Page 363

सूबे में हल्की बारिश की संभावना

0

देहरादून,  सूबे में सोमवार से अगले तीन दिन तक हल्की बारिश व कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिन आसमान में मुख्यतः साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। उत्तराखण्ड में उत्तरकाशी, चमोली तथा पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं विशेषकर ऊंचाई वाले स्थानों में हल्की वर्षा या बर्फ पड़ने की सम्भावना है। अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 व 15 नवम्बर को राज्य के ज्यादातर स्थानों में वर्षा और चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। माना जा रहा है इस बारिश से हवाओं में घुले प्रदूषण का स्तर घटेगा तथा खेती-किसानी के लिए इस मौके पर बारिश का होना फायदेमंद साबित होगा। 

जल्द ही सैन्य बलों की ट्रेनिंग के लिए दो प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित करेगी राज्य सरकार

0
राज्य के युवाओं को सैन्य बलों की भर्ती परीक्षाओं हेतु प्रशिक्षण प्रदान करने के लिये राज्य सरकार कुमाऊं और गढ़वाल में दो प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित करेगी। यह निर्णय सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और सेना के बैगलोर सिलेक्शन सेंटर के कमाण्डेंट मे.ज. वी.पी.एस. भाकुनी की मुलाकात के दौरान लिया गया। मे.ज. भाकुनी ने मुख्यमंत्री के समक्ष एक प्रस्तुतिकरण दिया जिसमें बताया गया कि वर्तमान में एनडीए और सीडीएस परीक्षाओं की सफलता दर आईएएस परीक्षा से भी कम है। सिविल सेवाओं के मुकाबले लगभग डेढ़ गुना अधिक अभ्यर्थी एनडीए और सीडीएस जैसी परीक्षाओं में आवेदन करते हैं। लेकिन सेना में भर्ती हेतु समग्र व्यक्तित्व परीक्षण(काॅम्प्रेहेन्सिव पर्सनेल्टी टेस्ट) के कड़े मानको के कारण उनकी सफलता दर कम होती है। सेना और अर्द्धसैनिक बलों में राज्य के युवाओं का अधिकारी पद पर चयन प्रतिशत बढ़ाने के लिये उनको पहले से तैयार किया जाना जरूरी है। इसके लिये युवाओं का स्तरीय मानको के अनुरूप पर्सनालिटी डेवलपमेंट कार्यक्रम तथा साक्षात्कार प्रशिक्षण आयोजित किया जाना लाभप्रद होगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि वीरभूमि उत्तराखण्ड एक सैनिक बाहुल्य राज्य है और यहां के युवाओं में सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने की स्वाभाविक प्रवृत्ति होती है। युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान कर एनडीए और सीडीएस परीक्षाओं में उनकी सफलता का प्रतिशत बढाया जा सकता है। इसके साथ ही इस प्रकार की व्यक्तित्व विकास की कार्यशालाएं सिर्फ सैन्य सेवाएं ही नही वरन अन्य सरकारी सेवाओं और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में भी युवाओं के लिये लाभप्रद होगी।
बैठक में तय हुआ कि प्रथम चरण में कुमाऊं और गढ़वाल में प्रशिक्षण कार्याशालाएं(ट्रेनिंग वर्कशाॅप) ऐसे स्कूल-काॅलेज के भवनों में संचालित होगी जहां पर्याप्त अवस्थापना सुविधाएं हो। ये कार्यशालाएं 02 से 03 सप्ताह की होगी जहां युवाओं को एनडीए और सीडीएस की चयन प्रक्रिया के अनुरूप व्यक्तित्व विकास, साक्षात्कार एवं अन्य शारीरिक परीक्षणों के लिये प्रशिक्षण दिया जायेगा। सैनिक कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग से समन्वय कर प्रशिक्षण कार्यशालाओं हेतु स्थायी केन्द्र के रूप में स्कूल या काॅलेज के भवन चयनित करेंगे जहां नियमित पठन-पाठन के साथ-साथ कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जा सके।
मे.ज.भाकुनी के अनुसार पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने पर प्रति वर्ष दस हजार युवाओं को प्रशिक्षित किया जा सकता है। द्वितीय चरण में 11वीं-12वीं के छात्र-छात्राओं के लिये राज्य सरकार द्वारा स्थायी मिलिट्री/सैनिक स्कूल खोलने पर भी विचार किया जा सकता है।

जलाशय पर मंडराया खतरा तो युपी और उत्तराखण्ड की बढ़ेगी मुश्किलें

0

उधमसिंहनगर। ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी हरिपुरा जलाशय का वजूद आज विभागीय उदाससीनता के चलते  सिमटने की कगार पर है। जलाशय का आधे से ज्यादा भाग जहां जंगली घास से पट गया है, वहीं लगातार सिल्ट जमा होने से इसकी जलधारण क्षमता बहुत कम हो गई है। गुजरे मानसून सीजन की पर्याप्त बारिश के बावजूद तालाबनुमा बन चुके जलाशय से हजारों हेक्टेयर जमीन की सिंचाई कैसे और कब तक होगी इसका जवाब किसी के पास नहीं है।

साठ के दशक में पहाड़ से आने वाली नदियां तराई में व्यापक तबाही मचाया करती थीं। इससे तराई क्षेत्र में कई दफा बाढ़ जैसे हालात भी बने। बाढ़ की रोकथाम के साथ-साथ मत्स्य पालन व सिंचाई की बहुद्देश्यीय योजना के तहत सत्तर के दशक में तीन नदियों को घेरकर 7.9 किमी क्षेत्र में हरिपुरा जलाशय का निर्माण किया गया। जिसका शुभारंभ तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व.इंदिरा गांधी ने किया था। यह जलाशय उत्तराखंड की 7038 हेक्टेयर जबकि उप्र रामपुर की 13758 हेक्टेयर भूमि को सिंचित करता है। पिछले 10-15 वर्षों से लगातार सिल्ट जमा होने व जंगली घास उग आने से डैम की जलधारण क्षमता लगातार घटती जा रही है। जिसके चलते दोनों राज्यों की हजारों हेक्टेयर भूमि की सिंचाई पर संशय गहरा गया है। पूर्ण जलस्तर 795 फीट के सापेक्ष मौजूदा जलस्तर 788.8फीट है लेकिन, यह महज आंकड़ा भर से ज्यादा नहीं। इधर क्षेत्र में गेहूं की बुआई जोरो पर है। ऐसे में जलाशय के पानी से अगले दो माह में हजारों हेक्टेयर भूभाग सिंचित हो पाएगा इस बारे में कुछ कहना मुश्किल है। यदि विभागीय अफसरानों की अनदेखी यूं ही रही तो सिंचाई के लिए हाहाकार मचना तय है।

वहीं अवर अभियंता सिंचाई विभाग प्रेम सिंह गंगोला ने बताया कि निश्चित रूप से डैम में जमा गाद बड़ी समस्या है। डिसिल्टिंग के लिए पिछले डेढ़ साल से कई निजी कंपनियों से बात चल रही है। लेकिन महंगे ट्रांसपोर्ट से कई कंपनियों ने हाथ पीछे खींच लिए। उम्मीद है कि रामपुर-काठगोदाम हाईवे निर्माण के लिए जलाशय में जमा सिल्ट को खाली करा लिया जाएगा।

इंश्योरेंस कंपनी व मोटर डीलर की मिलीभगत का भंडाफोड़

0

इंश्योरेंस कंपनियां किस तरह मोटर डीलर से मिलकर फर्जी सर्वे के जरिये करोड़ों कर घपला कर सरकार की आंखों में धूल झोंक रही है, इसका एक खुलासा एक आरटीआई के तहत मिली सूचनाओं से हुआ।

सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारी के अनुसार एक सर्वेयर को केवल गाड़ियों के एक्सीडेंट के सर्वे करने के लिए 26 अगस्त 2015 से 11 सितम्बर 2017 तक अकेले नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने 60 केस दिए। जिस सर्वेयर को कंपनी की ओर से सर्वे का जिम्मा दिया गया, वह जनवरी, 2014 से बीमार है। अतुल सिंघल नाम का यह सर्वेयर इस स्थिति में भी नहीं कि एक कदम चल सकें। सवाल यह उठता है कि एक ऐसे व्यक्ति को सर्वे का काम कैसे दिया गया, जिसके हाथ पैर काम नहीं करते, जबकि अकेले देहरादून में एक दर्जन से अधिक सर्वेयर लगभग खाली बैठे हैं।

वहीं दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों के सर्वे करने के लिए सर्वेयर को घटनास्थल पर जाना पड़ता है। साथ ही सर्वे के कागजात लेकर उन्हें नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालयों पर भी जाना पड़ता है। देहरादून में नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के दो कार्यालय हैं। इनमें एक जिला कार्यालय है और एक रीजनल कार्यालय है। दोनों कार्यालय राजपुर रोड पर अलग-अलग दूरी पर दूसरी मंजिल पर हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि एक बेड रेस्ट वाला पेशेंट किस तरह दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों का सर्वे कर रहा है। जाहिर है कि सर्वेयर ने सर्वे के काम ठेके पर दे रखे हैं। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों के इंश्योरेंस और क्लेम भुगतानों को लेकर सूचना के अधिकार में मांगी गई जानकारी इसका खुलासा हुआ है।

आरटीआई कार्यकर्ता भूपेंद्र कुमार नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के राजपुर रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से सूचना मांगी। एक तो कार्यालय ने 30 दिन के अंदर सूचना उपलब्ध नहीं कराई, दूसरा सूचना उपलब्ध कराने के एवज में दो कार्मिकों का दो दिन का वेतन भी मांग लिया। कंपनी ने लिखा कि सूचनाएं संकलन करने के लिए एक अधिकारी तथा एक सहायक की नियुक्ति की जानी है। लिहाजा दो कार्मिकों का दो दिन का वेतन उपलब्ध कराकर संबंधित सूचनाएं दी जा सकती है जाहिर है कि नेशनल इंश्योरेंस कंपनी की भी इस पूरे गड़बड़झाले में सीधी सीधी भागीदारी है और मिलीभगत है। नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक एम एल मंगला कहते हैं कि यदि बीमार व्यक्ति को सर्वे का काम दिया गया है तो उसकी जांच कराई जाएगी।

‘बाम्बे टॉकीज’ के सीक्वल का निर्देशन करेंगे करन जौहर

0

फिल्म निर्देशक करन जौहर 2013 में आई फिल्म ‘बाम्बे टॉकीज’ के सीक्वल का निर्देशन करेंगे। इस बार फिल्म में मुख्य भूमिका में विकी कौशल होंगे। यह करन और विकी की पहली कॉमेडी फिल्म होगी।

विकी कौशल की अगले साल प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘राजी’ में उनके कुछ दृश्य देखकर करन प्रभावित हुए। इसके बाद उनसे संपर्क साधा और उनको स्क्रीन टेस्ट के लिए बुलाया। सब तरह से संतुष्ट होने के बाद विकी कौशल को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया। फिल्म ‘राजी’ भी करन जौहर के प्रोडक्शन में बन रही है। ‘बाम्बे टॉकीज’ के सीक्वल का प्रोडक्शन अशी दुआ करेंगी।

उल्लेखनीय है कि नीरज घायवान की फिल्म मसान और अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म रमन राघव 2.0 में विकी कौशल के अभिनय की काफी प्रशंसा हुई थी। संजय दत्त की जीवनी पर बन रही राजकुमार हीरानी की फिल्म में भी विकी काम कर रहे हैं। मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित फिल्म ‘राजी’ में वे मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं।

विभागों के डिजिटलाइजेशन को लेकर ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा शुरू

0

देहरादून। डिजिटल इंडिया की ओर से कदम बढ़ाते हुए क्षेत्रीय सेवायोजन के सभी विभाग को ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा से जोड़े जाने के बाद अब सभी कार्य डिजिटलाइजेशन के रूप में किए जा रहे हैं। यह सेवा छात्रों के लिए तो सुविधाजनक है। साथ ही विभाग को भी दस्तावेजों के ताम-झाम से निजात मिली है।

गौरतलब है कि सरकारी विभागों का डिजिटलाइजेशन करने के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा शुरू की गई है। वर्तमान में परिवहन, एमडीडीए, राजस्व विभाग समेत कईं विभाग ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा से जोड़े जा चुके हैं लेकिन ऐसे कम ही विभाग पूरी तरह से सफल हो सके हैं। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय देहरादून को भी अगस्त माह में ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा से जोड़ा गया। शुरू के महीने में विभागीय अधिकारियों को परेशानियों को सामना करना पड़ा। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया योजना परवान चड़ती गई। आलम यह है कि कार्यालय में बेरोजगारों का पंजीयन, काउंसलिंग, रोजगार मेले में पंजीयन, जॉब्स अपडेट समेत अन्य कार्य भी आनलाइन उपलब्ध हैं। इसमें नेशनल कॉरियर सर्विस पोर्टल की भी अहम भूमिका है। विभाग द्वारा प्रमाण-पत्र भी सॉफ्ट कापी के रूप में ई-मेल के माध्यम से प्रदान किए जा रहे हैं। यह छात्रों के साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए राहत की बात है।

नकली रिफाइंड बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग

0

रुड़की। साकेत कालोनी में स्थित श्री इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में चल रही भट्टी में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए और शोर मचाया। इसी बीच आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, आग लगने से फैक्ट्री में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साकेत कालोनी स्थित फैक्ट्री में गैरकानूनी तरीके से पाम आॉयल से सरसों का तेल व रिफाइंड बनाने का धंधा काफी लंबे समय से चल रहा था। फैक्ट्री स्वामी विभिन्न नामी कंपनियों के नाम से रेपर छपवाकर नकली सरसों के तेल और रिफाइंड को बाजार में बेच रहा था। कालोनी के लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में चल रहे इस गोरखधंधे की कई बार पुलिस प्रशासन से शिकायतें की गईं, लेकिन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया और न ही जांच ही की गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में जिस पाम आॅयल से सरसों का तेल व रिफाइंड तैयार कर बाजार में बेचा जाता था, वह स्वास्थ्य के लिए अत्यन्त हानिकारक है। उधर, इस मामले में पुलिस ने जांच कराने की बात कही है।

शिक्षा मंत्री ने माना राज्य के नगरीय क्षेत्रों में शिक्षकों की भारी कमी

0

देहरादून। राज्य के नगरीय क्षेत्रों में आरटीई के मानकों अनुसार शिक्षकों में भारी कमी है, इस बात सरकार भी मानती है। शिक्षामंत्री अरविंद पाण्डेय मानते हैं कि राज्य के नगरीय क्षेत्रों में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापकों की सेवानिवृत्त होने के बाद नई नियुक्ति नहीं हुई है, जिसके अनुसार आरटीई के मानकों के अनुसार तमाम पद रिक्त हैं।

शिक्षामंत्री अरविंद पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 नगर क्षेत्रों में 224 विद्यालयों में आरटीई के मानकों के अनुसार 753 पद सृजित हैं, जबकि यहां 585 शिक्षक कार्यरत हैं। इस प्रकार 168 शिक्षकों के पद रिक्त हैं। यही स्थिति राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों की है, जहां 16 नगर क्षेत्रों के 48 विद्यालयों में 162 पद स्वीकृत हैं, जहां 152 शिक्षक कार्यरत हैं। यहां भी 10 शिक्षकों की कमी है। इन विद्यालयों में प्रारंभिक शिक्षा के अन्तर्गत मानक से अधिक शिक्षकों के समायोजन स्थानांतरण से नगर क्षेत्र के विद्यालयों के रिक्त पदों पूर्ति करने की कार्रवाई चल रही है।
शिक्षामंत्री ने बताया कि राज्य में सर्वशिक्षा अभियान के अन्तर्गत समावेशी शिक्षा योजना में दिव्यांग बच्चों को शिक्षित किए जाने हेतु जनपद स्तर पर उत्तरकाशी, हरिद्वार, देहरादून एवं चम्पावत में एक-एक रिसोर्स पर्सन कार्यरत हैं, शेष 9 जनपदों में अभी यह व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015-2016-17 में सर्व शिक्षा अभियान के अन्तर्गत भारत सरकार मानदेय की धनराशि स्वीकृत न होने के कारण शेष जनपदों में रिसोर्स पर्सन योजित नहीं किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अन्तर्गत माध्यमिक प्रक्रम पर दिव्यांगों की समावेशी योजना ने जनपद बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, हरिद्वार, पौड़ी, पिथौरागढ़ एवं टिहरी में योजना के अन्तर्गत 34 विशेष शिक्षक उपनल के माध्यम से कार्य कर रहे हैं। शेष पांच जनपदों में विशेष शिक्षक कार्यरत नहीं हैं। इसका कारण बजट प्रावधान न होना है। 

200 करोड़ से 2 कदम दूर गोलमाल अगेन

0

मुंबई,  दीवाली पर रिलीज हुई रोहित शेट्टी की फिल्म गोलमाल अगेन अब 200 करोड़ की कमाई वाली फिल्मों के क्लब से सिर्फ 2 करोड़ की दूरी पर आ पंहुची है। चौथे सप्ताह में फिल्म का कारोबार 198 करोड़ तक पंहुच चुका है। इस सप्ताह में फिल्म 200 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी।

गोलमाल सीरिज की इस हारर कामेडी फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया। 200 करोड़ के क्लब में फिल्म के जाते ही ये नए रिकार्ड बनाएगी। अजय देवगन और रोहित शेट्टी के कैरिअर में ये पहली फिल्म होगी, जो इस क्लब में जाएगी। वैसे 200 करोड़ के क्लब में आमिर खान की पीके, थ्री इडियटस, धूम 3 और दंगल के साथ साथ सलमान खान की बजरंगी भाईजान, किक और सुल्तान, रितिक रोशन की कृष 3, शाहरुख खान की चेन्नई एक्सप्रेस, हैप्पी न्यू ईयर फिल्मों के नाम शामिल हैं।

अजय की अब तक कोई फिल्म इस क्लब में नहीं आई है। अक्षय कुमार, रणबीर सिंह, रणबीर कपूर की भी कोई फिल्म इस क्लब में नहीं है।

सैराट हीरो को हिंदी में लांच करेंगे अनुराग

0

श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी और शाहिद कपूर के छोटे भाई इशान ठक्कर की जोड़ी को लांच करने के लिए करण जौहर की कंपनी में मराठी फिल्म सैराट का रीमेक बनने जा रहा है। दूसरी ओर, सैराट में हीरो रहे मराठी एक्टर आकाश ठोसर को भी जल्दी ही हिंदी फिल्मों के परदे पर देखा जा सकता है।

मिली जानकारी के अनुसार, अनुराग कश्यप की नई फिल्म में आकाश ठोसर को कास्ट किया गया है, जिसके साथ वे हिंदी फिल्मों में अपनी शुरुआत करेंगे। कहा जाता है कि इस फिल्म में आकाश के साथ राधिका आप्टे की जोड़ी काम करेगी। राधिका को लेकर कहा जाता है कि उन्होंने इस फिल्म के लिए स्क्रिप्ट भी लिखा है।

मिली जानकारी के अनुसार, अनुराग की ये फिल्म शार्ट फिल्म है, जो बांबे टाकीज 2 के लिए बनाई जा रही है। इस सीरीज की दूसरी कड़ी में अनुराग कश्यप, करण जौहर, जोया अख्तर और दीबाकर बनर्जी की शार्ट कहानियों पर बनी फिल्में नजर आएंगी।