Page 357

बतौर विलेन नवाज की एक और फिल्म

0

हाल ही में अपनी किताब को लेकर विवादों में घिरे रहे नवाजुद्दीन की एक और फिल्म रिलीज के लिए तैयार है, जिसमें वे विलेन के रोल में नजर आएंगे।

इस फिल्म का टाइटल ‘मानसून शूटआउट’ है और इसका निर्देशन अमित कुमार कर रहे हैं, जो अपनी राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शार्ट फिल्म बाईपास के लिए चर्चा में रहे हैं। इस फिल्म में नवाज के साथ विजय वर्मा मुख्य भूमिका में हैं। क्राइम की दुनिया से जुड़ी

इस फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया। ये फिल्म 15 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है। इससे पहले गैंग आफ बासेपुर, बदलापुर, किक और रमन राघव फिल्मों में नवाज विलेन के रोल कर चुके हैं। इस फिल्म में कोई हीरोइन नहीं है और कहा जा रहा है कि ये दो किरदारों के टकराव की कहानी है। अमित कुमार ने पहली बार फीचर फिल्म का निर्देशन किया है। कहा जा रहा है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह से नवाज इस फिल्म का प्रमोशन शुरु करेंगे।

सोशल मीडिया पर काजोल का उड़ा मजाक

0

काजोल ने हाल ही में कोलकाता में हुए फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लिया, जिसमें काजोल के अलावा अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और कमल हासन जैसी हस्तियों ने हिस्सा लिया। काजोल ने सोशल मीडिया पर अमिताभ बच्चन और कमल हासन के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा कि दो महान हस्तियों के साथ सेल्फी के पल।

सोशल मीडिया पर सामने से खींचे फोटो को काजोल द्वारा सेल्फी बताए जाने को लेकर उनकी खूब खिंचाई की गई। बाद में इसमें कमल हासन को आगे आना पड़ा और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में काजोल को बख्श देने की अपील करते हुए कहा कि वे बहुत सम्मानित हैं और उनको इस तरह से ट्रोल करके अपमानित करना ठीक नहीं है।

काजोल इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपनी तथा परिवार की फोटोज शेयर करती रहती हैं।

बदरीनाथ में शुरू हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया

0

गोपेश्वर,  बदरीनाथ में कपाट 19 नवम्बर को बंद होने है। कपाट बंद होने से पूर्व होने वाली प्रक्रियाएं बुधवार से शुरू हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को गणेश मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ बंद हो गए हैं। बदरीनाथ में एक सुखद संयोग यह भी बन रहा है कि बदरीनाथ के कपाट राज्य बनने के 17 वर्षो में संध्या के वक्त अविजीत मुर्हुत पर बंद होंगे।

बदरीनाथ के कपाट बंद होने से पूर्व अनेक धार्मिक परंपराओं का वेदिक विधि-विधान के साथ पालन होता है। बुधवार को बदरीनाथ धाम परिसर में स्थित भगवान गणेश के कपाट पूजा एवं विधि-विधान के साथ बंद हो गए हैं। अब गणेश भगवान के कपाट भी बदरीनाथ के कपाट खुलने पर ही खोले जाएंगे। कड़ाके की ठंड के बावजूद भी बदरीनाथ में सैकड़ो भक्त पहुंच रहे हैं। 

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को ठेंगा दिखा रहे 400 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र

0

(देहरादून)  विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल में मशगूल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पिछले वर्ष सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को भी तवज्जो नहीं दी। वर्ष में निर्धारित 300 दिन पात्रों को पोषक आहार मुहैया कराने के बजाय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आंदोलन को परवान चढ़ाने में जुटी रहीं। हालांकि, अब विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए उनका दो माह का मानदेय रोक दिया है, लेकिन पिछले साल निर्धारित पोषक आहार से वंचित रहे नौनिहालों की सुध विभाग कब और कैसे लेगा पता नहीं।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि सभी प्रदेशों में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बच्चों को साल में 300 दिन पोषण आहार वितरित करना अनिवार्य है। लेकिन बीते वर्ष 2016-17 में 400 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में 300 दिन पोषण आहार वितरित नहीं हुआ है। बाल एवं महिला विकास विभाग इसके लिए आंगनबाड़ी संगठनों के पिछले वर्ष अक्टूबर, नवंबर में हुए आंदोलन को जिम्मेदार ठहरा रहा है। विभाग की मानें तो साल में करीब दो माह हड़ताल आदि पर रहने के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं किया। जिसके चलते पिछले साल का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। बहरहाल, कारण जो भी हो सुप्रीम कोर्ट के 300 दिन आहार देने के आदेशों को तो हवा में उड़ा दिया गया। साथ ही प्रदेशभर के नौनिहालों की सेहत भी प्रभावित हुई। हालांकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ संबंधित विभाग भी इसके लिए बराबर का जिम्मेदार है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन कराना विभाग की ही जिम्मेदारी थी, मगर ऐसा नहीं किया जा सका।
14 हजार कार्यकर्ता का मानदेय रोका
विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंदोलन को लक्ष्य पूरा न होने का जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदेशभर की करीब 14 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका/मिनी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोका है। बाल एवं महिला विकास विभाग की उप निदेशक सुजाता सिंह ने कहा कि विभिन्न जनपदों की करीब 12 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोका है।
कार्रवाई का कर रहे विरोध
आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिका/मिनी कार्यकत्री संगठन उत्तराखंड की अध्यक्ष रेखा नेगी ने उन पर हुई कार्रवाई को अन्याय बताया है। उन्होंने विभाग पर कुछ जनपदों को राहत देने का भी आरोप लगाया। जबकि उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की महामंत्री सुशीला खत्री ने कहा कि विभाग कार्रवाई का भय दिखाकर कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ इस प्रकार का सौतेला व्यवहार जारी रहा तो मजबूरन कार्यकताओं को सड़कों पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होना होगा। 

सितारगंज में पांच हजार करोड़ के चीनी निवेश में रोड़ा

0

(रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर)  डोकलाम विवाद के कारण जनपद में होने वाला पांच हजार करोड़ का चीनी निवेश अटक गया है। इस मामले में गृह मंत्रालय ने आपत्ति लगाई है। अब यह निवेश खतरे में फंसता दिख रहा है।
बीते दिनों से भारत व चीन के बीच जारी डोकलाम तनाव भले ही अब समाप्त हो गया हो, लेकिन इसका असर उत्तराखंड में चीनी निवेश पर जरूर पड़ा है। डोकलाम विवाद से पूर्व चीन की नामचीन टैक्सटाइल कंपनियों ने ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज सिडकुल फेज-टू में टैक्सटाइल हब बनाने के लिए पांच हजार करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति जताई थी, लेकिन अब इस पर गृह मंत्रालय ने आपत्ति लगा दी है। सितारगंज सिड़कुल फेज-टू को विकसित करने के प्रयास में जुटी प्रदेश सरकार को बीते जून माह में बड़ी सफलता हाथ लगी थी। चीन की लगभग एक दर्जन नामचीन टैक्सटाइल व अन्य क्षेत्रों जुड़ी कंपनियों शंघाई फ्यूमैन होटल ग्रुप, शंघाई तिआन हुई इंवेस्टमेंट कंपनी, शंघाई लूआंग बिजनेस इंवेस्टमेंट एसोसिएशन, शंघाई लटिंग लावर फर्म, शंघाई हुकांग वाइन कंपनी, शंघाई ङ्क्षजतोनगी इंफ्रास्ट्रक्चर टेक्नोलॉजी आदि के अधिकारियों ने उत्तराखंड में विकसित किए जा रहे औद्योगिक आस्थानों का भ्रमण किया था। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी मिलकर प्रतिनिधिमंडल ने सिडकुल सितारगंज फेज-टू में तकरीबन 250 एकड़ क्षेत्र में टैक्सटाइल हब विकसित करने पर सहमति जताई थी। इन कंपनियों ने प्रदेश सरकार को सितारगंज में टैक्सटाइल क्षेत्र में लगभग पांच हजार करोड़ के निवेश व दस हजार से अधिक लोगों को रोजगार की बात कही थी। इस बीच भारत व चीन में डोकलाम क्षेत्र में सीमा विवाद गहरा जाने के बाद यह मामला गृह मंत्रालय की अनुमति के लिए हस्तांतरित हो गया, जिस पर गृह मंत्रालय ने अभी सहमति नहीं दी है। राज्य औद्योगिक विकास निगम (सिडकुल) के महाप्रबंधक एसएल सेमवाल ने बताया कि भारत-चीन के बीच सीमा विवाद के बाद गृह मंत्रालय की आपत्ति के चलते चीनी कंपनियों से सहमति के आगे बढ़ाने की पहल नहीं की गई। चीन की कंपनियां आज भी सितारगंज में उद्योग लगाने को तैयार हैं। गृह मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद ही इस दिशा में फिर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सितारगंज में टैक्सटाइल हब बनाने की योजना को आने वाले ग्रुप की ही एक चाइनीज टैक्सटाइल कंपनी यो-यो-गो ने यहां 20 एकड़ में अपनी इकाई लगा दी है। यहां अगले कुछ माह में ही कंबल बनाने का काम शुरू कर देगी। कंपनी ने यहां 335 करोड़ का निवेश किया है। कंपनी का दो हजार लोगों को रोजगार देने का दावा है।

देहरादून में राष्ट्रीय स्तर पर हाफ मैराथन का आयोजन 17 दिसम्बर को

0

उत्तराखंड पुलिस द्वारा ‘सड़क सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा’ को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर 17 दिसम्बर को हाफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। हाफ मैराथन की कुल पांच श्रेणियां बनाई गई हैं। मैराथन में विजेताओं को 10 लाख रुपये का इनाम भी दिया जाएगा। मैराथन में अन्य राज्यों के लोग भी बेझिझक हिस्सा ले सकते हैं जिसका पंजीकरण निशुल्क किया जा रहा है। यह जानकारी एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने बुधवार को पुलिस लाईन के सम्मेलन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

एडीजी ने कहा कि हाफ मैराथन की थीम सड़क सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा दोनों मुद्दे पुलिस की दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मैराथन का उद्देश्य शरीरिक स्वस्थता एवं पुलिस को जनता से जोड़ने के सम्बन्ध में जागरुकता पैदा करना है साथ ही इतने बड़े आयोजन से देहरादून शहर को भी राष्ट्रीय स्तर पर एक नयी पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि हर साल सड़क दुर्घटनाओें मे देश में लगभग 1.5 लाख लोग अपनी जान गंवाते हैं, जिससे परिवार और समाज को अपूरणीय नुकसान पहुंचता है, इसलिये प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह यातायात के नियमों का पालन करे और अन्य लोगों को भी जागरूक करे।

उत्तराखण्ड राज्य में एक वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 950 लोगों की मुत्यु तथा लगभग 1600 लोग घायल हुए। आपराधिक घटनाओं से जितनी मुत्यृ हो रही है इससे अधिक मुत्यु सड़क दुर्घटनाओं में हो रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में समान अधिकार प्रदान किए हैं। एक देश व राष्ट्र तभी उन्नति व प्रगति कर सकता है जब वहां की महिलाएं अपने आपको सुरक्षित महसूस करती हैं।

हाफ मैराथन की कुल पांच श्रेणियों में 21 किमी ओपेन, 21 किमी 45 वर्ष से ऊपर, सात किमी 12-18 वर्ष प्लस, सात किमी ओपेन, सात किमी 45 वर्ष से ऊपर बनाई गई है। जिसका निशुल्क पंजीकरण तथा कुल दस लाख रुपये आकर्षक पुरस्कार रखा गया है। पुरुष एवं महिला धावकों के लिए अलग-अलग श्रेणीयां रखी गई हैं। सात किमी में प्रथम 100 महिला एवं 100 पुरुषों तथा 100 मास्टर्स (45 ऊपर) को प्रमाण पत्र, 21 किमी में प्रत्येक प्रतिभागी को निशुल्क टाइमिंग चिप व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। पूरे परिवार द्वारा प्रतिभाग करने पर और अधिकतम प्रतिभाग करने वाले स्कूल के प्रधनाचार्य को विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे। अभी तक लगभग 4700 प्रतिभागियों द्वारा ऑन लाइन अवेदन किया जा चुका है। एडीजी ने जनता से अपील किया है कि वह बढ़-चढ़कर हाफ मैराथन में भाग लें।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष 16 से करेंगे दो दिवसीय गढ़वाल दौरा

0

देहरादून। उत्तराखण्ड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह कुमांउ दौरे के बाद अब 16 नवम्बर से दो दिवसीय गढ़वाल दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंटकर जोश भरने का काम करेंगे। साथ ही भाजपा सरकार द्वारा लिए जा रहे जनविरोधी निर्णयों को खिलाफ पार्टी प्रदर्शन में भाग लेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह दो दिवसीय गढ़वाल भ्रमण के दौरान 16 नवम्बर को श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, चमोली एवं जोशीमठ में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। जबकि 17 नवम्बर को राज्य सरकार द्वारा नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में बिना आम सहमति के किए गए सीमा विस्तार के विरोध में देवप्रयाग में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में प्रतिभाग करेंगे।

प्रवक्ता मथुरा दत्त ने बताया कि, “प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष 19 नवम्बर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इन्दिरा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय देहरादून में साढ़े दस बजे आयेाजित श्रद्धांजलि सभा एवं गोष्ठी में शामिल होंगे। इसके उपरान्त हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेंगे जहां पर वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे तथा अपराह्र 13:30 बजे सुलतानपुर लक्सर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इन्दिरा गांधी की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयेाजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।” 

पहाडों के निशानची देश में दिखायेंगे जोहर

0

पिथौरागढ़, दिल्ली में आयोजित नार्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर पिथौरागढ़ के सात खिलाड़ियों ने नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। पिथौरागढ़ की बुल्स आई एकेडमी के प्रशिक्षण लेने वाली यशस्वी जोशी, धारचूला की गंगोत्री बोरा, ललित बिष्ट, राहुल महर गिरीश पाटनी और जय प्रकाश आर्य को चुने गए खिलाड़ियों में शामिल हैं।

एकेडमी के कोच मनोज जोशी ने बताया कि बिना किसी सुविधा वाली रेंज से प्रशिक्षण लेने वाले इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्तराखंड की अन्य एकेडमी से बेहतर रहा। इसी आधार पर उन्हें नेशनल चैंपियनशिप के लिए चुना गया है। इस उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय शूटर जसपाल राणा ने जिले के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए पूरे सहयोग का भरोसा दिया है।

जिले के तमाम खिलाड़ियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। नार्थ जोन प्रतियोगिता एक से नौ नवंबर तक दिल्ली में खेली गई।

अभिषेक चौबे की नई फिल्म में मनोज वाजपेयी

0

उड़ता पंजाब का निर्देशन करने के बाद अभिषेक चौबे की नई फिल्म में मनोज वाजपेयी काम करने जा रहे हैं। इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं के लिए सुशांत सिंह राजपूत के साथ भूमि पेड़णेकर को साइन किया जा चुका है। ये जोड़ी पहली बार किसी फिल्म में साथ काम कर रही है।

फिल्म में मनोज से पहले आशुतोष राणा को भी कास्ट किया जा चुका है। महेश भट्ट के टीवी सीरियल स्वाभिमान में साथ काम कर चुके मनोज वाजपेयी और आशुतोष राणा ने जेपी दत्ता की फिल्म एलओसी में साथ काम किया था। मनोज वाजपेयी इस साल नाम शबाना है में तापसी पन्नू के साथ नजर आए थे।

अगले साल फरवरी में उनकी फिल्म अय्यारी भी रिलीज होगी, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा, अनुपम खेर और मेहमान भूमिका में नसीरुद्दीन शाह हैं। अय्यारी का निर्देशन नीरज पांडे ने किया है।

इत्तेफाक को दिल्ली सरकार का नोटिस

0

पिछले 3 नवंबर को रिलीज हुई मर्डर मिस्ट्री फिल्म ‘इत्तेफाक’ एक कानूनी संकट में फंस गई है। मिली जानकारी के अनुसार, फिल्म के प्रमोशन के लिए अक्षय खन्ना वाले पोस्टर को लेकर दिल्ली से इस फिल्म को लेकर नोटिस भेजा गया है। इस पोस्टर में अक्षय खन्ना सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ विभाग ने फिल्म के रिलीज के दो सप्ताह बाद इस पोस्टर पर आपत्ति जताते हुए इस फिल्म के निर्माण से जुड़ी तीनों कंपनियों को नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि ये पोस्टर युवाओं को ध्रुमपान करने के लिए प्रोत्साहित करता है। नोटिस में इस पोस्टर को 2003 में ध्रूमपान विरोधी कानून के उल्लंघन का दोषी पाया गया है और इसी कानून के तहत ये नोटिस भेजा गया है।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ विभाग के अधिकारियों के अनुसार, डाक से नोटिस भेजे जा चुके हैं और आगे की कार्रवाई के लिए नोटिस के जवाब का इंतजार हो रहा है। सिद्धार्थ मल्होत्रा, सोनाक्षी सिन्हा और अक्षय खन्ना की प्रमुख भूमिकाओं वाली इस फिल्म को बीआर के साथ करण जौहर और शाहरुख खान की कंपनियों ने मिलकर बनाया है और फिल्म अब तक 21 करोड़ का बिजनेस कर चुकी है।