Page 328

दिया मिर्जा ने महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

0

फेमिना मिस इंडिया रह चुकी दिया मिर्जा ने फिल्म ‘पद्मावती’ विवाद पर ट्विटर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है। दिया मिर्जा ने अपने टिव्ट में कहा कि राष्ट्रीय टेलीविजन पर सम्मान और गौरव की गलत विचार को पेश करते हुए खुलेआम एक महिला को धमकियां दी जा रही हैं। हमारा देश कैसा होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हमारे देश की एक महिला को ऐसी ही धमकियां दी जाती रही तो महिलाएं कैसे सुरक्षित महसूस करेंगी।

उल्लेखनीय हो कि संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती की शूटिंग के शुरुआत से ही इस फिल्म को लेकर विवाद चलता आ रहा है जो कि अब यह राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच चुका है। इस फिल्म का विरोध कर रहे लोगों का मानना है कि फिल्म मॆं अलाउद्दीन और पद्मावती के बीच ड्रीम सिक्वेंस दर्शाये गए हैं जो कि राजपूतों के मान-सम्मान का अपमान है। साथ ही फिल्म का एक गाना घूमर जो कि रानी पद्मावती पर फिल्माया गए गाने को लेकर विरोध कर रहे लोगों का मानना है कि राजपूत घराने की महिलाएं पुरुषों के सामने एसे नाच गाना नहीं किया करती थीं। 

टेली म‌ेडिसिन से होगा ग्रामीण मरीजों का इलाज

0

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में दूर-दराज के ग्रामीण रोगियों के उपचार के लिए टेली मेडिसिन व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया है। जिससे दूरस्थ गांव के ग्रामीण एवं गरीब लोग जो उपचार के लिए जनपद मुख्यालय और अन्य जगह नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे रोगियों की समस्याओं का समाधान टेली मेडिसिन व्यवस्था से किया जाएगा।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के इलाज के लिए अब वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से विषेशज्ञ डाॅक्टर द्वारा उपचार एवं सलाह दी जाएगी। इसकी शुरुआत सोमवार को तहसील बड़कोट से की जा रही है। प्रारम्भिक तौर पर पहले एवं तीसरे सोमवार को दो दिन बड़कोट एवं पहले एवं तीसरे शनिवार को पुरोला के मरीजो को वहां उपस्थित डॉक्टरो की मौजूदगी में जिला मुख्यालय के वीसी कक्ष में बैठे विषेशज्ञों द्वारा रोगियों का उपचार एवं सलाह दी जाएगी। इसके लिए मरीजों को अपनी तहसीलों में बनाए गये वीसी कक्ष तक आना पड़ेगा।
डीएम ने बताया कि एनआईसी के वीसी कक्ष से सर्जन एवं विषेशज्ञ डाक्टरों की टीम टेली मेडिसिन के तहत रोगियों का इलाज करेगी। उन्होंने बताया कि टैली मेडिसिन का उपयोग होने से आपातकालीन दशा में कारगर साबित होगी। इससे मरीज को समय पर इलाज मिल सकेगा तथा अनावश्यक दौड़ एवं खर्च से भी ग्रामीणों को निजात मिलेगी। 

मैड ने चलाया स्वच्छता अभियान

0

देहरादून। मेकिंग ए डिफ्फेरेंस बाय बीइंग द डिफ्फेरेंस (मैड) संस्था ने रिस्पना नदी के पुनर्जीवन के लिए रविवार को व्यापक जागरुकता अभियान चलाया। रविवार की सुबह छह बजे मैड सदस्य पहले एश्ले हॉल में एकत्र हुए। 12 से ज्यादा सदस्यों ने उसके बाद राजपुर की ओर प्रस्थान किया और वहां से उन्होंने रिस्पना के उद्गम के इलाके की एक सैर शुरू कर दी। चलते-चलते कई युवाओं ने पहली बार रिस्पना नदी को इस स्वरूप में देखा।

शहर में मृत घोषित की जा चुकी रिस्पना में रविवार को भी उद्गम स्थल में काफी पानी देखा जा सकता है। अनेकों पानी के स्त्रोत जहां पत्थरों के नीचे से रिस-रिस कर पानी आता रहता है, उन इलाकों को भी बच्चों ने देखा। मैड के सदस्यों ने यह भी देखा कि कैसे जगह-जगह कूड़ा-करकट युवाओं द्वारा ही फेंका गया है क्योंकि नाना प्रकार के रैपर, बोतलें, कैन इत्यादि देखने को मिले। इसको लेकर कैसे गहन सफाई अभियान चलाया जा सकता है। इस पर भी संस्था के सदस्यों ने जब अभियान की समाप्ति दोपहर में की तब समोसे और चाय पर चर्चा की।
मैड संस्था अपनी ओर से इस बात से खुश है कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने रिस्पना पुनर्जीवन पर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है और उम्मीद करती है कि इको टास्क फ़ोर्स द्वारा धरातल पर भी इस पर काम किया जाएगा। अपनी ओर से संस्था हर संभव समर्थन सभी सरकारी विभागों को देती रहेगी और जमीनी स्तर पर भी अपना काम करती रहेगी। इस अभियान में मैड के संस्थापक अध्यक्ष अभिजय नेगी, अक्षत चंदेल, श्रेया रोहिल्ला, सात्विक निझोन, गगन धवन, शिवम सोनि, इश्वित, प्रेरणा रावत मौजूद रहे।

सीएम से ‘पद्मावती’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग

0

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से रविवार को उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने भेंट कर उत्तराखण्ड में फिल्म ‘पद्मावती’ के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।

मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति देहरादून के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से भेंट की। उन्हें एक ज्ञापन देकर फिल्म पद्मावती के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि फिल्म के अवलोकन के पश्चात उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा पौधरोपण के संकल्प व शपथ के सम्बन्ध में हस्ताक्षर किया गया एक बैनर भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने समिति के प्रयासों की प्रंशसा करते हुए राज्य में अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की है।

स्वास्थ्य शिविर में 480 लोगों को बांटी नि:शुल्क दवा

0

देहरादून, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित एक शिविर मेें कुल 480 महिला-पुरुषों व बच्चों की शुगर, हीमोग्लोबिन व सामान्य रोगों की नि:शुल्क जांच की गई। उन्हें नि:शुल्क दवा भी प्रदान की गई।

कनिष्ठ सर्जिकल एवं सुपर स्पेशियालिटी ने शिमला बाइपास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय-2 मेहूंवाला माफी में नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के चेयरमैन व पूर्व विधायक रणजीत वर्मा ने किया। बतौर मुख्य अतिथि रणजीत वर्मा ने इस मौके पर कहा कि अच्छा स्वास्थ्य जीवन का सबसे बड़ा वरदान है। अच्छा आहार, विचार और व्यायाम अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने का सर्वोत्तम माध्यम है।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव एमएस अंसारी ने कहा कि फास्ट फूड का अधिक सेवन और खेलकूद के बजाय मोबाइल व कंप्यूटर का ज्यादा प्रयोग करने से आज की युवा पीढ़ी कम उम्र में कई रोगों से ग्रसित हो रही है। कार्यक्रम संचालक व प्रबंधन समिति के सदस्य अनिल वर्मा ने युवाओं में नशा करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के प्रयोग से जीवन और भविष्य दोनों बर्बाद होता है। वहीं शिविर में आए कुल 480 मरीजों को नि:शुल्क दवा वितरित की गई। 

युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

0

हरिद्वार, पारिवारिक कलह के चलते रविवार को एक युवक ने पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से लटका पाया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। मृतक की पहचान सुधीर (25) पुत्र घसीटू निवासी फेरूपुर के रूप में हुई है।  पथरी थाना प्रभारी गजेन्द्र बहुगुणा ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे फेरूपुर के पास एक खेत में एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली।

सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि सुधीर परिवारिक कलह की वजह से परिजनों से नाराज था। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। 

डीएम की कार्रवाई से खफा मेडिकल दुकानदारों ने की अनिश्चितकाल हड़ताल

0

जिलाधिकारी दीपक रावत द्वारा रुड़की के मेडिकल स्टोर को सीज करने के बाद पूरे जिले में मेडिकल एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी है। एसोसिएशन का कहना है कि वे प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ अब पूरे प्रदेश में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

ज्ञात हो कि जिला मेडिकल एसोसिएशन के महामंत्री संजय गोयल की रुड़की स्थित दुकान पर डीएम दीपक रावत ने छापेमारी की थी। उस दौरान फार्मासिस्ट दुकान पर मौजूद नहीं था। ऐसे में डीएम दुकान को सील कर उसका लाइसेंस साथ ले गए।

इस प्रकरण पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गर्ग ने बताया कि, “इस कार्रवाई के खिलाफ पूरे जिले के मेडिकल स्टोर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।”

वहीं मेडिकल स्टोर की अचानक स्ट्राइक से आम जनता दवा के लिए परेशान है। लोगों का कहना है कि मेडिकल स्टोर बंद होने से मरीजों को बहुत परेशानी हो रही है। जगह-जगह घूमने पर भी कहीं दवा नहीं मिल रही है।

सोशल मीडिया पर पिस्तौल के साथ फोटो शेयर करना महंगा पड़ा

0

शादी समारोह में खुलेआम पिस्तौल लहराना बीजेपी नेता मृदुल कौशिक को भारी पड़ गया। डीएम दीपक रावत ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से हथियार लाइसेंस निरस्त करने के आदेश दिये हैं। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि फायरिंग हुई थी या नहीं?

दरअसल मौजूदा सरकार के मंत्री मदन कौशिक के साथ दिखने वाले मृदुल कौशिक बीते दो दिन पूर्व एक शादी समारोह में खुलेआम न केवल पिस्तौल लहराई बल्कि सोशल साइट पर अपनी तस्वीर भी पोस्ट कर दी। उन्होंने लिखा है कि हम राजा हैं और गंदे हैं। उनकी इस तस्वीर को लेकर बवाल मचा हुआ है।

डीएम दीपक रावत ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से हथियार का लाइसेंस निरस्त करने के आदेश दिए हैं। डीएम का कहना है, “इस तरह का हथियार प्रदर्शन गैरकानूनी है।”

अदिति राव हैदरी ने 26/11 बरसी पर शहीदों को किया नमन

0

अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने 26/11 हमले के बरसी पर शहीदों को याद करते हुए अपने ट्विट में कहा कि आज नौ साल पूरे हो गए हैं| मैं आज भी उस हमले को याद कर कांप जाती हूं जो काफी क्रूर था| हमले का मास्टरमाइंड आज भी खुलेआम घूम रहा है। उन्होंने कहा कि मैं उन शहीदों को नमन करती हूं जिन्होंने देश के लिए अपनी जान गंवा दी।

उल्लेखनीय है कि अदिति राव हैदरी संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावती में अहम रोल में नजर आने वाली हैं। फिल्म पद्मावती 1 दिसम्बर को रिलीज होने वाली थी लेकिन विवादों के चलते फिल्म निर्माताओं ने उसकी रिलीज की तारीख को टाल दिया है।

पुलिस रिमांड पर डीपी, कप्तान ने शुरू की पूछताछ

0

रुद्रपुर, एनएच मुआवजा घोटाले में मुख्य आरोपी बनाए गए निलंबित पीसीएस अफसर डीपी सिंह पुलिस ने रिमांड पर ले लिया है। दोपहर को पुलिस टीम डीपी सिंह को लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंची, जहां खुद पुलिस कप्तान ने अधीनस्थों के साथ डीपी सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है। सिडकुल चौकी इंचार्ज कृष्ण गोपाल मठपाल ने रविवार को सुशीला तिवारी अस्पताल से डीपी सिंह को डिस्चार्ज कराया तथा उन्हें लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंची।

कल ही एसआईटी ने उन्हें रिमांड पर ले लिया था, लेकिन सीने में दर्द, ब्लड प्रेशर एवं शुगर बढऩे की शिकायत पर उन्हें बीडी पांडेय अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया था। रविवार को उन्हें अस्पताल लेकर सिडकुल चौकी इंचार्ज मठपाल की टीम रुद्रपुर पहुंची। डीपी सिंह के चेहरे पर तनाव के भाव स्पष्ट झलक रहे थे।

एसएसपी दफ्तर में उन्हें सीधे एसआईटी कक्ष में ले जाया गया, जहां खुद एसएसपी डा. सदानंद एस दाते, एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय एवं सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने डीपी सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है। एसआईटी बंद कमरे में डीपी सिंह से पूछताछ कर रही है। उनसे घोटाले से जुड़े सवालों का जवाब मांगा जा रहा है। एसआईटी को घोटाले से संबंधित साक्ष्य जुटाने हैं।

गौरतलब है कि डीपी सिंह ने तीन दिन पहले खुद एसएसपी दफ्तर में आत्मसमर्पण किया था। रात भर पूछताछ के बाद उन्हें नैनीताल स्थित भ्रष्टाचार निवारण की विशेष अदालत में पेश किया गया था। एसआईटी ने अदालत से डीपी सिंह का रिमांड मांगा था। न्यायालय ने तीन दिन का रिमांड मंजूर किया था।