरण में भेदभाव ही होता रहा है।

स्वच्छ गंगा टीम ने गंगा घाटों पर चलाया सफाई अभियान

0

स्वच्छ गंगा अभियान टीम ने कनखल दक्षेश्वर घाट हरिद्वार के जसवंत घाट पर सफाई अभियान चलाया। टीम ने गंगा घाटों पर फैली व्याप्त गंदगी को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश फैलाया। स्वच्छ गंगा अभियान के अनिमेष कुमार ने कहा कि लगातार यह अभियान वर्षभर से विभिन्न गंगा घाटों पर चलाया जा रहा है। लगातार जन जागरुकता फैलाई जा रही है।

स्थानीय व्यापारियों, तीर्थ पुरोहित समाज एवं मलीन बस्तियों, काॅलोनियों में रह रहे लोगों को भी गंगा प्रदूषण मुक्त करने की कार्यों से अवगत कराया जा रहा है। गंगा को पूर्ण रूप से प्रदूषण मुक्त बनाने की मुहिम निश्चित तौर पर सफलताओं की ओर बढ़ रही है।शिवम शास्त्री ने कहा कि स्वच्छ गंगा अभियान टीम का परिवार लगातार बढ़ रहा है।

स्कूल काॅलेजों सामाजिक संस्थाओं से भी गंगा को प्रदूषण मुक्त करने की अपील लगातार जारी है। अगले रविवार को वृहद स्तर पर विभिन्न गंगा घाटों के किनारों पर जन चेतना अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पोस्टर, बैनर, पम्पलेट, स्लोगन आदि के माध्यम से जन चेतना फैलाई जाएगी। विशाल पंवार ने कहा कि स्वच्छ गंगा टीम प्रशंसनीय कार्य कर रही है। गंगा को अविरल स्वच्छ बनाने की यह मुहिम सफलताओं के नये आयाम रच रही है। हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों के लोग स्वयं ही स्वच्छ गंगा अभियान टीम से जुड़ रहे हैं। 

नौकरानी की आत्महत्या में कारोबारी गिरफ्तार

0

हरिद्वार, नाबालिग नौकरानी के आत्महत्या में पुलिस ने मार्बल कारोबारी को गिरफ्तार किया है। परिजनों ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। ज्वालापुर निवासी करन लूथरा का परिवार हरिलोक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था, घर का काम करने और बच्चे की देखभाल के लिए कारोबारी ने एक किशोरी को नौकरी पर रखा हुआ था। बीती फरवरी मे किशोरी ने कारोबारी के घर फांसी पर लटक कर जान दे दी थी।

किशोरी के परिजनों ने कारोबारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। आत्महत्या के पीछे भी उन्होंने कारोबारी को जिम्मेदार ठहराया था, कार्रवाई न होने पर परिजनों ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा था। सीएम ने घटना का संज्ञान लेकर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे, जिसके बाद पिछले दिनों ही पुलिस ने कारोबारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने, मारपीट करने, जाति सूचक शब्द कहने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

वहीं, किशोरी के खुदकुशी करने के बाद करन लूथरा ने हरिलोक कॉलोनी में किराए का मकान छोड़ दिया था। तब से वह सुभाषनगर में ससुराल रहता आ रहा था। पुलिस ने आरोपी करन लूथरा को सुभाषनगर से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि, “आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।”

डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ व्यापारियों ने खोला मोर्चा

0

डेंगू से हो रही मौतों का जिम्मेदार स्वास्थ्य विभाग नगर निगम एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ महानगर व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में व्यापारियों ने देवपुरा चैक पर एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की।

व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि रोजाना डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल में संसाधनों की कमी की वजह से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। आये दिन कोई ना कोई मृत्यु डेंगू की वजह से हो रही हैं।

हाल ही में ज्वालापुर के कैथवाड़ा मोहल्ले में डेंगू से युवक की मौत हो गई, परन्तु स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं खुल रही है। अपनी नाकामी छुपाने की वजह से डेंगू से हो रही मौतों पर कोई पुष्टि ना करना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग हरिद्वार में पूर्ण रूप से असफल नजर आ रहा है। नगर निगम के मेयर एवं अधिकारी शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में नाकायाब हो चुके हैं, राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में पूरी तरह से लापरवाही कर रही है।

जिला अध्यक्ष तेज प्रकाश साहू एवं रवि बाबू ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रदेश सरकार डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग को कोई निर्देश नहीं दे पा रही हैं जनजागरुकता अभियान नहीं चलाये जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग मात्र मिजिल्स रूबेला को लेकर टीकाकरण करने की मुहिम में जुटा हुआ है लेकिन डेंगू से बेपरवाह स्वास्थ्य विभाग कोई ठोस नीति नहीं बना पा रहा है। डेंगू से बचाव के लिए फ्री-मेडिकल चेकअप नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया जाना जरूरी है। मरीजों को ब्लड की सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा कि ,”स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फोर यूनिटी’ का यातायात व्यवस्था प्लान

0

पैवेलियन ग्राउण्ड व नगर निगम परिसर से प्रारम्भ होने वाली रैली हेतु यातायात व्यवस्था प्लान:-
पैवेलियन ग्राउण्ड से चलने वाली रैली का रूट – पैवेलियन ग्राउण्ड – लैंसडाउन चौक – बुद्धा चौक – एम.के.पी. चौक – गुरूनानक तिराहा – रेसकोर्स चौक – पीएनबी तिराहा – सूरी चौक – बन्नू स्कूल चौराहा – पुलिस लाईन गेट न: 2 से प्रवेश
नगर निगम परिसर से चलने पर रैली का रूट – दून चौक – एम.के.पी चौक -गुरूनानक तिराहा – रेसकोर्स चौक – पीएनबी तिराहा – सूरी चौक – बन्नू स्कूल चौराहा – पुलिस लाईन गेट न: 2 से प्रवेश
पार्किंग स्थल :-
1.रेंजर्स ग्राउण्ड
2.वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय
3.परेड ग्राउण्ड
4.पानी की टंकी के नीचे दून क्लब के सामने
5.एम.डी.डी.ए शापिंग काम्पलेक्स, घण्टाघर
6.सचिवालय के बाहर खाली मैदान में पार्किंग
7.मंगला देवी स्कूल ग्राउण्ड (अन्य पार्किंग के भरने पर)
8.स्कूली बच्चों के वाहन बच्चों को उतारकर बन्नू स्कूल के निकट गुरूनानक ग्राउण्ड में पार्क होंगे।

डायवर्ट प्लान निम्नवत् रहेगा:-
1.तहसील चौक से कोई भी वाहन दून चौक की ओर नही जायेगा।
2.द्रोणा होटल तिराहे से कोई भी वाहन भी वाहन आई.जी कट की ओर नही जायेगा।
3.सीजेएम/पोस्ट ऑफिस तिराहे से कोई भी वाहन आई.जी कट की ओर नही जायेगा।
4.दर्शनलाल चौक से कोई भी वाहन लैन्सडाउन चौक तथा बुद्धा चौक की ओर नही जायेगा।
5.दून चौक से कोई भी वाहन एम.के.पी चौक की ओर नही जायेगा।
6.इन्दिरा मार्केट कट से कोई भी वाहन लैन्सडाउन चौक की ओर नही जायेगा।
7.रेसकोर्स चौक/सीएमआई तिराहे से सम्पूर्ण यातायात को प्रिन्स चौक की ओर भेजा जायेगा।
8.रैली के गुरूनानक वेडिंग प्वाईंट तिराहे पर पहुंचने पर आराघर से सम्पूर्ण यातायात को ई.सी रोड पर डायवर्ट किया जायेगा।
9.क्रास रोड व द्वारिका स्टोर से कोई भी वाहन सुभाष रोड की ओर नही जायेगा।
10.होटल रिची-रिच तिराहे से कोई भी वाहन कबाडी मार्केट की ओर नही भेजा जायेगा।

विधानसभा के बाहर से प्रारम्भ होने वाली रैली हेतु यातायात व्यवस्था प्लान:-
विधानसभा के बाहर से चलने पर रैली का रूट- विधानसभा चौक – रिस्पना पुल तिराहा – नेहरू कॉलोनी तिराहा – हिमपैलेस तिराहा – धर्मपुर चौक – नेगी तिराहा – गेट न: 1 से प्रवेश
पार्किंग स्थल –
1.डिफेंस कॉलोनी रोड पर वन साईड पार्किंग
2.मिनाक्षी होटल से आकाशवाणी तक वन साईड पार्किंग
3.स्कूली बच्चों के वाहन बच्चों को उतारकर बन्नू स्कूल के निकट गुरूनानक ग्राउण्ड में पार्क होंगे।
डायवर्ट प्लान –
1.विधानसभा की ओर कोई भी वाहन नही जायेगा।
2.जोगीवाला से आने वाले वाहनों को विधानसभा तिराहे से 200 मी. पहले रोका जायेगा।
3.रैली के रिस्पना पुल क्रास करने पर विधानसभा से 200 मी. पहले रोके गये यातायात को सामान्य कर दिया जायेगा व रिस्पना से कोई भी वाहन नेहरू कॉलोनी तिराहे की ओर नही जायेगा, समस्त वाहनों को रिस्पना व पेट्रोल पम्प कट पर बैरियर लगाकर आई.एस.बी.टी की ओर भेजा जायेगा।
4.रैली का पिछला हिस्सा नेहरू कॉलोनी तिराहा पास करने पर रिस्पना से यातायात को सामान्य कर दिया जायेगा व नेहरू कॉलोनी तिराहे से सम्पूर्ण वाहनों को फब्बारा चौक की ओर डायवर्ट किया जायेगा।
5.हिमपैलेस तिराहे के सामने गलियों से आने वाले यातायात को रोककर चलाया जायेगा।
6.धर्मपुर चौक के निकट मथुरवाला कट से वाहनों को रैली के पिछला हिस्सा निकलने पर चलाया जायेगा।
7.मातामन्दिर रोड से आने वाले वाहनों को रैली का पिछला हिस्सा क्रास होने पर चलाया जायेगा।
8.धर्मपुर चौक से कोई भी वाहन नेगी तिराहे की ओर तब तक नही भेजा जायेगा जब तक कि सम्पूर्ण रैली पुलिस लाईन गेट न: 1 व 2 से प्रवेश न कर ले।
9.समस्त भारी वाहनों को आवश्यकतानुसार कारगी चौक एवं डोईवाला से दूधली रोड पर डायवर्ट किया जायेगा।

किसान भवन परिसर से प्रारम्भ होने वाली रैली हेतु यातायात व्यवस्था प्लान: –
रैली का रूट – किसान भवन परिसर – पुलिया न: 6 – राजीव नगर पुल – फब्बारा चौक – इनकम टैक्स चौराहा – धर्मपुर मण्डी तिराहा – अग्रवाल बेकरी – गुरूनानक स्कूल तिराहा – नेगी तिराहा – गेट न: 1 से प्रवेश
पार्किंग स्थल –
1.किसान भवन से पहले खाली ग्राउण्ड
2.रिंग रोड पर वन साईड।
3.स्कूली बच्चों के वाहन बच्चों को उतारकर बन्नू स्कूल के निकट गुरूनानक ग्राउण्ड में पार्क होंगे।
डायवर्ट प्लान –
1.लाडपुर तिराहे से कोई भी वाहन पुलिया न: 6 की ओर नही आयेगा।
2.पुलिया न: 6 से कोई भी वाहन किसान भवन की ओर नही जायेगा।
3.रैली का पिछला हिस्स 6 नम्बर पुलिया पास होने पर 6 न: पुलिया से कोई भी वाहन फब्बारा चौक की ओर नही जायेगा। लाडपुर तिराहे वाले यातायात को सामान्य कर दिया जायेगा।
4.फब्बारा चौक से कोई भी वाहन पुलिया न: 6 की ओर नही जायेगा।
5.इनकम टैक्स चौराहे पर रैली के पहुंचने पर पहुंचने पर कुछ समय के लिये गलियों से आने वाले यातायात को रोककर चलाया जायेगा।
6.रैली के अग्रवाल बेकरी क्रास करने पर यातायात को रोककर चलाया जायेगा।

विक्रम एवं सिटी बस हेतु डायवर्जन:-
1.रूट 2 नम्बर के विक्रम सर्वे चौक तक ही आयेंगे, सर्वे चौक से वापस डायवर्ट किये जायेंगे।
2.रूट न: 3 के विक्रम रैली के दौरान परिस्थितियों के अनुसार रोके जायेंगे।
3.रूट न: 5 व 8 के विक्रम रेलवे स्टेशन से वापस कर दिये जायेंगे।
4.नालापानी-सीमाद्वार की बसों को सर्वे चौक से यूकेलिप्टस चौक से घण्टाघर होते हुए भेजी जायेंगी। वापसी भी इसी रूट पर रहेगी।
5.जॉलीग्रान्ट, डोईवाला रूट की बसों को रैली के दौरान परिस्थितियों के अनुसार रोका जायेगा।

नोट :- 1. कार्यक्रम के दौरान रैली के समस्त रूटों को पूर्णतः जीरो जोन किया जायेगा।
स्कूली बच्चों एवं अधिकारियों के वाहन छात्रों एवं अधिकारियों को प्रारम्भ बिन्दु पर उतारकर तत्काल गुरूनानक स्कूल ग्राउण्ड, रेसकोर्स में पार्क होंगी। सम्बन्धित क्षेत्र के निवासिंयों एवं मार्गो का प्रयोग करने वाले वाहन चालको से अनुरोध है रैली के दौरान गन्तव्य स्थान तक पहुंचने एवं किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गां का प्रयोग करें। अपने वाहनों को रैली के मार्ग पर पार्क न करें। चौपहिया के स्थान दुपहिया वाहनों का प्रयोग करें। कृपया व्यवस्था बनाने के लिए जनपद पुलिस को अपना सहयोग प्रदान करें।

 

नगर निकायों का सीमा विस्तार जनप्रतिनिधियों के लिए खतरे की घंटी

0

उत्तराखंड नगर निकायों का सीमा विस्तार कई जन प्रतिनिधियों के लिए समस्या का कारण बन सकता है, नए सीमा विस्तार के बाद कई नगर निकायों के कई मुखिया अपना पद गंवा भी सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल का, जो भाव और प्रभाव है वह कांग्रेस के लिए तगड़ा दांव साबित हो सकता है। सीमा विस्तार भी कई निकायों के प्रमुखों के लिए खतरे की घंटी हैं। इस संदर्भ में सरकार विधिक परीक्षण कराने के निर्देश जारी कर चुकी है।

नगर निगम घोषित होने के बाद ऋषिकेश और कोटद्वार के वर्तमान बोर्डों का भंग होना तय माना जा रहा है, जो उन निकाय प्रमुखों के लिए समस्या का कारण बन सकते हैं। हालांकि नगर निगम और नगर पालिका एक्ट टटोले जा रहे हैं ताकि सरकार के इस आदेश की धज्जियां उड़ाई जा सकें। छोटी सरकार के सीमा के विस्तारीकरण लगभग 38 नगर निकायों के प्रमुखों के लिए खतरे की घंटी है। सीमा विस्तार भी इस बात का ऐलान कर रहा है कि कई नगर निकायों में सत्ता परिवर्तन हो सकता है जो उत्तराखंड में 92 नगर निकाय हैं।

इनमें से 40 निकायों में सीमा विस्तार का प्रस्ताव हो चुका है जबकि देहरादून समेत 14 नगर निकायों में सीमा विस्तार की अंतिम अधिसूचना भी जारी हो चुकी है। जिन नगर निकायों का सीमा विस्तार होना होना है, उनमें रुड़की, काशीपुर, रुद्रपुर, काठगोदाम, हल्द्वानी तथा हरिद्वार और देहरादून के नगर निगम शामिल हैं। इसी प्रकार नगर पालिका पंचायतों के सीमा विस्तार का कार्य चल रहा है। इनमें काम होना है, इन नगर पालिकाओं में कोटद्वार, बागेश्वर, लालकुंआ, पोखरी, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ, अगस्त्यमुनि, गदरपुर, किच्छा, सितारगंज, दिनेशपुर, शक्तिगढ़, सुल्तानपुर पट्टी, बड़कोट, जोशीमठ, डोईवाला, अल्मोड़ा, बाजपुर, विकासनगर, लंढौरा, झबरेड़ा, कर्णप्रयाग, कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, भवाली, खटीमा, भीमताल, हरर्बटपुर, उत्तरकाशी, टनकपुर का नाम शामिल हैं।

मशरूम की खेती से पलायन रोकेगा राजाजी रिजर्व पार्क

0

हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे टोंगिया परिवारों को रोजगार मुहैया करवाने के लिए पार्क महकमें ने अनूठी मुहिम शुरू की है। इस पहल के तहत इन परिवारों को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उम्मीद है की आने वाले वक्त में ये ग्रामीण स्वंय आत्म निर्भर होंगे। वहीं वनों के संरक्षण में भी इनकी अहम भूमिका होगी।

22780645_1629409540414405_2760138110231735937_n

उत्तराखंड में वन क्षेत्रों में आजादी के बाद से वन क्षेत्रों से सटे टोंगिया परिवारों को जंगल में उनके हक हकूक लेने का अधिकार प्राप्त था। मगर वक्त के साथ ही एक ओर जहां परिवारों की संख्या बढ़ी तो वहीं उनके हक हकूकों पर संकट मंडराने लगा। साथ ही जंगलों में प्रवेश पर पाबंदी व नियमों ने उनके सामने रोजगार का संकट भी खड़ा कर दिया। इसको देखते हुए राजाजी पार्क प्रशासन ने अब एक नई पहल की शुरु की है। पार्क महकमें द्वारा रविवार को बेरीवाड़ा रेंज से सटे टोंगिया परिवारों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण के तहत अब ग्रामीण मशरूम का उत्पादन करेंगे। 

इस अवसर पर राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक सनातन सोनकर ने बताया कि पार्क सटे टोंगिया परिवारों को मशरूम उत्पादन की जानकारी देकर उन्हें स्वरोजगार की पहल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मशरूम उत्पादन की ट्रेनिंग के लिए उत्तराखंड की ब्रांड अम्बेसडर दिव्या रावत द्वारा ग्रामीणों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

पलायन को रोकने के लिए पहल
उत्तरखंड में गांव के लोग महज चार से पांच हजार रुपये की नौकरी के लिए पलायन कर लम्बे समय से शहर का रुख कर रहे हैं। दिव्या रावत ने इस पलायन को रोकने के लिए ग्रामीणों को मशरूम की खेती कर रोजगार का साधन बनाया है जिसे वो एक मिशन मानती हैं। इस मिशन को उन्होंने गांव-गांव तक ले जाने की बात कही। अब वे राजाजी पार्क प्रशासन के सहयोग से जल्द ही मशरूम उत्पादन की इकाई लगाने जा रही हैं, जिसका सीधा लाभ पार्क से सटे ग्रामीणों को होगा। इस काम के लिए पार्क प्रशासन की तरफ से उन्हें पूरा सहयोग करेगा।
राजाजी पार्क की बात करें तो ये टोंगिया परिवार आजादी के बाद से ही पार्क से सटे क्षेत्रो में रहते आये हैं। मगर रोजगार व शिक्षा के अभाव में अधिकतर युवा पार्क में अवैध कटान के मामलो में लिप्त रहे हैंं। अब पार्क प्रशासन की सख्ती के चलते जहां इन क्षेत्रो में अवैध कटान रुका है तो वहीं अब दूसरे महकमों द्वारा रोजगार की पहल किए जाने के बाद इन युवाओं में एक नयी ऊर्जा का संचार हुआ है। उम्मीद है कि आने वाले वक्त में जहां ये युवा रोजगार के माध्यम से स्वावलम्बी होंगे। वहीं वनो के संरक्षण व संवर्धन में अहम् भूमिका निभा सकेंगे।