Page 362

पंचेश्वर बांध पर ग्रामीणों में बना संशय

0

पंचेश्वर बांध को लेकर पक्ष और विपक्ष द्वारा दिए जा रहे अलग-अलग बयानों को लेकर प्रभावित क्षेत्र की जनता परेशान है। बयानों के भ्रमजाल में फंसी जनता ने अब सरकार से सही स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।

पंचेश्वर बांध परियोजना बनने के बाद सीमांत जिले की सर्वाधिक उपजाऊ भूमि काली नदी के जल में जलमग्न हो जाएगी। जोग्यूड़ा, बगड़ीहाट से लेकर पंचेश्वर तक की सारी भूमि तराई, मैदान की तरह ही उपजाऊ है। अतीत में इस जमीन में साल भर तीन फसलें उगती थी। आज भी इस घाटी के लोग अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भर हैं। नदी घाटी का क्षेत्र होने के कारण पानी को लेकर कोई समस्या नहीं रहती है। इस क्षेत्र के पंचेश्वर बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में आने के बाद से आए दिन बांध के पक्षधर और विरोध करने वाले पहुंच रहे हैं। दोनों अपने-अपने तर्क दे रहे हैं। जिसे लेकर सीधे सादे ग्रामीण भ्रम की स्थिति में हैं। सच और झूठ का आकलन नहीं कर पा रहे हैं।

तहसील डीडीहाट के तल्लाबगड़ क्षेत्र में जनता काफी परेशान है। इस क्षेत्र में अधिकांश लोग आज भी गांवों में ही जमे हैं। क्षेत्र में पलायन अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा कम है। पर्याप्त खेती के अलावा आम, च्यूरा, अमरूद, लीची के बागों के मालिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। तल्ला बगड़ की जनता का कहना है कि जनता बांध विरोधी नहीं है परंतु अपने भविष्य को लेकर परेशान है। सरकार उनके पुनर्वास और विस्थापन के लिए सही स्थिति नहीं बता रही है। अपने पुश्तैनी गांवों को छोड़ कर जिस स्थान पर उन्हें बसाया जाएगा इसका भी स्पष्टीकरण नहीं कर रही है।

जनता का कहना है कि प्रभावितों को विश्वास दिलाने की जिम्मेदारी सरकार की है। सरकार नेताओं के माध्यम से नहीं अपितु सार्वजनिक रूप से प्रभावितों के हित में घोषित होने वाले कार्यो का खुलासा करे। जनता पुनर्वास, विस्थापन, रोजगार, पेंशन, भूमि के बदले भूमि, बच्चों की शिक्षा, छात्रवृत्ति, चिकित्सा और आवागमन की सुविधा चाहती है। यह सब सरकार को सबसे पहले स्पष्ट करना चाहिए। तभी जाकर प्रभावित अपने गांव, घर व भूमि के त्याग के बारे में सोचेंगे। इस संबंध में 14 नवंबर को क्षेत्र की जनता जौलजीवी मेले में आ रहे प्रदेश मुख्यमंत्री से मिल कर उन्हें अपनी भावनाओं से अवगत कराएंगे।

बाल विवाह की जंजीरों से मुक्त हो रहा उत्तराखंड

0

देहरादून,  उत्तराखंड का बचपन अब बाल विवाह (14 वर्ष तक की उम्र) की जंजीरों से मुक्ति की तरफ बढ़ रहा है। आंकड़े सुनहरे भविष्य की तरफ इशारा कर रहे हैं। प्रदेश में बाल विवाह के अब महज 0.40 फीसद ही मामले शेष रह गए हैं और पूरे देश में सिर्फ पांच ही राज्य ऐसे हैं, जो उत्तराखंड से बेहतर स्थिति में नजर आते हैं। बाल विवाह की यह स्थिति जनगणना 2011 की है और ऐसी कामना है कि अगली जनगणना में उत्तराखंड में बाल विवाह से मुक्त होगा।

बाल विवाह के मामले में देश के औसत की बात करें तो यह आंकड़ा है 0.73 फीसद। यानी हम राष्ट्रीय औसत से कहीं बेहतर स्थिति में पहुंच चुके हैं। आर्थिक संसाधनों के मामले में हमसे कहीं आगे महाराष्ट्र व गुजरात जैसे राज्य भी बाल विवाह से मुक्ति की लड़ाई में पीछे चल रहे हैं। हालांकि जनगणना 2011 के अनुसार प्रदेश में अभी भी 14 वर्ष तक की उम्र के 12 हजार 632 बच्चे बाल विवाहित हैं। लिहाजा, प्रयास किए जाने चाहिए कि वर्ष 2021 में जब अगली जनगणना हो तो हम इस कुरीति से पूरी तरह मुक्ति पा लें। तभी सही मायने में बाल दिवस की सार्थकता साबित हो पाएगी।

बाल विवाह से मुक्ति में आगे राज्य (बाल विवाह के आंकड़े फीसद में)
मिजोरम, 0.31
चंढीगढ़, 0.34
दिल्ली, 3.36
नागालैंड, 0.38
केरल, 0.38
उत्तराखंड, 0.40

बाल विवाह मुक्ति में पिछड़े राज्य
महाराष्ट्र, 1.16
राजस्थान, 1.06
गोवा, 0.98
गुजरात, 0.95
पंजाब, 0.82
हरियाणा, 0.77

मुख्यमंत्री, डॉ.स्वामी राम की 22वीं पुण्यतिथी के अवसर पर सम्मिलित हुए।

0
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत सोमवार को हिमालयन इंस्टिट्यूट के संस्थापक डॉ.स्वामी राम की 22वीं पुण्यतिथी के अवसर पर आयोजित आराधना एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम डॉ.स्वामी राम जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद श्री रमेश पोखरियाल निशंक एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डाॅ.धन सिंह रावत द्वारा हिमालयन इंस्टीट्यूट की लैब व रिसर्च बिल्डिंग एवं शौर्य दीवार का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि कार्यक्रम में सम्मिलित होकर और यहां के आध्यात्मिक वातावरण को देखकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। संस्थान द्वारा सेवा करने वालों एवं अपने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाना प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा ‘सेवा रूरल‘ संस्था को सम्मानित किया जाना, एक अच्छा उदाहरण है। सेवा रूरल संस्थान द्वारा आदिवासियों के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में आदिवासी ज्यादा एडवाँस हैं, लेकिन अन्य राज्यों में आदिवासी आज भी जंगलों में कन्दमूल खाकर जीवनयापन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध करा रही हैं। इसके लिए राज्य में टेली रेडियोलाॅजी की शुरूवात कर दी गयी है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी डाॅक्टर्स भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी स्वास्थ्य सुविधाएँ दुरूस्त करने को प्रतिबद्ध है।
सांसद श्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि हिमालय पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। राज्य में हिमालयन इंस्टीट्यूट स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केन्द्र है। उन्होंने कहा कि हमें अपने युवाओं के समग्र व्यक्तित्व का विकास करना है।
इस अवसर पर कुलपति, हिमालयन इंस्टिट्यूट श्री विजय धस्माना एवं मैनेजिंग ट्रस्टी, सेवा रूरल संस्था, डॉ पंकज शाह उपस्थित थे।

रेस 3 की पहली झलक

0

सलमान खान ने फिल्म रेस 3 की शूटिंग शुरु कर दी है और पहले दिन की शूटिंग के बाद सलमान ने फिल्म के सेट से तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी की हैं। मुंबई के महबूब स्टूडियो में फिल्म का पहला शेड्यूल शुरु हो गया है, जिसमें सलमान के साथ फिल्म की पूरी टीम हिस्सा ले रही है। सलमान ने सोशल मीडिया पर पहले दिन की शूटिंग के बाद टीम के फोटो भी शेयर किए।

टिप्स कंपनी द्वारा बनाई जा रही इस फिल्म में सलमान के साथ बाबी देओल, जैक्लीन फर्नांडिज, सलीम साकीब, डेसी ईरानी और फ्रेडी दारुवाला काम कर रहे हैं। रेस की पहली दो कड़ियों का निर्देशन अब्बास-मस्तान की जोड़ी ने किया था, लेकिन इस बार निर्देशन रिमो डिसूजा कर रहे हैं। इस फिल्म को अगले साल ईद के मौके पर रिलीज किया जाएगा। मुंबई के शेड्यूल को पूरा करने के बाद दिसंबर में ये टीम आबूधाबी में फिल्म का दूसरा शेड्यूल शुरु करेगी।

फुकरे रिटर्न्स का ट्रेलर लांच

0

फुकरे की टीम की वापसी वाली फिल्म फुकरे रिटर्न्स का नया ट्रेलर लांच हो चुका है। 15 दिसंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर की कंपनी ने बनाया है।

सिक्वल में चूचा का किरदार आने वाले वक्त की आहट महसूस कर लेता है, जबकि पिछली फिल्म में चूचा का किरदार नींद में लाटरी के नंबर देखता है। फुकरे रिटर्न्स में फुकरे की पूरी टीम है। चूचा का किरदार निभाने वाले वरुण शर्मा के अलावा पुल्कित सम्राट, अली फजल, मनजोत सिंह के साथ भोली पंजाबन के किरदार में एक बार फिर ऋचा चड्ढा नजर आएंगी।

इस सिक्वल का निर्देशन मृगदीप लांबा ने किया है। इस फिल्म को पहले 8 दिसंबर को रिलीज किया जाना था, लेकिन 1 दिसंबर को संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती के रिलीज होने की वजह से इसकी रिलीज को एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।

2 अभियुक्तों को 70 ग्राम स्मैक के साथ किया गिरफ्तार

0

थाना रानीपोखरी पुलिस व जनपद स्तर पर गठित नारकोटिक्स पुलिस टीम द्वारा स्मेक की अवैध तस्करी करते हुए 2 अभियुक्तों को 70 ग्राम स्मैक के साथ किया गिरफ्तार

रात में थाना रानीपोखरी पुलिस ने जनपद स्तर पर गठित नारकोटिक सेल की टीम के साथ संयुक्त रुप से एयरपोर्ट तिराहे के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को 70 ग्राम नाजायज स्मेक परिवहन करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वह दोनों इस स्मेक को बरेली से लाकर ऋषिकेश क्षेत्र में आने वाले विदेशी लोगों, नवयुवको व वाहन चालकों को बेचने जा रहे थे।

बरामदगी माल :-

अभियुक्तगणों के कब्जे से 70 ग्राम स्मैक बरामद की गयी। जिसका बाजार में कीमत लगभग 5,00,000/- रू0 है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:-

अभियुक्तगणों के कब्जे से भारी मात्रा में स्मेक बरामद करने वाली पुलिस टीम  को ₹ 2500/- के नकद पुरस्कार से पुरुस्कृत करने की घोषणा की गयी।

मकान में कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष

0

काशीपुर-  लक्ष्मीपुर पट्टी में मकान कब्जाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते मौके पर धारदार हथियार चलने शुरू हो गए। जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों को हिरासत में लेकर चालान कर दिया है।

काशीपुर के मोहल्ला लक्ष्मीपुरपट्टी निवासी शाहनवाज पुत्र शमशुद्दीन का मोहल्ले में ही एक और मकान है। रविवार को शाहनवाज परिवार के साथ स्योहारा, बिजनौर, उत्तरप्रदेश में शादी समारोह में हिस्सा लेने गया था। इस दौरान मोहल्ले के ही एक दबंग ने कुछ बदमाशों के साथ शाहनवाज के खाली मकान के ताले तोड़कर सामान बाहर फेंक दिए और मकान पर कब्जा कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद किसी ने फोन पर शाहनवाज को पूरी जानकारी दी। जिसके बाद शाहनवाज ने अपने भाई शादाब को फोन कर मकान देखने को कहा। शादाब जब मकान देखने गया तो दूसरे पक्ष के दबंगों ने उससे मारपीट कर दी। इस बीच शादाब की पत्नी रानी भी मौके पर पहुंची तो दूसरे पक्ष के दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर महिला को घायल कर दिया। इस बीच शाहनवाज भी मौके पर पहुंच गया। मारपीट और मकान पर कब्जाने की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गयी। पुलिस ने शाहनवाज और दूसरे पक्ष के अरशद और उसके भाई रिजवान पुत्र अकबर हुसैन को हिरासत में लेकर 151 यानि शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया। दोनों पक्ष के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा काटा और एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया।

टेम्पो में आग लगी, किसी तरह से बचाी जान

0

बाजपुर- काशीपुर से रुद्रपुर की ओर सवारियां लेकर जा रहे छोटे हाथी में अचानक आग लग गई। इस पर चालक सहित छह लोगों ने किसी तरह से कूदकर जान बचाई। देर रात रुद्रपुर निवासी जुगनू छोटा हाथी वाहन लेकर काशीपुर से घर जा रहा था। दोराहे से उसने पांच सवारियां बैठा ली। नेशनल हाईवे 74 पर लेवड़ा नदी के पुल पर अचानक वाहन में चिंगारी निकली और आग लग गई।

इस पर चालक सहित अन्य लोग वाहन से बाहर कूद गए। देखते ही देखते छोटा हाथी धूं-धूं कर जलने लगा। इससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना के बाद भी काफी देर तक मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस नहीं पहुंची। किसी तरह से स्थानीय लोगों की मदद आग को बुझाने में सफलता मिली।

दून-हावड़ा साढ़े चार घंटे देर से पहुंची

0

देहरादून,  पिछले एक सत्ताह से रेलवे ट्रैक पर निर्माण कार्य के कारण कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। देहरादून से चलने वाली तीन ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। सोमवार को भी कई गाड़ियां घंटों देर से दून पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं रेलवे ने कहा है कि सोमवार से ट्रेनें अपने निर्धारित समय से चलेंगी।

हावड़ा से चलकर देहरादून आने वाली दून-हावड़ा एक्सप्रेस सोमवार को भी निर्धारित समय 7:35 से 4.30 घंटे विलंब से दून पहुंची। प्रतिदिन दून से आने जाने वाली लिंक एक्सप्रेस रोज की तरह सोमवार को भी छह घंटे व अमृतसर एक्सप्रेस तीन घंटे लेट चल रही है।

train

मुरादाबाद सहित अन्य स्थानों पर रेलवे निर्माण व मैदानी इलाकों में कोहरे के प्रभाव के कारण देहरादून से अप और डाउन दोनों ओर जाने वाली तीन ट्रेनों को उत्तर रलवे द्वारा कैंसिल करना पड़ा।

स्टेशन अधीक्षक करतार सिंह ने बताया कि दूेहरादून से खुलने वाली सभी गाड़ियां समय से रवाना हो रही हैं। लंबी दूरी की कुछ गाड़ियों को छोड़ दें तो सभी गाड़ियां समय से पहुंच रही हैं। विलंब से दून पहुंचने वाली गाड़ियों को यहां से समय से रवाना किया जा रहा है। उन्होंने यह भी माना कि एक सप्ताह से रेल कार्यों को चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी थी, लेकिन अब गाड़ियों का परिचालन समय से होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।

स्वास्थ्य सचिव को व्यक्तिगत कोर्ट मे हाजिर होने के आदेश

0

नैनीताल- हाई कोर्ट ने सचिव स्वास्थ्य को बागेश्वर में ब्लड बैंक और ट्रॉमा सेंटर नहीं खोलने पर सख्त नाराजगी जताते हुए कल 14 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए। वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शर्मा व न्यायाधीश न्यायमूर्ति आलोक सिंह की खंडपीठ में नागरिक मंच बागेश्वर की जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। याचिका में कहा गया कि बागेश्वर में ब्लड बैंक और ट्रॉमा सेंटर नहीं है। इसे खोलने के लिए उन्होंने सरकार को कई बार प्रार्थना पत्र भी दिए, परन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्हें जनहित याचिका दायर करनी पड़ी।

खंडपीठ ने 10 नवंबर 2016 को सरकार से चार सप्ताह में ब्लड बैंक और ट्रामा सेंटर खोलने के आदेश दिए थे। इसकी जिम्मेदारी सचिव स्वास्थ्य को दी थी। कोर्ट के आदेश करने के बावजूद भी सरकार ने ब्लड बैंक और ट्रामा सेंटर नहीं खोला। आज याचिकाकर्ताओं ने जनहित याचिका में प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि अभी तक ब्लड बैंक और ट्रॉमा सेंटर नहीं खोला गया। मामले को सुनने के बाद खंडपीठ ने नाराजगी जाहिर करते हए सचिव स्वास्थ्य को 14 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए।