Page 397

उत्तराखंड शासन में बड़े फेरबदल

0

त्रिवेंद्र सरकार ने एक बार फिर कई आईएएस, आईपीएस व पीसीएस अफसरों के कार्यो में फेरबदल किये हैं। बुधवार को करीब 15 अफसरों के कार्यों में फेरबदल करने का आदेश जारी हुआ है। उत्पल कुमार सिंह के चीफ सेक्रेटरी की कुर्सी संभालने के बाद सचिवालय में होने वाले फेरबदल को आखिरकार अंजाम दे दिया गया।

एक नवंबर को हुए इस बदलाव में 11 आईएएस, 1 आईपीएस और 3 पीसीएस के कार्य क्षेत्र में बदलाव किये गए है।

  • सिडकुल एमडी की कुर्सी पर बने हुए आर.राजेश कुमार को हटा उनके स्थान पर केंद्र से प्रतिनियुक्ति पूरी कर लौटी सौजन्या को बैठाया गया है।सौजन्या को सिडकुल के साथ-साथ अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी व आयुक्त कर का जिम्मा भी सौंपा गया है।
  • युगल किशोर पंत से आबकारी हटा कर यह जिम्मा वी. षणमुगम को सौंपा गया है।
  • रामास्वामी की मुख्य सचिव के पद से छुट्टी के बाद अपर मुख्य सचिव रणबीर सिंह को वन एवं पर्यावरण का जिम्मा व अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश को नागरिक उड्डयन विभाग दिया गया है ।
  • 6 महीने में ही प्रमुख सचिव आनंद वर्धन से सचिवालय प्रशासन की जिम्मेदारी वापस लेकर प्रभारी सचिव हरबंस चुघ को दे दिया जाना सचिवालय में चर्चा का विषय बना हुआ है।
  • आईपीएस विम्मी सचदेवा के विभाग में बदलाव करते हुए महिला सशक्तिकरण एव बाल विकास व आईसीडीएस विभाग वापस लेकर उन्हें अपर सचिव गृह और निदेशक खेल का जिम्मा दिया गया है ।
  • पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी करते हुए रामविलास यादव को अपर सचिव कृषि
  • मेहरबान सिंह बिष्ट को सचिव दुग्ध एवम महिला डेयरी व
  • कैप्टन आलोक शेखर तिवारी को अपर सचिव महिला सशक्तिकरण एवम बाल विकास व निदेशक आईसीडीएस का जिम्मा दिया गया है

बीते मंगलवार को वन मंत्री ने ऋषिकेश में मनाया अपना जन्मदिन

ऋषिकेश। मंगलवार को ऋषिकेश स्थित हंस कल्चर सेंटर में गरीब और जरूरतमंद लोगों को वन मंत्री हरक सिंह रावत के द्वारा 70 लाख के चेक बांटे गए। आपको बतादें की समय-समय पर हंस फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद लोगों को सहायता दी जाती है। इसी कड़ी में मंगलवार को ऋषिकेश में भी हंस फाउंडेशन द्वारा ये चेक बांटे गए। उसके बाद वन मंत्री हरक सिंह रावत ने वहां मौजूद आम लोगों के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन भी मनाया।

मीडिया से बात करते हुए वन मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि ”भोले बाबा के आशीर्वाद से गरीब और जरूरतमंद लोगों की हमेशा मदद की जाती है,यह मेरा सौभाग्य है कि आज मेरे जन्मदिन के मौके पर मेरे द्वारा लोगों को चैक बांटे गए, मुझे बहुत खुशी है कि आज मैंने इन लोगों के साथ अपना जन्मदिन मनाया”।

रोबोट 2.0 को हिंदी में वितरित करेंगे करण जौहर

0

सुपर स्टार रजनीकांत और अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘रोबोट 2.0’ का आडियो रिलीज समारोह पिछले दिनों दुबई में आयोजित हुआ, जिसमें इस फिल्म की टीम के अलावा करण जौहर खास मेहमान के तौर पर शामिल हुए। इस फिल्म के समारोह में करण जौहर के शामिल होने के बाद से चर्चा तेज हो गई है कि तीन भाषाओं में बन रही इस फिल्म के हिंदी वर्शन की मार्केटिंग के अधिकार करण जौहर की कंपनी ने खरीदे हैं।

इस डील का ब्यौरा अभी नहीं मिला है, लेकिन करण जौहर की कंपनी के सूत्रों ने संकेत दिए है कि डील को सही वक्त पर सार्वजनिक किया जाएगा। बाहुबली की दोनों कड़ियों के साथ जुड़कर करण जौहर की कंपनी ने साउथ की फिल्मो के हिंदी वर्शन के अधिकार खरीदने का काम शुरु किया है।

सूत्र बता रहे हैं कि ‘बाहुबली की दोनों कड़ियों के बाद प्रबास की अगली फिल्म साहो को भी हिंदी भाषी राज्यों में करण जौहर की कंपनी ही वितरित करेगी। ‘साहो’ तेलुगू और हिंदी में साथ बन रही है, जिसमे प्रबास के साथ श्रद्धा कपूर की जोड़ी होगी और साथ में जैकी श्राफ, चंकी पांडे और नील नितिन मुकेश भी काम कर रहे हैं।

टाइगर 3 भी बनेगी यशराज में

0

यशराज की टीम एक ओर 22 दिसंबर को रिलीज होने जा रही सलमान खान-कैटरीना कैफ की जोड़ी वाली फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ की तैयारियों में लगी हुई है। उम्मीद की जा रही है कि नवंबर के पहले सप्ताह में फिल्म का ट्रेलर आ सकता है। इसी बीच फिल्म का निर्देशन कर रहे अली अब्बास जाफर के हवाले से एक बड़ा संकेत मिला है। उनकी टीम से जुड़े सूत्रों का कहना है कि टाइगर को लेकर तीसरी कड़ी भी बनाई जाएगी, जिस पर अगले साल काम शुरु हो जाएगा।

सूत्रों का कहना है कि ‘टाइगर 3’ की कहानी के खाके को लेकर अली अब्बास जाफर के साथ सलमान खान की प्रारंभिक तौर पर चर्चा हो चुकी है। 2012 में एक था टाइगर बनी थी, जिसका निर्देशन कबीर खान ने किया था। अब इसकी दूसरी कड़ी टाइगर जिंदा है बनकर तैयार है और कहा जा रहा है कि 2019 में टाइगर की तीसरी कड़ी तैयार की जाएगी, जिसमें सलमान तो होंगे, लेकिन कैटरीना की जगह कोई और हीरोइन हो सकती है।

सूत्रों का कहना है कि ‘टाइगर 3’ की कहानी भी भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों को लेकर ही बनेगी और निर्देशक अली अब्बास जाफर ही होंगे। अली अब्बास जाफर, जो इससे पहले सलमान को लेकर यशराज के लिए सुल्तान बना चुके हैं, अब टाइगर जिंदा है के बाद सलमान के साथ भारत फिल्म बनाएंगे, जिसका निर्माण सलमान के बड़े बहनोई अतुल अग्निहोत्री करेंगे और 2019 में ईद के मौके पर ये फिल्म रिलीज होगी।

पद्मावती के खिलाफ विरोध जारी

0

संजय लीला भंसाली की 1 दिसंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘पद्मावती’ का विरोध भी लगातार तेजी पकड़ता जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पंचकुला शहर में राजपूत संगठन ने सड़कों पर प्रदर्शन किया और संजय भंसाली का पुतला फूंका। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि इस फिल्म में पद्मावती के किरदार को लेकर इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई है, जिससे राजपूती समाज की भावनाओं को ठेस पंहुची है।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड से इस मामले में दखल करने की मांग करते हुए इस फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने को कहा गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर में फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। इस फिल्म का विरोध कई और राज्यों में भी हो रहा है। राजस्थान की कार्निक सेना तो इस मामले पर उग्र है और फिल्म के सेट पर भी तोड़फोड़ करने के साथ भंसाली के साथ भी इस संगठन के लोगो पर बदसलूकी के आरोप हैं।

राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, झारखंड, दिल्ली, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। गुजरात के सूरत में पिछले दिनों एक मॉल में पद्मावती की रंगोली को भी तहस नहस कर दिया गया। इंदौर में सिनेमाघरो को चिट्ठी लिखकर इस फिल्म को रिलीज न करने की चेतावनी दी गई है। दूसरी ओर, केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी आश्वासन दे चुकी हैं कि फिल्म के प्रदर्शन में कोई बाधा नही आने दी जाएगी और सिनेमाघरों को राज्य सरकारों की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा दी जाएगी।

अवैध संबंध के शक में की पत्नी की हत्या

0

ऋषिकेश। अवैध सम्बन्ध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पति ने हत्या की सूचना खुद पुलिस को दी है।

परतापुर मेरठ उप्र निवासी रोशन लाल चन्दरस्वेर नगर में एक किराए के मकान में रहता है। बुधवार सुबह करीब 4.45 बजे उसने स्वंय कोतवाली ऋषिकेश जाकर पुलिस को मौखिक सूचना दी कि रात करीब 3.30 बजे उसने अपनी पत्नी रूपा (21) की तार से गला दबा कर हत्या कर दी है। सूचना की वास्तविकता जांचने के लिए तत्काल अधिकारी उनि. रघुवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर गए। बाद में मृतका के भाई दीपक ने थाने पर जा कर इस घटना के सम्बन्ध में लिखित तहरीर दी जिस पर तत्काल अभियोग दर्ज कर अभियुक्त रोशन लाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त को अपनी पत्नी का किसी के साथ अवैध सम्बन्ध होने का शक था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खेल रत्न की दौड़ में पवन शर्मा, लियाकत अली व अनूप बिष्ट

0

देहरादून, नौ नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के दिवस पर दिए जाने वाले उत्तराखंड खेल रत्न व द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए नाम तय करने की हलचल तेज हो गई है। खेल निदेशालय ने अपना प्रस्ताव शासन को भेज दिया है, जहां से अगले दो दिन के भीतर हाईपावर कमेटी इस साल के खेल रत्न व द्रोणाचार्य अवार्ड के दावेदारों के नाम पर मुहर लगा देगी। इसके अलावा शासन इस साल मिलने वाले लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड पर भी कसरत तेज कर दी है।
इस साल खेल रत्न के लिए विभाग को कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए आठ। खेल रत्न की बात करें तो इस दौड़ में सबसे आगे धावक मनीष रावत व क्रिकेटर एकता बिष्ट का नाम हैं। मनीष रावत ने जहां ओलंपिक में 13वां स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया था, वहीं एकता बिष्ट ने हाल ही संपन्न हुए महिला वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया है। अब देखने वाली बात होगी कि हाईपावर कमेटी किस नाम पर मुहर लगाएगी।
इसके अलावा द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए अनूप बिष्ट, पवन शर्मा व लियाकत अली का नाम आगे चल रहा है। इनमें पवन शर्मा कुश्ती के कोच हैं, जबकि अनूप बिष्ट धावक मनीष रावत के कोच हैं। जबकि लियाकत अली से क्रिकेटर एकता बिष्ट ने खेल की बारीकियां सीखी हैं। हालांकि इस संबंध में दो दिन पहले जिला खेल कार्यालय में सचिव खेल की अध्यक्षता में बैठक भी आयोजित की गई थी लेकिन इस बैठक से भी कोई परिणाम सामने नहीं आए।
संयुक्त निदेशक खेल प्रशान्त आर्य ने बताया कि खेल रत्न के लिए 17 व द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए आठ आवेदन प्राप्त हुए हैं। एक या दो दिन के भीतर शासन की हाईपावर कमेटी इस पर अंतिम निर्णय लेगी।

चार जिलों में अब स्थायी लोक अदालत

0

नैनीताल- राज्य के देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व नैनीताल जिले में स्थायी लोक अदालत की स्थापना की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इनमें न्यायिक अधिकारी भी नियुक्त हो गए। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राज्य के देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व नैनीताल जिले में स्थायी लोक अदालत की स्थापना की अधिसूचना जारी कर दी गई है। साथ ही इन स्थायी लोक अदालतों में न्यायिक अधिकारियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं की नियुक्ति भी कर दी है।

अल्मोड़ा, पौड़ी व टिहरी गढ़वाल में भी जल्द लोक अदालत की स्थापना की जाएगी। लोक अदालतों में परिवहन, दूरभाष, पोस्टल, चिकित्सालय, बिजली, पानी, बीमा, शैक्षिक व शिक्षण संस्थानों से संबंधित सेवा, आवास एवं रियल एस्टेट आदि से संबंधित विवादों व शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। इन अदालतों को सिविल न्यायालय के समकक्ष शक्तियां हासिल होंगी और पारित आदेशों के खिलाफ अपील नहीं की जा सकेगी।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की गवर्निंग बॉडी की बैठक में स्थायी लोक अदालत की स्थापना का निर्णय लिया गया था। प्राधिकरण के चेयरमैन चीफ जस्टिस केएम जोजफ, कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस राजीव शर्मा, राज्य विधिक सेवा समिति चेयरमैन जस्टिस सुधांशु धूलिया के निर्देश पर प्राधिकरण द्वारा कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शर्मा, जस्टिस धूलिया व एडवोकेट जनरल एसएन बाबुलकर द्वारा इन लोक अदालतों के सामाजिक कार्यकर्ताओं का चयन किया गया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रशांत जोशी ने बताया कि दून में लोक अदालत अध्यक्ष आशीष नैथानी, सदस्य उपेंद्र सिंह व मंजूश्री सकलानी, हरिद्वार में शंकर राज अध्यक्ष, पीयूष गर्ग व अंजलि माहेश्वरी सदस्य, नैनीताल में ओम कुमार अध्यक्ष, हेमंत राणा व योगेश जोशी सदस्य, ऊधमसिंह नगर में भारत भूषण पांडे अध्यक्ष, उमेश पांडे तथा सुभाषिनी द्विवेदी सदस्य नियुक्त किए गए हैं।

इधर, राज्य में पहली बार लोक अदालतों के गठन का न्यायिक, अधिवक्ता जगत के साथ ही आम जनमानस ने हर्ष जताया है। स्थायी लोक अदालतें कोर्ट परिसर स्थित एडीआर सेंटर में संचालित होंगी।

वाहन दुर्घटना में दो घायल गंभीर, हेलीकॉप्टर से भेजा जौलीग्रांट

0

गोपेश्वर। गोपेश्वर-घिंधराण मोटर मार्ग पर मंगलवार को हुई वाहन दुर्घटना में दस लोग घायल हो गये, जिसमें दो लोगों की हालत गंभीर है। चिकित्सकों के परामर्श पर दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी गई। प्रशासन की बैठक के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे शिक्षा राज्य मंत्री डा. धनसिंह रावत व बदरीनाथ के विधायक ने तुरंत कार्यवाही करते हुए जिस हेलीकॉप्टर से वे गोपेश्वर पहुंचे थे, उसी से घायलों के साथ जौलीग्रांट ले गये।

मंगलवार को घिंघराण से गोपेश्वर आ रहा मैक्स वाहन देवर के पास अचानक संतुलन खोकर सड़क पर ही पलट गया, जिससे उसमें सवार दो लोग शिक्षक विनय हटवाल तथा कांति पाल गंभीर रूप से घायल हो गये। व अन्य आठ लोगों को मामूली चोटें आयी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम व स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां घटना गंभीर रूप से घायलों को शिक्षा मंत्री व विधायक हेलीकाप्टर से अपने साथ जौलीग्रांट ले गये हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मंत्री व विधायक की इस तत्परता पर भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष नवल भट्ट, सांसद प्रतिनिधि रघुवीर बिष्ट, महावीर रावत, चंद्रकला तिवारी, पुष्पा पासवान, उषा रावत, भागीरथी कुजवाल, चंद्रकला खंडूरी आदि ने आभार प्रकट किया है।

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के आरोप में महिला गिरफ्तार

0

गोपेश्वर। एटीएम बदलकर ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला से एटीएम कार्ड तथा 26 हजार रूपये भी बरामद किया। महिला को अदालत में पेश किया गया।

सेवानिवृत्त जिला पुर्ति अधिकारी तोता राम पंत की तहरीर के अनुसार एक महिला द्वारा उनके एटीएम बदल कर 65 हजार रूपये उड़ा लिये है। जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एटीएम की फुटेज के आधार पर एक स्थानीय महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपाधीक्षक चमोली हरवंश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक घंटे के अंदर ही महिला की पहचान कर ली गई। मंगलवार को महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके पास से बदला हुआ एटीएम कार्ड व 26 हजार रूपये बरामद हुए है। महिला को अदालत में पेश किया गया। पुलिस की इस तत्परता पर एसपी चमोली ने ढाई हजार व डीआईजी गढ़वाल ने पांच हजार रूपये नगद पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है।