Page 327

स्वास्थ्य शिविर में 480 लोगों को बांटी नि:शुल्क दवा

0

देहरादून, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित एक शिविर मेें कुल 480 महिला-पुरुषों व बच्चों की शुगर, हीमोग्लोबिन व सामान्य रोगों की नि:शुल्क जांच की गई। उन्हें नि:शुल्क दवा भी प्रदान की गई।

कनिष्ठ सर्जिकल एवं सुपर स्पेशियालिटी ने शिमला बाइपास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय-2 मेहूंवाला माफी में नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के चेयरमैन व पूर्व विधायक रणजीत वर्मा ने किया। बतौर मुख्य अतिथि रणजीत वर्मा ने इस मौके पर कहा कि अच्छा स्वास्थ्य जीवन का सबसे बड़ा वरदान है। अच्छा आहार, विचार और व्यायाम अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने का सर्वोत्तम माध्यम है।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव एमएस अंसारी ने कहा कि फास्ट फूड का अधिक सेवन और खेलकूद के बजाय मोबाइल व कंप्यूटर का ज्यादा प्रयोग करने से आज की युवा पीढ़ी कम उम्र में कई रोगों से ग्रसित हो रही है। कार्यक्रम संचालक व प्रबंधन समिति के सदस्य अनिल वर्मा ने युवाओं में नशा करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के प्रयोग से जीवन और भविष्य दोनों बर्बाद होता है। वहीं शिविर में आए कुल 480 मरीजों को नि:शुल्क दवा वितरित की गई। 

युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

0

हरिद्वार, पारिवारिक कलह के चलते रविवार को एक युवक ने पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से लटका पाया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। मृतक की पहचान सुधीर (25) पुत्र घसीटू निवासी फेरूपुर के रूप में हुई है।  पथरी थाना प्रभारी गजेन्द्र बहुगुणा ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे फेरूपुर के पास एक खेत में एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली।

सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि सुधीर परिवारिक कलह की वजह से परिजनों से नाराज था। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। 

डीएम की कार्रवाई से खफा मेडिकल दुकानदारों ने की अनिश्चितकाल हड़ताल

0

जिलाधिकारी दीपक रावत द्वारा रुड़की के मेडिकल स्टोर को सीज करने के बाद पूरे जिले में मेडिकल एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी है। एसोसिएशन का कहना है कि वे प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ अब पूरे प्रदेश में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

ज्ञात हो कि जिला मेडिकल एसोसिएशन के महामंत्री संजय गोयल की रुड़की स्थित दुकान पर डीएम दीपक रावत ने छापेमारी की थी। उस दौरान फार्मासिस्ट दुकान पर मौजूद नहीं था। ऐसे में डीएम दुकान को सील कर उसका लाइसेंस साथ ले गए।

इस प्रकरण पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गर्ग ने बताया कि, “इस कार्रवाई के खिलाफ पूरे जिले के मेडिकल स्टोर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।”

वहीं मेडिकल स्टोर की अचानक स्ट्राइक से आम जनता दवा के लिए परेशान है। लोगों का कहना है कि मेडिकल स्टोर बंद होने से मरीजों को बहुत परेशानी हो रही है। जगह-जगह घूमने पर भी कहीं दवा नहीं मिल रही है।

सोशल मीडिया पर पिस्तौल के साथ फोटो शेयर करना महंगा पड़ा

0

शादी समारोह में खुलेआम पिस्तौल लहराना बीजेपी नेता मृदुल कौशिक को भारी पड़ गया। डीएम दीपक रावत ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से हथियार लाइसेंस निरस्त करने के आदेश दिये हैं। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि फायरिंग हुई थी या नहीं?

दरअसल मौजूदा सरकार के मंत्री मदन कौशिक के साथ दिखने वाले मृदुल कौशिक बीते दो दिन पूर्व एक शादी समारोह में खुलेआम न केवल पिस्तौल लहराई बल्कि सोशल साइट पर अपनी तस्वीर भी पोस्ट कर दी। उन्होंने लिखा है कि हम राजा हैं और गंदे हैं। उनकी इस तस्वीर को लेकर बवाल मचा हुआ है।

डीएम दीपक रावत ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से हथियार का लाइसेंस निरस्त करने के आदेश दिए हैं। डीएम का कहना है, “इस तरह का हथियार प्रदर्शन गैरकानूनी है।”

अदिति राव हैदरी ने 26/11 बरसी पर शहीदों को किया नमन

0

अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने 26/11 हमले के बरसी पर शहीदों को याद करते हुए अपने ट्विट में कहा कि आज नौ साल पूरे हो गए हैं| मैं आज भी उस हमले को याद कर कांप जाती हूं जो काफी क्रूर था| हमले का मास्टरमाइंड आज भी खुलेआम घूम रहा है। उन्होंने कहा कि मैं उन शहीदों को नमन करती हूं जिन्होंने देश के लिए अपनी जान गंवा दी।

उल्लेखनीय है कि अदिति राव हैदरी संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावती में अहम रोल में नजर आने वाली हैं। फिल्म पद्मावती 1 दिसम्बर को रिलीज होने वाली थी लेकिन विवादों के चलते फिल्म निर्माताओं ने उसकी रिलीज की तारीख को टाल दिया है।

पुलिस रिमांड पर डीपी, कप्तान ने शुरू की पूछताछ

0

रुद्रपुर, एनएच मुआवजा घोटाले में मुख्य आरोपी बनाए गए निलंबित पीसीएस अफसर डीपी सिंह पुलिस ने रिमांड पर ले लिया है। दोपहर को पुलिस टीम डीपी सिंह को लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंची, जहां खुद पुलिस कप्तान ने अधीनस्थों के साथ डीपी सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है। सिडकुल चौकी इंचार्ज कृष्ण गोपाल मठपाल ने रविवार को सुशीला तिवारी अस्पताल से डीपी सिंह को डिस्चार्ज कराया तथा उन्हें लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंची।

कल ही एसआईटी ने उन्हें रिमांड पर ले लिया था, लेकिन सीने में दर्द, ब्लड प्रेशर एवं शुगर बढऩे की शिकायत पर उन्हें बीडी पांडेय अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया था। रविवार को उन्हें अस्पताल लेकर सिडकुल चौकी इंचार्ज मठपाल की टीम रुद्रपुर पहुंची। डीपी सिंह के चेहरे पर तनाव के भाव स्पष्ट झलक रहे थे।

एसएसपी दफ्तर में उन्हें सीधे एसआईटी कक्ष में ले जाया गया, जहां खुद एसएसपी डा. सदानंद एस दाते, एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय एवं सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने डीपी सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है। एसआईटी बंद कमरे में डीपी सिंह से पूछताछ कर रही है। उनसे घोटाले से जुड़े सवालों का जवाब मांगा जा रहा है। एसआईटी को घोटाले से संबंधित साक्ष्य जुटाने हैं।

गौरतलब है कि डीपी सिंह ने तीन दिन पहले खुद एसएसपी दफ्तर में आत्मसमर्पण किया था। रात भर पूछताछ के बाद उन्हें नैनीताल स्थित भ्रष्टाचार निवारण की विशेष अदालत में पेश किया गया था। एसआईटी ने अदालत से डीपी सिंह का रिमांड मांगा था। न्यायालय ने तीन दिन का रिमांड मंजूर किया था।

रांची सिविल कोर्ट में जावेद अख्तर के खिलाफ याचिका दायर

0

प्रसिद्ध लेखक औऱ गीतकार जावेद अख्तर के खिलाफ उच्च न्यायालय के अधिवक्ता नवीन सिंह ने रांची सिविल कोर्ट में याचिका दायर की है। यह याचिका जावेद अख्तर के उस बयान को लेकर है जिसमें उन्होंने कहा था कि अंग्रेजों के खिलाफ किसी राजे रजवाड़े और राजपूतों ने लड़ाई नहीं लड़ी थी। याचिकाकर्ता का कहना है की यह एक वर्ग और जाति का अपमान है।

उल्लेखनीय हो कि इसके पहले झारखंड के शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के वंशज नवीन नाथ ने भी जावेद अख्तर के इस टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा था कि जावेद अख्तर को जानकारी नहीं है कि 1857 के संग्राम में ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव ने अंग्रेजों से लोह लिया था। बाद में उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया गया था।

पीएम को दिखाया जाएगा शंकराचार्य समाधि स्थल का नक्शा

0

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने के लिए दिन-रात काम चल रहा है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि मंदिर के पीछे सौंदर्यीकरण के लिए दिल्ली से आई आर्किटेक्ट की टीम ने सर्वेक्षण किया है। यह टीम नक्शा तैयार कर प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुतिकरण देगी। इसके बाद ही आगे का कार्य शुरू किया जाएगा।

पिछले माह केदारनाथ के दर्शनों को आए प्रधानमंत्री ने जिन पांच योजनाओं का यहां शिलान्यास किया। उनमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण हैंआदि गुरु शंकराचार्य की समाधिस्थल का पुर्निर्माण और मंदिर के पीछे सौंदर्यीकरण। तब मंच से उन्होंने एलान किया था कि आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि भव्य बने। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने ताकीद की थी कि केदारनाथ मंदिर के पीछे कोई छेड़छाड़ किए बिना सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाए। इसके लिए दिल्ली से आई आर्किटेक्ट की टीम ने मंदिर के पृष्ठभाग के साथ ही आदि गुरु शंकराचार्य की समाधिस्थल का सर्वे किया। जिलाधिकारी ने बताया कि टीम के अनुसार प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरुप नक्शा तैयार करने में करीब डेढ़ माह का वक्त लगेगा। नक्शे को प्रधानमंत्री को दिखाया जाएगा। उनकी मंजूरी के बाद ही निर्माण शुरू होगा।

एडीबी की समय सीमा खत्म, राज्य को खुद जुटाने होंगे 700 करोड़

0

देहरादून। श्रीनगर काशीपुर 400 केवी लाइन में हो रही देरी से राज्य को बड़ा वित्तीय नुकसान होने जा रहा है। प्रोजेक्ट में लापरवाही का आलम ये है कि 10 साल तक लाइन का सर्वे ही सही तरीके से नहीं हो पाया है। दो बार सर्वे हुए, दोनों बार फर्जीवाड़ा हुआ। इस फर्जीवाड़े के चलते जो काम एडीबी के बजट से तकरीबन फ्री होता, उसके लिए अब राज्य को 700 करोड़ का बजट जुटाना होगा।

इसके साथ ही श्रीनगर काशीपुर लाइन में यदि और देरी हुई, तो वो भविष्य में पिटकुल और राज्य के लिए एक बड़ा सिरदर्द साबित होगा। पिटकुल को एनटीपीसी के 530 मेगावाट के विष्णुगाड़ प्रोजेक्ट समेत कई दूसरे हाइड्रो प्रोजेक्ट के लिए लाइन तैयार करनी है। बिजली उत्पादन शुरू होने के बाद भी लाइन का काम पूरा नहीं हुआ, तो पिटकुल को सभी बिजली उत्पादक कंपनियों को भारी जुर्माना चुकाना होगा। जो पिटकुल समेत राज्य के लिए बड़ा आर्थिक झटका होगा। इन सभी प्रोजेक्ट से लाइट इसी 400 केवी लाइन के जरिए पहुंचनी है। ऐसे में इस लाइन के काम का और अधिक लटकना राज्य के लिए बड़ा नुकसान साबित होगा।

पीएमओ तक दे चुका है दखल
700 करोड़ के इस घपले में शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक हो चुकी है। पीएमओ से मुख्य सचिव को तत्काल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बाद भी किसी भी अफसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।

सवालों के घेरे में बहाली के आदेश
राज्य को वित्तीय व पॉवर सप्लाई सिस्टम के लिहाज से इतना बड़ा नुकसान पहुंचाने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई न होना व आरोपी अफसरों की बहाली सवालों के घेरे में है। ऐसे अफसर जिनकी बहाली की अपील को हाईकोर्ट तक खारिज कर चुका है, उन्हें भी शासन स्तर से बहाल कर दिया गया। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए ही विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच सभी पहलुओं पर की जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए जांच समिति में तकनीकी, वित्तीय क्षेत्र के अफसरों को शामिल किया गया है। एक महीने में जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रणवीर सिंह चौहान, एमडी पिटकुल

कूहु गर्ग और लक्ष्य सेन ने इंडिया इंटरनेशनल सीरीज में जीता सिल्वर मैडल

0

उत्तराखंड की बेटी कुहू गर्ग और बेटे लक्ष्य सेन ने इंडिया इंटरनेशनल सीरीज बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में सिल्वर मैडल जीत कर राज्य का नाम ऊंचा कर दिया है। आपको बतादें कि बीते शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों ने बेहतरीन प्रदर्शन के बाद फाइनल में जगह बना ली थी।

हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद एकेडमी में चल रही चैंपियनशिप में शनिवार को हुए क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले में मिश्रित युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैच में कुहू ने अपने जोड़ीदार दिल्ली के रोहन कपूर के साथ खेलते हुए भारत के ही निशांत दुआ-अनामिका कश्यप की जोड़ी को 21-9, 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।

जबकि सेमीफाइनल मैच में कुहू और रोहन की जोड़ी ने वेंकट गौरव प्रसाद व जूही देवांगन की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-19, 21-17 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी ।

वहीं महिला युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैच में कुहू व असम की निंग्शी ब्लॉक हजारिका की जोड़ी को मलेशिया की जोड़ी से 21-8, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा था।

उधर पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल मैच में लक्ष्य सेन ने बड़ा उलटफेर करते हुए चैंपियनशिप के प्रथम वरीयता प्राप्त अभिषेक यलगार को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 23-21, 21-16 से शिकस्त देकर सेमीफाइल में प्रवेश किया था।इससे पहले क्वार्टर फाइनल मैच में लक्ष्य ने किरन जॉर्ज को 21-13, 11-21, 21-16 से हराया।