Page 398

युवाओं को एकजुट कर फिर खड़ी होगी उक्रांदः भट्ट

0

हल्द्वानी- उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि हमने राज्य आंदोलन सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए किया था। 17 साल में कांग्रेस व भाजपा ने मिलकर राज्य को बदहाल स्थिति में ला खड़ा किया है। इसलिए अब उक्रांद साम, दाम, दंड, भेद जिस तरह से भी पहले राज्य को बचाएगा । भट्ट ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान केंद्रीय कमेटी की बैठक में विमर्श व सहमति के बाद प्रेसवार्ता ये बात कहीं।

केंद्रीय कमेटी की बैठक के निष्कर्ष पर श्री भट्ट ने कहा कि वह पलायन के मुद्दे पर गंभीर है। बावजूद इसके वर्तमान भाजपा सरकार के वायदों व हकीकत में धरती आसमान का अंतर है। पहाड़ में पंचेश्वर जैसे बड़े बांध बनाकर सैकड़ों गांवों को पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 3000 से अधिक स्कूल बंद कराए जा रहे हैं। इस पर सीएम खुद भी बयान दे चुके हैं। सरकार को इस पर श्वेत पत्र लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं भाजपा युवाओं के मन में जहर घोलने का काम कर रही है।

श्री भट्ट ने कहा कि उक्रांद अब युवा शक्ति को साथ लेने के लिए फिर से राज्य आंदोलन जैसी पीड़ा लेकर उनके बीच जाएगा। जिससे युवा अपने सपनों के राज्य के महत्व को समझकर फैसला ले सकें। पूर्व अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उक्रांद कई बार टूटता बिगड़ता रहा है। अब यह बीती बात हो गई है। हमें जनता के बीच भी विश्वास कायम करना है। नए सिरे से आगे बढऩे के लिए पार्टी तैयार है। पदाधिकारियों को अब जन जन तक पहुंचना ही होगा।

मुआवजे घोटाले के मास्टर माइण्ड को लुक आउट नोटिस

0
रुद्रपुर- एनएच मुआवजा घोटाले में भूमिगत पूर्व एसएलएओ डीपी सिंह के विदेश भागने की संभावनाओं को देखते हुए एसआइटी ने लुक-आउट नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही लुक आउट नोटिस दिल्ली स्थित इमीग्रेशन सेल को भी भेज दिया गया है। यह कार्रवाई एसआइटी ने पासपोर्ट नंबर मिलने के बाद की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही सिंह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एनएच-74 मुआवजा घोटाले की जांच एसआइटी कर रही है। जांच की जद में आए पूर्व एसएलएओ डीपी सिंह के खिलाफ एसआइटी को साक्ष्य मिले तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट से स्टे ले आए। शनिवार को स्टे खारिज होने के बाद वह गिरफ्तारी की डर से भूमिगत हो गए। इस पर एसआइटी और पुलिस की अलग-अलग टीम डीपी सिंह की तलाश में जुट गई। साथ ही उनकी तलाश में देहरादून, दिल्ली के साथ ही उप्र के कई ठिकानों पर दबिश दी गई। लेकिन वह नहीं मिले। ऐसे में उनके विदेश भागने की संभावनाओं को देखते हुए सोमवार को एसआइटी ने लुक आउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी शुरू कर दी थी। मंगलवार को डीपी सिंह के पासपोर्ट नंबर मिलने के बाद एसआइटी ने उनके विदेश भागने की संभावनाओं को देखते हुए लुक आउट नोटिस जारी दिल्ली इमीग्रेशन सेल भेज दिया है। एसएसपी डा.सदानंद दाते ने बताया कि पूर्व एसएलएओ डीपी सिंह की तलाश चल रही है। साथ ही लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है।

कैसे ”मशकबाजा” एक बार फिर बना उत्तराखंडियों की पहली पसंद

0

जब बात हो पहाड़ की संस्कृति की और यहां के लोक गीतों की तो मशकबाजा को कैसे भूल सकते हैं। मशकबाजा हमेशा से उत्तराखंड के लोक संगीत का एक अभिन्न हिस्सा रहा हैं, उत्तराखंड की पहाड़ियों में विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में बजाया जाने वाला एक मशकबाजा, पिछले कुछ सालों में धीमी गति से ही लेकिन स्थिर बढ़त बना रहा है। यह बजाने वाला उपकरण – सैनिकों के बैंड में उपयोग किए जाने वाले बैगपाइपर की तरह होता है। पहले तक पहाड़ी क्षेत्र में होने वाली शादियों में देखा जाता था लेकिन अब यह भी शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शादियों में अपनी उपस्थिति बना रही है।

मशकबाजा ने अपनी जड़ें काफी पहले से फैला रखी है; संगीतकार दावा करते हैं कि उनके पूर्वजों ने जब ब्रिटिश सेना में सेवा की, तो वे बैगपाइपर बजाना सीख गए थे और जब आजादी के बाद वे अपने घर लौटे तब मशकबाजा का निर्माण हुआ। ढोल-दमाउं (उत्सव के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रम) के साथ एक विशिष्ट ध्वनि के साथ, मशकबाजा तेजी से एक लोकप्रिय वाद्य यंत्र के रूप में लोगों का पसंदीदा उपकरण बनता जा रहा है।

hqdefault

पौड़ी गढ़वाल जिले के एक दूरस्थ गांव के रहने वाले सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ”उन्होंने अपने पिता से मशकबाजा बजाना सीखा था, जो एक समय में डोगरा रेजिमेंट का हिस्सा थे, “जब वह सेना में थे, तब मेरे पिताजी बैगपाइपर बजाना सीख गए थे। लेकिन जब वह सेवानिवृत्त हुए तो उन्होंने हमें यह बजाना सिखाया। यह यंत्र लगभग 200 साल पहले इस्तेमाल किया गया था, यह ज्यादातर पहाड़ियों तक ही सीमित था, विशेष रूप से गढ़वाल के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में। लगभग दो दशकों तक अपनी पहचान ढ़ूढ़ने के बाद, यह साधन फिर से लोकप्रिय हो रहा है।

मशकबाजा की लोकप्रियता में उछाल के कारणों के बारे में बोलते हुए, गढ़वाल सभा के सचिव अजय जोशी ने कहा, “एक समय पर मशकबाजा उत्तराखंड में सभी समारोंहों का एक अभिन्न अंग था। हालांकि, डीजे के आगमन के बाद, यह विलुप्त सा हो गया लेकिन पिछले पांच सालों में चीजें बदल गई हैं, लोग अपनी संस्कृति और उनकी जड़ों में वापस आ रहे हैं। आज, मशकबाजा बजाने वालों को न सिर्फ उत्तराखंड में बल्कि, देश के अन्य हिस्सों में भी ऑफर मिल रहा है, एक समुदाय के होने के नाते हम इसे जीवित रखने की कोशिश कर रहे हैं। “

मशकबाजा लकड़ी और चमड़े का बना होता है और इसकी कीमत लगभग 8000 रुपये है। विडंबना यह है कि यंत्र उत्तराखंड में नहीं बनाया जाता इसे उत्तर प्रदेश में मेरठ से खरीदा जाता हैं। एक मशकबाजा लंबे समय तक रहता है, बशर्ते इसे ठीक से इस्तेमाल किया जाए।

रणबीर सिंह, जो मशकबाजा बजाते हैं बताते हैं, “अगर मशकबाजा लोगों के बीच ऐसे ही लोकप्रिय होता रहा तो यह अच्छी तरह से पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों तक पहुंचता रहेगा। जो लोग इस उपकरण को बजाते हैं, वे पूरे हफ्ते के प्रदर्शन से लगभग 25,000 रुपये कमाते हैं। मेरे बेटे के पास नौकरी है और वह जानता भी है कि कैसे मशकबाज़ा बजाना है,लेकिन मैं उसे फुल टाईम प्रोफेशन की तरह लेने के लिए नहीं कह सकता।”

उत्तराखंड की नीलमणि एस.राजू बनी कर्नाटका की पहली महिला डीआईजी-आईजीपी

0

कर्नाटक सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी नीलमणि एस. राजू को पुलिस महानिदेशक पद पर नियुक्त किया। वह पुलिस विभाग की प्रमुख बनने वाली पहली महिला अधिकारी होंगी।

उत्तराखण्ड के रुड़की निवासी नीलमणि वर्ष 1983 बैच की आईपीएस अफसर हैं। उन्होंने रूपक कुमार दत्ता का स्थान लिया, जो मंगलवार को सेवानिवृत हुए। वह इस पद पर नियुक्ति से पहले राज्य खुफिया विभाग की प्रमुख थीं। इस पद के लिए नीलमणि के अलावा, सीआईडी के प्रमुख एच सी किशोर चंद्रा और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख एमएन रेड्डी के नाम की भी चर्चा थी, लेकिन सबसे वरिष्ठ अधिकारी होने के नाते उन्हें यह पद मिला। नीलमणि के रिटायरमेंट में अभी 3 साल है लिहाजा अगले तीन साल तक उनकी  यह अहम जिम्मेदारी बरक़रार रह सकती है।

राज्य पुलिस महानिदेशक पद पर दस माह की अवधि तक रहे दत्ता को मंगलवार को कोरामंगल पुलिस मैदान में विदाई दी गई और इसके बाद उन्होंने पुलिस मुख्यालय में राजू को पुलिस बैटन सौंपा। उन्होंने करीब 37 साल तक कर्नाटक और दिल्ली में पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं। बता दें कि गृह मंत्री रामलिंगा रेड्डी की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति ने डीजीपी के लिए तीन आईपीएस के नाम मुख्यमंत्री एस. सिद्धारमैया को भेजे थे।

उत्तराखंड शासन में बड़े फेरबदल

0

त्रिवेंद्र सरकार ने एक बार फिर कई आईएएस, आईपीएस व पीसीएस अफसरों के कार्यो में फेरबदल किये हैं। बुधवार को करीब 15 अफसरों के कार्यों में फेरबदल करने का आदेश जारी हुआ है। उत्पल कुमार सिंह के चीफ सेक्रेटरी की कुर्सी संभालने के बाद सचिवालय में होने वाले फेरबदल को आखिरकार अंजाम दे दिया गया।

एक नवंबर को हुए इस बदलाव में 11 आईएएस, 1 आईपीएस और 3 पीसीएस के कार्य क्षेत्र में बदलाव किये गए है।

  • सिडकुल एमडी की कुर्सी पर बने हुए आर.राजेश कुमार को हटा उनके स्थान पर केंद्र से प्रतिनियुक्ति पूरी कर लौटी सौजन्या को बैठाया गया है।सौजन्या को सिडकुल के साथ-साथ अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी व आयुक्त कर का जिम्मा भी सौंपा गया है।
  • युगल किशोर पंत से आबकारी हटा कर यह जिम्मा वी. षणमुगम को सौंपा गया है।
  • रामास्वामी की मुख्य सचिव के पद से छुट्टी के बाद अपर मुख्य सचिव रणबीर सिंह को वन एवं पर्यावरण का जिम्मा व अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश को नागरिक उड्डयन विभाग दिया गया है ।
  • 6 महीने में ही प्रमुख सचिव आनंद वर्धन से सचिवालय प्रशासन की जिम्मेदारी वापस लेकर प्रभारी सचिव हरबंस चुघ को दे दिया जाना सचिवालय में चर्चा का विषय बना हुआ है।
  • आईपीएस विम्मी सचदेवा के विभाग में बदलाव करते हुए महिला सशक्तिकरण एव बाल विकास व आईसीडीएस विभाग वापस लेकर उन्हें अपर सचिव गृह और निदेशक खेल का जिम्मा दिया गया है ।
  • पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी करते हुए रामविलास यादव को अपर सचिव कृषि
  • मेहरबान सिंह बिष्ट को सचिव दुग्ध एवम महिला डेयरी व
  • कैप्टन आलोक शेखर तिवारी को अपर सचिव महिला सशक्तिकरण एवम बाल विकास व निदेशक आईसीडीएस का जिम्मा दिया गया है

बीते मंगलवार को वन मंत्री ने ऋषिकेश में मनाया अपना जन्मदिन

ऋषिकेश। मंगलवार को ऋषिकेश स्थित हंस कल्चर सेंटर में गरीब और जरूरतमंद लोगों को वन मंत्री हरक सिंह रावत के द्वारा 70 लाख के चेक बांटे गए। आपको बतादें की समय-समय पर हंस फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद लोगों को सहायता दी जाती है। इसी कड़ी में मंगलवार को ऋषिकेश में भी हंस फाउंडेशन द्वारा ये चेक बांटे गए। उसके बाद वन मंत्री हरक सिंह रावत ने वहां मौजूद आम लोगों के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन भी मनाया।

मीडिया से बात करते हुए वन मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि ”भोले बाबा के आशीर्वाद से गरीब और जरूरतमंद लोगों की हमेशा मदद की जाती है,यह मेरा सौभाग्य है कि आज मेरे जन्मदिन के मौके पर मेरे द्वारा लोगों को चैक बांटे गए, मुझे बहुत खुशी है कि आज मैंने इन लोगों के साथ अपना जन्मदिन मनाया”।

रोबोट 2.0 को हिंदी में वितरित करेंगे करण जौहर

0

सुपर स्टार रजनीकांत और अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘रोबोट 2.0’ का आडियो रिलीज समारोह पिछले दिनों दुबई में आयोजित हुआ, जिसमें इस फिल्म की टीम के अलावा करण जौहर खास मेहमान के तौर पर शामिल हुए। इस फिल्म के समारोह में करण जौहर के शामिल होने के बाद से चर्चा तेज हो गई है कि तीन भाषाओं में बन रही इस फिल्म के हिंदी वर्शन की मार्केटिंग के अधिकार करण जौहर की कंपनी ने खरीदे हैं।

इस डील का ब्यौरा अभी नहीं मिला है, लेकिन करण जौहर की कंपनी के सूत्रों ने संकेत दिए है कि डील को सही वक्त पर सार्वजनिक किया जाएगा। बाहुबली की दोनों कड़ियों के साथ जुड़कर करण जौहर की कंपनी ने साउथ की फिल्मो के हिंदी वर्शन के अधिकार खरीदने का काम शुरु किया है।

सूत्र बता रहे हैं कि ‘बाहुबली की दोनों कड़ियों के बाद प्रबास की अगली फिल्म साहो को भी हिंदी भाषी राज्यों में करण जौहर की कंपनी ही वितरित करेगी। ‘साहो’ तेलुगू और हिंदी में साथ बन रही है, जिसमे प्रबास के साथ श्रद्धा कपूर की जोड़ी होगी और साथ में जैकी श्राफ, चंकी पांडे और नील नितिन मुकेश भी काम कर रहे हैं।

टाइगर 3 भी बनेगी यशराज में

0

यशराज की टीम एक ओर 22 दिसंबर को रिलीज होने जा रही सलमान खान-कैटरीना कैफ की जोड़ी वाली फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ की तैयारियों में लगी हुई है। उम्मीद की जा रही है कि नवंबर के पहले सप्ताह में फिल्म का ट्रेलर आ सकता है। इसी बीच फिल्म का निर्देशन कर रहे अली अब्बास जाफर के हवाले से एक बड़ा संकेत मिला है। उनकी टीम से जुड़े सूत्रों का कहना है कि टाइगर को लेकर तीसरी कड़ी भी बनाई जाएगी, जिस पर अगले साल काम शुरु हो जाएगा।

सूत्रों का कहना है कि ‘टाइगर 3’ की कहानी के खाके को लेकर अली अब्बास जाफर के साथ सलमान खान की प्रारंभिक तौर पर चर्चा हो चुकी है। 2012 में एक था टाइगर बनी थी, जिसका निर्देशन कबीर खान ने किया था। अब इसकी दूसरी कड़ी टाइगर जिंदा है बनकर तैयार है और कहा जा रहा है कि 2019 में टाइगर की तीसरी कड़ी तैयार की जाएगी, जिसमें सलमान तो होंगे, लेकिन कैटरीना की जगह कोई और हीरोइन हो सकती है।

सूत्रों का कहना है कि ‘टाइगर 3’ की कहानी भी भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों को लेकर ही बनेगी और निर्देशक अली अब्बास जाफर ही होंगे। अली अब्बास जाफर, जो इससे पहले सलमान को लेकर यशराज के लिए सुल्तान बना चुके हैं, अब टाइगर जिंदा है के बाद सलमान के साथ भारत फिल्म बनाएंगे, जिसका निर्माण सलमान के बड़े बहनोई अतुल अग्निहोत्री करेंगे और 2019 में ईद के मौके पर ये फिल्म रिलीज होगी।

पद्मावती के खिलाफ विरोध जारी

0

संजय लीला भंसाली की 1 दिसंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘पद्मावती’ का विरोध भी लगातार तेजी पकड़ता जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पंचकुला शहर में राजपूत संगठन ने सड़कों पर प्रदर्शन किया और संजय भंसाली का पुतला फूंका। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि इस फिल्म में पद्मावती के किरदार को लेकर इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई है, जिससे राजपूती समाज की भावनाओं को ठेस पंहुची है।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड से इस मामले में दखल करने की मांग करते हुए इस फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने को कहा गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर में फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। इस फिल्म का विरोध कई और राज्यों में भी हो रहा है। राजस्थान की कार्निक सेना तो इस मामले पर उग्र है और फिल्म के सेट पर भी तोड़फोड़ करने के साथ भंसाली के साथ भी इस संगठन के लोगो पर बदसलूकी के आरोप हैं।

राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, झारखंड, दिल्ली, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। गुजरात के सूरत में पिछले दिनों एक मॉल में पद्मावती की रंगोली को भी तहस नहस कर दिया गया। इंदौर में सिनेमाघरो को चिट्ठी लिखकर इस फिल्म को रिलीज न करने की चेतावनी दी गई है। दूसरी ओर, केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी आश्वासन दे चुकी हैं कि फिल्म के प्रदर्शन में कोई बाधा नही आने दी जाएगी और सिनेमाघरों को राज्य सरकारों की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा दी जाएगी।

अवैध संबंध के शक में की पत्नी की हत्या

0

ऋषिकेश। अवैध सम्बन्ध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पति ने हत्या की सूचना खुद पुलिस को दी है।

परतापुर मेरठ उप्र निवासी रोशन लाल चन्दरस्वेर नगर में एक किराए के मकान में रहता है। बुधवार सुबह करीब 4.45 बजे उसने स्वंय कोतवाली ऋषिकेश जाकर पुलिस को मौखिक सूचना दी कि रात करीब 3.30 बजे उसने अपनी पत्नी रूपा (21) की तार से गला दबा कर हत्या कर दी है। सूचना की वास्तविकता जांचने के लिए तत्काल अधिकारी उनि. रघुवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर गए। बाद में मृतका के भाई दीपक ने थाने पर जा कर इस घटना के सम्बन्ध में लिखित तहरीर दी जिस पर तत्काल अभियोग दर्ज कर अभियुक्त रोशन लाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त को अपनी पत्नी का किसी के साथ अवैध सम्बन्ध होने का शक था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।